छत्तीसगढ़ / कोरबा
आमजनता के आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण से बनेगा विश्वास का सेतु : डॉ रोहित यादव
प्रभारी सचिव ने अधिकारियों की बैठक लेकर की विभागीय कार्यों की समीक्षा
कोरबा। जिले के प्रभारी सचिव एवं राज्य शासन में ऊर्जा विभाग के सचिव डॉ रोहित यादव ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने राज्य स्तर पर संचालित सुशासन तिहार के पहले चरण में प्राप्त सभी आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। डॉ यादव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम जनता से प्राप्त सभी आवेदनों का उचित संधारण सुनिश्चित कर संबंधित विभाग को प्रेषित किया जाए। विभाग के अधिकारी आम जनता की आवेदनों को पढ़े। उनकी मांग और समस्याओं को समझते हुए उचित निराकरण करें। उन्होंने कहा कि राज्य शासन की मंशा है कि लोगों की समस्याओं का समय पर उचित समाधान हो। सुशासन तिहार एक माध्यम है और इस माध्यम से प्राप्त आवेदनों के निराकरण होने से आमजनता और शासन-प्रशासन के बीच विश्वास का वातावरण बनेगा। लोगों की समस्याएं दूर होंगी। बैठक में प्रभारी कलेक्टर आशुतोष पांडेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
प्रभारी सचिव डॉ रोहित यादव ने जिले के अनेक शिविरों का अवलोकन और ग्रामीणों से हुई चर्चा के अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि यह खुशी की बात है कि शिविर में सीसी रोड जैसी मांगे नहीं आ रही है। पहले इस तरह की मांगें ज्यादा आती थीं। समय के साथ हुए विकास कार्यों और लोगों की मानसिकता में हुए बदलाव का परिणाम है कि अब ग्रामीणों द्वारा शौचालय निर्माण के लिए भी आवेदन दिए जा रहे हैं। आम जनता से मिले आवेदनों से सीख लेकर भविष्य की योजनाएं बनाई जा सकती है। उनकी आवश्यकताओं को दूर किया जा सकता है। इसलिए सभी विभाग आपस में समन्वय स्थापित कर सुशासन तिहार के आवेदनों का निराकरण समय पर सुनिश्चित करेंगे। डॉ यादव ने सुशासन तिहार के दूसरे और तीसरे चरण के लिए की गई तैयारी की समीक्षा करते हुए कहा कि 5 मई से 31 मई तक जो भी शिविर लगेंगे सभी में विभाग के अधिकारी उपस्थित रहकर आवेदकों को उनके आवेदन पर की गई कार्यवाही से जरूर अवगत कराएंगे। उन्होंने ऑनलाइन आवेदन के निराकरण के लिए भी निर्देशित किया। प्रभारी सचिव डॉ यादव ने सभी आवेदनों का समय पर पोर्टल में ऑनलाइन एंट्री करने के निर्देश दिए।
आपस में समन्वय कर इंसानों और हाथियों की जान बचाएं
प्रभारी सचिव डॉ यादव ने जिले के कटघोरा और कोरबा वनमंडल में हाथियों के विचरण तथा जानमाल के नुकसान की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि वन विभाग और विद्युत विभाग आपस में समन्वय बनाकर रखे। इंसान और वन्य जीवों को नुकसान न हो,इस दिशा में कार्य करें। वन्य प्राणी विद्युत तार के संपर्क में न आये और जहाँ सुरक्षा के नाम पर शिकार के लिए करंट प्रवाहित किया जाता है उस पर भी अंकुश लगाते हुए ग्रामीणों में जनजागरूकता लाएं। डॉ यादव ने हाथी और मनावद्वन्द को रोकने की दिशा में लगातार कार्य करने तथा हाथी विचरण क्षेत्र में ग्रामीणों को जाने से रोकने के निर्देश दिए।
शासकीय कार्यालयों में स्मार्ट मीटर लगाने की करें पहल
प्रभारी सचिव डॉ यादव ने सभी शासकीय कार्यालयों में और अधिकारियों के घरों में स्मार्ट विद्युत मीटर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने शासकीय दफ्तरों में स्मार्ट मीटर लगने से डाटा रखने में मदद मिलने की बात कही। उन्होंने निकायों में विद्युत बिल का भुगतान समय पर करने के निर्देश भी दिए। डॉ यादव ने जिले के अति दूरस्थ क्षेत्रों में जहाँ सौर ऊर्जा से रोशनी होती है उन बसाहटों तक विद्युत कनेक्शन पहुंचाने की दिशा में कार्य करने के निर्देश विद्युत विभाग के अधिकारियों को दिए।
पीएम आवास,जल जीवन, डीएमएफ सहित अन्य योजनाओं की भी की समीक्षा
प्रभारी सचिव डॉ यादव ने शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की। उन्होंने पीएम आवास ग्रामीण,शहरी के स्वीकृत कार्य और प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा करते हुए शेष आवासों को भी समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन,अमृत सरोवर, पीएम जनमन, एनआरएलएम के गतिविधियों की जानकारी ली। प्रभारी सचिव ने राजस्व विभाग अंतर्गत प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अविवादित नामांतरण के प्रकरणों का निराकरण में प्रगति लाने के निर्देश दिए। बैठक में नगर पालिक निगम अंतर्गत कार्यों, नगरीय निकायों के कार्यों, वन विभाग के कार्यों, पीएम जनमन अंतर्गत पीवीटीजी क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों, आदिवासी विकास विभाग, स्वास्थ्य, शिक्षा,पीएमजीएसवाई, पीडब्ल्यूडी, क्रेडा, खाद्य, महिला एवं बाल विकास,कृषि, डीएमएफ, जलसंसाधन, श्रम, समाज कल्याण, पशु चिकित्सा सेवा,अंत्यावसायी, उद्योग सहित अन्य विभागों के कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने जल जीवन मिशन सहित ऐतमानगर में जल प्रदाय परियोजना के संबंध में जानकारी लेकर कार्यों में गुणवत्ता का ध्यान रखने के निर्देश दिए। प्रभारी सचिव ने जिले की विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों को विकास के मुख्य धारा में जोड़ने के लिए शासन की योजनाओं से लाभन्वित करने के निर्देश भी दिए।
जिला पंचायत में स्थाई समितियों का किया गया गठन
कोरबा। जिला पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार सिंह एवं जिला पंचायत के स्थाई समिति गठन के पीठासीन अधिकारी मनोज कुमार बंजारे की उपस्थिति में शुक्रवार को जिला पंचायत के सभागार में जिला पंचायत की स्थायी समितियों का गठन पंचायत राज अधिनियम के प्रावधानों के तहत किया गया। पंचायत राज अधिनियम के प्रावधानों के तहत कृषि समिति की सभापति सुष्मिता अनंत, शिक्षा समिति की सभापति निकिता मुकेश जायसवाल, संचार तथा संकर्म समिति के सभापति विनोद कुमार यादव, सहकारिता और उद्योग समिति की सभापति रेणुका राठिया, स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास समिति की सभापति माया रूपेश कंवर, वन समिति की सभापति सावित्री अजय कंवर, स्वच्छता समिति की सभापति सुषमा रवि रजक, पशुधन विकास समिति की सभापति शांति मरावी एवं सामान्य प्रशासन समिति के सभापति पवन कुमार सिंह को निर्विरोध निर्वाचित किया गया। समिति गठन के दौरान जिला पंचायत के सभी सदस्य उपस्थित रही।
शहर से लेकर गांव तक सुशासन तिहार में शामिल हुए प्रभारी सचिव डॉ रोहित यादव
आमजनों से की वन टू वन चर्चा
कोरबा। जिले के प्रभारी सचिव एवं राज्य शासन में ऊर्जा विभाग के सचिव डॉ रोहित यादव ने आज दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा शहरी क्षेत्र में सुशासन तिहार अंतर्गत लगाए गए शिविर में जाकर आमजनों से मुलाकात की। उन्होंने शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन, हितग्राहियों को मिल रहे लाभ के विषय में जानकारी लेने के साथ ही उनकी मांगों और समस्याओं को भी जानने की कोशिश की। प्रभारी सचिव ने शिविर का लाभ उठाते हुए अपनी महत्वपूर्ण समस्याओं को भी आवेदन के रूप में प्रस्तुत करने की अपील आमजनों से की।
इस दौरान उन्होंने जिले के अनेक शासकीय संस्थानो का औचक निरीक्षण कर योजनाओं की जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन की जानकारी लीं। उन्होंने अधिकारियों को पात्र व्यक्तियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए गम्भीरता से कार्य करने के हेतु निर्देशित किया। प्रभारी सचिव द्वारा पोड़ी उपरोड़ा के लालपुर, गुरसियां, कटघोरा के सलोरा क, छुरीखुर्द, एवं कोरबा नगरीय क्षेत्र में शासकीय संस्थानों का निरीक्षण, पीएम आवास जैसे विभिन्न योजना के हितग्राहियों से भेंट की। इस अवसर पर प्रभारी कलेक्टर आशुतोष पांडेय, सीईओ जिला पंचायत दिनेश नाग, संबंधित विकासखंड के एसडीएम सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
पीएचसी में संस्थागत प्रसव को बढ़ाने किया निर्देशित
प्रभारी सचिव ने पोड़ी उपरोड़ा विकासखण्ड के गुरसियां में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का अवलोकन करते हुए मरीजों को दी जाने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में पदस्थ एवं स्वीकृत अधिकारी कर्मचारियों की संख्या के सम्बंध में अवगत होते हुए कर्मचारियों से उनके दायित्वों की जानकारी लीं। उन्होंने सभी को समय पर अस्पताल में उपस्थित रहकर मरीजों को स्वास्थ्य लाभ पहुँचाने के निर्देश दिए। प्रति माह होने वाले संस्थागत प्रसव के सम्बंध में जानकारी लेते हुए क्षेत्र शत प्रतिशत प्रसव संस्थागत कराने के निर्देश दिए। इस हेतु आंगनबाड़ी सहायिका कार्यकर्ता का सहयोग लेने की बात कही साथ ही हाई रिस्क प्रेग्नेंसी सहित अन्य जटिल प्रसव वाली गर्भवती महिलाओं को उच्च संस्थानों में रिफर करने के लिए कहा एवं सामान्य प्रसव वाले महिलाओं का केंद्र में ही प्रसव सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया।
राशन दुकान का संचालन करने वाली महिला समूह का बढ़ाया मनोबल
गुरसियां के शासकीय उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण करते हुए डॉ यादव ने केंद्र में खाद्यान्न भण्डारण व वितरण की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र में चावल, शक्कर, नमक, चना, गुड़ जैसे खाद्यान्नों का स्टॉक सत्यापन किया। साथ ही खाद्यान्न लेने आए हितग्राहियों से राशन वितरण के सम्बंध में चर्चा की। प्रभारी सचिव श्री यादव ने राशन दुकान संचालित करने वाली महिला समूह के सदस्यों के कार्यों से अवगत होते हुए राशन वितरण प्रक्रिया की पूरी जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं के कार्यों की सराहना करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया एवं अच्छे से कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रधानमंत्री आवास का किया अवलोकन, निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने के दिए निर्देश
प्रभारी सचिव ने गुरसियां में हितग्राही गणेश राम यादव, कटघोरा के सलोरा क में हितग्राही वेदराम व देवकुमार केंवट के निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास का अवलोकन किया। उन्होंने हितग्राहियों से निर्माण कार्य की प्रगति, अब तक प्राप्त किस्तों की जानकारी, मनरेगा के तहत मजदूरी भुगतान की जानकारी ली साथ ही शीघ्रता से मकान निर्माण के शेष कार्यो को पूर्ण कराने के लिए कहा। जिससे वे आने वाले दिनों में अपने परिवार के साथ पक्की छत वाले मकान में चैन की जीवन व्यतीत कर सकें।
सुशासन तिहार अंतर्गत आमजनों की समस्याओं के निराकरण हेतु लिए जा रहे आवेदनों का किया निरीक्षण
प्रभारी सचिव ने सुशासन तिहार के अंतर्गत ग्राम पंचायत गुरसियां, सलोरा क, छुरीखुर्द व नगरीय क्षेत्र कोरबा के कोसाबाड़ी जोन में आमजनों की मांगों, आवश्यकताओं, समस्याओं के निराकरण हेतु लिए जा रहे आवेदनों का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी स्थानों में अपनी मांगो की पूर्ति के लिए आए ग्रामीणों से उनकी समस्याएं जानी। साथ ही उपस्थित लोगों को जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मंशानुरूप आमजनों की समस्याओं की तत्परता से निराकरण करने एवं शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता लाने हेतु यह पहल किया गया है। आमजनों से आवेदन लेने का आज आखिरी दिन है। उन्होंने आमजनों से अधिक से अधिक संख्या में आवेदन करने का आग्रह किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से महतारी वंदन योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, मनरेगा अंतर्गत चल रहे कार्य सहित अन्य शासकीय योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को मनरेगा अंतर्गत अधिक से अधिक कार्य स्वीकृत कर लोगो को रोजगार दिलाने के निर्देश दिए साथ ही योजनाओं का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन करने एवं पात्र व्यक्तियों को प्राथमिकता से लाभान्वित कराने हेतु निर्देशित किया।
’महिलाओं द्वारा की जा रही गतिविधियों का अवलोकन कर उनके कार्यो की प्रशंसा की
प्रभारी सचिव डॉ रोहित यादव ने कोरबा नगर पालिका निगम के वार्ड क्रमांक 52 दर्रीखार स्थित मणी कंचन केंद्र पहुँचकर स्वच्छता दीदियों से रूबरू हुए एवं स्वच्छता दीदियों द्वारा केंद्र में किए जा रहे गतिविधियों का अवलोकन कर होने वाली आय की भी जानकारी ली। उनके द्वारा केंद्र में ठोस कचरा एकत्रीकरण व पृथक्करण कार्य, प्लास्टिक बोरी से झाल बनाने, जैविक खाद निर्माण, बड़ी-पापड़, टोकरी, पैरदान जैसे अनेक तैयार उत्पादों का अवलोकन कर महिला समूह से उनकी कार्यविधि एवं होने वाली आय के सम्बंध में चर्चा की गई। उन्होंने महिलाओं द्वारा किए जा रहे कार्यो की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान प्रभारी सचिव ने स्वच्छता दीदियों द्वारा प्लास्टिक वेस्ट बॉटल से तैयार किये गए ईकोब्रिक सोफा का अवलोकन किया। उन्होंने सोफे में बैठकर गुणवत्ता का जांच किया एवं महिला समूह के इस कार्य की प्रशंसा की।
दिव्यांग बच्चों से भेंटकर उज्जवल भविष्य की शुभकामना दीं
कोरबा नगरीय क्षेत्र के डिंगापुर रोड में जिला खनिज न्यास मद से निर्मित सर्वसुविधायुक्त दिव्यांग विद्यालय सह-छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने दिव्यांग विद्यालय परिसर में शिक्षण-प्रशिक्षण कक्ष, सेरेब्रल पॉलिसी-बहुदिव्यांग, मल्टीसेन्सरी विकास कक्ष, स्मार्ट क्लास रूम, मानसिक मंदता कक्ष, श्रवण वाणी बाधित कक्ष, पूर्ण-अल्प दृष्टि दिव्यांग कक्ष, बालक-बालिका शयन कक्ष, मनोरंजन संगीत कक्ष, फिजियो एवं व्यायाम कक्ष, किचन, भोजन व स्वल्पाहार हाल, पंजीयन काउंटर सहित पूरे परिसर का अवलोकन किया। साथ ही अध्ययनरत बच्चों से भेंटकर उनके हालचाल की जानकारी लेते हुए उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामना दी। विद्यालय में पढ़ने वाले 8 वर्षीय नेत्रहीन आदित्य व रोहित द्वारा संगीत कक्ष में प्रभारी सचिव को संगीत उपकरण बजाकर एवं राजगीत गाकर सुनाया, इसी प्रकार श्रवण बाधित बच्चों द्वारा साइन लैंग्वेज में प्रभारी सचिव से उनका नाम पूछकर अपना अपना परिचय दिया गया। नेत्रहीन छात्रों द्वारा ब्रेल लिपि से होने वाली पढ़ाई की जानकारी दी। प्रभारी सचिव द्वारा बच्चों के प्रदर्शन को देखकर उनकी सराहना की एवं उनका मनोबल बढ़ाया।
ऐतमानगर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण कार्य किया निरीक्षण
प्रभारी सचिव डॉ रोहित यादव द्वारा पोड़ी उपरोड़ा विकासखण्ड के ऐतमानगर में जल जीवन मिशन अंतर्गत नल जल योजना के लिए स्थापित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारम्भ करने के निर्देश दिए। प्रभारी सचिव को विभागीय अधिकारियों द्वारा उक्त प्लांट के निर्माण के सम्बंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि कोरबा जिले के 245 गांव में निर्मित 261 टंकियो के माध्यम से सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
लालपुर में ग्रामीणों से विभागीय योजनाओं से हो रहे लाभ के सम्बंध में जानकारी ली
पोड़ी उपरोड़ा के लालपुर में प्रभारी सचिव द्वारा ग्रामीणों से भेंटकर शासकीय योजनाओं से मिल रहे लाभ के सम्बंध में जानकारी ली गई। उन्होंने महिलाओं से महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली राशि एवं उसके उपयोग के सम्बंध में चर्चा की। स्कूलों में प्रदाय किए जा रहे नास्ता वितरण योजना के सम्बंध में चर्चा करते हुए बच्चों को मिल रहे लाभ की जानकारी ली। राशन वितरण, पीएम आवास, शौचालय निर्माण की आवश्यकता के संबंध में चर्चा की। ठिर्रीआमा के पीवीटीजी लोगों से योजनाओं से मिल रहे लाभ से अवगत हुए एवं ठिर्रीआमा में विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने हेतु बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए।
कोरबा में अधिकार मित्रों (पीएलव्ही) की ली गई बैठक
कोरबा । छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के स्टेट प्लान आॅफ एक्शन वर्ष 2024-25 के अनुसार माननीय श्री सत्येन्द्र साहू, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा (छ0ग0) के निर्देशन में कु. डिम्पल, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा (छ.ग.) द्वारा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के स्कीम असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए कानूनी सहायता योजना, 2015 विषय में असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को कानूनी सहायता प्रदान करना एवं उनके अधिकारों के हितों की रक्षा किये जाने के प्रयोजनार्थ दिनांक 11.04.2025 को जिला न्यायालय परिसर कोरबा के एडीआर भवन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा में इस प्राधिकरण के अंतर्गत कार्यरत समस्त अधिकार मित्र (पीएलव्ही) की बैठक ली गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा (छ0ग0) के अधिकार मित्र/पैरालीगल वाॅलीण्टियर श्री लाला राम राठिया द्वारा नालसा स्कीम असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए कानूनी सहायता योजना, 2015 के अंतर्गत असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को कानूनी सहायता प्रदान करना एवं उनके अधिकारों के हितों की रक्षा एवं अन्य कानूनी सेवाएं प्रदान किये जाने के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही कु. डिम्पल, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा (छ0ग0) द्वारा अधिकार मित्रों को एक दूसरे के साथ मिलकर सामंजस्य स्थापित कर आमजनों को विधिक सहायता एवं विधिक सलाह प्रदान करने हेतु निर्देशित किया गया।
जमीन बिक्री में अनियमितता, कोरबा तहसीलदार गिरफ्तार
कोरबा । कोरबा तहसील कार्यालय में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मनेंद्रगढ़ पुलिस ने तहसीलदार सत्यपाल राय को हिरासत में ले लिया।
पुलिस उन्हें पूछताछ के लिए अपने साथ जनकपुर थाना क्षेत्र ले गई क्योंकि उनके खिलाफ एक ग्रामीण ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सत्यपाल राय वर्ष 2021 में मनेंद्रगढ़ जिले में तहसीलदार के पद पर तैनात थे। उस दौरान ग्रामीण गोविंदराम प्रजापति ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
पीडि़त का आरोप था कि उसकी सहमति के बिना ही उसकी जमीन की बिक्री की अनुमति तहसीलदार ने दे दी थी। इस कथित अनियमितता के सामने आने के बाद पीडित ने जनकपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में आपराधिक प्रकरण दर्ज किया था।
मामले की जांच चल रही थी और पुलिस सत्यपाल राय को पूछताछ के लिए तलाश रही थी।
जनकपुर पुलिस ने कोरबा पहुंचकर अपने दफ्तर में काम कर रहे सत्यपाल राय को हिरासत में लिया। पुलिस कार्रवाई के दौरान पूरा कार्यालय सकते में आ गया और वहां मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों में हलचल मच गई।
पुलिस का कहना है कि विवेचना के तहत कार्रवाई की गई है, और सभी पक्षों से पूछताछ के बाद ही आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी।
अभिरूचि का प्रस्ताव
कोरबा । जिला कोरबा अंतर्गत सक्षम आंगनबाड़ी एवं पोषण 2.0 के तहत पूरक पोषण आहार व्यवस्था अंतर्गत रेडी टू ईट एवं फोर्टीफाईड आटा का परियोजना स्तर पर स्थापित यूनिट के माध्यम से निर्माण एवं आपूर्ति हेतु महिला स्व सहायता समूहों के चयन एवं कार्य से पृथक करने की प्रक्रिया का निर्धारण हेतु अभिरूचि का प्रस्ताव इच्छुक सक्षम महिला स्व सहायता समूहों से दिनांक 21.04.2025 तक कार्यालयीन समय सायं पांच बजे तक कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग कलेक्ट्रेट परिसर कोरबा के पते पर डाक/कोरियर के माध्यम से स्वीकार किये जायेंगे। अभिरूचि का प्रस्ताव आवेदन का प्रारूप वेबसाइट कोरबा डाट जीओव्ही डाट इन पर अवलोकन किया जा सकता है।
प्रभारी कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी आमजनों की समस्या
कोरबा । कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देशन में प्रभारी कलेक्टर आशुतोष पाण्डेय ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में अपने समस्याओं और शिकायतों के निराकरण के लिए आए लोगो की परेशानियों को गंभीरता से सुना। उन्होंने प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित अधिकारियों को प्रेषित कर गंभीरता से निराकरण के निर्देश दिए हैं। जनदर्शन में आज कुल 79 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें सीमांकन, मुआवजा दिलाने, नक्शा दुरुस्ती, मजदूरी भुगतान, आर्थिक सहायता, सहित अन्य आवेदन शामिल है। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ सहित आदिवासी विकास विभाग, शिक्षा, श्रम, समाज कल्याण कृषि एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
सड़क दुर्घटना में 2 शिक्षकों की मौत
कोरबा । जिले में रविवार देर रात कार के पेड़ से टकराने से 2 शिक्षकों की मौत हो गई। 2 अन्य लोग घायल हो गए। दीपका-कुचेना मार्ग पर शक्तिनगर के पास यह हादसा हुआ।
सेंट जेवियर स्कूल, कोरबा के चार कर्मचारी बारात से वापस लौट रहे थे। रात करीब 12 बजे उनकी कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार में आगे बैठे खरमोरा निवासी 31 वर्षीय हिमांशु सिंह और एमपी नगर निवासी 30 वर्षीय सुभम दीप की मौके पर ही मौत हो गई।
पीछे की सीट पर बैठे चंद्रभान और सत्यदेव गंभीर रूप से घायल हुए। दोनों को कोरबा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के समय कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिस वजह से ये हादसा हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही स्कूल स्टाफ, मृतकों के परिजन मौके पर पहुंचे।
दीपका थाने के सहायक उप-निरीक्षक खगेश राठौर ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा किया। पोस्टमॉर्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंपा जाएगा।
अनियंत्रित ट्रेलर पलटा , सायकल सवार की मौत
कोरबा । दीपका थाना क्षेत्र अंतर्गत विजय नगर बाईपास मार्ग पर शुक्रवार की सुबह कोयला लोड कर एसईसीएल खदान से निकली एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गई, इस दौरान सड़क किनारे चल रहा एक साइकिल सवार आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस हादसे में ट्रेलर चालक को भी मामूली चोंटे आई है। राहगिरों से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मृतक की पहचान 40 वर्षीय धनसाय निवासी जवाली गांव के रूप में की है। पंचनामा करने के बाद परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है।
जनदर्शन में सुनी गई शासकीय कर्मचारियां की समस्याएं
कलेक्टर के निर्देश पर अपर कलेक्टर ने सुनी समस्याएं
कोरबा। कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर आज शासकीय कर्मचारियों की समस्याओं को सुनने के लिए जनदर्शन का आयोजन किया गया। कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में अपर कलेक्टर मनोज कुमार बंजारे ने कर्मचारियां की समस्याएं सुनी। कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभाग को निराकरण हेतु प्रेषित किया । जनदर्शन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली के पुरुष पर्यवेक्षक ज्ञान चंद कश्यप ने एमए समाजशास्त्र की परीक्षा में बैठने की अनुमति, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा के नेत्र चिकित्सा सहायक अधिकारी बलराम प्रसाद साहू ने लंबित देयकों के भुगतान, आरती देवी ने शारीरिक असमर्थता की वजह से पति को शिक्षकीय कार्य करने में हो रही परेशानियों को बताते हुए वेतन एवं अन्य सुविधाएं प्रदान करने, जनपद पंचायत करतला ने डाटा एन्ट्री ऑपरेटर पिंकी मौर्य ने पारिवारिक समस्याओं का जिक्र करते हुए जिला पंचायत व जनपद पंचायत कोरबा में स्थानांतरण की मांग की है। इसी तरह जिला कार्यालय के कर्मचारियों ने वाहन स्टैंड की मांग की है जनदर्शन में अन्य कर्मचारियां ने आवेदन दिए। सभी आवेदनों के कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रेषित कर निराकरण के निर्देश दिए हैं। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियां की समस्याओं की निराकरण हेतु प्रत्येक माह के प्रथम मंगलवार को शाम 4 बजे से 5 बजे तक जनदर्शन का आयोजन कर उनकी समस्याओं को सुनने और निराकरण की पहल की है।
तारमिस्त्री परीक्षा के आवेदन 30 तक
कोरबा । संभागीय अनुज्ञापन समिति (विद्युत) बिलासपुर द्वारा प्रतिवर्षानुसार तारमिस्त्री परीक्षा आगामी जुलाई 2025 में लिया जाएगा। इस हेतु आवेदन 30 अप्रैल 2025 जमा करने की अंतिम तिथि है। उक्त परीक्षा हेतु बिलासपुर, मुंगेली, गौरेला-पेण्ड्रा मरवाही, कोरबा, जांजगीर-चांपा एवं सक्ती जिले के आवेदनकर्ता कार्यालय, कार्यपालन अभियंता (विद्युत सुरक्षा) एवं संभागीय विद्युत निरीक्षक, छत्तीसगढ़ शासन बिलासपुर संभाग बिलासपुर, प्रथम तल यू.डी.एम. हॉस्पिटल बिल्डिंग, होमगार्ड कैंपस के पास, कुदुदण्ड, बिलासपुर (छत्तीसगढ़) में कार्यालयीन समय में उपस्थित होकर तत्संबंध में जानकारी एवं निःशुल्क आवेदन फार्म प्राप्त कर सकते है।
नव दाम्पत्य जीवन में प्रवेश करने वाले दम्पतियों को कैबिनेट मंत्री ने दी शुभकामनाएं
सुखमय जीवन के संकल्प के साथ 146 वर-वधुओं के जोड़ें ने लिए फेरे
कोरबा । मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत आज जिले के कटघोरा विकासखण्ड के अग्रसेन भवन में सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया। योजनांतर्गत आज 146 वर-वधू के जोड़े दांपत्य सूत्र में बंधे और सुखमय जीवन का संकल्प लेकर एक नई जिंदगी की शुरूआत की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वाणिज्य उद्योग व श्रम मंत्री छत्तीसगढ़ शासन लखन लाल देवांगन शामिल हुए। इस अवसर पर विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह, एसडीएम रोहित सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं नागरिकगण बड़ी संख्या में वर-वधुओं को आशीर्वाद देने उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन सहित अन्य अतिथियों ने सभी वर-वधुओं को सुखमय जीवन का आशीर्वाद दिया।
कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह खुशी की बात है कि वर-वधुओं का सामाजिक, धार्मिक रीति-रिवाज का पालन करते हुए सामूहिक विवाह संपन्न कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी जोड़ों को अपने माता-पिता, परिवार जन सहित कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न समाज के लोगों, वरिष्ठजनों का शुभ आशीष मिल रहा है। उन्होंने परिणय सूत्र में बंधकर नव दाम्पत्य जीवन मे प्रवेश करने वाले 146 दम्पतियों के सुखमय जीवन की कामना करते हुए कहा कि आप सभी समाज के लिए प्रेरणा बनें एवं आदर्श जीवन यापन करें। आप सभी के कंधों पर परिवार की जिम्मेदारी आ गई है, जिसका निर्वहन कुशलता पूर्वक करें। उन्होंने अपने बड़े बुजुर्गों का सम्मान करने व घर के सभी सदस्यों का ख्याल रखने हेतु नव जोड़ां को प्रेरित किया।
कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने हेतु प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार गठन के साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आयी है। जिससे सभी वर्ग के लोग लाभान्वित हो रहे हैं। सरकार गठन के साथ ही 18 लाख गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है। तेंदूपत्ता संग्राहकों से 5500 रुपए प्रति मानक बोरा की दर से खरीदी कर सुदृढ़ बनाया जा रहा है। जनहितकारी सरकार द्वारा 3100 रुपए प्रति क्विन्टल की समर्थन मूल्य पर 21 क्विन्टल प्रति एकड़ की मान से धान खरीदी कर किसानों की मेहनत को सम्मान दिया गया है। साथ ही धान का बकाया बोनस देकर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाया है।
महतारी वंदन योजना से महिलाओं को प्रतिमाह 1 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान कर आत्म निर्भर बनाया जा रहा है। उन्होंने आमजनों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया। इस अवसर पर विधायक कटघोरा श्री पटेल जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह सहित अन्य अतिथियों द्वारा ने सभी वर-वधुओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सुख समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा सामूहिक विवाह का आयोजन कर पिछड़े परिवार के लोगों के विवाह में होने वाले खर्च की बचत कर उनको सम्मान दिया जा रहा है। इस दौरान मुख्य अतिथि मंत्री श्री देवांगन सहित अन्य अतिथियों में नवदंपतियों को अपना आशीर्वाद प्रदान करते हुए भेंट स्वरूप प्रोत्साहन राशि का चेक और सुखमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दी।
वाहन की चपेट में आने से ग्रामीण की मौत
ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
कोरबा । कोरबा-चांपा मार्ग पर सरगबुंदिया स्थित मड़वारानी मंदिर के समीप भारी वाहन की चपेट में आकर एक ग्रामीण की मौत हो गई. देर रात घटी घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जमकर हंगामा मचाया. पुलिस ने घंटों तक समझाइश दी, जिसके बाद ग्रामीण सड़क से हटने पर राजी हुए. दरअसल, भारी वाहन की चपेट में आने से गांव के ही निवासी मंगल सिंह की मौत से ग्रामीण आक्रोशित हो गए थे. ग्रामीणों के चक्का जाम की वजह से घटनास्थल के दोनों और बड़ी संख्या में वाहन फंस गए. सूचना मिलते ही उरगा थाना प्रभारी और कोरबा सीएसपी भूषणा एक्का पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया
वाहन की चपेट में आने से ग्रामीण की मौत
ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
कोरबा । कोरबा-चांपा मार्ग पर सरगबुंदिया स्थित मड़वारानी मंदिर के समीप भारी वाहन की चपेट में आकर एक ग्रामीण की मौत हो गई. देर रात घटी घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जमकर हंगामा मचाया. पुलिस ने घंटों तक समझाइश दी, जिसके बाद ग्रामीण सड़क से हटने पर राजी हुए. दरअसल, भारी वाहन की चपेट में आने से गांव के ही निवासी मंगल सिंह की मौत से ग्रामीण आक्रोशित हो गए थे. ग्रामीणों के चक्का जाम की वजह से घटनास्थल के दोनों और बड़ी संख्या में वाहन फंस गए. सूचना मिलते ही उरगा थाना प्रभारी और कोरबा सीएसपी भूषणा एक्का पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया
संदिग्ध हालत में महिला की लाश मिलने से सनसनी
कोरबा । कटघोरा थाना अंतर्गत दुर्गा मंदिर के सामने किराए के मकान में एक महिला की संदिग्ध हालत में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि घर के पीछे बाड़ी में उसकी लाश पाई गई है। जहां ग्रामीणों की नजर पड़ने पर इसकी सूचना तत्काल कटघोरा थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया है।
जहां आगे की जांच कार्यवाही जारी है। बताया जा रहा है मृतिका का नाम लता बाई है. जो एतमानगर डूमरमुडा निवासी है। मृतिका लता कटघोरा थाना अंतर्गत दुर्गा मंदिर के सामने किराए के मकान पर अकेले रहती थी। जहां मजदूरी का काम कर जीवन यापन कर रही थी। मृतका किराए के मकान से कुछ ही दूरी पर निर्माणाधीन मकान में मजदूरी का काम कर रही थी। सोमवार की सुबह जब लोग उसके घर के पास से गुजर रहे थे।
तब लोगों की नजर उसे पर पड़ी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। बताया जा रहा है कि घर के दरवाजे खुले हुए मिले। वहीं घर की चौखट और घटनास्थल के पास ईंट में खून के निशान पाये गए है। इन सबसे मामला और भी संबंधित लग रहा है।
फिलहाल, कटघोरा पुलिस आगे के जांच कार्यवाही जुट गई है। पहचान कराने के बाद उसके परिजनों को इसकी सूचना दी जा रही है। जहां बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उसकी मौत कब कैसे और किन परिस्थिति में हुई होगी। यह भी जांच का विषय है।
कलेक्टर की अध्यक्षता में राजनैतिक दलों के साथ बैठक 24 को
कोरबा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत वसंत की अध्यक्षता में 24 मार्च 2025 को प्रातः 11 बजे सभी राजनैतिक दलों के साथ बैठक आयोजित की गई है। बैठक में राजनैतिक दलों से निर्वाचन सम्बन्धी विभिन्न मुद्दों पर सुझाव प्राप्त कर आवश्यक चर्चा की जाएगी।
इलाज हेतु निजी अस्पताल जाने वाले मरीज किसी भी लाइसेंस प्राप्त फार्मेसी से क्रय कर सकते है दवा
हॉस्पिटल कैम्पस की फार्मेसी से दवा लेने के लिए मरीजों को बाध्य नहीं कर सकते निजी अस्पताल
कोरबा । निजी अस्पतालों में इलाज हेतु जाने वाले आमजन किसी भी लाइसेंस प्राप्त फार्मेसी से दवाइयां क्रय कर सकते है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस सम्बंध में एडवाइजरी जारी करते हुए सभी निजी अस्पताल संचालकों को निर्देशित किया है कि वे मरीजो को अपने हॉस्पिटल कैम्पस में स्थित फार्मेसी से दवाइयां खरीदने के लिए दबाव नहीं बनाए। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार प्राइवेट अस्पताल अपनी फार्मेसी से ही दवाएं खरीदने हेतु किसी भी मरीज पर दबाव या जबरदस्ती नहीं कर सकते है। साथ ही सभी निजी अस्पतालों में, मरीज किसी भी लायसेंस प्राप्त फार्मेसी से दवा खरीद सकतें हैं, इस आशय का स्पष्ट रूप से लिखा हुआ बोर्ड लगाना अनिवार्य है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने निजी चिकित्सालय संचालको को निर्देशित किया है कि वे सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। मरीजों को चिकित्सालय कैम्पस की फार्मेसी से दवाये क्रय करने के लिए बाध्य नही करे तथा अपने चिकित्सालय में, मरीज किसी भी लायसेंस प्राप्त फार्मसी से दवा खरीद सकतें हैं का स्पष्ट लिखा हुआ बोर्ड प्रदर्शित करें।