छत्तीसगढ़ / कोरबा
सांप डसे तो झाड-फूक में समय न गवाएं, शीघ्र अस्पताल पहुंचे
कोरबा । कोरबा जिला वनांचल क्षेत्र होने के कारण, बरसात का मौसम शुरू होते ही वातावरण में नमी और उमस बढने तथा वर्षा का पानी जब उनके बिलों में भर जाने के कारण अपने भोजन की तालाश में जहरीले कीट, सांप बिच्छु अपने व तथा सुरक्षित स्थान की तलाश में अक्सर बाहर आ जाते हैं तथा भोजन की खोज में घरों में घुस जाते हैं और लोगों को काटने का खतरा बढ़ जाता है। जिससे सर्पदंश की घटनाएँ बढ़ जाती हैं । सर्पदंश से अधिकांश व्यक्तियों की आकस्मिक मृत्यु हो जाती है। ज्यादातर ग्रामीण क्षेत्र में ग्रामीण सर्पदंश के मामले में चिकित्सा विज्ञान पर विश्वास नहीं रखते है तथा बैगा गुनिया से झाड-फूक कराते हैं एवं अंधविश्वास व अज्ञानता के कारण असमय कालकवलित हो जाते हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एस.एन.केशरी ने जानकारी देते हुए बताया कि झाड़-फूक से किसी भी सर्पदंश से पीड़ित व्यक्ति की जान नही बचाई जा सकती है। अंधविश्वास के कारण ग्रामीण संर्पदंश के मामलों में झाड-फूक में समय नष्ट कर मरणासन्न स्थिति में पीड़ितों को चिकित्सालय लाया जाता है, जिससे एैसे प्रकरणों में जीवन बचाने में चिकित्सक भी असफल रहते हैं।
उन्होंने बताया कि जिले के ग्रामीण क्षेत्र में सर्पदंश के प्रकरणों में बचाव हेतु जनसामान्य में जागरूकता लाने हेतु विभागिय स्तर पर सभी अधिकारियों /कर्मचारियों को नागरिकों को व्यापक स्वास्थ्य शिक्षा देने व सजग रहने की हिदयत दी गई है। वर्तमान स्थिती में जिला चिकित्सालय सहित विकासखण्ड मुख्यालय स्थित सामु.स्वास्थ्य केन्द्रों में सर्पदंश के प्रकरणों का निःशुल्क ईलाज हेतु पर्याप्त मात्रा मे दवाईयां (एण्टी स्नेक वेनम )उपलब्ध है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने सर्पदंश के अप्रत्याशित प्रकरणों में कमी लाने व बचाव के सारगर्भित उपायों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि -अगर आप घर से बाहर जा रहे हैं और उस क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी नहीं है, तो अपने साथ टार्च अवश्य रखें तथा जूते अवश्य पहनें। घरों में समुचित प्रकाश की व्यवस्था बनाए रखें। घरों में कूड़े करकट का ढेर लगाकर न रखें। शयन कक्ष में भोजन सामग्री , धान आदि न रखें, ताकि चूहे का आना कम हो। आपके पड़ोस या आस-पास के इलाके में सांप के काटने की स्थिति में घबराएं नही, घबराने से हृदय गति बढ़ सकती है और सर्पदंश के शिकार व्यक्ति के लिए यह घातक साबित हो सकता है, क्योंकि इससे विष तेजी से पूरे शरीर में फैल सकता है। सर्पदंश वाली जगह के उपरी हिस्से को कपड़ा या रस्सी से न बांधे। अधिकांश परिस्थितयों में बेहद हानिकारक हो सकती है। सांप के काटने वाली जगह पर कुछ भी बॉधने से उपचार के लिए हटाये जाने पर विष का तेजी से असर हो सकता है। सर्पदंश से प्रभावित अंग को हिलाए डुलाएं नहीं । हिलाने -डुलाने से शरीर के अन्य अंगों में जहर तेजी से फैल सकता है। सर्पदंश से पीड़ित व्यक्ति को काटने वाली जगह के आसपास काटे और जलाएं नहीं। झोलाछाप चिकित्सक या झाड़-फूक के पास न जावें। सांप के काटने का एकमात्र इलाज अस्पताल में दिए जाने वाले एंटीवेनम के माध्यम से होता है। सर्पदंश पश्चात नजदीकी सामु.स्वास्थ्य केन्द्र अथवा जिला चिकित्सालय में बिना विलंब किए चिकित्सक से परीक्षण व उनके सलाह के अनुसार तत्काल उपचार करावें।.
कलेक्टर अजीत वसंत व मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एस.एन.केशरी ने जिले के सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे सर्पदंश के मामले में तत्परतापूर्वक नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में नि-शुल्क उपचार प्राप्त करें, जिससे सर्पदंश से असामयिक मृत्यु की रोकथाम हो सके । साथ ही एैसे आपात स्थितियों पर क्षेत्र के आर.एच.ओ. या मितानिन से संपर्क कर सर्पदंश से पीड़ित व्यक्ति को तत्काल समीपस्थ अस्पताल पहूँचाये।
नगर सैनिकों की लिखित भर्ती परीक्षा 22 को
अभ्यर्थी प्रवेश पत्र वेबसाइट से कर सकते हैं डाउनलोड
कोरबा । छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल द्वारा नगर सेना अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं तथा एसडीआरएफ मुख्यालय छत्तीसगढ़ नवा रायपुर के अंतर्गत महिला एवं पुरूष नगर सैनिकों की लिखित परीक्षा का आयोजन 22 जून को किया जायेगा।
अभ्यर्थी व्यापम की वेबसाइट vyapamcg.cgstate.gov.in पर उपलब्ध लिंक पर क्लिक करके अपने प्रोफाइल लॉगिन पेज से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। अभ्यर्थी अपने पंजीकृत मोबाईल नंबर पर प्राप्त एसएमएस के यू.आर.एल. को क्लिक करके भी सीधे प्रवेश पत्र प्राप्त कर उसका प्रिंट आउट ले सकते हैं। अभ्यर्थी सम्पूर्ण प्रवेश पत्र पूर्णतः डाउनलोड करें और उसका प्रिंट आउट लेकर परीक्षा केन्द्र में जायें। परीक्षार्थियों को डाकघर के माध्यम से प्रवेश पत्र नही भेजा जायेगा।
परीक्षा दिवस को प्रत्येक परीक्षार्थी लगभग एक घंटे पूर्व अपने परीक्षा केन्द्र में उपस्थित रहें, जिससे उनके मूल पहचान पत्र से उनका पहचान किया जा सके एवं परीक्षा केंन्द्र में जाने हेतु अनुमति दी जा सके। यह उचित होगा कि परीक्षार्थी परीक्षा दिवस से एक दिन पूर्व ही अपने परीक्षा केन्द्र की भौगोलिक स्थिति से भली भॉंति परिचित हो जावें। प्रवेश पत्र पर अंकित समय के पश्चात् किसी को भी परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नही दिया जायेगा। किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केन्द्र के संबंध में कठिनाई होती है तो हेल्पलाइन नंबर 0771
-2972780 एवं मोबाइल नंबर 8269801982 पर समय प्रातः 10ः00 बजे से सायं 05ः30 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।
परीक्षार्थियों को अपना फोटोयुक्त मुल आई.डी. प्रूफ जैसे - मतदाता पहचान पत्र/ड्रायविंग लायसेंस/पेनकार्ड/आधारकार्ड/पासपोर्ट/विद्यालय का फोटोयुक्त परिचय पत्र/फोटो युक्त अंकसूची मूलरूप में (फोटो कॉपी मान्य नहीं) परीक्षा दिवस में परीक्षा केन्द्र में लाना अनिवार्य होगा। मूल पहचान पत्र के अभाव में परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया जायेगा।
राज्य महिला आयोग कलेक्टोरेट सभाकक्ष में प्रकरणों की सुनवाई करेगी आज
कोरबा । जिले में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग में महिलाओं के उत्पीड़न से संबंधित जिले से प्राप्त प्रकरणों की सुनवाई आयोग की गठित न्यायपीठ द्वारा अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक, संभाग प्रभारी श्रीमती सरला कोसरिया, सह प्रभारी श्रीमती प्रियवन्दा सिंह जूदेव द्वारा की जाएगी। यह सुनवाई कलेक्टोरेट सभाकक्ष कोरबा में 18 जून को प्रातः 11 बजे से की जाएगी।
सीएसईबी फुटबॉल ग्राउण्ड में होगा सामूहिक योग प्रदर्शन कार्यक्रम का आयोजन
कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु विभिन्न अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
कोरबा । योगा संगम एवं हरित योग की थीम पर इस वर्ष 21 जून 2025 को जिले में 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सामूहिक योग प्रदर्शन का जिला स्तरीय कार्यक्रम सीएसईबी फुटबॉल ग्राउण्ड में प्रातः 07 से 08 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
कलेक्टर अजीत वसंत ने कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न अधिकारियों को जिम्मेदारी तय करते हुए प्राप्त दायित्वों का कुशलता से निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। इस कार्यक्रम हेतु आयुक्त नगर पालिक निगम को नोडल अधिकारी एवं उप संचालक समाज कल्याण विभाग को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
जिला स्तरीय कार्यक्रम के आयोजन हेतु मुख्य मंच, टेण्ट, गेट, कुर्सी, गद्दा, ध्वनि एवं साफ-सफाई, अतिथि स्वल्पाहार की व्यवस्था का दायित्व आयुक्त नगर निगम कोरबा को सौंपा गया है। इसी प्रकार पेयजल की व्यवस्था कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा की जाएगी। अतिथि आमंत्रण एवं आमंत्रण पत्र छपाई का दायित्व जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला खेल अधिकारी को दी गई है। मंच संचालन एवं योग प्रशिक्षक की व्यवस्था की जिम्मेदारी जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपी गई है। सहभागियों की उपस्थिति जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कोरबा, समाज कल्याण विभाग, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग, खेल विभाग, नेहरू युवा केंद्र, उप संचालक पंचायत, साक्षरता को दिया गया है। वाहन व्यवस्था दायित्व जिला परिवहन अधिकारी को सौंपा गया है। यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था व पुलिस लाइन के जवानों को जिला स्तरीय कार्यक्रम में योग हेतु उपस्थित कराने की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक कोरबा को दी गई है।
वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी की व्यवस्था सहायक आयुक्त आबकारी कोरबा तथा पुष्प गुच्छ एवं पुष्पमाला की व्यवस्था सहायक संचालक उद्यानिकी द्वारा की जाएगी। प्रचार-प्रसार, मीडिया कव्हरेज का दायित्व उप संचालक जनसंपर्क विभाग को सौंपा गया है। कार्यक्रम में नर्सिंग/एएनएम छात्र-छात्राओं की उपस्थिति की जिम्मेदारी सीएमएचओ को, स्काउट गाइड एवं राजकीय गान की व्यवस्था, जिला मुख्यालय के स्कूली छात्र-छात्राओं की उपस्थिति सुनिश्चित जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा की जाएगी। फलैक्स एवं बेनर, दिव्यांगजनों को योग प्रदर्शन कराने, स्वयं सेवी संस्था को योग में भाग लेने, वृद्वाश्रम में योग, तृतीय लिंग समुदाय के व्यक्तियों की भी योग प्रदर्शन में उपस्थिति सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी उप संचालक समाज कल्याण विभाग व जिला आयुर्वेद अधिकारी को दिया गया है। प्रत्येक विकासखण्ड एवं सभी ग्राम पंचायतों में योग-प्रदर्शन अनिवार्य रूप से कराने हेतु सभी जनपदों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को सौंपा गया है। इसी प्रकार सभी नगरीय निकाय मुख्यालय में योग प्रदर्शन कराने एवं सभी सार्वजनिक उपक्रमों के मुख्यालयों पर भी अनिवार्य रूप से योग प्रदर्शन कराने हेतु सर्व सीएमओ नगरीय निकाय को दायित्व सौंपा गया है।
कार्यक्रम में होम गार्डस, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, सैनिक जवानों को योग प्रदर्शन कराने हेतु पुलिस अधीक्षक, जेल अधीक्षक, कमाण्डेण्ट व जिला सेनानी को, आश्रम एवं छात्रावास में योग प्रदर्शन कराने के लिए सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग, सभी सार्वजनिक उपक्रमों में योग प्रदर्शन कराना, जिला स्तरीय योग कार्यक्रम में सी.एस.ई.बी कर्मियों को भाग लेने हेतु प्रेरित किए जाने के लिए उप संचालक औद्योगिक सुरक्षा कोरबा, जिले के सभी आंगनबाड़ी केद्रों में योग अभ्यास तथा बाल गृहों में योग प्रदर्शन जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग, विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारियों का योग प्रदर्शन कराना एवं जिला स्तरीय कार्यक्रम में उपस्थिति सुसुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी सभी विभाग प्रमुखों को सौंपा गया है। जिले में आयुष एवं हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर में पांच दिवसीय योग प्रदर्शन एवं जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रतिभागियों हेतु टी- शर्ट व्यवस्था कराने का दायित्व जिला आयुर्वेद अधिकारी कोरबा को सौंपा गया है।
सपलवा क्लस्टर में आयोजित हुआ जागरूकता सह लाभ संतृप्ति शिविर
धरती आबा उत्कर्ष अभियान
कोरबा । जनपद पंचायत पाली के सपलवा क्लस्टर में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत मंगलवार को जागरूकता सह लाभ संतृप्ति शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्लस्टर अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायतों के सरपंच, उपसरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। शिविर का उद्देश्य जनजातीय समुदाय को शासन की योजनाओं से जोड़ते हुए उन्हें त्वरित लाभ पहुंचाना है।
शिविर में पंचायत, उद्यानिकी, कृषि, पशुपालन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, मत्स्य विभाग आदि के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लेकर ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी और मौके पर ही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया।
शिविर में 4 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड वितरित किए गए। 5 ग्रामीणों को जाति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 34 राशन कार्ड वितरित किए गए। 31 परिवारों को वन अधिकार पत्र सौंपे गए। इसके अतिरिक्त, शिविर में अनुसूचित जनजाति परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ प्रदान कर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया।
ओला इलेक्ट्रिक ने कोरबा में रोडस्टर X की डिलीवरी शुरू की
ओला इलेक्ट्रिक ने कोरबा में रोडस्टर X की डिलीवरी शुरू की
मदनपुर क्लस्टर में जागरूकता सह लाभ संतृप्ति शिविर आयोजित
धरती आबा उत्कर्ष अभियान
कोरबा । जनपद पंचायत पाली के मदनपुर कलस्टर में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत सोमवार को जागरूकता सह लाभ संतृप्ति शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ जनपद पंचायत उपाध्यक्ष दिलहरण कुर्मी एवं जनपद सदस्य दिलीप सिंह की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर मदनपुर, नानबांका, बड़ेबांका, डोड़की, सगुना व परपरा ग्राम पंचायतों के सरपंच, उपसरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
शिविर में पंचायत विभाग, उद्यानिकी विभाग, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई एवं मौके पर समाधान भी किया गया। शिविर में 20 ग्रामीणों के आधार कार्ड अद्यतन किए गए। 02 नए आधार कार्ड जारी किए गए।ग्राम पंचायत बड़ेबांका में मृत्यु प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
इसके साथ ही 16 ग्रामीण परिवारों का स्वास्थ्य परीक्षण स्वास्थ्य विभाग के द्वारा किया गया।
शिविर में अनुसूचित जनजाति परिवारों को सरकारी योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ दिलाने के साथ ही उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया गया। सीईओ जनपद पंचायत पाली भूपेंद्र सोनवानी ने आभार व्यक्त किया।
कच्चे मकानों की दीवार ही नहीं टूटी... मुसीबते भी टूट कर खुशियों को कर रही पक्का
पीएम आवास की बनती पक्की दीवारों में सज रही परिवार की खुशियां
कोरबा । गाँव में मजदूरी कर कच्चे मकान में मुसीबतों का साथ जिंदगी गुजारते आए झूल सिंह और उनकी पत्नी फुलकुँवर को नहीं लगता था कि वे भी कभी पक्का मकान बना पाएंगे। उनकी जिंदगी तो जभी कुछ काम मिले तो उनकी मजदूरी में और कभी न मिले तो घर के चाहरदीवारी में ही बीत जाया करती है, ऐसे में पक्का मकान बना पाना तो उनके लिए दूर की कौड़ी ही थी। जैसे-तैसे अपनी जिंदगी को जीते आ रहे झूलसिंह और उनकी पत्नी फुलकुँवर का भी सपना था कि उनका भी आशियाना ठीक ठाक हो। कम से कम खपरैल वाले छत और मिट्टी की दीवारें तो न हो, क्योंकि इन मिट्टी की दीवारों और खपरैल की छत की वजह से उन्हें बारिश में हमेशा परेशानी उठानी पड़ती है। कई मुसीबतों का बीच उन्हें रहना पड़ता था। जब इन्हें मालूम हुआ कि प्रधानमंत्री आवास योजना में उनका नाम है तो इनकी खुशियों का ठिकाना न रहा। अपनी जरूरी दस्तावेज जमा कर पहली किश्त हासिल की और खुशी-खुशी उस कच्चे मकान की दीवारों को ढहा दिया जो उन्हें मुसीबतों से वास्ता कराती थीं। अब मजबूत नींव के साथ ही वे न सिर्फ पक्के मकान के लिए पक्की दीवारे उठा रहे हैं... अपने सपनो को पूरा करने के साथ ही खुशियों को भी पक्का कर रहे हैं।
कोरबा शहर से लगभग 90 किलोमीटर दूर पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के दम्हामुड़ा के आश्रित ग्राम बोदरापारा में रहने वाले झूलसिंह मरपच्ची और उनकी पत्नी फुलकुँवर ने बताया कि गाँव में मजदूरी के भरोसे घर चलता है। सीजन के साथ ही कुछ वनोपज संग्रहण कर लेते हैं और तेन्दूपत्ता भी तोड़कर बेचते हैं। इससे कुछ रुपयों का इंतजाम हो जाता है। झूलसिंह ने बताया कि घर पर दो बच्चे हैं। यहाँ कई पीढ़ी से कच्चे मकान में ही रहते आये हैं। कच्चे मकान में बारिश के दिनों में खपरैलों के बीच से पानी टपकना और कच्ची दीवारों को नुकसान होना आम बात है। गाँव में कुछ अन्य लोगो के पक्के मकान को देखकर उन्हें भी लगता था कि उनका भी घर पक्का बन जाये तो उन्हें मुसीबतों से मुक्ति मिल जाएगी। लेकिन उनका यह सपना कभी पूरा हो भी पायेगा,ऐसा उन्हें लगता ही नहीं था,क्योंकि उनके पास पक्का घर बनाने के लिए इतने पैसे ही नहीं थे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के बारे में जब उन्हें मालूम हुआ तो ऐसा लगा कि वास्तव में पैसा मिलेगा या नहीं। जब उनके खाते में पहली किश्त की राशि आई तो बहुत खुशी हुई। झूलसिंह ने बताया कि राशि मिलने के बाद पुराने जर्जर मकान को तोड़कर नया मकान बना रहे हैं। अभी नींव डालकर दीवारे भी खड़ी कर चुके हैं। झूलसिंह और उनकी पत्नी ने बताया कि अभी हमें दो किश्त मिल चुकी है। हमें बहुत खुशी हो रही है कि हमारा घर भी पक्का होगा। खपरैल की जगह सीमेंट की छत और और दीवारे भी होंगी। इससे हमें हर साल बारिश के समय बार बार खपरैल ठीक करने, दीवारों को बनाने जैसी मुसीबतों से भी हमेशा के लिए छुटकारा मिल जाएगा। उन्होंने पीएम आवास योजना को गरीबो के लिए बहुत राहत पहुचाने और उन्हें मुसिबतों से छुटकारा देने वाली योजना बताया। इसके लिए झूलसिंह और फुलकुँवर ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को धन्यवाद भी दिया।
बालको ने कर्मचारियों के परिवार को दिखाया विश्वस्तरीय एल्यूमिनियम उत्पादन
बालको ने कर्मचारियों के परिवार को दिखाया विश्वस्तरीय एल्यूमिनियम उत्पादन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कोरबा जिले को दी 223 करोड़ की विकास कार्यों की सौगात
199 करोड़ से अधिक राशि के 50 विभिन्न विकास कार्यों का किया भूमिपूजन, 24 करोड़ से अधिक राशि के 16 कार्यों का लोकार्पण
कोरबा । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज कोरबा जिले के प्रवास के दौरान जिलेवासियों को लगभग 223 करोड़ 88 लाख 41 हजार से अधिक लागत की 66 विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। श्री साय ने विभिन्न विभागों के अंतर्गत किए जा रहे 66 विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन और शिलान्यास किया। इन विकास कार्यों में 24 करोड़ 10 लाख 70 हजार से अधिक राशि के 16 कार्यों का लोकार्पण एवं 199 करोड़ 77 लाख 71 हजार से अधिक राशि की 50 कार्यों का भूमिपूजन/शिलान्यास शामिल हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने कन्वेंशन सेंटर में लोकमाता महारानी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का लोकार्पण किया और कन्वेंशन सेंटर को लोकमाता महारानी अहिल्याबाई होल्कर के नाम से नामकरण किया।
मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा किए जाने वाली 16 लोकार्पण कार्यों में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग अंतर्गत 15 करोड़ 06 लाख 77 हजार लागत के 11 कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें जल जीवन मिशन अंतर्गत ग्राम केरवाद्वारी, डूमरडीह, कोरकोमा, कसईपाली, बारी उमरांव, कपोट, नुनेरा, कोटमर्रा, लैंगा, बेतलो और सरपता में एकल ग्राम योजना शामिल है। स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत भैसमा, कुदमुरा और पसान में 75-75 लाख की लागत से नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन का निर्माण, नगर पालिक निगम कोरबा के अन्तर्गत 03 करोड़ 58 लाख की लागत से स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम विद्यालय एनसीडीसी कोरबा में नवीन भवन/जीर्णोद्धार कार्य, और क्रेड़ा विभाग अन्तर्गत 03 करोड़ 20 लाख 70 हजार 920 रूपये की लागत से कोरबा जिले के 47 छात्रावासों/आश्रमों में 2.4 किलोवाट क्षमता का सोलर पावर प्लांट स्थापना कार्य शामिल हैं।
भूमि पूजन के कार्यों के अंतर्गत नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा नगर पालिका निगम कोरबा व नगर पालिका परिषद दीपका में डीएमएफ, 15 वें वित्त सहित अन्य मदों से 15 करोड़ 38 लाख 85 हजार लागत के 09 कार्यों का भूमि पूजन/शिलान्यास किया गया। इनमें 06 करोड़ 66 लाख 35 हजार की लागत से 15 वें वित्त अंतर्गत नगर पालिक निगम कोरबा हेतु 100 टीपीडी सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोजेक्ट, 05 करोड़ 78 लाख एक हजार की लागत से प्रधानमंत्री ई-बस सेवा अंतर्गत दर्री जोन क्रमांक 06 में सिटी बस डिपो/टर्मिनल कॉपलेक्स का निर्माण कार्य, 41 लाख 13 हजार की लागत से 100 बैड हॉस्पिटल में एसएनसीयू हॉल, गैलरी शेड, रैम्प एवं बाउण्ड्रीवाल का निर्माण कार्य, 61 लाख की लागत से वार्ड क्रमांक 32 में प्रशिक्षण हाल निर्माण, वार्ड क्रमांक 31 में 50 लाख की लागत से प्रशिक्षण हॉल निर्माण, 25 लाख की लागत से अयोध्यापुरी तालाब में जल संवर्धन हेतु निर्माण कार्य, 42 लाख 31 हजार की लागत से भू-जल स्त्रोत सुधार के लिए रिचार्ज वेल, डिसिल्टींग, आयल एवं ग्रीस टै्रपिंग का निर्माण कार्य, नगर पालिका परिषद दीपका अंतर्गत 68 लाख 20 हजार की लागत से निकाय क्षेत्रांतर्गत घरों में पेयजल हेतु सर्विस कनेक्शन प्रदाय कार्य और 06 लाख 85 हजार लागत की वार्ड क्रमांक 06 में टॉवर रोड से गणेश साहू घर तक आरसीसी नाली निर्माण कार्य शामिल हैं।
इसी तरह ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के अंतर्गत जिला खनिज संस्थान न्यास मद से 03 करोड़ 72 लाख 08 हजार की लागत से 07 कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इनमें 01 करोड़ 84 लाख 68 हजार की लागत से विकासखंड स्तर पर 04 ट्रेनिंग हॉल, 49 लाख 98 हजार की लागत से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रजगामार में 01 प्रयोगशाला कक्ष, 30 लाख 65 हजार की लागत से प्राथमिक शाला हेतु 02 नवीन भवन, 33 लाख 20 हजार की लागत से माध्यमिक शाला हेतु 02 नवीन भवन निर्माण, 36 लाख 90 हजार की लागत से शासकीय उप स्वास्थ्य केन्द्र नोनदरहा हेतु नवीन भवन निर्माण, 26 लाख 67 हजार की लागत से खाद भंडारण केन्द्र कटघोरा में अहाता निर्माण और 10 लाख की लागत से कलमीटिकरा से बरपाली आर.डी. 2 किलोमीटर में पुलिया निर्माण कार्य शामिल है। जल संसाधन विभाग अंतर्गत 02 करोड़ 79 लाख 32 हजार की लागत से तेन्दुभाठा एनीकट और 02 करोड़ 89 लाख 13 हजार की लागत से हाउसिंग बोर्ड कालोनी उरगा के पास डोमनाला स्टापडेम का निर्माण कार्य, कार्यपालन अभियंता मिनीमाता बांगो बांध संभाग क्र. 3 माचाडोली अंतर्गत मिनीमाता (हसदेव) बांगो परियोजना के तहत 03 करोड़ 02 लाख 25 हजार की लागत से कोरबा जिले के मिनीमाता बांगो बांध परिक्षेत्र में स्थित आई.बी.(निरीक्षण गृह) का जीर्णोंद्धार कार्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण के तहत 01 करोड़ 19 लाख 78 हजार की लागत से पोंड़ी उपरोड़ा से जिला खनिज संस्थान न्यास से स्वीकृत लेपरा मार्ग के 274 मीटर लंबाई में पुर्ननिर्माण एवं रिटर्निंग वॉल निर्माण कार्य, छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय उर्जा विकास अभिकरण अंतर्गत 02 करोड़ 68 लाख 89 हजार 100 की लागत से विभिन्न स्थलों में 50 नग सोलर हाईमास्ट संयंत्र स्थापना कार्य, 02 करोड़ 14 हजार 350 की लागत से 50 उप स्वास्थ्य केन्दा्रें में 1.2 किलोवाट क्षमता का सोलर पावर प्लांट स्थापना कार्य और लोक निर्माण विभाग अंतर्गत 166 करोड़ 07 लाख 27 हजार की लागत से पुल-पुलिया, सड़क, भवन निर्माण, पहुंच मार्ग निर्माण सहित कुल 28 कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरूण साव, वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन कटघोरा विधायक प्रेम चंद पटेल, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपुत सहित जनप्रतिनिधिगण और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
एक पेड़ माँ के नाम पर मुख्यमंत्री ने लगाए सिंदूरी के पौधे
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एक पेड़ माँ के नाम के तहत रिसदी के कन्वेन्शन सेंटर परिसर में सिंदूरी पेड़ का रोपण किया। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने मौलश्री, मंत्री लखनलाल देवांगन ने बादाम के पौधे का रोपण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री सहित अन्य अतिथियों ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के जीवनी पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
कोरबावासियों को मिलेगा कन्वेन्शन सेंटर का लाभ : मुख्यमंत्री
कन्वेन्शन सेंटर में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के प्रतिमा का किया अनावरण
कोरबा । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज कोरबा शहर के रिसदी में नवनिर्मित कन्वेन्शन सेंटर के नामकरण, प्रतिमा अनावरण और 223 करोड़ रुपए के विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कन्वेन्शन सेंटर का नाम माता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर करने के साथ ही प्रवेश द्वार पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान अपने संबोधन में मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज कोरबा जिले को करोड़ो रूपये के विकास कार्यों की सौगात मिली है। इसमे 145 करोड़ रुपए के सड़क से सम्बंधित कार्य शामिल भी है। इससे जिले में आवागमन बेहतर होगा और कोरबावासियों को भी इसका समुचित लाभ मिलेगा। उन्होंने कन्वेन्शन सेंटर को वातानुकूलित बनाने की घोषणा करते हुए कहा कि कन्वेन्शन सेंटर बहुत बड़ा है और इसमे अनेक बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं। कोरबावासियों को इसका लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने हाऊसिंग बोर्ड द्वारा निर्मित कन्वेन्शन सेंटर की प्रशंसा भी की।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि वे छः माह पहले भी कोरबा आये थे,इस दौरान भी 600 करोड़ से अधिक की राशि के विभिन्न विकास कार्यों की सौगातें दी गई। आज सवा दो सौ करोड़ के विकास कार्यों की सौगात से कोरबा के लोगो को लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज लोकमाता महारानी अहिल्याबाई होल्कर के प्रतिमा का अनावरण भी किया है। वे इंदौर की महारानी थी और निष्पक्ष और न्यायप्रिय थी। उन्होंने देश के महत्वपूर्ण तीर्थस्थलों, धार्मिक स्थलों को संवारा और पहचान दिलाई। मुख्यमंत्री श्री साय ने कोरबा जिले में ऐलुमिनियम पार्क की स्थापना की आई मांग पर भी आवश्यक कार्यवाही करने की बात कही। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है। कोरबावासियों को विकास कार्यों की सौगात मिलने के साथ ही कन्वेन्शन सेंटर का नामकरण माता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर किया गया। उन्होंने अहिल्याबाई होल्कर की जीवन को रेखांकित करते हुए कहा कि माता अहिल्याबाई ने महिलाओं की शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करने, नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के साथ ही देश के तीर्थ स्थानों, धार्मिक स्थलों को संवारने का काम किया।
अपने राज्य की जनता के सुख-दुख में सहभागी बनने के साथ ही देश को आगे बढ़ाने का काम किया। उप मुख्यमंत्री श्री साव ने प्रतिमा अनावरण एवं नामकरण होने पर सभी बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उद्योग, वाणिज्य एवं श्रममंत्री लखनलाल देवांगन ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विगत 16 माह के कार्यकाल में प्रदेश में विकास की गंगा बहाई है। उन्होंने मोदी की गारंटी को पूरा कर गरीबों का कल्याण किया है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कुछ दिन पहले ही कोरबावासियों को 650 करोड़ रूपये से अधिक राशि के विकास कार्यों की सौगात दी थी। बजट में भी उन्होंने कोरबा जिले के विकास के लिए राशि का प्रावधान किया है। इसके साथ ही वे जनता के प्रति संकल्पित होकर राज्य को विकास की दिशा में आगे ले जा रहे हैं। मंत्री श्री देवांगन ने कोरबा जिले में एल्युमिनियम पार्क की स्थापना के लिये मुख्यमंत्री से आवश्यक सहयोग की भी मांग रखी।
कलेक्टर अजीत वसंत ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि 223 करोड़ के विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन होने से जिले वासियों को इसका लाभ मिलेगा। इन कार्यों में लगभग 150 करोड़ रूपये के सड़क निर्माण के कार्य भी शामिल है। सड़क, पुल-पुलिया निर्माण से दूरस्थ क्षेत्र के लोगों को आवागमन में आसानी होगी। उन्होंने कन्वेन्शन सेंटर का नामकरण लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर किये जाने को कोरबा जिला के लिये गौरव का विषय बताया। कलेक्टर ने राजमाता अहिल्याबाई होल्कर के शासन, शिक्षा आदि के योगदान को भी रेखांकित किया। इस अवसर पर कटघोरा विधायक प्रेम चंद पटेल, अध्यक्ष गृह निर्माण मंडल अनुराग सिंहदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपुत, सभापति नूतन सिंह ठाकुर, पूर्व मंत्री ननकीराम कंवर, सहित जनप्रतिनिधिगण और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
प्लेन क्रैश में मृत लोगो के प्रति जताई संवेदना
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुजरात से लंदन जा रही प्लेन के क्रैश होने की घटना और इसमे मृत लोगो के प्रति श्रदांजलि व्यक्त करते हुए उनके प्रति संवेदना प्रकट की।
डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार, 31 जुलाई तक आवेदन
कोरबा। संचालनालय कृषि रायपुर द्वारा वर्ष 2025 के लिए डॉ. खूबचंद बघेल, कृषक रत्न पुरस्कार के लिए कृषकों से आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं। किसान उप संचालक कृषि व वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय से आवेदन पत्र निःशुल्क प्राप्त कर सकते हैं। कृषकों से आवेदन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2025 निर्धारित है। कृषक निर्धारित प्रपत्र में पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन पत्र को उप संचालक कृषि व वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय में जमा कर सकते हैं। किसानों को अपने आवेदन पत्र के साथ सफलता की कहानी भी प्रस्तुत करना होगा। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
उप संचालक कृषि विभाग ने बताया कि पुरस्कार की राशि 2 लाख व प्रशस्ति पत्र है। इस प्रतिस्पर्धा में केवल छत्तीसगढ़ राज्य के मूल निवासी ऐसे कृषक ही पात्र होंगे जो विगत दस वर्षों से छत्तीसगढ़ में कृषि कार्य कर रहे हो, जिनकी कुल वार्षिक आमदनी में से न्यूनतम 75 प्रतिशत् आय कृषि पर आधारित हो साथ ही कृषक तकाबी, सिंचाई शुल्क, सहकारी बैंकों का कालातीत ऋण न हो। कृषक का चयन व मूल्यांकन फसल विविधीकरण व उत्पादकता वृद्धि के लिए नवीन कृषि तकनीकी अपनाने का स्तर है।
पुनर्वास स्थल तैयार होने के बाद करें विस्थापन का कार्य : कलेक्टर
बसाहट स्थल पर बुनियादी सुविधाओं के साथ अन्य खेल मैदान, पार्क, जिम आदि के संबंध में दिए निर्देश
कोरबा । कलेक्टर अजीत वसंत ने एसईसीएल कुसमुंडा क्षेत्र द्वारा अधिग्रहित ग्राम चंद्रनगर (जटराज ) में एसईसीएल कुसमुंडा क्षेत्र द्वारा पुनर्वास के लिए तैयार किए जा रहे पुनर्वास एवं पुनर्स्थापना स्थल का मुआयना किया। इस दौरान कलेक्टर ने अभी तक किये जा चुके कार्यों के बारे मे अधिकारियों से अद्यतन जानकारी ली। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जब तक ग्राम चंद्रनगर (जटराज) के बसाहट के लिए पुनर्वास एवं पुनर्स्थापना स्थल तैयार नहीं हो जाता है, तब तक विस्थापन के कार्य की शुरुआत नहीं की जाए। उन्होंने परिसंपत्ति का मापन का कार्य को जारी रखने के निर्देश दिए। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व रोहित सिंह, कटघोरा एवं क्षेत्रीय महाप्रबंधक, कुसमुंडा क्षेत्र की उपस्थिति भी उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर वसंत ने यह भी निर्देश दिए कि पुनर्वास एवं पुनर्स्थापना स्थल पर योजना के अनुसार बनाए जा रहे प्लॉट तथा किए जा रहे कार्यों के अतिरिक्त सात मीटर के दो शाखा मार्ग अतिरिक्त बनाई जाए। उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी को निर्देश दिया कि छत्तीसगढ़ शासन के विद्युत विभाग से बिजली की अग्रिम तथा बेहतर व्यवस्था की जाए तथा नगर निगम से सीवरेज उपचार संयंत्र की स्थापना के लिए चर्चा की जाए। उन्होंने लोक प्रयोजन के लिए बनाए जा रहे सामुदायिक भवनो के स्थल का निरीक्षण किया तथा आँगनबाड़ी स्थल के पास पार्क तथा विद्यालय के लिए खेल मैदान के निर्माण के लिए निर्देश दिए।
कलेक्टर ने एसईसीएल कुसमुंडा क्षेत्र के महाप्रबंधक से चर्चा करते हुए निर्देशित किया कि बसाहट के दौरान जो भी सुविधांए मुहैया कराई जा रही है, उसके अलावा और क्या बेहतर व्यवस्था की जा सकती है, इस दिशा में भी प्लानिंग किया जाएं। उन्होंने अच्छे वास्तुकार से प्लान बनाकर उस पर अमल करने, साथ ही सुबह के सैर के लिए स्थान निर्धारित कर ओपन जिम तथा पार्क निर्माण के लिए निर्देशित किया। कलेक्टर ने ग्रामवासियों तथा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के साथ प्रबंधन के मध्य त्रिपक्षीय वार्ता करने बल दिया ताकि कार्यों को सुचारु रूप से गति प्रदान किया जा सके।
आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में मनाया गया दाई-बबा दिवस
कोरबा । कलेक्टर अजीत वसंत के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एस.एन..केशरी के नेतृत्व में 04 जून को जिले के समस्त आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में “ हमारे बुजुर्ग हमारी धरोहर“ थीम के साथ स्वास्थ्य मेला दाई-बबा दिवस मनाया गया। इस अवसर पर उपस्थित जिले के वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। हेल्थ मेला में उपस्थित वरिष्ठजनो, पेशनर्स का तिलक लगाकर एवं पुष्प माला पहनाकर, श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उनका बीपी, शुगर,, नाक-कान-गला, वृद्धजनों को होने वाली परेशानी, हड्डियों से संबंधित परेशानी, नेत्र जॉंच, मोतियाबिन्द, मानसिक जाँच जैसे संपूर्ण जॉच निःशुल्क किया गया तथा दवाईयॉ तथा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किया गया। आयुष विभाग द्वारा उन्हे स्वस्थ्य जीवनशैली , योग के बारे में जानकारी दिया गया। जिन बुजुर्गों का आयुष्मान कार्ड, आभा आईडी, वयवंदन कार्ड नहीं बना था उसे बनाया गया।
इस अवसर पर वृद्ध जनों के साथ उपस्थित बच्चों तथा नाती-पोते-पोतियों को अपने मातापिता, दादा-दादी तथा नाना- नानी के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा सम्मानपूर्ण व्यवहार करने को कहा गया।
पूर्व में 01 मई से 31 मई तक जिले में वयोवृद्ध कार्यक्रम अंतर्गत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया जिसमें 80706 वयोवृ़द्ध नागरिकों का स्क्रीनिग किया गया तथा बीपी,शुगर, मोतियाबिन्द, नाक-कान-गला तथा हड्डियों से संबधित बिमारियों से ग्रासित मरीजों को निःशुल्क उपचार प्रदान किया गया।
इसी तरह 30 मई को सियान सदन कोरबा में समाज कल्याण विभाग, आयुष विभाग तथा लायंस क्लब कोरबा के सहयोग से वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों (मेडिसिन,अस्थि रोग,मानसिक रोग, नेत्र रोग, दंत रोग, फिजियोथेरेपिस्ट तथा आयुर्वेद चिकित्सक ) के द्वारा 729 वयोवृद्ध नागरिकों का निःशुल्क परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया साथ हीं इस शिविर में 16 बुजुर्गो ( जो चलने-फिरने में असमर्थ ) को व्हील चेयर, 300 स्टीक तथा 100 मरीजों को हियरिंग एड प्रदान किया गया तथा स्वस्थ्य जीवनशैली /योग के संबंध में जानकारी दिया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.एस.एन.केशरी ने कहा कि बुजुर्ग हमारी धरोहर है उनकी सेवा और सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। जिले में समस्त स्वास्थ्य केन्द्रों में प्रत्येक बुधवार को वयोवृद्ध नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाता है। जिसका उद्देश्य बुजुर्गो के प्रति सम्मान एवं सहभागिता को बढ़ावा देना, स्वास्थ्य की समस्त जॉंच एवं परामर्श प्रदान करना , युवाओं एवं बच्चों को बुजुर्गों की देखभाल एवं सेवा के प्रति संवेदनशील बनाना है।
उन्होंने वयोवृद्ध नागरिकों से आग्रह किया है कि वे जिले में संचालित आयुष्मान भारत योजना, वयवंदन कार्ड जैसे स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उठायें और स्वस्थ्य जीवन जिये।
टीओटी ट्रेनिंग कैम्प में जिला कोरबा का प्रदर्शन रहा उत्कृष्ट
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन शिविर भुनेश्वर में
कोरबा । भारत सरकार गृह मंत्रालय के मार्ग निर्देशन में उड़ीसा आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वाधान में भुनेश्वर उड़ीसा में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण शिविर का आयोजन दिनांक 15.04.2025 से 05.05.2025 तक किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य के जिला कोरबा से 5 आपदा मित्र सूर्यकांत जोशी, चन्द्रभान जोशी, गुणवंत नायक, टोकन लाल राजवाडे़ एवं निलेश साहू उक्त प्रशिक्षण में सम्मिलित थे। इस ट्रेनिंग में फायर सेफ्टी रेस्क्यू, वाटर रेस्क्यू, सीपीआर, सीवीआरएम, फिजिकल एसेसमेंट, आईएफडी, पेसेंट मूविंग एण्ड लिफ्टिंग होरिजेंटल एंण्ड वर्टिकल थ्री लूप, स्लाइडर रेस्क्यू, बाढ़, भूंकम्प, सूनामी, भूस्खलन से बचने तथा फस्टेट के रूप में सुरक्षा करने, लाईन सर्च, हिलिन सर्च, डिजास्टर प्रिपेरेडनेस इत्यादि ट्रेनिंग दिया गया। जिला कोरबा के उक्त पांचों आपदा मित्र ने मेहनत व लगन से प्रशिक्षण प्राप्त किया, प्रशिक्षण ऐकडमी द्वारा जिला कोरबा की पांचो आपदा मित्र का भूरी-भूरी प्रशंसा किया गया । विदित हो की जिला कोरबा में 300 आपदा मित्रों का नामांकन कर लाईवलीहुड कॉलेज कोरबा में विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इनमें से उक्त 5 आपदा मित्र मास्टर ट्रेनर के रूप में भुनेश्वर उड़ीसा मे प्रशिक्षण प्राप्त किये हैं। मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षण प्राप्त पांचों आपदा मित्र जिला कोरबा के शेष 295 आपदा मित्रों को समय-समय पर प्रशिक्षण देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगें।
कोरबा जिले का कोई भी विद्यालय नहीं रहेगा शिक्षकविहीन
अब दूरस्थ क्षेत्र के विद्यालय के विद्यार्थियों को भी मिलेगी बेहतर शिक्षा
कोरबा । राज्य शासन के दिशा निर्देशों के तहत कोरबा जिले में अतिशेष शिक्षको के काउंसिलिंग की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इस प्रक्रिया के पूरा होने के साथ ही जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में मौजूद शिक्षकविहीन और एकल शिक्षकीय विद्यालयों को नए शिक्षक मिल गए, वहीं इन क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों को भी बेहतर शिक्षा की गारण्टी सुनिश्चित हो गई है। आने वाले दिनों में जब विद्यालय खुलेंगे तो उन्हें नए शिक्षक के साथ अध्ययन का अवसर मिलेगा। कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देशन में आयोजित की गई काउंसिलिंग प्रक्रिया के पश्चात पोड़ी उपरोड़ा,पाली,कोरबा ब्लॉक के दूरस्थ क्षेत्रों के अनेक विद्यालयों के बच्चों को सीधा लाभ मिलेगा। पिपरिया, लमना, मोरगा, दुल्लापुर, चोटिया, पसान, अरसिया, पोड़ी, पाली, सिरमिना, सपलवा, उड़ान, रतखंडी, परसदा, बारी उमराव, पहाडग़ांव, बाईसेमर, नकिया, श्यांग,लेमरू, खमहून, सिमकेन्दा, लामपहाड़, बिंझकोट जैसे दूरस्थ क्षेत्र के विद्यालयों में अब पर्याप्त शिक्षक होंगे।
शासन के दिशा निर्देशों के तहत जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग द्वारा अतिशेष शिक्षको की काउंसिलिंग प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। लगातार तीन दिनों तक चले इस प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ अतिशेष शिक्षकों को शिक्षकविहीन विद्यालय और शिक्षकों की कमी वाले स्कूलों में पदस्थ किया गया। सर्वप्रथम प्राथमिक शालाओं में अतिशेष प्रधानपाठकों और सहायक शिक्षको की काउंसलिंग 31 मई को की गई। इस प्रक्रिया में 287 सहायक शिक्षको की काउंसलिंग की गई। प्राथमिक शाला के इस काउंसिलिंग प्रक्रिया में 14 शिक्षकविहीन और 273 एकलशिक्षकीय विद्यालय भी शामिल है, जहाँ अतिशेष शिक्षकों की नियुक्ति के पश्चात अब ये विद्यालय शिक्षकविहीन नहीं रहेंगे। अतिशेष शिक्षको के समायोजन के पश्चात सभी प्राथमिक शाला में अब कम से कम दो शिक्षक होंगे। इसी तरह 3 जून को माध्यमिक शाला अंतर्गत शिक्षको की काउंसिलिंग की प्रक्रिया आयोजित की गई। जिसमें 4 प्रधानपाठकों और 147 शिक्षकों की काउंसिलिंग आयोजित कर उन्हें शिक्षकविहीन और एकलशिक्षकीय-द्विशिक्षकीय विद्यालयों में पदस्थ किया गया है। काउंसिलिंग के पश्चात 20 एकलशिक्षकीय और 4 शिक्षकविहीन और 62 द्विशिक्षकीय मिडिल स्कूलों में भी अब कम से कम तीन शिक्षक पदस्थ हो गए हैं। दो जून को हाइ और हायर सेकंडरी विद्यालय के अतिशेष व्याख्याताओं की काउंसिलिंग की प्रक्रिया आयोजित कर 75 अतिशेष व्याख्याताओं को उन विद्यालयों में पदस्थ किया गया है, जहाँ गणित,रसायन, भौतिकी, हिंदी, अंग्रेजी, कामर्स विषयों के शिक्षकों की कमी थी।
सबसे ज्यादा पोड़ी उपरोड़ा और पाली ब्लॉक के दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को होगा लाभ
शासन द्वारा अतिशेष शिक्षको के युक्ति युक्तकरण का निर्देश जारी करने के पश्चात जिले में कई गई कार्यवाही का लाभ दूरस्थ क्षेत्र के विद्यार्थियों को मिलेगा। कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक में लगभग 100 प्राथमिक विद्यालय ऐसे थे जहाँ एकलशिक्षक होने की वजह से अध्ययन व्यवस्था प्रभावित होती रही है। इसी तरह पाली ब्लॉक के 76 प्राथमिक शाला, करतला के 30,कटघोरा ब्लॉक के 26 और कोरबा ब्लॉक के लगभग 34 प्राथमिक शाला में भी एक शिक्षक के स्थान पर अब कम से कम दो शिक्षक पदस्थ होंगे। अतिशेष शिक्षको की नई जगह पर पदस्थापना से दूरस्थ क्षेत्र के विद्यालयों में जहाँ शिक्षको की कमी दूर हो गई है वहीं इन विद्यालयों में पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों के लिए भी शासन द्वारा जारी आदेश के तहत की गई युक्ति युक्तकरण की व्यवस्था लाभदायक होने जा रही है।
शिक्षकों और पालकों को मिलेगी राहत
अतिशेष शिक्षको के युक्ति युक्तकरण का लाभ दूरस्थ क्षेत्र के विद्यार्थियों को मिलने के साथ ही अनेक शिक्षकों के लिए भी लाभदायक साबित होगा। कुछ विद्यालय में शिक्षक नहीं होने से आसपास के किसी विद्यालय के शिक्षक को संलग्न कर अध्यापन के लिए भेजा जाता था। उनके ऊपर अधिक संख्या में मौजूद बच्चों को पढ़ाने की पूरी जिम्मेदारी के साथ ही अन्य कार्यों की जिम्मेदारी भी रहती थी। शिक्षक नहीं होने या कम शिक्षक होने से बच्चों के पालक भी परेशान होते थे। अब शिक्षको और पालकों को इसका लाभ मिलेगा।
गणित,भौतकी, रसायन, जीवविज्ञान में नहीं होंगे कमजोर
प्राथमिक और माध्यमिक शाला के अतिशेष शिक्षकों को दूरस्थ क्षेत्रों के शिक्षकविहीन और एकलशिक्षकीय विद्यालयों में पदस्थ किए जाने से विद्यालयों में शिक्षा की नींव मजबूत होगी वहीं हायर सेकण्डरी में पहुँचने वाले विद्यार्थियों को भी अब गणित, भौतकी, रसायन, जीवविज्ञान, अंग्रेजी जैसे विषयों में परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों में कला विषय चयन करने के अलावा गणित,विज्ञान विषय चयन करने में रुचि जागेगी। इंजीनियरिंग और मेडिकल के क्षेत्र में जाने वाले विद्यार्थियों को नए व्याख्याताओं की नियुक्ति से लाभ होगा।
शैक्षणिक माहौल बेहतर बनने के साथ ही बढ़ेगी जिले की पहचानः कलेक्टर
कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि कोरबा जिले में अतिशेष शिक्षको के युक्ति युक्तकरण की प्रकिया शासन के दिशा निर्देशों के अंतर्गत पूरी कर ली गई है। शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन द्वारा निष्पक्ष और पारदर्शिता के साथ काउंसिलिंग आयोजित की गई। अतिशेष शिक्षको के समायोजन से दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यालयों के विद्यार्थियों को भी लाभ मिलेगा। इस व्यवस्था से विद्यार्थियों का पाठ्यक्रम समय पर पूरा होगा। सभी प्राथमिक शालाओं में अब कम से कम दो शिक्षक और मिडिल स्कूल में तीन शिक्षक होंगे। प्राथमिक और माध्यमिक शाला के बच्चों को शिक्षक मिलने से उनके शिक्षा की नींव मजबूत होगी। इसके बाद हाई और हायर सेकण्डरी विद्यालयों में भी गणित, रसायन,भौतकी, जीवविज्ञान,अंग्रेजी आदि विषय के व्याख्याता पदस्थ हो जाने से उन्हें कठिन लगने वाले विषय को अध्ययन करने में आसानी होगी। विद्यालयों में पर्याप्त शिक्षको की व्यवस्था हो जाने से आने वाले दिनों में जिले का शैक्षणिक माहौल बदलेगा और नई तस्वीर दिखाई देगी।
बुजुर्ग की लाश मिली, फरार नौकर पर हत्या करने का शक
कोरबा । जिले के पाली थाना क्षेत्र के नगोईभांठा गांव में एक बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान परदेशी राम मरकाम (62) के रूप में हुई है। उनका शव रसोई घर में खून से लथपथ मिला। घटना रविवार की है। घर में बुजुर्ग दंपती ही रहते थे। मृतक की पत्नी सजन बाई शनिवार को बाहर गई थी। वह रविवार की देर शाम को घर लौटी। घर का दरवाजा खुला देख रसोई में गई तो पति का शव देखकर उनके होश उड़ गए।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। शव के निरीक्षण में मृतक के सिर पर कुदाल जैसे धारदार हथियार से किए गए 3 वार के निशान मिले। जांच में सामने आया कि मृतक के घर काम करने वाला त्रिभुवन सिंह घटना के बाद से फरार है।
पुलिस के अनुसार त्रिभुवन को आखिरी बार मृतक के साथ देखा गया था। वह शराब के नशे में था। उसके गायब होने के कारण पुलिस को उस पर शक है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में जुटी है।