छत्तीसगढ़ / कोरबा
जनदर्शन में सुनी गई शासकीय कर्मचारियां की समस्याएं
कलेक्टर के निर्देश पर अपर कलेक्टर ने सुनी समस्याएं
कोरबा। कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर आज शासकीय कर्मचारियों की समस्याओं को सुनने के लिए जनदर्शन का आयोजन किया गया। कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में अपर कलेक्टर मनोज कुमार बंजारे ने कर्मचारियां की समस्याएं सुनी। कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभाग को निराकरण हेतु प्रेषित किया । जनदर्शन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली के पुरुष पर्यवेक्षक ज्ञान चंद कश्यप ने एमए समाजशास्त्र की परीक्षा में बैठने की अनुमति, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा के नेत्र चिकित्सा सहायक अधिकारी बलराम प्रसाद साहू ने लंबित देयकों के भुगतान, आरती देवी ने शारीरिक असमर्थता की वजह से पति को शिक्षकीय कार्य करने में हो रही परेशानियों को बताते हुए वेतन एवं अन्य सुविधाएं प्रदान करने, जनपद पंचायत करतला ने डाटा एन्ट्री ऑपरेटर पिंकी मौर्य ने पारिवारिक समस्याओं का जिक्र करते हुए जिला पंचायत व जनपद पंचायत कोरबा में स्थानांतरण की मांग की है। इसी तरह जिला कार्यालय के कर्मचारियों ने वाहन स्टैंड की मांग की है जनदर्शन में अन्य कर्मचारियां ने आवेदन दिए। सभी आवेदनों के कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रेषित कर निराकरण के निर्देश दिए हैं। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियां की समस्याओं की निराकरण हेतु प्रत्येक माह के प्रथम मंगलवार को शाम 4 बजे से 5 बजे तक जनदर्शन का आयोजन कर उनकी समस्याओं को सुनने और निराकरण की पहल की है।
तारमिस्त्री परीक्षा के आवेदन 30 तक
कोरबा । संभागीय अनुज्ञापन समिति (विद्युत) बिलासपुर द्वारा प्रतिवर्षानुसार तारमिस्त्री परीक्षा आगामी जुलाई 2025 में लिया जाएगा। इस हेतु आवेदन 30 अप्रैल 2025 जमा करने की अंतिम तिथि है। उक्त परीक्षा हेतु बिलासपुर, मुंगेली, गौरेला-पेण्ड्रा मरवाही, कोरबा, जांजगीर-चांपा एवं सक्ती जिले के आवेदनकर्ता कार्यालय, कार्यपालन अभियंता (विद्युत सुरक्षा) एवं संभागीय विद्युत निरीक्षक, छत्तीसगढ़ शासन बिलासपुर संभाग बिलासपुर, प्रथम तल यू.डी.एम. हॉस्पिटल बिल्डिंग, होमगार्ड कैंपस के पास, कुदुदण्ड, बिलासपुर (छत्तीसगढ़) में कार्यालयीन समय में उपस्थित होकर तत्संबंध में जानकारी एवं निःशुल्क आवेदन फार्म प्राप्त कर सकते है।
नव दाम्पत्य जीवन में प्रवेश करने वाले दम्पतियों को कैबिनेट मंत्री ने दी शुभकामनाएं
सुखमय जीवन के संकल्प के साथ 146 वर-वधुओं के जोड़ें ने लिए फेरे
कोरबा । मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत आज जिले के कटघोरा विकासखण्ड के अग्रसेन भवन में सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया। योजनांतर्गत आज 146 वर-वधू के जोड़े दांपत्य सूत्र में बंधे और सुखमय जीवन का संकल्प लेकर एक नई जिंदगी की शुरूआत की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वाणिज्य उद्योग व श्रम मंत्री छत्तीसगढ़ शासन लखन लाल देवांगन शामिल हुए। इस अवसर पर विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह, एसडीएम रोहित सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं नागरिकगण बड़ी संख्या में वर-वधुओं को आशीर्वाद देने उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन सहित अन्य अतिथियों ने सभी वर-वधुओं को सुखमय जीवन का आशीर्वाद दिया।
कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह खुशी की बात है कि वर-वधुओं का सामाजिक, धार्मिक रीति-रिवाज का पालन करते हुए सामूहिक विवाह संपन्न कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी जोड़ों को अपने माता-पिता, परिवार जन सहित कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न समाज के लोगों, वरिष्ठजनों का शुभ आशीष मिल रहा है। उन्होंने परिणय सूत्र में बंधकर नव दाम्पत्य जीवन मे प्रवेश करने वाले 146 दम्पतियों के सुखमय जीवन की कामना करते हुए कहा कि आप सभी समाज के लिए प्रेरणा बनें एवं आदर्श जीवन यापन करें। आप सभी के कंधों पर परिवार की जिम्मेदारी आ गई है, जिसका निर्वहन कुशलता पूर्वक करें। उन्होंने अपने बड़े बुजुर्गों का सम्मान करने व घर के सभी सदस्यों का ख्याल रखने हेतु नव जोड़ां को प्रेरित किया।
कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने हेतु प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार गठन के साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आयी है। जिससे सभी वर्ग के लोग लाभान्वित हो रहे हैं। सरकार गठन के साथ ही 18 लाख गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है। तेंदूपत्ता संग्राहकों से 5500 रुपए प्रति मानक बोरा की दर से खरीदी कर सुदृढ़ बनाया जा रहा है। जनहितकारी सरकार द्वारा 3100 रुपए प्रति क्विन्टल की समर्थन मूल्य पर 21 क्विन्टल प्रति एकड़ की मान से धान खरीदी कर किसानों की मेहनत को सम्मान दिया गया है। साथ ही धान का बकाया बोनस देकर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाया है।
महतारी वंदन योजना से महिलाओं को प्रतिमाह 1 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान कर आत्म निर्भर बनाया जा रहा है। उन्होंने आमजनों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया। इस अवसर पर विधायक कटघोरा श्री पटेल जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह सहित अन्य अतिथियों द्वारा ने सभी वर-वधुओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सुख समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा सामूहिक विवाह का आयोजन कर पिछड़े परिवार के लोगों के विवाह में होने वाले खर्च की बचत कर उनको सम्मान दिया जा रहा है। इस दौरान मुख्य अतिथि मंत्री श्री देवांगन सहित अन्य अतिथियों में नवदंपतियों को अपना आशीर्वाद प्रदान करते हुए भेंट स्वरूप प्रोत्साहन राशि का चेक और सुखमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दी।
वाहन की चपेट में आने से ग्रामीण की मौत
ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
कोरबा । कोरबा-चांपा मार्ग पर सरगबुंदिया स्थित मड़वारानी मंदिर के समीप भारी वाहन की चपेट में आकर एक ग्रामीण की मौत हो गई. देर रात घटी घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जमकर हंगामा मचाया. पुलिस ने घंटों तक समझाइश दी, जिसके बाद ग्रामीण सड़क से हटने पर राजी हुए. दरअसल, भारी वाहन की चपेट में आने से गांव के ही निवासी मंगल सिंह की मौत से ग्रामीण आक्रोशित हो गए थे. ग्रामीणों के चक्का जाम की वजह से घटनास्थल के दोनों और बड़ी संख्या में वाहन फंस गए. सूचना मिलते ही उरगा थाना प्रभारी और कोरबा सीएसपी भूषणा एक्का पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया
वाहन की चपेट में आने से ग्रामीण की मौत
ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
कोरबा । कोरबा-चांपा मार्ग पर सरगबुंदिया स्थित मड़वारानी मंदिर के समीप भारी वाहन की चपेट में आकर एक ग्रामीण की मौत हो गई. देर रात घटी घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जमकर हंगामा मचाया. पुलिस ने घंटों तक समझाइश दी, जिसके बाद ग्रामीण सड़क से हटने पर राजी हुए. दरअसल, भारी वाहन की चपेट में आने से गांव के ही निवासी मंगल सिंह की मौत से ग्रामीण आक्रोशित हो गए थे. ग्रामीणों के चक्का जाम की वजह से घटनास्थल के दोनों और बड़ी संख्या में वाहन फंस गए. सूचना मिलते ही उरगा थाना प्रभारी और कोरबा सीएसपी भूषणा एक्का पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया
संदिग्ध हालत में महिला की लाश मिलने से सनसनी
कोरबा । कटघोरा थाना अंतर्गत दुर्गा मंदिर के सामने किराए के मकान में एक महिला की संदिग्ध हालत में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि घर के पीछे बाड़ी में उसकी लाश पाई गई है। जहां ग्रामीणों की नजर पड़ने पर इसकी सूचना तत्काल कटघोरा थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया है।
जहां आगे की जांच कार्यवाही जारी है। बताया जा रहा है मृतिका का नाम लता बाई है. जो एतमानगर डूमरमुडा निवासी है। मृतिका लता कटघोरा थाना अंतर्गत दुर्गा मंदिर के सामने किराए के मकान पर अकेले रहती थी। जहां मजदूरी का काम कर जीवन यापन कर रही थी। मृतका किराए के मकान से कुछ ही दूरी पर निर्माणाधीन मकान में मजदूरी का काम कर रही थी। सोमवार की सुबह जब लोग उसके घर के पास से गुजर रहे थे।
तब लोगों की नजर उसे पर पड़ी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। बताया जा रहा है कि घर के दरवाजे खुले हुए मिले। वहीं घर की चौखट और घटनास्थल के पास ईंट में खून के निशान पाये गए है। इन सबसे मामला और भी संबंधित लग रहा है।
फिलहाल, कटघोरा पुलिस आगे के जांच कार्यवाही जुट गई है। पहचान कराने के बाद उसके परिजनों को इसकी सूचना दी जा रही है। जहां बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उसकी मौत कब कैसे और किन परिस्थिति में हुई होगी। यह भी जांच का विषय है।
कलेक्टर की अध्यक्षता में राजनैतिक दलों के साथ बैठक 24 को
कोरबा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत वसंत की अध्यक्षता में 24 मार्च 2025 को प्रातः 11 बजे सभी राजनैतिक दलों के साथ बैठक आयोजित की गई है। बैठक में राजनैतिक दलों से निर्वाचन सम्बन्धी विभिन्न मुद्दों पर सुझाव प्राप्त कर आवश्यक चर्चा की जाएगी।
इलाज हेतु निजी अस्पताल जाने वाले मरीज किसी भी लाइसेंस प्राप्त फार्मेसी से क्रय कर सकते है दवा
हॉस्पिटल कैम्पस की फार्मेसी से दवा लेने के लिए मरीजों को बाध्य नहीं कर सकते निजी अस्पताल
कोरबा । निजी अस्पतालों में इलाज हेतु जाने वाले आमजन किसी भी लाइसेंस प्राप्त फार्मेसी से दवाइयां क्रय कर सकते है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस सम्बंध में एडवाइजरी जारी करते हुए सभी निजी अस्पताल संचालकों को निर्देशित किया है कि वे मरीजो को अपने हॉस्पिटल कैम्पस में स्थित फार्मेसी से दवाइयां खरीदने के लिए दबाव नहीं बनाए। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार प्राइवेट अस्पताल अपनी फार्मेसी से ही दवाएं खरीदने हेतु किसी भी मरीज पर दबाव या जबरदस्ती नहीं कर सकते है। साथ ही सभी निजी अस्पतालों में, मरीज किसी भी लायसेंस प्राप्त फार्मेसी से दवा खरीद सकतें हैं, इस आशय का स्पष्ट रूप से लिखा हुआ बोर्ड लगाना अनिवार्य है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने निजी चिकित्सालय संचालको को निर्देशित किया है कि वे सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। मरीजों को चिकित्सालय कैम्पस की फार्मेसी से दवाये क्रय करने के लिए बाध्य नही करे तथा अपने चिकित्सालय में, मरीज किसी भी लायसेंस प्राप्त फार्मसी से दवा खरीद सकतें हैं का स्पष्ट लिखा हुआ बोर्ड प्रदर्शित करें।
बुनियादी साक्षरता परीक्षा 23 मार्च को
कोरबा । भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय स्कूल शिक्षा व साक्षरता विभाग, राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयीन शिक्षण संस्थान नई दिल्ली के पहल एवं कलेक्टर व अध्यक्ष जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण कोरबा के निर्देशन में जिला शिक्षा अधिकारी व सदस्य सचिव के मार्गदर्शन में उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम अंतर्गत राष्ट्रव्यापी बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान परीक्षा 23 मार्च 2025 रविवार को प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक जिला के सभी प्राथमिक शालाओं में आयोजित की गई है।
इस राष्ट्रव्यापी बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान परीक्षा में राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण रायपुर के द्वारा 25670 शिक्षार्थियों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है जिसके विरूद्ध विकासखंड करतला को 5000 कोरबा को 4000 कटघोरा को 4000 पाली को 6000 एवं पोड़ी उपरोड़ा को 6670 शिक्षार्थियों को परीक्षा में सम्मिलित कराये जाने का लक्ष्य दिया गया। ततसंबंध में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं शिक्षार्थियां को परीक्षा में सुविधानुसार 1379 केंद्रों का चिन्हांन किया गया है। जिले एवं विकासखंड में नियंत्रण कक्ष निर्मित किए गए हैं केन्द्र निरीक्षण हेतु सर्व विकासखंड शिक्षा अधिकारियों एवं विकासखंड स्त्रोत समन्वयको को निर्देशित किया गया है। परीक्षा पश्चात डाटा एंट्री करने हेतु कर्मचारी नामांकित किए गए है। गांव में कोटवार के द्वारा मुनादी करा कर जागरूक किया जा रहा है। जिससे अधिकाधिक संख्या में शिक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हो सके। परीक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश एवं तैयारी के संबंध में जिला स्तर विकासखंड स्तर वार्ड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर समस्त बी.ई.ओ, बी.आर.सी. एवं सी.ए.सी. की बैठक आयोजित कर परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित करने हेतु निर्देशित किया गया है।
महिलाओं व बच्चों के ट्रैफिकिंग/अनैतिक व्यापार की रोकथाम के संबंध में प्रशिक्षण का आयोजन
कोरबा । जिले में अनैतिक व्यापार/ महिलाओं तथा बच्चों के ट्रैफिकिंग की रोकथाम अधिनियम 1956 तथा नालसा (राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण) तस्करी और वाणिज्यिक यौन शोषण पीड़ितों के लिए विधिक सेवाएं योजना 2015 के तहत प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित किया गया। जिसमें सर्वोंच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेशो तथा बच्चों के टै्रफिकिंग के रोकथाम हेतु सभी स्तर पर प्रचार-प्रसार, बरामदगी तथा मानव व्यापार के उत्पीड़ित महिलाओं एवं बच्चों के प्रशिक्षण एवं पुर्नवास हेतु महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस तथा श्रम विभाग से समन्वय कर पीड़ित महिलाओं बच्चों के बचाव कार्यशाला में प्रशिक्षित किया गया।
उक्त कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में डिम्पल भेड़िया सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गजेन्द्र देव सिंह जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी, राजेश आदिले सहायक आयुक्त श्रम विभाग, शारदा वर्मा उप निरिक्षक पुलिस विभाग, रजनी मारिया घरेलू हिंसा, अतिथियों द्वारा इस संबंध में मानव को बल पूर्वक, पैसों का प्रलोभन देकर कमजोर, गरीब, अशिक्षित और बेरोजगार तथा जरूरतमदों को इस क्षेत्र के दलाल अपना शिकार बनाते है एवं उन्हें बंधक बनाकर व्यवसायिक तथा शारीरिक, मानसिक शोषण किया जाता है यह छत्तीसगढ़ की जशपुर, सरगुजा, रायगढ़, बस्तर आदि जिले में मानव तस्करी के दृष्टि अत्यधिक संवेदनशील है। कार्यशाला में श्रीमती रत्ना नामदेव जिला मिशन समन्वयक हब महिला एवं बाल विकास विभाग कोरबा, संबंधित पर्यवेक्षक एवं सदस्य स्थानीय शिकायत समिति कोरबा सदस्य स्त्रोत समिति, पी.एल.वी. विधिक सेवा प्राधिकरण एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा महिलाएँ उपस्थित रहें।
अग्निवीर भर्ती परीक्षा के परिणाम आज
24 मार्च को सभी सफल अभ्यर्थियों को सेना भर्ती कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश
कोरबा । छत्तीसगढ़ में अग्निवीर भर्ती का परिणाम 22 मार्च 2025 को घोषित होगा। उत्तीर्ण अभ्यर्थी इस साल भारतीय सेना में अग्निवीर बनकर देश की सेवा करेंगे। अभ्यर्थी परीक्षा परिणाम जॉइन इंडियन आर्मी के वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर अवलोकन कर सकते है। साथ ही सेना भर्ती कार्यालय रायपुर के नोटिस बोर्ड पर भी अवलोकन किया जा सकेगा।
सभी अभ्यर्थियां को 24 मार्च 2025 को सुबह 6ः30 बजे सेना भर्ती कार्यालय रायपुर (शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के समीप) में प्रारंभिक ब्रीफिंग और डिस्पैच प्रलेखन के लिए उपस्थित होना जरूरी है। सभी सफल अभ्यर्थियां की ट्रेनिंग 01 मई 2025 से अलग-अलग ट्रेनिंग सेंटर में शुरू होगी। भारतीय सेना द्वारा सभी सफल उम्मीदवारों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी है। भारतीय सेना में चयन निष्पक्ष, पारदर्शी और केवल योग्यता के आधार पर होता है। इस हेतु अभ्यर्थियों को दलालों से सावधान रहने की समझाइश दी गई है। किसी भी अन्य जानकारी और समस्या के लिए सेना भर्ती कार्यालय रायपुर के टेलीफोन नंबर 0771-2965212/0771-2965214 पर संपर्क किया जा सकता है।
लू से बचाव हेतु एडवाइजरी जारी
भीषण गर्मी में लू से बचाव हेतु आवश्यक उपाय अपनाने हेतु किया गया आग्रह
कोरबा । ग्रीष्म कालीन मौसम प्रारंभ होने पर तथा अधिक गर्मी पड़ने से शुष्क वातावरण में लू (तापाघात) की संभावना अधिक होती है। जो घातक या जानलेवा हो सकती है। जिले में बढ़ रही गर्मी को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर श्री अजीत वसंत के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लू से बचाव हेतु आवश्यक उपाय अपनाने के लिए एडवाइजरी जारी की है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस. एन. केशरी ने बताया कि जिले में लगातार मौसम परिवर्तन के बाद तेज धूप एवं गर्मी प्रारंभ हो गया है। जिसके कारण लू लगने की संभावना बढ़ गई है। सूर्य की तेज गर्मी के दुष्प्रभाव से शरीर के तापमान में विपरीत प्रभाव पड़ता है जिससे शरीर में पानी और खनिज लवण नमक की कमी हो जाती है इसे लू लगना या हीट-स्ट्रोक कहा जाता है। वर्तमान में घर से बाहर जाकर ऑफिस वर्क करने वाले, खेती कार्य मे लगे आमजन तथा बाजार में खरीददारी आदि कार्य करने वाले व्यक्ति पर्याप्त मात्रा में पानी एवं पेय पदार्थो का सेवन नहीं कर पाते हैं। इस कारण वे निर्जलीकरण के शिकार हो जाते हैं, जिसका समय पर उपचार न मिलने के कारण मरीज की हालत गंभीर हो जाती है।
लू से बचाव हेतु आवश्यक उपाय –
आम लोगों के द्वारा आवश्यक उपाय अपनाकर लू (तापाघात ) से बचाव किया जा सकता है। जिसके अंतर्गत गर्मी के दिनों में हमेशा घर से बाहर जाते समय सफेद, सूती या हल्के रंग के कपड़े पहनना, भोजन करके तथा पानी पीकर ही घर से बाहर निकलना, घर से बाहर जाते समय गर्दन के पिछले भाग कान एवं सिर को कपड़े/ गमछे से ढककर ही निकलना, छतरी एवं रंगीन चश्मे का प्रयोग करना, गर्मी के दिनों में अधिक मात्रा में पानी पिना तथा ज्यादातर पेय पदार्थों का सेवन करना सहित अन्य उपाय अपना सकते है। इसी प्रकार बाहर जाते समय पानी साथ रखें, धूप में बेवजह बाहर जाने से बचें, बच्चों बुजुर्गों व गर्भवती महिलाओं का विशेष ध्यान रखें, साथ ही उन्हें समय-समय पर पानी पीने के लिए प्रेरित करें एवं सुपाच्य भोजन एवं तरल पदार्थों का सेवन कराएं। गर्मी के दिनों में तीव्र धूप को घर के अंदर आने से रोकें तथा जहाँ तक संभव हो अधिक से अधिक समय तक धूप में रहकर घर व्यायाम तथा मेहनत का काम ना करें, धूप में नंगे पांव ना चलें। इन सावधानियों को अपनाकर स्वयं को लू (तापघात) से बचा जा सकता है।
लू (तापाघात) के लक्षण –
लू का शिकार होने पर व्यक्ति में सिर दर्द, बुखार, उल्टी एवं अत्यधिक पसीना आना, बेहोशी, चक्कर आना, सांस फूलना, दिल की धड़कन तेज होना, कमजोरी महसूस होना, शरीर में ऐंठन तथा त्वचा लाल एवं सूखी होना जैसे अन्य लक्षण शामिल है।
लू से बचाव हेतु प्राथमिकी उपचार –
लू (तापाघात) होने पर रोगी को छायादार स्थान पर कपड़े गीले कर लिटायें एवं हवा करें। रोगी को बेहोशी की स्थिती में कोई भी भोज्य/पेय पदार्थ का सेवन नहीं कराएं एवं उसे तत्काल चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराएं। रोगी के होश में आने की स्थिति में उसे ठंडे पेय पदार्थ, जीवन रक्षक घोल, कच्चा आम का पना आदि पेय पदार्थों का सेवन कराएं। रोगी के शरीर के तापमान को कम करने के लिए उसके शरीर पर ठंडे पानी की पट्टियाँ रखें, प्रभावित व्यक्ति को शीघ्र ही नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र उपचार के लिए ले जाए।
सीएमएचओ डॉ. केशरी ने बताया कि जिले के मेडिकल कॉलेज, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों तथा शहरी स्वास्थ्य केन्द्रों में लू (तापघात) से बचाव हेतु पर्याप्त मात्रा में आवश्यक जीवन रक्षक दवाइयां एवं ओ. आर. एस. की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। कलेक्टर श्री अजीत वसंत तथा सीएमएचओ ने जिले के नागरिकों से गर्मी के मौसम में लू (तापाघात) से बचाव हेतु आवश्यक उपाय को अपनाने का आग्रह किया है। जिससे स्वयं और अपने परिवार को सुरक्षित रख सकें।
10वीं संस्कृत विषय की परीक्षा संपन्न
कोरबा । छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा संचालित परीक्षा वर्ष 2025 के अंतर्गत 10 वीं की परीक्षा प्रारंभ हो गया है। जिले में परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों पर नियंत्रण लगाने हेतु शिक्षा विभाग द्वारा विभिन्न दलों का गठन कर परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है। 21 मार्च 2025 को हाई स्कूल के संस्कृत विषय की परीक्षा सम्पन्न हुई। परीक्षा हेतु बच्चों की दर्ज संख्या 11,613 उपस्थित 11241 एवं अनुपस्थित बच्चों की संख्या 372 है। हाई स्कूल परीक्षा हेतु गठित जिला स्तरीय निरीक्षण दल क्र. 1 द्वारा शा.उ.मा.वि. कोरकोमा, शा.उ.मा.वि. कुदमुरा, शा.उ.मा.वि. श्यांग का, दल क्र. 2. शा.उ.मा.वि. कोरबी धतूरा, सेजेस हरदी बाजार, शा.उ.मा.वि. बालक हरदी बाजार, शा.उ.मा.वि. भिलाई बाजार, सेजेस कुसमुंडा का, दल क्र. 3. शा.उ.मा.वि. नोनबिर्रा, शा.उ.मा.वि. सेंद्रीपाली, शा.उ.मा.वि. बोतली, शा.उ.मा.वि. रामपुर, शा.उ.मा.वि. बेहरचुंआ का, दल क्र. 4 शा.उ.मा.वि. गोपालपुर, आदर्श कटघोरा, शा.उ.मा.वि. बालक कटघोरा, शा.उ.मा.वि. कन्या कटघोरा, शा.उ.मा.वि. सिंघिया, शा.उ.मा.वि. बिंझरा, शा.उ.मा.वि. तुमान का, दल क्र. 5 आदर्श उ.मा.वि. बालको, सेजेस कन्या बालको, सेजेस बालको, शा.उ.मा.वि. बुधवारी, सेजेस एन.सी.डी.सी. कुल 25 परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। सभी परीक्षा केंद्रों में शांतिपूर्वक परीक्षा संचालित हुआ एवं एक भी नकल प्रकरण प्राप्त नहीं हुआ।
छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में संभावित बढ़ोतरी, उपभोक्ताओं पर बढ़ेगा बोझ
कोरबा । छत्तीसगढ़ की जनता को जल्द ही बिजली के बढ़े हुए बिलों का सामना करना पड़ सकता है। बिजली कंपनी ने अपना घाटा कम करने के लिए प्रति यूनिट 20 पैसे बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया है। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण विभाग (CSPDCL) जल्द ही नई दरें लागू कर सकता है। पिछले वर्ष जून 2024 में भी दरों में वृद्धि की गई थी, और अब अप्रैल या मई 2025 से नई दरों के साथ बिजली बिल जारी करने की तैयारी हो रही है। इससे विद्युत उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। हालांकि, विद्युत विभाग के अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल कोई अधिकृत आदेश जारी नहीं हुआ है। नई दरें विद्युत नियामक आयोग की जनसुनवाई के बाद लागू की जाएंगी।
बिजली दरों में प्रस्तावित बढ़ोतरी
सामान्य घरेलू उपभोक्ताओं के लिए विद्युत विभाग कई स्लैब के आधार पर बिजली बिल की गणना करता है। पहला स्लैब शून्य से 100 यूनिट तक है, जबकि अंतिम स्लैब 601 यूनिट से अधिक का है। प्रत्येक स्लैब के लिए अलग-अलग प्रति यूनिट दरें निर्धारित हैं। इस बार सभी स्लैब में दरों में बढ़ोतरी का प्रस्ताव किया गया है।
बिजली दरों में बढ़ोतरी का प्रस्ताव कैसे लागू होता है?
विद्युत वितरण विभाग हर साल टैरिफ संशोधन प्रस्ताव विद्युत नियामक आयोग को भेजता है। नियामक आयोग द्वारा औपचारिक प्रक्रिया पूरी करने और जनसुनवाई आयोजित करने के बाद ही नई दरों को लागू किया जाता है। पिछले वर्ष जून 2024 में दरें बढ़ाई गई थीं, और अब लगातार दूसरे वर्ष दरों में बढ़ोतरी प्रस्तावित है। जिले के सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर पीएल सिदार ने बताया कि अभी तक बिजली बिल दरों में बढ़ोतरी का कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है।
वर्तमान बिजली दरें (रुपये प्रति यूनिट)
0-100 3.90 रुपए
101-200 4.10 रुपए
201-400 5.50 रुपए
401-600 6.50 रुपए
601 से ज्यादा 8.10 रुपए
कोरबा जिले में 372 करोड़ रुपये का बिजली बिल बकाया
कोरबा जिले में बिजली उपभोक्ताओं पर 372 करोड़ रुपये का बकाया है, जिसकी वसूली के लिए विद्युत वितरण विभाग पूरी कोशिश कर रहा है। बकायादारों को नोटिस भेजे जा रहे हैं और वसूली के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं। लेकिन इसके बावजूद बकाया राशि में कमी नहीं आ रही है। विद्युत विभाग का घाटा बढ़ने के कारण दरों में बढ़ोतरी की जा रही है ताकि राजस्व की भरपाई हो सके।
क्या होगी उपभोक्ताओं की प्रतिक्रिया?
बिजली दरों में प्रस्तावित बढ़ोतरी से आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा। इससे पहले भी बिजली दरों में वृद्धि के कारण जनता में असंतोष देखा गया था। अब देखना होगा कि नियामक आयोग जनसुनवाई के दौरान इस प्रस्ताव पर क्या निर्णय लेता है।
राज्यपाल का कोरबा प्रवास 16 एवं 17 मार्च को
कोरबा । छत्तीसगढ़ राज्य के राज्यपाल रमेन डेका 16 एवं 17 मार्च को कोरबा प्रवास पर रहेंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्यपाल रमेन डेका 16 मार्च को प्रातः 11.30 बजे सर्किट हाउस बिलासपुर से प्रस्थान कर अपरान्ह 13.30 बजे एनटीपीसी गेस्ट हाउस कावेरी भवन कोरबा पहुंचेंगे एवं लंच करेंगे। वे अपरान्ह 3.30 बजे कावेरी भवन से प्रस्थान कर 4.30 बजे बुका रिसोर्ट पहुंचेंगे एवं भ्रमण करेंगे। तत्पश्चात वे एनटीपीसी गेस्ट हाउस कावेरी भवन कोरबा पहुंचेंगे एवं रात्रि विश्राम करेंगे।
राज्यपाल श्री डेका 17 मार्च को प्रातः 9.45 बजे कावेरी भवन से प्रस्थान कर 10 बजे कलेक्टर आफिस कोरबा के सभाकक्ष पहुंचेंगे। वे यहां एक पेड़ मॉं के नाम पोैधारोपण कार्यक्रम में शामिल होंगे एवं प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक लेंगे। दोपहर 12 बजे कलेक्टर आफिस से प्रस्थान कर 12.10 बजे सीएसईबी गेस्ट हाउस पहुंचेंगे एवं लंच करेंगे। वे 3 बजे जांजगीर-चांपा जिले के लिए प्रस्थान करेंगे।
17 मार्च को कलेक्टर जनदर्शन का नहीं होगा आयोजन
कोरबा । कलेक्ट्रेट में प्रति सप्ताह सोमवार को आयोजित होने वाला कलेक्टर जनदर्शन इस सोमवार 17 मार्च को नहीं होगा। कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देशानुसार अपरिहार्य कारणों से जनदर्शन/जनचौपाल कार्यक्रम को स्थगित किया गया है।
कोरबा में एचटीपीएस स्विच यार्ड में भीषण आग, बिजली उत्पादन ठप
कोरबा । हसदेव ताप विद्युत संयंत्र (एचटीपीएस) के स्विच यार्ड में लगी भीषण आग ने बिजली उत्पादन को ठप कर दिया है। इस घटना के चलते संयंत्र की दो यूनिट पूरी तरह से बंद हो गई हैं। प्रारंभिक आकलन के मुताबिक, आगजनी और महत्वपूर्ण उपकरणों को हुए नुकसान से तकरीबन 10 करोड़ रुपये की क्षति का अनुमान लगाया जा रहा है।
तीन यूनिट प्रभावित, 920 मेगावाट उत्पादन ठप
आगजनी की वजह से हसदेव विद्युत ताप परियोजना की तीन यूनिट प्रभावित हुई हैं, जिनमें यूनिट 3, 4 और 5 शामिल हैं। तकनीकी खराबी के चलते इन यूनिटों में बिजली उत्पादन रुक गया, जिससे 920 मेगावाट बिजली की आपूर्ति बाधित हुई। गर्मी के बढ़ते प्रभाव और मौसम विभाग द्वारा जारी यलो अलर्ट के बीच यह स्थिति बिजली संकट को और गहरा सकती है।
ट्रांसफार्मर जलकर खाक, बिजली संकट की आशंका
जानकारी के अनुसार, आग लगने के बाद इसकी लपटों ने बिजली संयंत्र के इंटरकनेक्टिंग ट्रांसफार्मर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे यह पूरी तरह जलकर खाक हो गया। ट्रांसफार्मर के क्षतिग्रस्त होने के कारण संयंत्र में उत्पन्न बिजली को ग्रिड में भेजने से पहले उपयुक्त करंट में बदलने की प्रक्रिया बाधित हो गई है। यह तकनीकी दिक्कत बिजली आपूर्ति बहाल करने में बड़ी चुनौती बन सकती है।
एक यूनिट चालू, दो अब भी बंद
हसदेव ताप विद्युत गृह परियोजना के मुख्य अभियंता (सीई) प्रवीण श्रीवास्तव ने बताया कि स्विच यार्ड में इंटरकनेक्टिंग ट्रांसफार्मर में आग लगने के कारण तीन यूनिटों का उत्पादन ठप हो गया था। कड़ी मशक्कत के बाद एक यूनिट को पुनः चालू कर दिया गया है, लेकिन दो यूनिट अब भी बंद हैं। विशेषज्ञों की टीम क्षति का आकलन कर रही है और मरम्मत कार्य जारी है।
राज्य में भीषण गर्मी और बिजली संकट की संभावना को देखते हुए अधिकारी जल्द से जल्द स्थिति सामान्य करने की कोशिशों में जुटे हैं।