छत्तीसगढ़ / महासमुंद
जिले के 323 हितग्राही 26 नवंबर को तीर्थ यात्रा के लिए होंगे रवाना
प्रयाग, काशी विश्वनाथ एवं हनुमान मंदिर यात्रा 27 से 31 अक्टूबर तक
महासमुंद 22 अक्टूबर 2025
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अंतर्गत महासमुंद जिले के हितग्राहियों के लिए तीर्थ स्थान प्रयाग, काशी विश्वनाथ एवं हनुमान मंदिर यात्रा तिथि 27 से 31 अक्टूबर 2025 तक निर्धारित की गई है।
योजना अंतर्गत 26 नवम्बर को 323 हितग्राही यात्रा के लिए जिला मुख्यालय स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी टाउन हॉल से रवाना होंगे। कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायत सीईओ एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया है कि हितग्राहियों को दोपहर 12ः00 बजे तक उपस्थित कराना सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र के 242 हितग्राही जिसमें जनपद पंचायत महासमुंद अंतर्गत 53, बागबाहरा के 46, पिथौरा के 53, बसना के 44 एवं सरायपाली के 46 हितग्राही तथा एवं शहरी क्षेत्र के 81 हितग्राही जिसमें नगर पालिका महासमुंद अंतर्गत 36, बागबाहरा के 13, सरायपाली के 14, नगर पंचायत पिथौरा के 6, बसना के 7 एवं नगर पंचायत तुमगांव के 5 हितग्राही शामिल है।
आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना से स्वस्थ हो रहा महासमुंद जिला
महासमुंद । रजत जयंती वर्ष 2025-26 के अवसर पर महासमुंद जिला जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल हो रहा है। शासन की मंशानुरूप आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना का लक्ष्य समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को गुणवत्तापूर्ण, कैशलेस और सुलभ स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना है। कलेक्टर श्री विनय लंगेह के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में 257 जन आरोग्य मंदिरों के माध्यम से जन-जागरूकता और सेवा विस्तार का कार्य निरंतर जारी है।
इन केंद्रों पर नागरिकों को योजना की जानकारी, पात्रता जांच, दस्तावेज सत्यापन और आयुष्मान कार्ड निर्माण की सुविधा एक ही स्थान पर प्रदान की जा रही है। अब तक जिले में 10 लाख 16 हजार 800 हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बन चुके हैं, जो निर्धारित लक्ष्य का लगभग 88.4 प्रतिशत है। इनमें ग्रामीण क्षेत्र के 9 लाख 9 हजार 955 और शहरी क्षेत्र के 1 लाख 6 हजार 845 लाभार्थी शामिल हैं। विकासखण्ड स्तर पर पिथौरा, बागबाहरा, बसना, सरायपाली और महासमुंद सभी क्षेत्रों में विशेष शिविरों एवं घर-घर संपर्क अभियान के माध्यम से कार्ड निर्माण का कार्य तीव्र गति से चल रहा है।
वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य संरक्षण हेतु जिले में 27 हजार 816 आयुष्मान वय वंदन कार्ड बनाए गए हैं, जिनमें से अधिकांश लाभार्थी ग्रामीण अंचलों से हैं। यह कार्ड 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को 5 लाख रुपये तक की नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा प्रदान करता है। उल्लेखनीय है कि आयुष्मान कार्डधारी परिवार सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में बिना किसी अग्रिम भुगतान के कैशलेश इलाज प्राप्त कर सकते हैं। योजना से स्वास्थ्य सेवाओं में न केवल विश्वास बढ़ा है, बल्कि लोगों की चिकित्सा पहुँच भी अधिक सहज और समान हुई है।
आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना से स्वस्थ हो रहा महासमुंद जिला
10 लाख से अधिक हितग्राही बने आयुष्मान कार्डधारी, 27 हजार वरिष्ठजन को मिला वय वंदन कार्ड का लाभ
महासमुंद, 16 अक्टूबर 2025
रजत जयंती वर्ष 2025-26 के अवसर पर महासमुंद जिला जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल हो रहा है। शासन की मंशानुरूप आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना का लक्ष्य समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को गुणवत्तापूर्ण, कैशलेस और सुलभ स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना है।
कलेक्टर श्री विनय लंगेह के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में 257 जन आरोग्य मंदिरों के माध्यम से जन-जागरूकता और सेवा विस्तार का कार्य निरंतर जारी है। इन केंद्रों पर नागरिकों को योजना की जानकारी, पात्रता जांच, दस्तावेज सत्यापन और आयुष्मान कार्ड निर्माण की सुविधा एक ही स्थान पर प्रदान की जा रही है।
अब तक जिले में 10 लाख 16 हजार 800 हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बन चुके हैं, जो निर्धारित लक्ष्य का लगभग 88.4 प्रतिशत है। इनमें ग्रामीण क्षेत्र के 9 लाख 9 हजार 955 और शहरी क्षेत्र के 1 लाख 6 हजार 845 लाभार्थी शामिल हैं। विकासखण्ड स्तर पर पिथौरा, बागबाहरा, बसना, सरायपाली और महासमुंद सभी क्षेत्रों में विशेष शिविरों एवं घर-घर संपर्क अभियान के माध्यम से कार्ड निर्माण का कार्य तीव्र गति से चल रहा है।
वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य संरक्षण हेतु जिले में 27 हजार 816 आयुष्मान वय वंदन कार्ड बनाए गए हैं, जिनमें से अधिकांश लाभार्थी ग्रामीण अंचलों से हैं। यह कार्ड 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को 5 लाख रुपये तक की निःशुल्क चिकित्सा सुविधा प्रदान करता है।
उल्लेखनीय है कि आयुष्मान कार्डधारी परिवार सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में बिना किसी अग्रिम भुगतान के कैशलेश इलाज प्राप्त कर सकते हैं। योजना से स्वास्थ्य सेवाओं में न केवल विश्वास बढ़ा है, बल्कि लोगों की चिकित्सा पहुँच भी अधिक सहज और समान हुई है।
भाई दूज 23 अक्टूबर को स्थानीय अवकाश घोषित
महासमुंद 16 अक्टूबर 2025
कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह द्वारा कैलेण्डर वर्ष 2025 के लिए समस्त शासकीय कार्यालयों तथा संस्थाओं के लिए पूर्व में जारी आदेश में संशोधित किया गया है। संशोधित आदेशानुसार दीपावली का दूसरा दिन (गोवर्धन पूजा) 21 अक्टूबर को घोषित स्थानीय अवकाश को परिवर्तित करते हुए भाई दूज (दीपावली) के दिन गुरुवार 23 अक्टूबर को स्थानीय अवकाश घोषित किया है। उपरोक्त स्थानीय अवकाश बैंक, कोषालय, उपकोषालय के लिए लागू नहीं होगा।
जिला स्तरीय जूनियर रेडक्रास प्रशिक्षण शिविर सिरपुर में हुआ संपन्न
महासमुंद 16 अक्टूबर 2025
ऐतिहासिक नगरी सिरपुर में महानदी के किनारे तीन दिवसीय जिला स्तरीय जूनियर रेडक्रास प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 10 अक्टूबर को शुभारंभ हुआ। शुभारम्भ अवसर पर सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोगरा पटेल, उपाध्यक्ष जिला पंचायत श्री भीखम सिंह ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सृष्टि अमर चंद्राकर, जिला पंचायत सदस्य देवकी पटेल, सभापति भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी श्री संदीप दीवान, सरपंच सिरपुर श्रीमती पुष्पा माली, जिला शिक्षा अधिकारी श्री विजय कुमार लहरे, जिला संगठक डॉ अशोक गिरि गोस्वामी, प्रबंध करणी रेडक्रास राजेश्वर खरे सदस्य, विश्वनाथ पाणिग्रही सदस्य, सह क्रीडा अधिकारी श्रीमती अंजली बरमाल, शिविर संचालक श्रीमती उमा ठाकुर उपस्थित रहे।
सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने सेवा भाव से मानवता का पाठ का संदेश दिया। पाणिग्रही जी ने पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण हेतु सभी विद्यार्थी को प्रेरित किया। जिला मास्टर ट्रेनर श्री दिनेश साहू ने रेडक्रॉस के उद्देश्य, सिद्धांत, एवं मूलभूत सामाजिक दायित्व की जानकारी प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन किरण पटेल विकासखंड सचिव महासमुंद ने किया।
शिविर के द्वितीय दिवस में योग व्यायाम ध्वजारोहण के साथ साथ सेवा कार्य सिखाया गया। नेशनल मास्टर ट्रेनर डॉ यशवंत चंद्राकर एवं ट्रेनर श्री दिनेश साहू के द्वारा प्राथमिक सहायता की ट्रेनिंग, जिसमें सीपीआर, विभिन्न दुर्घटनाआें जैसे कि रोड एक्सिडेंट, आग, पानी में डूबना, रक्तस्राव, फ्रैक्चर, जहर सेवन, सर्प दंश डॉग बाइट, मिर्गी, विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं जैसे बाढ़, भूकंप, वज्रपात में घायल की सहायता हेतु ट्रेनिंग दिया गया। साथ ही रक्तदान, नेत्रदान, अंगदान, प्रदूषण नियंत्रण, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, भ्रूण हत्या, नारी शिक्षा, नशा मुक्ति की जानकारी दी गई।
साथ ही महा शिविर ज्वाल कार्यक्रम मुख्य अतिथि विधायक बसना डॉ संपत अग्रवाल के आतिथ्य में संपन्न हुआ। जिसमें विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दिशा दीवान, श्री स्वप्निल तिवारी, श्री संदीप दीवान, डॉ. अशोक गिरि गोस्वामी, श्री सुखी राम हिरवानी, श्री दुलरवा धीवर, श्री निहाल सोनकर, उप सरपंच श्री राजेश ठाकुर, सुमन दीवान, श्री पुरुषोत्तम घृतलहरे जी, डॉ यशवंत चंद्राकर उपस्थित रहे, और जूनियर द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लिया गया।
अंतिम तृतीय दिवस 12 अक्टूबर कौन शिविर में शामिल 756 जूनियर एवं 95 काउंसलर सहित कुल 911 लोगों ने सिरपुर के अनेक ऐतिहासिक धार्मिक स्थलों का रैली के साथ भ्रमण किया और नगर भ्रमण भी किया। साथ ही सभी जूनियर का प्राथमिक सहायता एवं एवं जनरल नालेज का क्विज कंपीटिशन का आयोजन किया गया।
अंतिम दिन समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सभापति भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी संदीप दीवान उपस्थित रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को समस्त ज्ञान की बातों को जीवन में अमल करने तथा सभी से साक्षा करने की सलाह दिया। विशिष्ट अतिथि के रूप में भूपेंद्र राठौर उपाध्यक्ष रेडक्रॉस सोसायटी, श्रीमती अनिता रावटे पूर्व सभापति रेडक्रास, प्रवीण दीवान, शोभा दीवान, थानवर यादव, गोपी ध्रुव प्रदीप साहू, प्रेम लाल पटेल, कावेरी वैशनव, धरम पटेल, मुकेश देशमुख, श्रीमती उमा ठाकुर र्शिविर संचालक, महासमुंद जूनियर रेडक्रॉस सचिव श्रीमती किरण पटेल, बागबाहरा जूनियर रेडक्रास सचिव परस राम सिन्हा, बसना सचिव जानकी जीवन प्रधान , सरायपाली सचिव यशवंत चौधरी, अंशुमन टांडी, कोमल ध्रुवंशी, चिंताराम अग्रवाल, नोबल ध्रुव, भोजन प्रभारी रघुनाथ सिन्हा, पंजीयन प्रभारी पटेल कार्यालय प्रभारी तेजलाल देवांगन, सहायक द्वारका जी उपस्थित रहे।
रंगोली प्रतियोगिता में प्रथम स्थान संत अन्ना स्कूल सांकरा, द्वितीय आशीबाई गोलछा महासमुंद , तृतीय कन्या शाला बसना, रही। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम स्थान हायर सेकंडरी स्कूल बढ़ईपाली पिथौरा, द्वितीय हायर सेकंडरी स्कूल दुर्गापली बसना एवं तृतीय हायर सेकंडरी स्कूल खोपली बागबाहरा रहा। वही क्विज़ कंपीटिशन में प्रथम जानवी देवदास कौहाकुडा, द्वितीय तृतीय साक्षी सोनवानी, नेहा साहू कोल्दा चतुर्थ सागर साहू बढ़ईपाली, पंचम अनुपमा यादव सुखीपाली रहा। अंत में डॉ अशोक गिरि गोस्वामी ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए आभार व्यक्त किया।
जिले में संचालित समस्त स्थायी एवं अस्थायी पटाखा दुकानों में अग्नि सुरक्षा के संबंध में सावधानियां बरतने के निर्देश
महासमुन्द, 16 अक्टूबर 2025
अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं तथा राज्य आपदा मोचन बल के निर्देशानुसार आगामी दीपावली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए नगर सेना, नवा रायपुर द्वारा जिले में संचालित समस्त स्थायी एवं अस्थायी पटाखा दुकानों में अग्नि सुरक्षा के संबंध में सावधानियां बरतने हेतु निर्देश जारी किए गए हैं।
इसी तारतम्य में जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी, नगर सेना महासमुन्द द्वारा जिले के सभी पटाखा दुकानदारों एवं आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। पटाखा दुकानों के लिए अग्नि सुरक्षा के लिए दिए गए दिशा निर्देश में पटाखा दुकान अज्वलनशील सामग्री (जैसे टीन शेड) से निर्मित होनी चाहिए, किसी भी प्रकार के कपड़ा, बांस, रस्सी या टेंट से नहीं। प्रत्येक दुकान के बीच कम से कम तीन मीटर की दूरी रखी जाए तथा दुकानें आमने-सामने न बनाई जाएं।
प्रकाश व्यवस्था के लिए तेल का लैम्प, गैस लैंप या खुली बिजली बत्ती का उपयोग न करें। किसी भी पटाखा दुकान से 50 मीटर के दायरे में आतिशबाजी प्रदर्शन प्रतिबंधित रहेगा। विद्युत तारों में कोई खुला ज्वाइंट न हो तथा मास्टर स्विच में फ्यूज या सर्किट ब्रेकर अवश्य लगा हो। पटाखा दुकानें ट्रांसफार्मर या हाई टेंशन पावर लाइन के नीचे या पास में न हों। प्रत्येक दुकान में 5 किलोग्राम क्षमता का डीसीपी अग्निशामक यंत्र अनिवार्य रूप से रखा जाए। दुकानों के सामने 500 लीटर पानी की ड्रम एवं बाल्टियों की व्यवस्था की जाए। दुकानों के सामने बाइक या कार की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहे। अग्निशमन विभाग एवं एम्बुलेंस के फोन नंबर दुकान परिसर के प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित किए जाएं। साथ ही अग्निशमन वाहन के आवागमन हेतु पर्याप्त खुला स्थान रखा जाए।
जिला अग्निशमन अधिकारी ने सभी व्यापारी, दुकानदार एवं नागरिको को सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पूर्ण पालन करने कहा है।
पिथौरा में शिवा आईटीआई का भव्य दीक्षांत समारोह, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने दी सफलता की सीख
शिवा आईटीआई के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि रूप में शामिल हुए विधायक डॉ संपत अग्रवाल,बोले-डिग्री नहीं, कौशल है असली सफलता की कुंजी
धान उपार्जन वर्ष 2025-26 हेतु संस्थागत पंजीयन, डुबान क्षेत्र, वन अधिकार पट्टा धारी किसानों के लिए पंजीयन अनिवार्य नहीं
शासन द्वारा निर्देश जारी
महासमुंद, 15 अक्टूबर 2025
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन हेतु किसानों के पंजीयन की प्रक्रिया जारी है। इस संबंध में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
राज्य शासन के निर्णयानुसार कृषि विभाग एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग के समन्वय से किसानों का पंजीयन एग्रीस्टेक पोर्टल के माध्यम से किया जा रहा है। शासन द्वारा जारी आदेश अनुसार सभी जिलों के कृषक, जो समर्थन मूल्य पर धान बेचने के पात्र हैं, उन्हें निर्धारित समयावधि में पंजीयन कराना आवश्यक होगा।
शासन ने निर्देश दिए हैं कि वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान विक्रय करने वाले सभी कृषक अपने भू-अधिकार पत्र, बैंक खाता विवरण और आधार संख्या के साथ एग्रीस्टेक पोर्टल में पंजीकरण सुनिश्चित करें। यह पंजीयन प्रक्रिया कृषि विभाग द्वारा विकसित ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से की जा रही है।
राज्य शासन द्वारा यह भी निर्देश दिए गए है कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 अंतर्गत अपवाद के रूप में संस्थागत पंजीयन, भूमिहीन किसान (अधिया या रेगा) डुबान क्षेत्र, वन अधिकार पट्टा, ग्राम कोटवार प्रकारों के किसानों के लिए एग्रीस्टेक में पंजीयन करने की अनिवार्यता नहीं होगी।
रास्वसं के शताब्दी वर्ष पर बागबाहरा में स्वयंसेवकों का प्रभावी पथ संचलन, शस्त्र-पूजन भी हुआ
हिंदू समाज में फूट डालने के कुचक्र से सावधान रहें : यादव
बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के प्रयासों से महासमुंद-सल्डीह-बहादुरपुर मार्ग के लिए 14.30 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति
महासमुंद-सल्डीह-बहादुरपुर मार्ग के लिए 14.30 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति,बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने किया मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त
राष्ट्रीय बालिका दिवस पर शासकीय माता कर्मा महाविद्यालय में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
महासमुंद, 14 अक्टूबर 2025
रजत जयंती वर्ष के अवसर पर राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में शासकीय माता कर्मा महाविद्यालय महासमुंद में जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक दिवसीय स्वास्थ्य जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों एवं युवाओं में किशोर स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, तंबाकू नियंत्रण और स्वास्थ्य शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव के आदेशानुसार तथा नोडल अधिकारी डॉ. छत्रपाल चंद्राकर के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम में जिला स्वास्थ्य टीम द्वारा छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां प्रदान की गईं। इस अवसर पर श्री हरिशंकर साहू हेल्थ एजुकेटर सह जिला मीडिया प्रभारी ने किशोर स्वास्थ्य, मोबाइल एडिक्शन एवं स्वच्छता पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने छात्राओं को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वच्छ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी तथा मोबाइल का सीमित उपयोग करने कहा। मानसिक स्वास्थ्य काउंसलर श्री रामगोपाल खूंटे ने युवाओं में बढ़ती मानसिक चुनौतियों और तनाव के कारणों की जानकारी देते हुए मानसिक स्वास्थ्य को जीवन का अभिन्न हिस्सा बताया। तंबाकू नियंत्रण काउंसलर श्रीमति मेघा ताम्रकार ने नशा एवं तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन जीने की प्रेरणा दी। आर.एम.एन.सी.एच. काउंसलर श्रीमति कविता चंद्राकर ने किशोरियों को महिला स्वास्थ्य, पोषण एवं एनीमिया नियंत्रण से जुड़ी आवश्यक जानकारियाँ दीं।
कार्यक्रम के दौरान रंगोली एवं पोस्टर प्रदर्शनी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। जिसमें छात्राओं ने बालिका सशक्तिकरण, मानसिक स्वास्थ्य, नशा मुक्ति और स्वास्थ्य संदेशों को रचनात्मक चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया। विजेता प्रतिभागियों को शील्ड एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सहायक प्राध्यापक डॉ. सरस्वती, सहायक प्राध्यापक डॉ. स्वेतलाना नागला एवं अन्य स्टाफ सदस्यों ने कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि बालिकाओं एवं किशोरों के स्वास्थ्य, शिक्षा और सशक्तिकरण से जुड़े संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुँचाए जाएंगे।
कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय सीमा की बैठक
अधिकारी-कर्मचारी आम जनता की समस्याओं का संवेदनशील एवं गंभीरता पूर्वक निराकरण करें
अवैध धान परिवहन और भंडारण पर अनुविभागीय अधिकारी छापामार कार्रवाई करें
महासमुंद, 14 अक्टूबर 2025
कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने आज सुबह 10 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागीय योजनाओं, विभागवार लंबित मामलों एवं कार्यक्रमों की गहन समीक्षा की। इस अवसर पर, अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा, श्री रवि कुमार साहू, अनुविभागीय अधिकारी, सभी विभाग के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। वीसी के माध्यम से जनपद सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ सहित सभी ब्लॉक स्तरीय संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर श्री लंगेह ने कलेक्टर कांफ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन के लिए अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी शासन की मंशानुरूप आम जनता के हितों के लिए संवेदनशीलता एवं गंभीरता से कार्य करें। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन के केंद्र में समाज के अंतिम व्यक्ति और जरूरतमंद व्यक्ति हो यह हमेशा ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि कार्यालय में अनुशासन हो और समय पर कार्यालय खुले। सप्ताह के प्रथम दो दिवस अधिकारी कार्यालय में उपस्थित रहें और आम जनता से मिले। साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप विभागवार समीक्षा की। कलेक्टर ने कृषि विभाग की समीक्षा में कहा कि जिन किसानों का एकीकृत पोर्टल पर एवं एग्रीस्टेक पोर्टल पर पंजीयन नहीं हुआ है उनकी पहचान कर और शिविर लगाकर अनिवार्यत पंजीयन करें। गिरदावरी अंतर्गत ग्राम सभा में प्राप्त दावा आपत्ति का निराकरण भी किया जाए। धान खरीदी की तैयारी के लिए कलेक्टर ने कहा कि राज्य सरकार 15 नवम्बर से धान खरीदी करने जा रही हैं। अभी से संवेदनशील केन्द्रां में निगरानी रखें तथा अवैध धान परिवहन और डम्पिंग को लेकर राजस्व अधिकारी छापामार कार्रवाई करें। ऐसे बिचौलियों का भी लिस्ट तैयार रखें जो धान खरीदी के दौरान सक्रिय हो जाते हैं। उन्होंने सभी 182 धान संग्रहण केन्द्रों में साफ-सफाई, उचित प्रबंधन करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने यह भी कहा कि वनाधिकार पट्टा और विशेष पिछड़ी जाति भूमि धारकों को किसान सम्मान निधि की राशि मिलेगी। जिसके लिए उनका शत-प्रतिशत पंजीयन कराकर ई-केवाईसी करवाएं। कलेक्टर ने विद्युत विभाग अंतर्गत पीए सूर्य घर बिजली योजना के लिए लक्ष्य के अनुरूप अधिकाधिक हितग्राहियों का चयन करने और उन्हें लाभ दिलाने के लिए निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जिन बैंकों में प्रकरण लंबित है उसे निराकृत कर लाभ दिलाएं। स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत मातृ मृत्यु दर में कमी लाने के लिए विशेष अभियान चलाने निर्देश दिए हैं। बच्चों में कुपोषण से निजात पाने स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग को आपसी समन्वय से पोषण पुनर्वास केंद्र में कुपोषित बच्चों को भेजने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी समय पर खुले और पूरक पोषक आहार नियमित रूप से मिल यह सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को कहा कि शासन की मंशानुरूप निर्देशों का पालन करे और समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पादर्शिता के साथ निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने अन्य विभागों की भी समीक्षा की।
इसके अलावा ई-ऑफिस के अंतर्गत प्रत्येक सप्ताह मूव किए गए फाइलों की स्थिति अपडेट करने तथा ई-ऑफिस के अंतर्गत ही पत्राचार व्यवहार में लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को होटल, ढाबा एवं मिठाई दुकानों में सतत रूप से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने सांसद खेल महोत्सव अंतर्गत संकुल स्तर पर आयोजित होने वाले खेल प्रतियोगिता की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही बैठक में समय-सीमा में प्राप्त पत्रों की समीक्षा, जनशिकायत निवारण एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम, न्यायालयीन प्रकरणों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
दीपावली पर्व पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच जारी, 03 नमूने अवमानक पाए गए
महासमुन्द । आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार दीपावली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच का विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।
इस अभियान के अंतर्गत श्री शंखनाद भोई, खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा 11 से 13 अक्टूबर 2025 तक महासमुन्द शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में निरीक्षण कर त्योहारी सीजन में उपयोग होने वाले आटा, देशी घी, सूजी, कलाकंद, पनीर, खुली मिठाइयाँ, बिस्किट, कुकीज एवं टोस्ट आदि खाद्य पदार्थों के कुल 09 सर्विलेंस नमूने संकलित किए गए। इन सभी नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, कालीबाड़ी रायपुर को प्रेषित किया गया है। साथ ही चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला द्वारा महासमुंद शहर के विभिन्न होटलों एवं प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कुल 50 खाद्य नमूने संकलित कर मौके पर परीक्षण किए गए, जिनमें से 03 नमूने अवमानक पाए गए।
निरीक्षण दल द्वारा होटल संचालकों को परिसर में स्वच्छता बनाए रखने एवं अवमानक खाद्य पदार्थों के विक्रय से बचने हेतु सख्त निर्देश दिए गए। उल्लंघन की स्थिति में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि दीपावली पर्व के दौरान उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए निरीक्षण एवं जांच अभियान निरंतर जारी रहेगा।
पंजीकृत मज़दूरों को शिक्षा, स्वास्थ्य, औजार सहायता सहित अनेक योजनाओं का लाभ
महासमुंद जिले में 14 हजार 788 श्रमिकों को 4 करोड़ 68 लाख से अधिक की राशि वितरित
श्रमिकों के कल्याण हेतु छत्तीसगढ सरकार प्रतिबद्ध
महासमुंद 13 अक्टूबर 2025

छत्तीसगढ़ शासन श्रम विभाग द्वारा पंजीकृत निर्माण एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकारों के कल्याण हेतु चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जिले के श्रमिकों तक निरंतर पहुँचाया जा रहा है। पंजीकृत मज़दूरों को शिक्षा, स्वास्थ्य, औजार सहायता, मातृत्व लाभ, मृत्यु सहायता एवं आवास जैसी अनेक योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाता है। इन योजनाओं ने हजारों निर्माण मज़दूरों के जीवन में नया उजाला फैलाया है। शासन की मंशानुरूप प्रत्येक पंजीकृत श्रमिक परिवार को सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से श्रम विभाग द्वारा निरंतर शिविर, पंजीयन एवं जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से योजनाओं का अधिकतम लाभ पात्रों तक पहुँचाया जा रहा है।
जिले के श्रमिकों को 4 करोड़ 68 लाख से अधिक की राशि वितरित
कलेक्टर महासमुंद के मार्गदर्शन में श्रम कल्याण मंडल महासमुंद द्वारा डीबीटी के माध्यम से श्रमिकों के खातों में सीधे सहायता राशि प्रदान की गई है, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और लाभ समय पर मिले। श्रम पदाधिकारी ने बताया कि विगत 17 सितम्बर एवं 3 अक्टूबर 2025 को डीबीटी के माध्यम से 14 हजार 788 श्रमिकों के खाते में 4 करोड़ 68 लाख 690 रुपए की राशि छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा अंतरित की गई।
सुरक्षा उपकरण सहायता योजना अंतर्गत 3 हजार 443 श्रमिकों को मिला लाभ
महासमुंद जिले में श्रम विभाग अंतर्गत मुख्यमंत्री निर्माण मज़दूर सुरक्षा उपकरण सहायता योजना अंतर्गत 3 हजार 443 श्रमिकों को 51 लाख 64 हजार 500 रुपए की सहायता दी गई है। इसी तरह निर्माण श्रमिकों के बच्चों हेतु निःशुल्क गणवेश एवं पुस्तक कॉपी हेतु सहायता राशि योजना अंतर्गत 3005 श्रमिकों को 40 लाख 72 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई।
महतारी जतन योजना अंतर्गत महासमुंद से 79 श्रमिक हुए लाभान्वित
मुख्यमंत्री सायकल सहायता योजना अंतर्गत 2 हजार 724 श्रमिको को एक करोड़ 89 हजार 6 रुपए, मुख्यमंत्री श्रमिक औजार सहायता योजना अंतर्गत 2 हजार 629 श्रमिकों को 91 लाख 41 हजार 584 रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई। इसी प्रकार मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना अंतर्गत 2 हजार 323 श्रमिकों को 44 लाख 10 हजार 500 रुपए, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना अंतर्गत 287 श्रमिकों को 57 लाख 40 हजार रुपए, मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना अंतर्गत 150 श्रमिकों को 30 लाख रुपए, मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना अंतर्गत 108 श्रमिकों को 5 लाख 82 हजार रुपए, मिनीमाता महतारी जतन योजना अंतर्गत 79 श्रमिकों को 15 लाख 80 हजार रुपए सहायता राशि प्रदान की गई।
निर्माण श्रमिक की मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना
महासमुंद जिले में मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना अंतर्गत 27 श्रमिकों को 27 लाख रुपए, मुख्यमंत्री सिलाई मशीन सहायता योजना अंतर्गत 9 श्रमिकों 71 हजार 100 रुपए, निर्माण श्रमिकों के बच्चे हेतु उत्कृष्ट खेल प्रोत्साहन योजना अंतर्गत 3 श्रमिकों एक लाख 50 हजार रुपए, दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना अंतर्गत एक श्रमिक को एक लाख रुपए का की सहायता राशि प्रदान किया गया है।
अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर बालिका सशक्तिकरण के लिए ग्राम पंचायतों में विविध कार्यक्रम आयोजित
महासमुंद, 12 अक्टूबर 2025
आकांक्षी जिला एवं ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को जिलेभर में अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस बड़े उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस वर्ष की थीम बालिकाओं को सशक्त करें, समाज को सशक्त करें के अनुरूप, ग्राम पंचायत स्तर पर बालिकाओं के अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य, समान अवसर एवं सशक्तिकरण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने हेतु विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज में बालिकाओं की समान भागीदारी सुनिश्चित करने, उनके नेतृत्व को प्रोत्साहित करने, उनकी उपलब्धियों का सम्मान करने तथा समग्र विकास के मार्ग को सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया।
पीरामल फाउंडेशन द्वारा चयनित ग्राम पंचायतों पीढ़ी, मोंगरा, खट्टी, बिरकोनी, लभरा-कला एवं घोड़ारी में पंचायतों के सहयोग से बालिका सशक्तिकरण पर केंद्रित कार्यक्रम आयोजित किए गए। ग्राम पंचायत मोंगरा में आयोजित सत्र के दौरान छात्राओं को गुड टच-बैड टच, आत्मनिर्भरता एवं सुरक्षा के प्रति सजग रहने के विषय में जानकारी दी गई। कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर श्रीमती नीलम नाशिने ने स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर विशेष सत्र लिया, जिसमें हाथ धोने की सही विधि, आयरन सप्लीमेंट्स का महत्व, डीवॉर्मिंग (Albendazole) के लाभ, मासिक धर्म स्वच्छता तथा पोषण संबंधी सुझाव साझा किए गए। कार्यक्रम में ग्राम के सरपंच श्री रिखी राम साहू ने छात्राओं को फल वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें स्वस्थ, स्वावलंबी एवं आत्मविश्वासी बनने का संदेश दिया।
वहीं ग्राम पंचायत पीढ़ी में ग्राम पंचायत प्लानिंग एंड फैसिलिटेशन टीम द्वारा बालिकाओं के अधिकार एवं सशक्तिकरण पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत बालिका जागरूकता रैली से हुई, जिसमें बालिकाओं ने शिक्षा, स्वास्थ्य, समान अवसर और आत्मनिर्भरता से जुड़े प्रेरक नारे लगाते हुए पूरे ग्राम में रैली निकाली। इसके पश्चात पंचायत प्रांगण में उत्कृष्ट बालिकाओं को पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बालिकाओं के उत्साहवर्धन हेतु खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इस अवसर पर पंचायत, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रतिनिधियों ने बालिकाओं से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में सरपंच श्री धारेंद्र कुमार साहू, सचिव श्रीमति वर्षा बघेल एवं अन्य पंचायत प्रतिनिधियों का विशेष योगदान रहा।
सचिव ने ग्राम पंचायत में ताला जड़ा, सस्पेंड
महासमुंद । जिले के ग्राम पंचायत बड़ेलोरम, जनपद पंचायत पिथौरा के सचिव मोहन पटेल को लापरवाही, उदासीनता तथा वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना के आरोप में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत महासमुंद द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
प्राप्त प्रतिवेदन के अनुसार, पटेल द्वारा ग्राम पंचायत कार्यालय नियमित रूप से संचालित नहीं किया जा रहा था तथा जन्म-मृत्यु पंजीयन, पेंशन भुगतान, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र निर्माण एवं अन्य पंचायत कार्यों में विलंब किया जा रहा था।
इसके अतिरिक्त, ग्रामसभा का आयोजन नहीं करने, योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने और चार माह तक अनुपस्थित रहने की पुष्टि हुई थी। परिणााम स्वरूप निलंबन की कार्यवाही की गई है। ग्राम पंचायत बड़ेलोरम में सचिव के रूप में सूरज साहू की तैनाती की गई है।
विकासखण्ड बागबाहरा में प्राचार्य समीक्षा बैठक आयोजित
महासमुंद, 10 अक्टूबर 2025
विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बागबाहरा में विकासखण्ड के समस्त उच्चतर माध्यमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी श्री के.के. वर्मा ने की। यह बैठक कक्षा दसवीं एवं बारहवीं बोर्ड परीक्षा के परिणामों में सुधार लाने, विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा और विद्यालय स्तर पर शैक्षणिक गुणवत्ता उन्नयन के लिए रणनीतियाँ तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित की गई।
बैठक में शिक्षा निदेशक द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में दिए गए निर्देशों का अनुपालन करते हुए विद्यालयवार परीक्षा परिणामों का विश्लेषण किया गया। कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उनके लिए विशेष अध्ययन कक्षाओं और विषयवार तैयारियों की व्यवस्था पर गहन विचार-विमर्श हुआ। सभी प्राचार्यों को निर्देशित किया गया कि वे विद्यालय स्तर पर ठोस कार्ययोजना बनाकर उसे तुरंत लागू करें और विद्यार्थियों की उपस्थिति, नियमित अध्ययन और शैक्षणिक गुणवत्ता में सतत सुधार सुनिश्चित करें। बैठक के मध्य में एबीईओ श्री रामता डे ने सभी प्राचार्यों को विस्तृत मार्गदर्शन और निर्देश प्रदान किए।
उन्होंने विभागीय योजनाओं की समयबद्ध प्रगति, विद्यालयों में चल रहे जाति प्रमाण पत्र निर्माण कार्य, त्रैमासिक परीक्षा मूल्यांकन, एक पेड़ माँ के नाम अभियान, विद्यार्थियों की आधार आईडी लिंकिंग, छात्रवृत्ति आवेदन, निःशुल्क पाठ्यपुस्तक और सरस्वती साइकिल वितरण जैसी गतिविधियों की समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि सभी विद्यार्थी समय पर आवश्यक सुविधाएँ और शैक्षणिक संसाधन प्राप्त करें। साथ ही, विद्यालयों में अतिआवश्यक मरम्मत कार्यों की प्रगति, स्वच्छ हरित विद्यालय रेटिंग, यूडीआईएसई$ डाटा अद्यतन और सांसद युवा खेल महोत्सव में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता पर भी गहन विचार-विमर्श हुआ।
विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी श्री के.के. वर्मा ने प्राचार्यों को विशेष निर्देश देते हुए कहा कि वे प्रत्येक विद्यालय में विद्यार्थियों की शैक्षणिक उन्नति सुनिश्चित करने के लिए ठोस योजनाएं तैयार करें और उनका तत्काल क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रत्येक विद्यालय यह सुनिश्चित करे कि सभी विद्यार्थी समय पर आवश्यक शैक्षणिक संसाधन और सुविधाएं प्राप्त करें।
बैठक में वरिष्ठ प्राचार्य श्री डोमन टंडन, श्री खेदूराम चंद्राकर, श्री कुश साहू, श्री पवन चक्रधारी, श्री पुरुषोत्तम चंद्राकर, श्री मदन पटेल, श्री शत्रुघन मंजारे, श्री कार्तिक ठाकुर, श्री फ्रांसिस टोप्पो, श्री महेन्द्र बंजारे, श्री दुर्गेश चंद्राकर सहित अन्य संस्था प्रमुख एवं संकुल समन्वयक उपस्थित रहे। बैठक में सभी प्राचार्यों को विभागीय योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन और विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता में सतत सुधार हेतु उत्तरदायित्वपूर्ण और प्रेरित भूमिका निभाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एबीईओ द्वारा सभी बिंदुओं पर व्यापक निर्देश और मार्गदर्शन प्रदान किया गया और यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया कि प्रत्येक विद्यालय में विद्यार्थियों की गुणवत्ता उन्नयन और शैक्षणिक उपलब्धियों में ठोस परिणाम दिखाई दें।