छत्तीसगढ़ / बलौदा बाजार
सड़क किनारे मिली युवक की लाश, दो संदिग्ध गिरफ्तार
बलौदाबाजार । छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ग्राम बोईरडीह के पास देर रात एक 35 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गांव के पशुपालक राजू यादव के रूप में हुई है, जो रोज़ाना मवेशियों को चराने का काम करता था। जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला पलारी थाना क्षेत्र का है। राजू यादव का शव गांव के नजदीक मुख्य सड़क किनारे संदिग्ध हालात में पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पलारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों और फॉरेंसिक टीम ने रात में ही घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
दो संदिग्ध व्यक्ति हिरासत में
पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया है और पूछताछ जारी है। फिलहाल पलारी थाना पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। हत्या के पीछे की असली वजह क्या है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। इलाके में वारदात के बाद दहशत का माहौल है।
बाद इलाके में दहशत का माहौल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने घटनास्थल का मुआयना कर टीम को आवश्यक निर्देश दिए। मौके पर एसीसीयू टीम, एफएसएल यूनिट, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि, दोनों की हत्या धारदार हथियार से की गई है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल, अभनपुर पुलिस मर्ग पंचनामा की कार्रवाई कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच में जुट गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। ग्रामीणों के मुताबिक, बुजुर्ग दंपति बेहद सरल स्वभाव के थे और इस तरह की वारदात से पूरा गांव सदमे में है।
135 बल्क लीटर अवैध देशी मदिरा एवं चार पहिया वाहन जब्त
बलौदाबाजार । राज्य शासन के निर्देशानुसार अवैध मदिरा की धरपकड़ के लिए संचालित जांच-पड़ताल अभियान के तहत आबकारी विभाग बलौदाबाजार द्वारा बड़ी कार्रवाई करते हुए 135 बल्क लीटर नॉन ड्यूटी पेड देशी मदिरा मसाला तथा एक चार पहिया वाहन को जब्त किया गया है।
प्राप्त सूचना के आधार पर चौरेंगा से दरचुरा मार्ग में एक सफेद रंग की आई-20 वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें आरोपियों के कब्जे से कुल 750 पाव देशी मदिरा मसाला (135 बल्क लीटर) बरामद की गई।
आरोपियों की पहचान थाना सिमगा अंतर्गत ग्राम चौरेंगा निवासी मोनू उर्फ गिरीत वर्मा पिता सुखनंदन वर्मा एवं राकेश कुमार सेन पिता स्वर्गीय रघुनंदन सेन के रूप में की गई। उक्त मदिरा 11 प्लास्टिक बोरियों (प्रत्येक में 50 पाव) एवं एक नीले रंग की बैग (200 पाव) में रखी गई थी।
आरोपियों को गवाहों के समक्ष गिरफ्तार किया गया।
बरामद मदिरा का बाजार मूल्य लगभग 75 हजार रूपए आंका गया है, वहीं जब्त आई-20 वाहन का बाजार मूल्य 5 लाख रूपए बताया गया है।
आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2), 59(क) एवं 36 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विधिसंगत कार्रवाई की जा रही है।
उक्त कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी जलेश कुमार सिंह, आबकारी उपनिरीक्षक मनराखन नेताम एवं दिनेश कुमार साहू, आबकारी मुख्य आरक्षक श्रीमती राधा गिरी गोस्वामी एवं नगर सैनिक श्रीमती राजकुमारी पैकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिला आबकारी अधिकारी ने कहा कि अवैध मदिरा के विरुद्ध यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
भूमि की खरीदी-बिक्री पर रोक
बलौदाबाजार। रायपुर से सारंगढ़ को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-130B) के फोरलेन निर्माण के तहत बलौदाबाजार जिले से गुजरने वाली सड़क के दोनों ओर स्थित ग्रामों की भूमि पर अब खरीदी-बिक्री, बंटवारा और नामांतरण जैसी गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह निर्णय बलौदाबाजार कलेक्टर ने जारी अधिसूचना के माध्यम से लागू किया है।
प्रशासनिक आदेश के तहत बलौदाबाजार जिले के पलारी राजस्व अनुविभाग, बलौदाबाजार राजस्व अनुविभाग और कसडोल राजस्व अनुविभाग के अंतर्गत आने वाले गांवों की भूमि रजिस्ट्रियों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई गई है। इसका उद्देश्य फोरलेन सड़क परियोजना के लिए प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को सुचारू बनाना है।
ट्रैफिक से मिलेगी निजात
गौरतलब है कि वर्तमान में रायपुर-बलौदाबाजार मार्ग दो लेन का है, जिस पर भारी ट्रैफिक का दबाव रहता है। इस मार्ग के आसपास कई बड़े सीमेंट उद्योग और अन्य औद्योगिक गतिविधियां संचालित होती हैं। फोरलेन सड़क निर्माण से न केवल औद्योगिक परिवहन में सुविधा होगी बल्कि दुर्घटनाओं की संख्या में भी उल्लेखनीय कमी आने की संभावना है।
पति के साथ मिलकर बहन ने अपने ही भाई को उतारा मौत के घाट
बलौदाबाजार । जिले के सिमगा थाना क्षेत्र से हत्या का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां प्रेम प्रसंग में शादी के बाद युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपनी ही पत्नी के सगे भाई की हत्या कर दी। चौंकाने वाली बात यह है कि, इस पूरी साजिश में मृतक की बहन भी शामिल रही, जो आरोपी युवक की पत्नी है। घटना के बाद से पति पत्नी दोनों फरार है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामले में सिमगा थाना में प्रार्थी अमन मंडले, निवासी ग्राम तोरा, ने 5 जुलाई की सुबह रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के अनुसार, 4 जुलाई की रात करीब 8 बजे प्रार्थी अपने परिवार के सदस्यों के साथ ग्राम तोरा में एक दुकान के सामने सड़क किनारे बैठा हुआ था। तभी दो ईको वाहनों से 15-20 लोग आए और एक राय होकर गाली-गलौज करते हुए प्रार्थी व उसके परिजनों पर लाठी, डंडा, हाथ मुक्का और नुकीले धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया।
पुराने विवाद को लेकर किया हमला
हमले में तमराज महिपाल को गंभीर चोटें आईं। उसे तत्काल रायपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में थाना सिमगा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर जांच प्रारंभ की और घायलों को उचित इलाज हेतु अस्पताल पहुंचाया। पुलिस द्वारा की गई जांच और आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि, यह हमला पूर्व में हुए विवाद और रंजिश के चलते किया गया था। दो माह पूर्व मृतक की बहन ने गांव के ही युवक से प्रेम विवाह किया था। इसके बाद दोनों पक्षों में दो दिन पूर्व ही विवाद हुआ था। जिस पर थाना सिमगा पुलिस ने दोनों ही पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया था। एक दिन बाद ही इस घटना के बाद ये बड़ी घटना घटित हो गई।
स्कूल में छात्रा से छेड़छाड़
बलौदाबाजार। जिले में सुहेला स्थित शाश्वत लिटिल स्टार स्कूल की मान्यता तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है। यह कार्रवाई बलौदाबाजार-भाटापारा के कलेक्टर दीपक सोनी के आदेश पर गठित जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर की गई। स्कूल का संचालन स्व. डीआर वर्मा स्मृति शिक्षण संस्थान, झीपन द्वारा किया जा रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शांति देवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुहेला में 9 जून को नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ की गंभीर घटना सामने आई थी। इसके बाद उक्त संस्थान के अंतर्गत संचालित पांच स्कूलों की जांच हेतु छह सदस्यीय समिति गठित की गई थी। जांच में संसाधनों की भारी कमी और संचालन में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।
तुरंत कार्रवाई के निर्देश
जांच रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर ने शाश्वत लिटिल स्टार स्कूल, सुहेला की मान्यता तत्काल प्रभाव से समाप्त करने का आदेश जारी किया है। इसके साथ ही, आरोपी शिक्षक शैलेष वर्मा के विद्यालय परिसर में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। विद्यालय के संचालक और प्राचार्य को एक सप्ताह के भीतर परिसर से अन्यत्र आवास स्थानांतरित करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, पंद्रह दिनों के भीतर न्यूनतम अहर्ता प्राप्त प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से हितग्राही जीवन कुर्रे को बिजली बिल से मिला छुटकारा
बलौदाबाजार-भाठापारा। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना उपभोक्ताओं के लिए काफी लाभदायक सिद्ध हो रही है। इस योजना का लाभ लेकर कई ग्रामीण अब बिजली के खर्च से राहत पा रहे हैं और ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहे हैं। बलौदाबाजार-भाठापारा जिला के बिलाईगढ़ विकासखंड में ऐसे ही एक प्रेरणास्रोत ग्राम पिपरडुला निवासी जीवन लाल कुर्रे हैं, जो पेशे से वकील हैं। अब उनके घर का बिजली बिल बेहद कम आता है, जिससे उन्हें हर महीने आर्थिक लाभ मिल रहा है।
जीवन लाल कुर्रे ने बताया कि उन्हें इस योजना की जानकारी समाचार और टेलीविजन के माध्यम से प्राप्त हुई, जिसके बाद उन्होंने स्वयं ही योजना की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन किया। हितग्राही कुर्रे ने 1,50,000 रूपए का निवेश कर अपने घर की छत पर सोलर पैनल सेटअप लगाया। इस पर उन्हें केंद्र सरकार से 63,000 रूपए की सब्सिडी प्राप्त हुई।
हितग्राही जीवन लाल कुर्रे ने योजना के संबंध में कहा कि पीएम सूर्य घर योजना ने मेरे घर को रोशन किया और बिजली बिल से छुटकारा मिला है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी से आमजन लाभान्वित हो रहे हैं। आर्थिक लाभ किसी भी व्यक्ति के जीवन एक बड़ा हिस्सा होता है, जिससे उसकी आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में सहायक होता है। उन्होंने सरकार के प्रति आभार जताया और कहा कि इस योजना का लाभ लेने लोगों को चाहिए।
बलौदाबाजार में फैला डायरिया, कलेक्टर ने अस्पताल पहुंचकर लिया हालात का जायजा
बलौदाबाजार । बलौदाबाजार जिले में डायरिया के मामलों में तेजी के बाद जिला कलेक्टर दीपक सोनी एक्शन मोड में आ गए हैं। उन्होंने अस्पताल का निरीक्षण कर मरीजों की स्थिति जानी और डॉक्टरों को इलाज की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
अस्पतालों में अतिरिक्त बेड की व्यवस्था के निर्देश
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि भीड़ बढ़ने की स्थिति में अतिरिक्त बेड उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने मेडिकल स्टाफ को सतर्क रहते हुए इलाज में कोई कमी न रहने देने की सख्त हिदायत दी।
घर-घर सर्वे और तत्काल इलाज का आदेश
डायरिया के तेजी से फैलते संक्रमण को देखते हुए कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को वार्ड स्तर पर घर-घर जाकर मरीजों की पहचान और तत्काल इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि अब तक पलारी क्षेत्र में डायरिया के 30 मरीज सामने आए हैं, जिनका इलाज स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है। जरूरत पड़ने पर अन्य डॉक्टरों की तैनाती भी की जाएगी।
पेयजल की जांच और स्वच्छता पर फोकस
कलेक्टर सोनी ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग को निर्देश दिया कि क्षेत्र के सभी पेयजल स्रोतों से पानी के नमूने लेकर जांच कराई जाए, ताकि बीमारी के कारण का पता लगाया जा सके। साथ ही नगर पंचायत को सफाई व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे बीमारी के फैलाव पर लगाम लगाई जा सके।
स्वास्थ्य विभाग की सतर्कता और प्रशासन की सख्ती के बीच अब उम्मीद है कि हालात जल्द काबू में आएंगे। प्रशासन ने लोगों से साफ पानी पीने और स्वच्छता बरतने की अपील की है।
शिवनाथ नदी में गिरी कार, एक की मौत
बलौदाबाजार । सोमवार सुबह लगभग 8:30 बजे एक कार अनियंत्रित होकर शिवनाथ नदी में गिर गई। स्थानीय गोताखोरों ने तुरंत कार सवार को बचाने का प्रयास किया, लेकिन कार में सवार केवल एक ही व्यक्ति था, जिसे बचाया नहीं जा सका।
हादसे की सूचना मिलने पर सिगमा पुलिस मौके पर पहुंची और कार को जेसीबी और हाइड्रा की मदद से नदी से बाहर निकाला गया।
इसके बाद बेमेतरा पुलिस को सूचित किया गया, जिसके पहुंचने पर सारी सामग्री उनके सुपुर्द कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चला है।
क्रेडा सी.ई.ओ. श्री राजेश सिंह राणा द्वारा जल जीवन मिशन
‘’ क्रेडा सी.ई.ओ. श्री राजेश सिंह राणा द्वारा बलौदाबाजार, जांजगीर चांपा एवं बिलासपुर क्षेत्र के जल जीवन मिशन, सौर सुजला योजना, सोलर पावर प्लांट एवं सोलर मेगावॉट योजनांतर्गत स्थापित सौर संयंत्रों का किया गया औचक निरीक्षण’’
35 लाख की साइबर ठगी का शिकार हुआ सीमेंट प्लांट कर्मचारी
बलौदाबाजार। साइबर ठगों की तकनीकें लगातार विकसित हो रही हैं और अब वे पढ़े-लिखे, पेशेवर लोगों को भी निशाना बना रहे हैं। बलौदाबाजार जिले के सोनाडीह स्थित न्यूवोको सीमेंट प्लांट में कार्यरत एक कर्मचारी 35 लाख 71 हजार रुपये की बड़ी ठगी का शिकार हुआ है। ठगों ने खुद को GBIC (गवर्निंग बॉडी ऑफ इंश्योरेंस काउंसिल) और आरबीआई अधिकारी बताकर इस शातिर धोखाधड़ी को अंजाम दिया।
कैसे की गई ठगी?
साल 2023 में पीड़ित कर्मचारी को अलग-अलग इंश्योरेंस कंपनियों — जैसे कि भारतीय एक्सा, न्यू इंडिया इंश्योरेंस, श्रीराम लाइफ और एडेलवाइस टोक्यो — के नाम पर फर्जी प्रीमियम जमा करवाया गया। शुरुआत में करीब 3 लाख रुपये की राशि इन पॉलिसियों में निवेश करवाई गई, जो बाद में फर्जी निकलीं।
GBIC और RBI अधिकारी बनकर दोबारा जाल में फंसाया
पॉलिसी फर्जी होने की शिकायत के बाद ठगों ने अगला जाल बुना। खुद को GBIC और RBI अधिकारी बताने वाले दो व्यक्ति — डी.सी. चौधरी और शंकर लाल — ने पीड़ित से संपर्क किया। उन्होंने "क्लेम सेटलमेंट" और "पैसे वापसी" का झांसा दिया और अगस्त 2023 से मई 2025 के बीच लगातार 35 लाख से अधिक की रकम अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करवा ली।
अब तक नहीं मिली रकम, पीड़ित ने की शिकायत
पीड़ित कर्मचारी ने बताया कि जनवरी 2025 से सिर्फ झूठे आश्वासन दिए जा रहे हैं और आज तक एक भी पैसा वापस नहीं हुआ। उन्होंने बलौदाबाजार सिटी कोतवाली में लेनदेन की ईमेल और बैंक डिटेल्स के साथ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस की अपील: सतर्क रहें, ठगी से बचें
पुलिस ने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही, आम जनता से अपील की गई है कि कोई भी इंश्योरेंस या रिफंड कॉल पर भरोसा न करें, और कोई भी ट्रांजैक्शन करने से पहले पुख्ता जानकारी और दस्तावेज जांच लें।
“अगर कोई खुद को सरकारी अधिकारी बताकर पैसे मांगता है, तो उसकी पहचान जरूर जांचें और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत साइबर सेल या नजदीकी पुलिस थाने को दें।” — पुलिस विभाग, बलौदाबाजार
यह मामला एक बार फिर साबित करता है कि साइबर अपराध अब केवल तकनीक की कमजोरी नहीं बल्कि मानव विश्वास को निशाना बना रहे हैं। जागरूक रहना ही सबसे बड़ा बचाव है।
तेज रफ्तार बाइक ट्रैक्टर से टकराई, युवक की मौत
बलौदाबाजार। बलौदाबाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। पलारी-बलौदी मार्ग पर बलौदी नहर के पास सुबह 7:30 बजे एक बाइक ट्रैक्टर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय युवक पलारी से बलौदी की ओर जा रहा था।
बलौदी मोड़ पर वह अपनी बाइक पर नियंत्रण खो बैठा। बाइक सीधे ट्रैक्टर के इंजन से जा टकराई। ट्रैक्टर बम्हनी रेत घाट से पीएम आवास के लिए रेत लेकर टिपवान गांव जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक अत्यधिक तेज गति से आ रही थी। ट्रैक्टर चालक ने बाइक सवार को बचाने का प्रयास किया। इस दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली खेत में पलट गई। अभी तक मृतक युवक की पहचान नहीं हो पाई है। सूचना मिलते ही पलारी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है।
लोगों की समस्या सुनने व निराकरण करने का माध्यम है समाधान शिविर : राजस्व मंत्री
करमदा शिविर में 1786 हितग्राही योजनाओं से हुए लाभान्वित
बलौदाबाजार । सुशासन तिहार 2025 अंतर्गत विकासखंड बलौदाबाजार के ग्राम पंचायत करमदा में बुधवार क़ो आयोजित समाधान शिविर में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा शामिल हुए। इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 1786 हितग्राहियों क़ो लाभान्वित किया गया। शिविर में 10 गांव के लोग शामिल हुए। कुल प्राप्त 2298 आवेदनों में 2276 मांग एवं 22 शिकायत से सम्बधित थे।
कार्यक्रम क़ो सम्बोधित करते हुए मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि सुशासन तिहार अंतर्गत आयोजित शिविर में मुख्यमंत्री सहित मंत्री, अधिकारी गांव में पहुंचकर लोगों की समस्या सुन रहे है और समाधान भी कर रहे हैं। शिविर में अधिकारी आपके द्वारा दिये गए आवेदन के निराकरण की जानकारी दे रहे हैं इसके साथ ही पात्रता अनुसार हितग्राहियों क़ो योजना से लाभान्वित भी किया जा रहा है।प्रदेश में डबल इंजन की सरकार तेजी से विकास कार्य कर रही है जिससे सरकार के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी के तहत हमारी सरकार ने सभी वायदे पूरा किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान का सपना पूरा हो रहा है, महतारी वंदन से नारी सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल से जल पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में खेल सुबिधाओं व सड़क विस्तार में तेजी से काम किया जा रहा है।
राजस्व मंत्री ने नगरपालिका बलौदाबाजार के नगर भवन में आयोजित समाधान शिविर में भी शामिल हुए और हितग्राहियों क़ो विभिन्न योजना के तहत सामग्री वितरित किया।
विकास कार्यो का भूमिपूजन-राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने नगरपालिका बलौदाबाजार अंतर्गत हाउसिंग बोर्ड कालोनी में लगभग 66 लाख रुपये के विकास कार्यो का भूमि पूजन किया। इसमें नाली निर्माण, सी सी रोड निर्माण, स्ट्रीट लाईट व गार्डन विकास सम्मिलित हैं।
इस अवसर पर कलेक्टर दीपक सोनी, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव, जिला पंचायत सदस्य गीता डोमन वर्मा, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े, सरपंच सरस्वती वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
कलेक्टर ने दो आदतन अपराधियों को किया जिलाबदर
बलौदाबाजार । जिले में वर्तमान कानून व्यवस्था को देखते हुए कलेक्टर दीपक सोनी ने पुलिस प्रशासन से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर दो आदतन अपराधियों को एक वर्ष के लिए जिला बदर के आदेश जारी किया है।
आदेश के तहत थाना भाटापारा शहर अंतर्गत नयापारा वार्ड भाटापारा निवासी सागर धीवर पिता संतोष धीवर एवं थाना कसडोल पुलिस चौकी सोनाखान अंतर्गत ग्राम महकम निवासी रामजी सागर पिता केजूराम सागर को जिला बदर किया गया है। उक्त कार्रवाई छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 3,5 ख के तहत किया गया है जिसमें 1 वर्ष के कालावधि के लिए बलौदाबाजार-भाटापारा जिले एवं उसके सीमावर्ती जिले बिलासपुर, रायपुर, रायगढ़, महासमुंद, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, सक्ति, बेमेतरा एवं सारंगढ़- बिलाईगढ़ जिलों की सीमाओं से आदेश पारित होने 24 घंटे के भीतर हटने एवं बाहर चले जाने के आदेश दिए है।
समर कैम्प में स्कूली बच्चों द्वारा निर्मित एयरोमॉडल्स का हुआ प्रदर्शन
खेल मंत्री ने किया विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन
बलौदाबाजार। बलौदाबाज़ार के आउटडोर स्टेडियम में आज एक अनोखे एयर शो ने शहरवासियों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया जिसके साक्षी खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा भी बने। श्री वर्मा ने स्कूली बच्चों द्वारा निर्मित एयरमॉडल शो का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रदेश में पहली बार बलौदाबाजार में समर कैम्प के दौरान इस तरह का प्रशिक्षण का आयोजन होने पर खेल मंत्री ने इसकी सरहाना की।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित समर कैम्प में 18 मई से 21 मई तक जिले के 7 पीएम श्री स्कूलों में 200 बच्चों को ऐरोमोडलिंग का प्रशिक्षण दिया गया। चेन्नई से आई संस्था के 10 इंजीनियरियों ने छात्र छात्राओं को तीन दिनों तक प्रशिक्षण दिया।खेल मंत्री ने इस प्रयास की सरहाना की और वर्कशॉप में शामिल बच्चों क़ो बधाई और शुभकामनायें दीं।
उल्लेखनीय है कि समर कैंप में बच्चों के लिए विज्ञान और तकनीक से जुड़ी कई विशेष गतिविधियां भी शामिल की गई हैं इनमें रोबोटिक क्लास, एयरोमॉडलिंग, रोमांचक एयर शो, 3डी पेंटिंग और ड्रोन उड़ाने का प्रशिक्षण शामिल है। समर कैंप में बच्चों की जिज्ञासा बढ़ाने के उद्देश्य से प्लानिटोरियम की भी विशेष व्यवस्था की गई है। यहां 20 मिनट के शो के जरिए बच्चे सूर्य ग्रहण, चंद्र ग्रहण, तारामंडल की संरचना जैसी आकाशीय घटनाओं को आसानी से समझ पा रहे हैं।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन स्काउट गाइड के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी, जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारतीय सहित अन्य अधिकारी एवं स्कूली बच्चे उपस्थित थे।
ग्राम पंचायत सचिव निलंबित
बलौदाबाजार। उच्च अधिकारियो के निर्देशों का अवहेलना तथा कर्तव्य में लापरवाही बरतने के कारण ग्राम पंचायत सचिव क़ो निलंबित कर दिया गया है।विकासखंड भाटापारा अंतर्गत ग्राम पंचायत अमेठी के सचिव रोमनाथ ध्रुव के द्वारा नव निर्वाचित सरपंच क़ो प्रभार देने में अत्यधिक विलम्ब किया गया। इसके साथ ही मुख्यालय से लगातार अनुपस्थित रहने, जनपद की बैठक से अनुपस्थित रहने,15 वें वित्त का ऑडिट नहीं कराने एवं ग्राम पंचायत क़ा रोकड़ पंजी लम्बे समय तक पूर्ण नहीं कराने, सुशासन तिहार में सौंपे कार्य का जिम्मेदारी पूर्वक निर्वहन नहीं करने पर कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया लेकिन नोटिस का भी जवाब नहीं दिया गया। इस कारण छतीसगढ़ पंचायत सेवा नियम 1999 भाग दो के नियम 4 के तहत जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।ग्राम पंचायत अमेठी का प्रभाऱ ग्राम पंचायत गुर्रा के सचिव क़ो सौंपा गया है। निलंबन अवधि में सचिव रोमनाथ का मुख्यालय जनपद पंचायत भाटापारा नियत किया गया है। नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी।
निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण, 30 तक आवेदन
बलौदाबाजार। मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत् जिले के युवाओं के लिए बलौदाबाजार में संचालित कोर्स जनरल ड्युटी असिस्टेंट, सोलर पेनल इंस्टॉलेशन टेक्नीशियन, गुड सर्विस टैक्स (जीएसटी), जल वितरण संचालक, योगा इंस्ट्रक्टर, असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन, फिश सीड ग्रोवर, गार्डनर एवं भाटापारा में संचालित कोर्स मोबाईल फोन हार्डवेयर रिपेयर टेक्नीशियन, रिटेल सेल्स एसोसिएट, कसडोल में संचालित कोर्स मैनुअल मेटल आर्क वेल्डिग उपरोक्त कोर्स में निःशुल्क प्रशिक्षण दी जायेगी। शैक्षणिक योग्यता 5वीं, 10वी, 12वी उत्तीर्ण, उम्र 18 से 45 वर्ष होना चाहिए। आवश्यक दस्तावेज, शैक्षणिक योग्यता का प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, 02 नग पासपोर्ट फोटो, राशन कार्ड, जिला कौशल विकास प्राधिकरण बलौदाबाजार, संयुक्त जिला कार्यालय, परिसर कक्ष क्र.-70 एवं जिला परियोजना लाईवलीहुड कॉलेज सकरी बलौदाबाजार में 30 मई 2025 तक आवेदन जमा कर सकते है। अधिक जानकारी हेतु फोन नं. 07727-299265 पर कर सकते है।
सिंगल यूज प्लास्टिक संग्रहण बना आय का जरिया
समूह की महिलाएं प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बढ़ा रही कदम
बलौदाबाजार । कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देशानुसार प्लास्टिक मुक्त जिला के तहत ग्रामीण क्षेत्रों प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट की शुरुआत की गई है। प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट से जुड़कर स्व सहायता समूह की महिलाएं पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है वहीं सिंगल यूज प्लास्टिक संग्रहण आय का जरिया भी बन गया है।
सीईओ जिला पंचायत दिव्या अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले के विकासखंड भाटापारा अंतर्गत ग्राम पंचायत गुड़ेलिया, विकासखंड बलौदाबाजार के पनगांव एवं विकासखंड कसडोल के देवरीकला में प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट का संचालन ग्राम पंचायत के द्वारा चयनित स्व सहायता समूह के द्वारा किया जा रहा है। प्रत्येक विकासखंड में 4 क्लस्टर बनाया गया है और प्रत्येक क्लस्टर से समूह की दीदियों द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक इकट्ठा कर प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट तक लाया जाता है। उसके पश्चात प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट में कार्य कर रही स्वच्छता समूह की दीदी के द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक की सफाई, क्रॉस या बेलिंग मशीन में पंच कर रिसायकलर या सीमेंट कंपनी को विक्रय के लिए तैयार किया जाता है। वर्तमान में देवरीकला प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट से 7 क्विंटन 25 किलो का पॉलिथीन पंच सीमेंट कंपनी को विक्रय किया गया जिससे 3800 रुपए समूह को प्राप्त हुआ।
बताया गया कि सीमेंट सयंत्र और स्वयं सेवी संस्था गृहणी के साथ प्लास्टिक वेस्ट खरीदने को लेकर एक अनुबंध हुआ है।इस अनुबंध के तहत समूह की महिलाओं द्वारा संग्रहित प्लास्टिक वेस्ट को कंपनी द्वारा क्रय किया जाता है।