छत्तीसगढ़ / मुंगेली
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित
केंद्रीय राज्यमंत्री श्री साहू ने तखतपुर-बरेला मार्ग के शीघ्र मरम्मत के दिए निर्देश
यातायात व्यवस्था, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपाय के संबंध में हुई विस्तृत समीक्षा
मुंगेली, 19 अगस्त 2026
जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने जिले में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन के साथ ही सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन, दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी एवं निरंतर कार्यवाही आवश्यक है। केंद्रीय राज्य मंत्री ने बैठक में पूर्व बैठक के पालन प्रतिवेदन, यातायात जागरूकता अभियान, सड़क सुरक्षा उपायों, जंक्शन सुधार तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे स्थानों पर आवश्यकता के अनुसार स्पीड ब्रेकर, यातायात संकेतक एवं अन्य सुरक्षा उपकरण लगाए जाएं, ताकि वाहन चालकों को समय रहते सावधान किया जा सके और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।
केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने तखतपुर से बरेला मार्ग की स्थिति पर विशेष रूप से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क को मरम्मत कर आवागमन योग्य बनाया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन सर्वाेच्च प्राथमिकता है। सड़क की स्थिति में तत्काल सुधार के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। केंद्रीय राज्य मंत्री श्री साहू ने ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कैंप लगाकर ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को आवश्यक दस्तावेज एवं लाइसेंस के लिए अनावश्यक परेशानी न हो तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई जाए। बैठक में ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट एवं बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने पर प्रभावी रोक लगाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की समीक्षा की गई। ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में नियमानुसार ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय राजमार्गों एवं दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों में प्राथमिक उपचार की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे की स्थापना तथा आवश्यक सड़क सुरक्षा उपायों पर भी चर्चा की गई।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने संबंधित विभागों को दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों का चिन्हांकन कर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करने तथा यातायात को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए। बैठक में प्रधानमंत्री राहत योजना की भी समीक्षा की गई। केंद्रीय राज्य मंत्री ने पात्र हितग्राहियों को योजना का शत-प्रतिशत लाभ संवेदनशीलता एवं समयबद्धता के साथ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को केवल कागजी कार्यवाही तक सीमित न रखते हुए मैदानी स्तर पर प्रभावी परिणाम सुनिश्चित किए जाएं। बैठक में मुंगेली विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले, बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक, कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार, अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, जनपद पंचायत मुंगेली के अध्यक्ष श्री रामकमल सिंह परिहार, जिला अध्यक्ष श्री दीनानाथ केशरवानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कभी बंदूक की गोलियों की आवाज से सहम जाते थे बच्चे, स्वतंत्रता दिवस पर बिखरी मुस्कान
भय से विश्वास और दूरी से संवाद की ओर बढ़ता कदम
ऑपरेशन विश्वास के तहत नक्सलमुक्त गांवों के बच्चों ने जिला मुख्यालय मोहला में पहली बार करीब से देखा स्वतंत्रता दिवस
मोहला, 17 अगस्त 2026
कभी नक्सल गतिविधियों के साये में रहने वाले जिले के दूरस्थ गांवों के बच्चों के लिए इस बार स्वतंत्रता दिवस का उत्सव कुछ अलग और खास रहा। जिन क्षेत्रों में कभी बंदूकों की गोलियों की आवाज बच्चों को सहमा देती थी, वहीं आज उन्हीं बच्चों ने जिला मुख्यालय मोहला में तिरंगे को शान से लहराते, जवानों की अनुशासित कदमताल और भव्य परेड को करीब से देखा। परेड में शामिल सशस्त्र बलों के जज्बे और राष्ट्रध्वज को दी गई सलामी ने बच्चों के चेहरों पर उत्साह और मुस्कान बिखेर दी। यह दृश्य बदलते मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में भय से विश्वास और दूरी से संवाद की ओर बढ़ते कदमों की जीवंत तस्वीर पेश करता नजर आया।
जिला पुलिस की पहल ऑपरेशन विश्वास के तहत परवीडीह, पीटेमेटा, नवागढ़, बुकमरका, मुचर और कोहकाटोला के शासकीय प्राथमिक शालाओं के बच्चों को जिला मुख्यालय मोहला लाया गया था। बच्चों ने पहली बार जिला मुख्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह, भव्य परेड और पुलिस की विभिन्न गतिविधियों को नजदीक से देखा। यह अनुभव उनके लिए केवल समारोह में शामिल होने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बदलते माहौल और पुलिस-प्रशासन के साथ बनते नए विश्वास को महसूस करने का अवसर भी बना।
जिला मुख्यालय के परेड ग्राउंड में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। समारोह में कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री वाय.पी. सिंह, प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। दूरस्थ क्षेत्रों से आए बच्चों ने न केवल स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय उत्सव को करीब से देखा, बल्कि पुलिस और प्रशासन के साथ सीधे संवाद का अनुभव भी प्राप्त किया। समारोह के दौरान जब बच्चों ने अनुशासित कदमताल के साथ जवानों की भव्य परेड देखी, तो उनके चेहरों पर उत्सुकता और खुशी साफ नजर आई।
उल्लेखनीय है कि ऑपरेशन विश्वास का उद्देश्य पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की नई पीढ़ी को भय और नकारात्मकता के माहौल से बाहर निकालकर शिक्षा, विकास, संस्कृति, राष्ट्रसेवा और सकारात्मक सोच की मुख्यधारा से जोड़ना है। इस पहल के तहत बच्चों को जिला मुख्यालय लाकर स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल कराना इसी उद्देश्य की एक महत्वपूर्ण कड़ी रही। मोहला में मनाया गया यह स्वतंत्रता दिवस बच्चों के लिए तिरंगे की शान, परेड की भव्यता और पुलिस के साथ बने नए रिश्ते की ऐसी याद छोड़ गया, जो “ऑपरेशन विश्वास” के उद्देश्य को सार्थक करती नजर आई।
- सांसद ने बच्चों से की आत्मीय बातचीत
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने ऑपरेशन विश्वास के तहत आए बच्चों से मुलाकात कर उनसे आत्मीय बातचीत की। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री वाय.पी. सिंह सहित पुलिस अधिकारियों ने भी बच्चों के साथ संवाद किया। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, सकारात्मक सोच रखने तथा देश और समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
- पुलिस को करीब से जाना, कैमरे में कैद हुआ नया विश्वास
बच्चों के लिए समारोह स्थल पर पुलिस विभाग की ओर से विभिन्न स्टॉल लगाए गए थे। यहां बच्चों को डायल-112, पुलिस कंट्रोल रूम, साइबर अपराध से बचाव और आपात स्थिति में पुलिस की त्वरित कार्यवाही की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने बच्चों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम में “मैं जागरूक हूं, साइबर क्राइम से मुक्त हूं” सेल्फी प्वाइंट बच्चों के बीच खास आकर्षण का केंद्र रहा। बच्चों ने पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ उत्साहपूर्वक सेल्फी ली। तस्वीरों में दर्ज ये पल पुलिस और बच्चों के बीच बनते विश्वास और अपनत्व की कहानी बयां करते नजर आए।
रोजगार मेला का आयोजन 24 अगस्त को
विभिन्न निजी संस्थाओं द्वारा 124 पदों पर की जाएगी भर्ती
मुंगेली, 17 अगस्त 2026
जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र द्वारा 24 अगस्त 2026 को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला जिला रोजगार कार्यालय, जिला परियोजना लायब्रेरी कॉलेज परिसर, ग्राम जमकोर, जिला मुंगेली में सुबह 11 बजे से दोपहर 03 बजे तक आयोजित होगा। रोजगार मेले में विभिन्न निजी संस्थाओं द्वारा कुल 124 पदों पर भर्ती की जाएगी।
डेस्क ऑफिसर के 14 पदों के लिए स्नातक उत्तीर्ण, फिटर के 18 पदों के लिए आईटीआई उत्तीर्ण, इलेक्ट्रीशियन के 22 पदों के लिए आईटीआई इलेक्ट्रीशियन उत्तीर्ण तथा सुपरवाइजर के 20 पदों के लिए स्नातकोत्तर उत्तीर्ण अभ्यर्थियों से आवेदन लिए जाएंगे। इसी प्रकार बीमा सखी के 25 पदों पर 10वीं उत्तीर्ण तथा स्कूल क्रेडिट एजेंट के 25 पदों पर 10वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की भर्ती की जाएगी। रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए जिला रोजगार कार्यालय का पंजीयन कार्ड साथ लाना अनिवार्य किया गया है। पात्र एवं इच्छुक युवा निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित होकर रोजगार के इन अवसरों का लाभ उठा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी www.erojgar.cg.gov.in/ e Rojgar CG App अथवा जिला रोजगार कार्यालय, मुंगेली से संपर्क कर सकते हैं।
अमर जवान ज्योति शहीदों को दी श्रद्धांजलि
विधायक, कलेक्टर, एसएसपी सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने किया नमन
मुंगेली 15 अगस्त 2026
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले, कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम स्थित अमर जवान ज्योति में पुष्प अर्पित कर देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और उन्हें नमन किया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने राष्ट्र की स्वतंत्रता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर सपूतों को स्मरण किया। उन्होंने शहीदों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्रहित एवं जनसेवा के प्रति अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान अमर जवान ज्योति पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक पेड़ मां के नाम वृ़क्षारोपण
विधायक, कलेक्टर, एसएसपी सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में किया का पौधारोपण
मुंगेली, 15 अगस्त 2026
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली संवर्धन का संदेश देते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम, मुंगेली में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले, कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार एवं एसएसपी श्री भोजराम पटेल, डीएफओ श्री अभिनव कुमार सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। इस अवसर पर अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों ने नीम का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। पौधारोपण के दौरान उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संदेश दिया।
विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ भावनात्मक जुड़ाव का भी संदेश देता है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करने का संकल्प लेना चाहिए। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कहा कि पौधारोपण पर्यावरण के प्रति हमारी निरंतर जिम्मेदारी है। लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाएं और मुंगेली जिले को हराभरा बनाने में सहभागी बनें। एसएसपी श्री भोजराम पटेल ने भी पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरा-भरा वातावरण आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी महत्वपूर्ण विरासत है। उन्होंने नागरिकों से पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण में भी सक्रिय भागीदारी की अपील की। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संदेश दिया। इस अवसर पर एडीएम श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, सीईओ जिला पंचायत श्री गोकुल रावटे सहित अन्य उपस्थित थे।
स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को शुष्क दिवस घोषित
मुंगेली, 13 अगस्त 2026
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को जिले में शुष्क दिवस घोषित किया गया है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री कुन्दन कुमार ने 15 अगस्त को 01 दिन के लिए जिले के समस्त देशी मदिरा की दुकानें सी.एस.-2(घघ), देशी मदिरा की दुकानें सी.एस.-2(घघ कम्पोजिट), विदेशी मदिरा दुकान एफ.एल-1 (घघ), विदेशी मदिरा दुकान एफ.एल-1 (घघ कम्पोजिट) की फुटकर दुकानें, सी.एस.-2(ग-अहाता), सी.एस.-2(ग-कम्पोजिट अहाता), एफ.एल-1 (ख-अहाता), एफ.एल-1 (ख-कम्पोजिट अहाता) तथा एफ. एल. 3 होटल बार और होटल सिटी पैलेस बंद रखे जाने एवं जिले में स्थित आसवनी(डी.-1) मेसर्स भाटिया वाईन मर्चे. प्रा.लि. धूमा अंतर्गत एस.-1(ख), एफ.एल. 9, एफ.एल.9 (क) में मदिरा परेषण आयात-निर्यात व परिवहन पूर्णतः निषिद्ध किए जाने हेतु आदेश जारी किया है। कलेक्टर ने उपरोक्त आदेश का पालन कड़ाई से किये जाने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञान और नवाचार से संवरेंगे भविष्य के सपने, राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की जिला स्तरीय कार्यशाला संपन्न
सतत विकास हेतु विज्ञान एवं नवाचार’ पर शिक्षकों को दिया प्रशिक्षण
विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और शोध की प्रवृत्ति विकसित करने पर जोर
मुंगेली, 13 अगस्त 2026
जिले में विद्यार्थियों के भीतर वैज्ञानिक सोच, नवाचार और शोध की प्रवृत्ति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के तहत पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी विद्यालय दाऊपारा में राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, नई दिल्ली के उत्प्रेरण एवं सहयोग तथा जिला शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए विज्ञान शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण, पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। जिला समन्वयक श्री अशोक राजपूत ने अतिथियों, विषय विशेषज्ञों एवं शिक्षकों का स्वागत करते हुए कार्यशाला के उद्देश्यों की जानकारी दी।
वर्ष 2026 के मुख्य कथानक ‘सतत विकास हेतु विज्ञान एवं नवाचार’ को केंद्र में रखते हुए कार्यशाला में शिक्षकों को विद्यार्थियों के लिए शोध आधारित परियोजनाएं तैयार करने तथा उन्हें वैज्ञानिक दृष्टिकोण से मार्गदर्शन देने का प्रशिक्षण दिया गया। विज्ञान महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक श्री एस.के. भारती ने अपशिष्ट प्रबंधन, ऊर्जा संसाधन, जल संरक्षण एवं वाटर हार्वेस्टिंग जैसे विषयों पर व्यावहारिक एवं उपयोगी विज्ञान परियोजनाओं के निर्माण की जानकारी दी। वहीं सहायक प्राध्यापक डॉ. एन.के. पुरले ने खाद्य एवं कृषि, जन स्वास्थ्य तथा पारंपरिक भारतीय ज्ञान प्रणाली से जुड़े विषयों पर वैज्ञानिक अनुसंधान की प्रक्रिया समझाई।
कार्यशाला में श्री एस.एस. राजपूत ने बाल विज्ञान कांग्रेस की परियोजनाओं के मूल्यांकन की प्रक्रिया एवं निर्धारित मानकों की जानकारी दी। व्याख्याता श्री अनिल कैवर्त ने विद्यार्थियों के ऑनलाइन पंजीयन की संपूर्ण प्रक्रिया से शिक्षकों को अवगत कराया। इस प्रशिक्षण से शिक्षक विद्यार्थियों को बेहतर शोध परियोजनाएं तैयार करने तथा उन्हें वैज्ञानिक पद्धति से आगे बढ़ाने में सक्षम होंगे। कार्यशाला ने जिले के विद्यालयों में विज्ञान शिक्षा को अधिक प्रयोगात्मक एवं नवाचार आधारित बनाने का अवसर प्रदान किया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को स्थानीय समस्याओं को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझने, उनके समाधान तलाशने और अपने विचारों को शोध परियोजनाओं के रूप में प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस अवसर पर प्राचार्य श्री संजय दुबे सहित जिले के विज्ञान शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर शाला प्राचार्य श्रीमती लीला श्रीवास्तव ने विषय विशेषज्ञों, आयोजकों एवं सहभागी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
महतारी वंदन योजना: रक्षाबंधन से पहले मिली महतारी वंदन की सौगात, महिलाओं के चेहरे खिले
30वीं किस्त से पात्र महिलाओं के खातों में पहुंचा 01 हजार रूपए, अब तक मिली 30 हजार की सहायता
प्रतिमाह की नियमित सहायता राशि परिवार के लिए उपयोगी: मंजू राजपूत
मुंगेली, 13 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से महतारी वंदन योजना का संचालन किया जा रहा है। जिले की अनेक महिलाएं इस राशि का उपयोग स्वरोजगार एवं परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में कर रही हैं। इसी कड़ी में रक्षाबंधन के पहले मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा योजना की 30वीं किस्त के रूप में पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 01 हजार रूपए की राशि अंतरित की गई। योजना के तहत अब तक प्रत्येक पात्र महिला को 30 किस्तों में कुल 30 हजार रूपए की आर्थिक सहायता मिल चुकी है। त्योहार से पहले खाते में राशि पहुंचने से महिलाओं में विशेष खुशी का माहौल है।
जिले के लोरमी तहसील अंतर्गत ग्राम झाफल निवासी श्रीमती मंजू राजपूत ने बताया कि योजना के माध्यम से नियमित रूप से मिलने वाली राशि परिवार के लिए आर्थिक संबल बनी है। श्रीमती मंजू राजपूत इस राशि का उपयोग खेती-किसानी से जुड़े कार्यों में करती हैं, जिससे कृषि कार्यों में आवश्यक खर्च पूरा करने में परिवार को मदद मिलती है। महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि ने महिलाओं को अपनी जरूरतों के साथ-साथ परिवार की आर्थिक आवश्यकताओं में योगदान देने का अवसर दिया है। नियमित आर्थिक सहायता से खेती-किसानी के कार्यों में सहयोग मिलता है और परिवार के खर्चों का बोझ भी कुछ हद तक कम होता है।
महतारी वंदन योजना महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ उनके आत्मविश्वास और आर्थिक भागीदारी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना की राशि का उपयोग महिलाएं अपनी जरूरतों, परिवार के खर्च और आजीविका से जुड़े कार्यों में कर रही हैं। इससे परिवार की आर्थिक व्यवस्था में महिलाओं की भूमिका और भागीदारी को भी मजबूती मिल रही है। श्रीमती मंजू राजपूत ने योजना का लाभ मिलने पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्षाबंधन जैसे पर्व से पहले खाते में राशि मिलना खुशी की बात है। नियमित रूप से मिलने वाली यह सहायता उनके परिवार के लिए उपयोगी साबित हो रही है और खेती-किसानी के कार्यों में भी सहयोग दे रही है।
हर घर तिरंगा’’ - डिप्टी सीएम के नेतृत्व में लोरमी में निकाली गई तिरंगा यात्रा’’
11 दिव्यांग हितग्राहियों को प्रदान किया पेट्रोल चलित तिपहिया स्कूटी
जन-जन में राष्ट्रभक्ति का संचार करना ही तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य: उप मुख्यमंत्री श्री साव
मुंगेली, 13 अगस्त 2026/
देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में “हर घर तिरंगा एवं वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ” अभियान के तहत राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में लोरमी नगर में विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। मानस मंच से प्रारंभ हुई तिरंगा यात्रा का नेतृत्व प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री साव ने किया। यात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों और नगरवासियों ने हाथों में तिरंगा लेकर सहभागिता निभाई। “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के गगनभेदी नारों से पूरा नगर देशभक्ति के रंग में सराबोर हो उठा। तिरंगा यात्रा के दौरान नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए आमजन को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों में तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय पर्व को उत्साहपूर्वक मनाने का संदेश देती हुई आगे बढ़ी। लोरमी की सड़कों पर लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से भर दिया।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक कल्याण एवं सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए आवागमन सुगम बनाने के लिए 11 दिव्यांग हितग्राहियों को पेट्रोल चलित तिपहिया स्कूटी का वितरण किया गया। उप मुख्यमंत्री ने हितग्राहियों को स्कूटी की चाबी सौंपी और उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि स्कूटी मिलने से दिव्यांगों को अपने आवागमन के लिए साधन मिल गया है। कहीं आने-जाने के लिए अब इन्हें दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। ये सभी दिव्यांगजन स्कूटी मिलने से जिले के विकास में योगदान देंगे। स्कूटी मिलने पर हितग्राहियों के चेहरे पर खुशी झलक उठी। उन्होंने शासन की इस पहल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे अपने दैनिक जीवन को अधिक सुगम बनाने वाला महत्वपूर्ण सहयोग बताया। साथ ही वन विभाग को स्नेक कैचर प्रदान किया।
समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी निष्ठा, एकता और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से 15 अगस्त के अवसर पर अपने-अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों में तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय पर्व को हर्षाेल्लास के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना और मजबूत होती है। तिरंगा यात्रा में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल, वनमंडलाधिकारी श्री अभिनव कुमार, जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, लोरमी एसडीएम श्री अजीत पुजारी सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए।
जिले में गरिमामय वातावरण में मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस
तैयारियों को दिया गया अंतिम रूप, मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम का किया गया अभ्यास
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित होगा जिला स्तरीय कार्यक्रम
कलेक्टर-एसएसपी ने किया स्टेडियम में अंतिम रिहर्सल का निरीक्षण
मुंगेली, 13 अगस्त 2026
जिले में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस गरिमामय एवं देशभक्तिपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा। जिला मुख्यालय स्थित डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय मुख्य समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने आज स्टेडियम पहुंचकर मुख्य समारोह के अंतिम रिहर्सल का निरीक्षण किया और कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अंतिम अभ्यास के दौरान अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई। उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ध्वजारोहण कर सलामी दी। इस दौरान जिला स्तरीय मुख्य समारोह के पूरे मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम का अभ्यास किया गया, ताकि स्वतंत्रता दिवस समारोह में सभी कार्यक्रम निर्धारित समय एवं गरिमा के अनुरूप संपन्न हों।
रिहर्सल के दौरान देश की स्वतंत्रता, अखंडता, समता, न्याय एवं गणतंत्र की स्थिरता को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा देश की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने की शपथ ली गई। इस अवसर पर देश की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनके बलिदान को नमन किया गया। इस दौरान ‘तिरंगा कैनवास’ का आयोजन भी किया गया, जिसमें कलेक्टर, एसएसपी सहित अधिकारियों एवं उपस्थित प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए कैनवास पर अपने हस्ताक्षर अंकित कर राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को अभिव्यक्त किया।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्य समारोह से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करते हुए सुरक्षा, यातायात, बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने समारोह में शामिल होने वाले नागरिकों एवं विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए समुचित समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पटेल ने समारोह के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, एसडीएम मुंगेली श्री अजय शतरंज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
विधायक श्री मोहले जिला स्तरीय समारोह में करेंगे ध्वजारोहण
जिला स्तरीय समारोह में मुंगेली विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले मुख्य अतिथि के रूप में प्रातः 09 बजे स्टेडियम पहुंचकर ध्वजारोहण करेंगे। तत्पश्चात् मुख्यमंत्री द्वारा जनता के नाम प्रेषित संदेश का वाचन करेंगे। विधायक श्री मोहले देश की सुरक्षा में अपने प्राणों को न्यौछावर करने वाले शहीदों के परिजनों को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित करेंगे। स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति, संस्कृति से परिपूर्ण सांस्कृतिक गीतों पर मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन में मुख्य अतिथि द्वारा जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र का वितरण किया जाएगा।
हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत युवा संगोष्ठी का हुआ आयोजन
*जल संरक्षण से साइबर सुरक्षा के संबंध में युवाओं ने रखे अपने विचार*
*कलेक्टर एवं एसएसपी ने युवाओं से किया संवाद, बोले - छोटे प्रयासों से आता है बड़ा बदलाव*
मुंगेली, 11 अगस्त 2026
हर घर तिरंगा कार्यक्रम के अंतर्गत जिला मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस में युवा संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में जिले के युवाओं ने समाज, पर्यावरण और जिले के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर खुलकर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने युवाओं से संवाद करते हुए उनकी बातों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक बदलाव के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
*खुद को जानें, छोटे प्रयासों से शुरू करें बड़े बदलाव की यात्रा: कलेक्टर*
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि “स्वयं को जानना ही अच्छे बदलाव की पहली शुरुआत है।” उन्होंने जल संकट की चुनौती पर अपने विचार रखते हुए युवाओं और आमजन से पानी बचाने तथा वर्षा जल संरक्षण के लिए सक्रिय प्रयास करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को समस्याओं के समाधान के लिए अपने स्तर पर पहल करनी होगी। छोटे-छोटे प्रयास मिलकर बड़े बदलाव की तस्वीर तैयार करते हैं। उन्होंने युवाओं को अनुशासित जीवनशैली अपनाने, प्रातःकाल जागने और प्रतिदिन कुछ समय स्वयं के साथ संवाद करने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने कहा कि युवा केवल भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान के परिवर्तन के महत्वपूर्ण भागीदार हैं। उनके विचार, नवाचार और सक्रिय सहभागिता मुंगेली को बेहतर दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
*समय की कीमत समझें, नशे से दूर रहें और साइबर सुरक्षा के प्रति रहें सतर्क: एसएसपी*
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रकृति ने सभी को समान रूप से समय दिया है, इसलिए जीवन में समय का सदुपयोग बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं को समय की कीमत समझने और उसे सही दिशा में लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नशा एक सामाजिक बुराई है और इसके विरुद्ध पहला नियंत्रण परिवार से शुरू होता है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ समाज को भी जागरूक करने का आह्वान किया। एसएसपी ने युवाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की समझाइश देते हुए कहा कि समाज की अनेक समस्याओं का समाधान भी समाज की सामूहिक जागरूकता और सहभागिता से ही संभव है। उन्होंने युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनकर सकारात्मक बदलाव का वाहक बनने के लिए प्रेरित किया।
संगोष्ठी में जल संरक्षण, स्वरोजगार, सिविक सेंस, साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति और मुंगेली के समग्र विकास जैसे विषयों पर युवाओं ने अपने विचार रखे। युवा राहुल ने भविष्य में जल संकट की चुनौती से निपटने के लिए वर्षा जल को रोकने और संरक्षित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने जल संरक्षण के प्रभावी उपायों के प्रति आमजन को जागरूक करने की बात कही। वहीं युवाओं ने स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने की आवश्यकता भी सामने रखी।
युवा शरद ने सिविक सेंस और जिम्मेदार नागरिक व्यवहार को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। पत्रकारिता से जुड़े युवा ने मुंगेली के विकास की स्पष्ट रूपरेखा तैयार करने और जिले के भविष्य को लेकर गंभीर एवं सकारात्मक चिंतन की आवश्यकता बताई। वहीं एक अन्य युवा ने नशे से दूर रहने तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति समाज में व्यापक जागरूकता लाने का मुद्दा उठाया। युवा साहित्यकार परिहार ने अपनी कविता के माध्यम से साइबर सुरक्षा और जागरूकता का संदेश देते हुए युवाओं एवं आमजन को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज सहित संबंधित अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।
जनदर्शन में नाली, सड़क, बिजली, सीमांकन सहित विभिन्न मांगों को लेकर पहुंचे नागरिक
एडीएम ने समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने का दिया आश्वासन
मुंगेली, 11 अगस्त 2026
जिला प्रशासन द्वारा आमजनों की समस्याओं को सीधे सुनने और उनके निराकरण के लिए कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार को जनदर्शन का आयोजन किया जाता है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र नागरिक की समस्या का नियमानुसार, पारदर्शी और समयबद्ध निराकरण हो तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ जरूरतमंदों तक सुगमता से पहुंचे। इसी कड़ी में आज आयोजित जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने आवेदकों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं एवं मांगें सुनीं। उन्होंने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार परीक्षण कर प्राथमिकता के साथ समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आवेदकों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आश्वस्त किया। जनदर्शन में ग्राम सिंघनपुरी के ग्रामीणों ने नाली निर्माण, ग्राम बिरगांव के ग्रामीणों ने भर्राकुंडा पहुंच मार्ग निर्माण, ग्राम बघमार के जितेंद्र कुमार ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत व्यक्तिगत शौचालय निर्माण तथा ग्राम भालापुर के भगत ने भूमि सीमांकन की मांग रखी।
इसी प्रकार ग्राम रामगढ़ के गणेश सोनकर ने हाई वोल्टेज ट्रांसफार्मर स्थापित करने, ग्राम खपरी के भुवनेश्वर राजपूत ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने, ग्राम झोंका के चंद्रशेखर बर्मन ने अपनी भांजी मानसी बांधे के शैक्षणिक प्रमाण-पत्र में पिता के नाम में संशोधन तथा ग्राम फरहदा के दिव्यांग रोहित कुमार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन दिलाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम गोइन्द्री की उर्मिलाबाई साहू ने पैतृक भूमि का बटांकन कराने तथा मुंगेली के संतोष पाठक ने खाता अद्यतन कराने की मांग रखी। इसके अलावा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने भी अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं से संबंधित आवेदन अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर श्री मायानंद चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा के ऑनलाइन आवेदन में सुधार 12 अगस्त तक
मुंगेली, 11 अगस्त 2026
जवाहर नवोदय विद्यालय समिति द्वारा सत्र 2027-28 में कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन 10 अगस्त तक आमंत्रित किया गया था। विद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर 12 अगस्त तक सुधार किया जा सकता है। नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा के ऑनलाइन पोर्टल cbseitms.rcil.gov.in/nvs/ के माध्यम से अपने आवेदन में सुधार कर सकते हैं।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन: संविदा पदों पर भर्ती हेतु पात्र-अपात्र सूची जारी
दावा-आपत्ति 19 अगस्त तक
मुंगेली, 11 अगस्त 2026
जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत विभिन्न संविदा पदों पर भर्ती हेतु प्राप्त आवेदनों की जांच एवं परीक्षण उपरांत पात्र-अपात्र सूची जारी की गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि सूची पर दावा-आपत्ति 19 अगस्त तक https://mungelinhms.indicompute.com/objection/ के माध्यम से आनलाइन आमंत्रित किया गया है। सूची का अवलोकन जिले के वेबसाइट https://mungeli.gov.in/en/notice_category/recruitment/ तथा कार्यालय सीएमएचओ के सूचना पर किया जा सकता है।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना: बीमा कराने अंतिम तिथि 14 अगस्त तक बढ़ी
मुंगेली, 11 अगस्त 2026
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत खरीफ 2026-27 सीजन के लिए किसानों के पंजीयन एवं प्रीमियम जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 14 अगस्त 2026 कर दी गई है। उप संचालक कृषि ने बताया कि किसानों को 02 प्रतिशत प्रीमियम की राशि देना होगा। धान सिंचित के लिए 1320 रूपए, धान असिंचित के लिए 946 रूपए, सोयाबीन के लिए 902 रूपए, अरहर (तुअर) के लिए 770 रूपए, मक्का के लिए 792 रूपए, उड़द एवं मूंग के लिए 484 रूपए, मूंगफली के लिए 924 रूपए, कोदो के लिए 352 रूपए, कुटकी के लिए 374 रूपए एवं रागी के लिए 330 रूपए प्रति हेक्टयर कृषक अंशराशि निर्धारित है।
अधिसूचित फसल लगाने वाले सभी कृषक को फसल बुआई प्रमाण पत्र अथवा फसल बोने का स्वघोषणा पत्र, नवीनतम भूमि प्रमाण पत्र (बी-1, पी-2), बैंक पासबुक एवं आधार कार्ड की छायाप्रति के साथ वैध मोबाइल नम्बर देना अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया कि कृषक फसल बीमा के अंतिम तिथि के पूर्व निकटतम बैंक शाखा, ग्रामीण बैंक, सहकारी समिति, लोक सेवा केन्द्र, भारत सरकार की बीमा पोर्टल के माध्यम से बीमा करा सकते हैं। जिले में योजना का क्रियान्वयन एचडीएफसी एग्रो जनरल इंश्योरेंश कंपनी लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए कृषक अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी से सम्पर्क कर सकते हैं।
15 अगस्त को जिले के सभी स्कूलों में होगा ‘उल्लास महा-चौपाल’
नवसाक्षरों की सफलता की कहानियां बनेंगी प्रेरणा
प्रदेश को शत-प्रतिशत साक्षर बनाने का लक्ष्य
मुंगेली, 11 अगस्त 2026
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इस वर्ष जिले में आजादी का पर्व साक्षरता उल्लास के साथ मनाया जाएगा। कलेक्टर एवं जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री गोकुल राम रावटे के मार्गदर्शन में 15 अगस्त 2026 को जिले के सभी स्कूलों में ‘उल्लास महा-चौपाल’ का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य साक्षरता को देशभक्ति से जोड़ते हुए जन-जन में शिक्षा, जागरूकता और कर्तव्यबोध की भावना को मजबूत करना है। शासन ने वर्ष 2026-27 में प्रदेश को शत-प्रतिशत साक्षर बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी दिशा में संचालित ‘उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम’ का मूल मंत्र ‘जन-जन साक्षर और कर्तव्य बोध’ है। कार्यक्रम के माध्यम से 15 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे वयस्कों को साक्षर बनाया जा रहा है, जो किसी कारणवश स्कूली शिक्षा प्राप्त नहीं कर सके।
15 अगस्त को ध्वजारोहण के पश्चात विद्यालयों में सामूहिक उल्लास शपथ, महा-चौपाल और ‘कहानियों का कारवां’ आयोजित किया जाएगा। नवसाक्षर अपने अनुभव साझा करते हुए बताएंगे कि पढ़ना-लिखना सीखने के बाद उनके जीवन में किस तरह सकारात्मक बदलाव आया। इसके साथ ही दादी-नानी की कहानी प्रतियोगिता, मातृत्व साक्षरता तथा ‘महा संकल्प’ के माध्यम से बच्चे अपनी निरक्षर माताओं को साक्षर बनाने का संकल्प लेंगे। कार्यक्रम के वातावरण निर्माण के लिए मोबाइल टॉर्च रैली, मशाल रैली और प्रभात फेरी सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। वहीं ‘अंगूठा मुक्त पंचायत’, ‘अंगूठे से कलम तक’ सम्मान समारोह एवं प्रशस्ति पत्र वितरण, साक्षरता रंगोली, नुक्कड़ नाटक और उल्लास थीम पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र होंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी.डाहिरे ने बताया कि जिले में वर्तमान में सभी ग्रामों एवं नगरीय निकायों के वार्डों में असाक्षरों के चिन्हांकन के लिए सर्वेक्षण जारी है। चिन्हांकन के बाद नवसाक्षरों को कक्षा 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों के माध्यम से 200 घंटे का अध्यापन कराया जाएगा। इसके बाद उन्हें शिक्षार्थी आकलन परीक्षा में शामिल कराया जाएगा। इस अभियान में विद्यार्थियों की सहभागिता को प्रोत्साहित करने के लिए 10 असाक्षरों को साक्षर करने वाले कक्षा 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों को बोर्ड एवं स्थानीय परीक्षा में 10 बोनस अंक देने का प्रावधान किया गया है।
पिछले वर्ष जिले के 96 विद्यार्थियों को साक्षरता अभियान में योगदान के लिए बोनस अंक प्राप्त हुए थे। इसका एक प्रेरक परिणाम दशरंगपुर स्कूल की कक्षा 12वीं की छात्रा की सफलता के रूप में सामने आया, जिसने बोनस अंकों के सहयोग से पूरे मुंगेली जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। अभियान के तहत ‘सुपर 30’ एवं ‘उल्लास ज्ञान रथ’ का संचालन भी किया जाएगा।
ग्राम भटगांव में 06 बल्क लीटर महुआ मदिरा एवं 40 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त
मुंगेली, 11 अगस्त 2026
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार छापामार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने जिले के ग्राम भटगांव में कार्रवाई करते हुए अजय कुमार के कब्जे से 06 बल्क लीटर महुआ मदिरा एवं 40 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त की।
जिला आबकारी अधिकारी श्री रविशंकर साय ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया और आरोपी अजय कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। यह कार्रवाई सहायक आबकारी अधिकारी श्री रविन्द्र पाण्डेय के मार्गदर्शन में की गई, जिसमें आबकारी विभाग की टीम शामिल रही।