छत्तीसगढ़ / रायगढ़
नाग-नागिन का अद्भुत मिलन, ग्रामीणों ने माना शुभ संकेत
रायगढ़ । लैलूंगा के एक खेत में नाग-नागिन का जोड़ा प्रेम करते हुए नजर आया। जैसे ही लोगों की नजर इस दुर्लभ दृश्य पर पड़ी, देखते ही देखते वहाँ भारी भीड़ इक_ा हो गई। इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ इसे प्राकृतिक प्रेम का प्रतीक मान रहे हैं तो कुछ लोग इसे किसी शुभ घटना का संकेत मानते हुए पूजा-पाठ करने की भी बात कर रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाग-नागिन का जोड़ा खेत में आपस में लिपटा हुआ था और बड़ी ही शांत मुद्रा में एक-दूसरे के साथ समय बिता रहा था। यह दृश्य लगभग आधे घंटे तक चला, जिसे देखने के लिए आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचने लगे। कुछ लोगों ने मोबाइल से वीडियो और तस्वीरें भी खींची, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
रायगढ़ अनुभाग के 70 पटवारियों का ट्रांसफर, देखें लिस्ट...
रायगढ़। कलेक्टर कार्तिकेय गोयल के निर्देश पर सभी एसडीएम ने अपने तहसीलों में पटवारियों के प्रभार में फेर बदल किया है। 9 अप्रैल को यह स्थानांतरण आदेश जारी कर सभी स्थानांतरित पटवारियों को रिलीव कर सभी को 11 अप्रैल को अपने नए प्रभार में ज्वाइनिंग के निर्देश दिए गए हैं।
इस फेरबदल में सबसे अधिक 70 पटवारियों का ट्रांसफर रायगढ़ अनुभाग अंतर्गत किया गया है। वहीं खरसिया में 24, लैलूंगा में 25, धरमजयगढ़ में 14 और घरघोड़ा में 36 पटवारियों का ट्रांसफर किया गया है।
इस संबंध में भू अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी अनुसार जिला रायगढ़ में राजस्व प्रशासन के उत्कृष्ठ संचालन तथा प्रशासनिक काम-काज की बेहतरी की अवधारणा को दृष्टिगत रखते हुये राजस्व प्रशासन में पटवारियों के व्यापक स्तर पर स्थानांतरण किये गये हैं। भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में कुल 169 पटवारियों को उनके पदस्थापना स्थल वाली तहसील से भिन्न तहसीलों तथा पटवारी हल्कों में पदस्थापित किया गया है। जानकारी के अनुसार अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) रायगढ़ द्वारा 70 पटवारियों को, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) खरसिया द्वारा 24 पटवारियों को, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) लैलूंगा द्वारा 25 पटवारियों को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) धरमजयगढ़ द्वारा 14 पटवारियों को एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) घरघोड़ा द्वारा 36 पटवारियों को दिनांक 09 अप्रैल 2025 को उनके वर्तमान कार्य स्थल से हटाकर नवीन कार्य स्थल पर कार्य करने हेतु आदेशित किया गया है।
समस्त पटवारियों को अपने नवीन कार्य स्थल पर 11 अप्रैल को अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर कार्य प्रभार ग्रहण करने हेतु निर्देश जारी किये गये हैं। उपरोक्त स्थानांतरण से जिले के राजस्व प्रशासन में एक नवीन गतिशीलता स्थापित होगी तथा लोक हित के कार्य और अधिक प्रभावी तथा कुशलतापूर्ण ढंग से संपादित किये जा सकेंगे।
चोरी की 16 बाइक के साथ चार गिरफ्तार
रायगढ़ । शहर और आसपास के क्षेत्रों में हो रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने थोड़ा लगाम लगाते हुए 16 चोरी की बाइकें के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो वाहन चोर और दो चोरी की संपत्ति के खरीदार शामिल हैं। गिरोह के खुलासे की शुरुआत उस समय हुई जब मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली कि अजय कुमार कोसले नामक युवक अपने साथी विष्णु कोसले के साथ मिलकर रायगढ़ शहर और आसपास के क्षेत्रों में बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा है।
सूचना की पुष्टि होते ही अजय से पूछताछ किया गया, जिसने पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए। आरोपी ने बताया कि वह और विष्णु मिलकर पुसौर, खरसिया, जूटमिल, कोतवाली, चक्रधरनगर थाना क्षेत्रों से मोटर साइकिलें चुरा रहे थे और इन्हें सारंगढ़ के मनोज देवांगन तथा महासमुंद के हृदय देवांगन को 10 से 12 हजार रुपये में बेच देते थे।
पुलिस टीम ने आरोपी आजय कोसले से 04, विष्णु कोसले से 03, मनोज देवांगन से 04 तथा हृदय देवांगन से 05 कुल 16 बाइक बरामद किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मास्टर चाबी बनाकर रात के अंधेरे में सुनसान जगह खड़ी बाइकों को निशाना बनाते थे और चोरी की गई बाइक को एक दिन अपने किराए के मकान में छिपाकर अगले दिन खरीदारों को बेच देते थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संगठित अपराध संबंधी धारा 112(2), चोरी संपत्ति की खरीदी-बिक्री से संबंधित धारा 317(2) और 317(4) के तहत मामला दर्ज किया।
छत्तीसगढ़ का बजट प्रदेश के विकास को ध्यान में रखकर बनाया गया है- प्रदेश चेम्बर
रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार जो कार्य कर रही है वह आने वाले दिनों में प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होंगे। प्रदेश चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रियल एसोसिएशन रायगढ़ अध्यक्ष हीरा मोटवानी एवं महामंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने आज जो बजट पेश किया है वह भी दूरगामी परिणामों को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है। इसमें वित्त का आबंटन इस तरह से किया गया है कि प्रदेश में बेहतर आधारभूत संरचना के साथ-साथ सरल एवं उम्दा प्रशासन, तकनीक का उपयोग, साथ-साथ औद्योगिक संवर्धन जिसे गति के नाम दिया गया है। जिससे न केवल लोगों को सुविधा होगी बल्कि औद्योगिक क्षेत्र के संवर्धन के साथ बेरोजगारी की समस्या भी हल होगी।
इसी तरह महतारी वंदन योजना ,नर्सिंग कॉलेज ,फिजियोथेरेपी कॉलेज, फार्मास्यूटिकल पार्क ,मुख्यमंत्री रिंग रोड योजना प्रदेश के शहरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक उम्दा सड़कों का जाल प्रदेश की राजधानी को स्टेट कैपिटल रीजन बनाना मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना ,छोटे व्यापारियों के पुराने वेट एवं सेल टैक्स की माफी ,संपत्ति हस्तांतरण में लगने वाले स्टांप ड्यूटी में छूट जैसे निर्णय स्वागत योग्य है। कुल मिलाकर यह बजट आने वाले दिनों में प्रदेश की तरक्की में अपनी भूमिका अदा करेगा। उन्होंने कहा कि उम्मीद की जा रही थी की बजट में समाधान स्कीम की भी घोषणा हो जाएगी परंतु वह नहीं हो पाई है अतः वित्त मंत्री जी से निवेदन है कि वह जल्दी से जल्दी अपने घोषणा पत्र के अनुसार समाधान स्कीम को भी लागू करवाएं ।
घूस लेते महिला इंस्पेक्टर गिरफ्तार
रायगढ़। नापतोल विभाग में पदस्थ महिला निरीक्षक को पेट्रोल पंप संचालक से 8 हजार की रिश्वत लेते एसीबी ने गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नापतौल विभाग में पदस्थ महिला निरीक्षक ओलिभा किस्पोट्टा ने पेट्रोल पंप संचालक से रिश्वत की मांग की थी।
पेट्रोल पंप संचालक ने पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपए महिला निरीक्षक को दिए थे, इसके बाद दूसरी किस्त की रकम 8 हजार रुपये की मांग की।
इसकी शिकायत पेट्रोल पंप संचालक ने एसीबी से की और सोमवार सुबह रायगढ़ में एसईसीएल रोड स्थित नापतोल विभाग में एसीबी की टीम ने दबिश दी जहां पेट्रोल पंप संचालक की शिकायत पर ट्रैप आयोजित कर महिला निरीक्षक ओलिभा किस्पोट्टा को 8 हजार रुपये का रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। महिला निरीक्षक के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
नापतौल इंस्पेक्टर रिश्वत लेते गिरफ्तार, ACB की कार्रवाई
रायगढ़। रायगढ़ जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को नापतौल विभाग की इंस्पेक्टर ओलिभा किषपोट्टा को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, नापतौल इंस्पेक्टर ओलिभा किषपोट्टा पेट्रोल पंप में नापतौल की गड़बड़ी को लेकर वहां के संचालक से 18,000 रुपये की रिश्वत मांग रही थी। इसमें से उसने पहले ही 10,000 रुपये एडवांस के तौर पर ले लिए थे। बाकी बचे 8,000 रुपये की रकम लेते हुए आज उसे ACB ने पकड़ लिया।
ACB की इस कार्रवाई से जिले के अन्य विभागों में हड़कंप मच गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
चाय बेचने वाला बना रायगढ़ का महापौर, ओपी चौधरी ने दी बधाई
रायगढ़ । छत्तीसगढ़ के रायगढ़ नगर निगम में भाजपा महापौर प्रत्याशी जीववर्धन चौहान ने 27 हजार वोट से बड़ी जीत दर्ज की है. उन्होंने इस जीत का श्रेय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित ओपी चौधरी के साथ-साथ कार्यकर्ताओं को दिया है. जीववर्धन ने कहा, रायगढ़ के विकास के लिए योजना बनाकर काम करेंगे. चुनाव जीतने के बाद भी जीववर्धन लोगों को चाय पिला रहे हैं.
उन्होंने कहा कि दुकान में रहकर ही लोगों की समस्या को सुनूंगा और उसका समाधान करूंगा. बता दें कि भाजपा ने चाय बेचने वाले भाजपा कार्यकर्ता जीववर्धन चौहान पर भरोसा जताकर उन्हें रायगढ़ महापौर का टिकट दिया था. यहां चुनावी प्रचार का कमान वित्त मंत्री ओपी चौधरी संभाले थे. मंत्री चौधरी ने लगातार कैंपेन चलाकर भाजपा के पक्ष में जनता से समर्थन मांगा था. वहीं सीएम विष्णुदेव साय के साथ वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने रायगढ़ में रोड शो भी किया था।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की कड़क चाय का जायका
रायगढ़ । चुनावी गर्मी के बीच रायगढ़ में एक चाय की दुकान पर माहौल चाय की भाप से और भी गर्म हो गया, जब खुद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चाय बनाई। यह कोई आम चाय नहीं थी, बल्कि अदरक वाली कड़क चाय, जिसे पीकर लोग बोले- वाह! सीएम साहब, आपकी चाय में भी दम है! दरअसल, मुख्यमंत्री साय भाजपा महापौर प्रत्याशी जीवर्धन चौहान के समर्थन में रायगढ़ पहुंचे थे। पूरे जोश के साथ पांच किलोमीटर लंबा रोड शो करने के बाद वे सीधे जीवर्धन चौहान की मिनीमाता चौक स्थित चाय दुकान पहुंचे। वहां न केवल चाय बनाई, बल्कि खुद लोगों को प्याली थमाते हुए बोले- चाय से ज्यादा मीठी जीवर्धन भाई की जुबान और उनका व्यवहार है!
बनाई खुद चाय, लोगों से कहा - मेहनत का सम्मान ही भाजपा की पहचान
चाय की दुकान पर जब मुख्यमंत्री खुद स्टोव जलाकर अदरक, इलायची और चाय पत्ती डालने लगे, तो वहां मौजूद लोगों में उत्साह की लहर दौड़ गई। किसी ने कैमरा ऑन किया, तो कोई वीडियो बनाने में जुट गया। चाय बनने के बाद मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों को खुद चाय सर्व की।
उन्होंने कहा, एक साधारण कार्यकर्ता की मेहनत का सम्मान भाजपा में ही संभव है। जिस तरह चाय बेचने वाले नरेंद्र मोदी आज दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता बने, उसी तरह जीवर्धन भाई भी जनता के आशीर्वाद से रायगढ़ के महापौर बनेंगे।
चाय से बनी चुनावी चर्चा, लोगों ने कहा - यह चाय तो कमाल की है!
चाय पीने के बाद लोगों ने कहा कि सीएम की बनाई अदरक वाली चाय वाकई कड़क थी। चुनाव प्रचार के बीच यह चाय सिर्फ एक प्याला नहीं, बल्कि पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए जोश और ऊर्जा का नया स्वाद थी
रायगढ़ में सीएम साय का रोड शो
रायगढ़ । जिले में सीएम विष्णुदेव साय भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो करेंगे। इस दौरान सीएम साय जीवर्धन चौहान और अन्य पार्षद प्रत्याशियों के लिए प्रचार करेंगे। इस दौरान सीएम साय दोपहर 2: 40 से 4 बजे तक सत्तीगुड़ी चौक से मिनीमाता चौक तक रोड शो करेंगे। मिनीमाता चौक पर भाजपा महापौर प्रत्याशी जीवर्धन चौहान की चाय दुकान है।
रोड शो में सीएम विष्णुदेव साय के अलावा रायगढ़ विधायक, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह और लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया शामिल होंगे। रोड शो के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है। शाम 4 बजे सीएम साय रायगढ़ से रायपुर के लिए रवाना होंगे।
कांग्रेस प्रत्याशी ने जारी किया घोषणा पत्र
निकाय चुनाव के मतदान से पहले घोषणाओं का पिटारा खुल गया है। रायपुर नगर निगम से कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी दीप्ती दुबे ने कई घोषणाएं की है। जिसमें उन्होंने 10 बिंदुओं पर दृढ़ संकल्प के साथ शहर विकास का वादा किया है। दीप्ति दुबे ने निगम दफ्तर में कॉल सेंटर से 24 घंटे में शिकायत निवारण करने की घोषणा की है। साथ ही हर वार्ड में उत्कृष्ट आंगनबाड़ी और मितानिन केंद्र स्थापना की भी घोषणा की है।
10 बिन्दुओं का किया वादा
कांग्रेस प्रत्याशी दीप्ति दुबे ने अपने घोषणा पत्र में शहर के खुले नाले, चेंबरों को ढंकने का काम शीघ्र कराने की बात कही है। साथ ही पंजीकृत गणेश पंडालों को हर वर्ष प्रोत्साहन राशि देने की भी घोषणा की है। इसके अलावा उन्होंने आवारा पशुओं से निजात के लिए गौठान, श्वानगृह बनाने का भी वादा किया है।
निर्वाचन की सभी तैयारियों को दें अंतिम रूप : कार्तिकेया गोयल
कलेक्टर ने अधिकारियों की बैठक लेकर निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा की
रायगढ़ । कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में निर्वाचन कार्यों की तैयारी के संबंध में अधिकारियों की बैठक ली। कलेक्टर श्री गोयल ने कहा कि निर्वाचन कार्यों के अंतर्गत सभी अधिकारी-कर्मचारी उनको दिए गए दायित्वों का निर्वहन पूरी सजगता से करेंगे। उन्होंने कहा कि मतदान दलों के प्रशिक्षण के साथ ही अब ईवीएम के रेंडमाइजेशन का काम पूरा किया जाएगा। जिसके पश्चात मशीनों की कमीशनिंग का कार्य निर्धारित गाइडलाइन और समयावधि में पूरा करना है। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कर ली जाए।
कलेक्टर श्री गोयल ने ईवीएम मशीनों के डेमो प्रदर्शन जिले के सभी नगरीय निकायों के वार्डों में तय शेड्यूल के अनुसार पूरा करें। इससे लोगों को ईवीएम से मतदान के पूरी प्रक्रिया के बारे में जानकारी मिलेगी। उन्होंने सभी सेक्टर अधिकारियों से कहा कि अपने क्षेत्र के अंतर्गत मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सभी बुनियादी सुविधाएं अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करवा लें। कलेक्टर श्री गोयल ने मतदान सामग्री वितरण की तैयारियों के साथ ही सभी नगरीय में स्ट्रांग रूम में जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर श्री गोयल ने आगामी गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए सभी अधिकारियों को पेयजल आपूर्ति के लिए अनिवार्य व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिससे लोगों को पेयजल के लिए समस्या न हो।
बर्ड फ्लू को लेकर बरतें एहतियात
कलेक्टर श्री गोयल ने कहा कि बीते दिनों बर्ड फ्लू का मामला रायगढ़ में आया। इसको लेकर भारत सरकार के प्रोटोकॉल के अनुसार एहतियाती कदम उठाए गए हैं। 'इंफेक्टेड और सर्विलांस' जोन बनाकर दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से पोल्ट्री उत्पादों को लेकर इन जोन में निगरानी रखी जाए।
बर्ड फ्लू नियंत्रण के निर्देशों का उल्लंघन, 8 होटलों पर 65 हजार का लगाया जुर्माना
सभी होटल संचालकों को गाइडलाइंस के अनिवार्य पालन के दिए गए दिशा-निर्देश
रायगढ़। बर्ड फ्लू नियंत्रण के तहत जारी प्रतिबंधात्मक आदेश के तहत नगर निगम क्षेत्र में जांच दल द्वारा पोल्ट्री पदार्थों के विक्रय और उपयोग के संबंध में पोल्ट्री मार्केट और होटलों की औचक जांच की गई। चक्रधर नगर पोल्ट्री फार्म में कार्यरत सभी अधिकारी-कर्मचारियों के संक्रमण वायरल टेस्ट कराया गया। जिसका रिजल्ट नेगेटिव आया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 'इंफेक्टेड जोन' में डोर टू डोर संपर्क कर लोगों को सर्दी बुखार की स्थिति में तत्काल उपचार लेने की सलाह दी।
नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने बताया कि शहर में आमंत्रण होटल, जानकी होटल, पंजाब होटल सहित 8 होटलों में औचक जांच में यहां चिकन पकाते पाया गया। इस पर इन होटलों पर कुल 65 हजार का जुर्माना लगाया गया और चिकन पकाने को बंद कराते हुए सभी होटल प्रबंधन को बर्ड फ्लू के लिए जारी दिशा-निर्देशों के अनिवार्य रूप से पालन करने की समझाईश दी गई। इसके साथ ही पोल्ट्री मार्केट की भी लगातार जांच जारी है।
बर्ड फ्लू नियंत्रण प्रोटोकॉल के तहत पोल्ट्री फार्म में कार्यरत सभी अधिकारी-कर्मचारियों के सैंपल लिए गए थे। जो संक्रमण वायरल टेस्ट निगेटिव पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 'इंफेक्टेड जोन' में लोगों के स्वास्थ्य की मॉनिटरिंग की जा रही है। इस क्षेत्र में डोर टू डोर सर्वे कर लोगों स्वास्थ्य के लिहाज से जरूरी दिशा-निर्देश बताते हुए सर्दी बुखार की दशा में तत्काल उपचार लेने की सलाह दी गई है।
2 मार्च रविवार को होगी परीक्षा
रायगढ़। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में शिक्षण सत्र 2025-26 के लिए कक्षा 6 वीं में प्रवेश हेतु प्रवेश परीक्षा 16 फरवरी 2025 को आयोजित होना था। चूंकि नगर पालिकाओं एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन के चलते जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावशील होने के कारण उक्त तिथि में संशोधित करते हुए अब प्रवेश परीक्षा 2 मार्च 2025 दिन रविवार को प्रात: 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक 2 घंटे आयोजित की जाएगी। प्रवेश नियमावली के संबंध में ऑनलाईन वेबसाईट www.eklavya.cg.nic.in पर अवलोकन किया जा सकता है।
मीडिया प्रतिनिधियों के लिए आयोजित हुआ ईवीएम डेमो प्रदर्शन
ईवीएम से मतदान प्रक्रिया की दी गई जानकारी
रायगढ़ । कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कार्तिकेया गोयल के निर्देशन में नगरीय निकाय निर्वाचन-2025 के तहत आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में मीडिया प्रतिनिधियों के लिए ईवीएम डेमो प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर राकेश कुमार गोलछा, डिप्टी कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी निर्वाचन समीर बड़ा उपस्थित रहे।
मास्टर ट्रेनर राजेश डेनियल एवं विकास रंजन सिन्हा ने ईवीएम डेमो प्रदर्शन में जानकारी देते हुए बताया कि सभी नगरीय निकायों में ईवीएम से मतदान होना है। इस बार के निर्वाचन में एम टू टाइप की मशीनें प्रयुक्त होंगी, जिसमें कंट्रोल यूनिट तथा बैलेट यूनिट का ही प्रयोग होगा। वहीं नगर निगम रायगढ़ के वार्ड क्रमांक 24, 25, 36, 40, 42 एवं 47 में पार्षद पद के अभ्यर्थियों की संख्या अधिक होने के कारण एक के स्थान पर दो बीयू का इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने ईवीएम के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जिले के स्थानीय नगरीय निकायों के निर्वाचन में राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जिस इलेक्ट्रॉनिक मतदान मशीन का उपयोग किया जा रहा है वह बहुपद, बहुस्थान वाली ईवीएम है जिसमें एक मतदाता द्वारा दोनों पदों के लिए दो बार बटन महापौर/अध्यक्ष तथा पार्षद पद के प्रत्याशियों के लिए मतदान किया जा सकता है। मास्टर ट्रेनर द्वय ने कंट्रोल यूनिट के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि कंट्रोल यूनिट के चार भाग हैं जिनमें डिस्प्ले सेक्शन, कैंडिडेट सेक्शन, रिजल्ट सेक्शन एवं बैलेट सेक्शन होते हैं। इसी तरह बैलेट यूनिट के संबंध में बताया गया कि बैलेट यूनिट में 16 बटन होते है। अंतिम (क्रमांक 16)बटन इंड बटन होता है। मतगणना के लिए मतगणना कक्ष में केवल कंट्रोल यूनिट ही लाई जाएगी।
मास्टर ट्रेनर ने ईवीएम मतदान प्रक्रिया के संबंध में बताया कि मतदान अधिकारी क्रमांक 1 द्वारा मतदाता के सत्यता की पुष्टि के पश्चात मतदान अधिकारी क्रमांक-2 मतदाता रजिस्टर में सुसंगत प्रविष्टि और हस्ताक्षर लेगा। इसी प्रकार मतदान अधिकारी क्रमांक 3 सीयू पर बैलेट बटन दबाकर मत जारी करेगा। जिससे वोटिंग कम्पार्टमेन्ट में सीयू पर लाल बल्ब और बीयू पर हरा बल्ब जलेगा। तत्पश्चात मतदाता मतदान कर सकता है। मतदाता को महापौर या अध्यक्ष पद के लिए सफेद मतपत्र लेबल में अपनी पसंद के अभ्यर्थी के सामने के खुले बटन को दबाकर मतदान करना होगा, इसकी पुष्टि के लिए बीप की छोटी आवाज आएगी। इसी तरह पार्षद पद के लिए गुलाबी लेबल में अपनी पसंद के अभ्यर्थी के सामने के खुले बटन को दबाकर मतदान करना होगा। जिसकी पुष्टि के लिए बीप की लंबी आवाज आएगी, जिसका मतलब होगा कि मतदान पूरा हुआ। इस दौरान मीडिया प्रतिनिधियों ने मतदान प्रक्रिया से संबंधित अपने संशय को भी दूर किए।
जिला पंचायत सदस्य के लिए 81 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन पत्र किया दाखिल
4 फरवरी को संवीक्षा तथा 6 फरवरी नाम वापस लेने की अंतिम तारीख
रायगढ़ । कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कार्तिकेया गोयल के निर्देशन में त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2024-25 हेतु लिए जा रहे नाम निर्देशन प्रक्रिया के तहत अंतिम तिथि आज 3 फरवरी तक की स्थिति में जिला पंचायत सदस्य के लिए कुल 81 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया। जिनमें विकासखण्ड रायगढ़ से 15, पुसौर से 18, खरसिया से 12, घरघोड़ा से 2, तमनार से 9, लैलूंगा से 12 एवं धरमजयगढ़ से 13 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया है।
उल्लेखनीय है कि त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन में मतदान तीन चरण में संपन्न होंगे। तीनों चरणों के लिए 27 जनवरी 2025 से नाम निर्देशन पत्र की प्रक्रिया शुरू हुई थी। तीनों चरणों के लिए 3 फरवरी 2025 नाम निर्देशन प्राप्त करने की अंतिम तिथि थी। तीनों चरणों में नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 4 फरवरी 2025 को की जाएगी। तीनों चरणों के लिए अभ्यर्थिता से नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 6 फरवरी 2025 है, निर्वाचन लडऩे वाले अभ्यर्थियों की सूचना तैयार कर प्रकाशन करना व निर्वाचक प्रतीकों का आबंटन 6 फरवरी 2025 को ही किया जाएगा।
प्रथम चरण के लिए मतदान एवं मतदान केन्द्र पर की जाने वाली मतगणना 17 फरवरी 2025 और खण्ड मुख्यालय पर की जाने वाली मतगणना 18 फरवरी 2025 को की जाएगी। द्वितीय चरण के लिए मतदान एवं मतदान केन्द्र पर की जाने वाली मतगणना 20 फरवरी 2025 और खण्ड मुख्यालय पर की जाने वाली मतगणना 21 फरवरी 2025 को की जाएगी। तृतीय चरण के लिए मतदान एवं मतदान केन्द्र पर की जाने वाली मतगणना 23 फरवरी 2025 और खण्ड मुख्यालय पर की जाने वाली मतगणना 24 फरवरी 2025 को की जाएगी।
रायगढ़ में बीजेपी पार्षद प्रत्याशी पूनम सोलंकी निर्विरोध निर्वाचित
रायगढ़। रायगढ़ नगर निगम चुनाव का पहला परिणाम भाजपा के पक्ष में आ गया है। नगरनिगम के वार्ड क्रमांक 18 से भाजपा प्रत्याशी पूनम सोलंकी निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। कांग्रेस प्रत्याशी शीला साहू ने नामांकन पत्र वापस ले लिया। भाजपा इसे बड़ी जीत मान रही है। उधर कांग्रेस वार्ड क्रमांक 18 से पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के नामांकन पत्र वापस लेने से सदमे में हैं।
गौरतलब है कि वार्ड क्रमांक 18 से भाजपा प्रत्याशी पूनम दिबेश सोलंकी ने पिछले चुनाव में जीत हासिल की थी। और नगरनिगम नेता प्रतिपक्ष पद पर रह कर नगरनिगम की राजनीति में बेहद सक्रिय रहीं। इस चुनाव में वार्ड क्रमांक 18 से भाजपा ने उन्हें फिर से प्रत्याशी बनाया और कांग्रेस से शीला साहू प्रत्याशी रही, लेकिन नामांकन वापसी के आखिरी दिन कांग्रेस प्रत्याशी ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया, जिससे वार्ड क्रमांक 18 से भाजपा प्रत्याशी पूनम दिबेश सोलंकी निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं।
भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा मे सम्मिलित छात्र छात्राओं को दिया गया प्रमाण पत्र
रायगढ़। किरोडीमल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय में गायत्री परिवार के तत्वाधान में पिछले कई वर्षो से अनवरत आयोजित " भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा " में सम्मिलित हुए महाविद्यालयीन छात्र-छात्रओं को प्राचार्य डॉ. मनोरमा पांडेय और संस्कृत भाषा विभागाध्यक्ष अमितधर दुबे के द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया ।
कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने स्पोर्ट्स क्लब में फहराया झंडा
रायगढ़। 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने आज स्पोर्ट्स क्लब रायगढ़ में झंडा फहराया। इस अवसर स्पोर्ट्स क्लब के पदाधिकारी एवं खिलाड़ी मौजूद रहे।