छत्तीसगढ़ / रायपुर
रायपुर : राजभवन में मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ एन.सी.सी. संचालनालय के कैडेट्स का ‘एट होम‘ कार्यक्रम संपन्न
युवा देशहित में समर्पण के साथ कार्य करें - राज्यपाल श्री हरिचंदन
राज्यपाल श्री विश्वभूषण हरिचंदन ने कैडेट्स को गणतंत्र दिवस परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और पूरे देश में 6 वां स्थान प्राप्त करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने सैन्य अधिकारियों को भी बधाई दी, जिन्होंने कड़ी मेहनत और समर्पण से कैडेटों को प्रशिक्षण देकर आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त किया और उन्हें इस स्तर तक पहुंचाया।
श्री हरिचंदन ने एन.सी.सी. कैैडेट्स का आव्हान किया कि वे देशहित के लिए निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करें और देश पर हमेशा गर्व करें। उन्होंने कहा कि वंचित वर्गो की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में न केवल, भारत विश्व में अपना महत्व साबित कर रहा है बल्कि देश के अंदर भी सभी क्षेत्रों में प्रगति हो रही है। प्रधानमंत्री ने विकसित भारत 2047 की संकल्पना के लिए युवाओं को बढ़-चढ़ कर भाग लेने की अपील की है जिससे देश के सभी युवा उत्साहित हैं।
उन्होंने कहा कि एनसीसी एक ऐसा माध्यम है जो युवाओं को सैन्य प्रशिक्षण देकर उन्हें सैन्य गतिविधियों से अवगत कराता है और अनुशासन बनाए रखते हुए एकता की भावना विकसित करता है। एनसीसी संगठन द्वारा आयोजित शिविरों और कार्यक्रमों के माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों से आए कैडेट न केवल एक-दूसरे की सांस्कृतिक विरासत के बारे में जानते हैं बल्कि विदेशों में जाकर भारतीय संस्कृति का परिचय भी देते हैं, जो बेहद सराहनीय है। उन्होंने विशेष रूप से एन.सी.सी. गर्ल्स बटालियन की सराहना की और कहा कि इसी प्रकार लड़कियों को परिजन द्वारा प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने एन.सी.सी. द्वारा विभिन्न साहसिक गतिविधियों, प्राकृतिक आपदाओं और दुर्घटनाओं में सहायता करने एवं सामाजिक कार्यों में भाग लिए जाने पर प्रसन्नता जाहिर की।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि कैडेट्स भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ नई उपलब्धियां हासिल करेंगे और देश व प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
ब्रिगेडियर श्री विक्रम सिंह चौहान वाई.एस.एम ने मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ एन.सी.सी. संचालनालय की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बता कि राज्य में इसकी 16 यूनिट कार्यरत है जिसमे 2 यूनिट गर्ल्स कैडेट्स की है। राज्य में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में 23000 से अधिक कैडेट्स जुडे़ हुए हैं। जिसे बढ़ाने की कार्यवाही चल रही है। उन्हांेने कहा कि ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत‘ योजना के तहत कैडेट्स दूसरे राज्यों में जाकर वहां की संस्कृति से परिचित होते हैं, जिससे राष्ट्रीय एकता मजबूत होती है।
कार्यक्रम में कैडेट्स द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। राज्यपाल श्री हरिचंदन को मिराज 2000 का एरो मॉडल, भारतीय नौसेना का आईएनएस शिवालिक का मॉडल और एन.सी.सी. के ध्येय वाक्य को दर्शाता हुआ प्रतीक चिन्ह भेंट किया गया। राज्यपाल ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए कैडेट्स को पुरस्कृत किया।
जब लड़खड़ाती आवाज़ में जवान नरेंद्र ने बयां की शौर्य की दास्तान, सुनकर भावुक हुए मुख्यमंत्री, दी एक लाख रुपये की त्वरित आर्थिक सहायता
राजौरी-पुंछ में 2017 में आतंकवादियों से मुठभेड़ में जवान नरेंद्र को सिर पर लगी थी गोली, लगभग छह महीने तक कोमा में रहे, अब भी शरीर में हैं बारूद के कण
रायपुर जिले के 21 युवाओं का अग्निवीर के लिए हुआ चयन
भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन पोर्टल में पंजीयन की अंतिम तिथि 24 मार्च
रायपुर । भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए युवाओं में अपार उत्साह है। वर्ष 2023 के अग्निवीर भर्ती के परिणाम हाल ही में घोषित किए गए है। जिसमें रायपुर जिले के 21 युवाओं का चयन किया गया है। चयनित युवाओं को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित भी किया गया। चयनित युवाओं को स्कूलों व ग्राम पंचायतों में पहुंचकर युवाओं को उत्साह वर्धन करने और अधिक से अधिक युवाओं को ऑनलाईन पोर्टल में भर्ती के लिए फॉर्म जमा कराने का आग्रह किया।
गौरतलब है कि जिला प्रशासन द्वारा जिले के युवाओं को जांजगीर-चांपा में हुए भर्ती प्रक्रिया के लिए बस सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। साथ ही मार्गदर्शन भी दिया गया था। और उन्हें भर्ती संबंधित पूरी जानकारी प्रदान की गई थी।
रायपुर जिले के तिल्दा तहसील के ग्राम चांपा निवासी 20 वर्षीय प्रशांत वर्मा का भारतीय थल के अग्निवीर के लिए चयनित किया गया है। प्रशांत ने कम उम्र में ही अग्निवीर भर्ती में सफलता हासिल कर ली है। वे बताते हैं कि लगभग दो साल से वे अग्निवीर भर्ती के लिए तैयारी कर रहे थे। उन्हें गांव के लोग ही भर्ती में शामिल होने के लिए हौंसला देते थे और प्रेरित करते थे। साथ ही उन्हें लंबे समय से फौज में भर्ती होकर देश सेवा का जुनून था। परिवार के लोगों को भी प्रशांत से काफी उम्मीद थी और कड़ी मेहनत एवं लगन की वजह से प्रशांत को सफलता मिली।
तिल्दा ब्लॉक के ग्राम सरफोंगा निवासी सुनील निषाद का भी चयन अग्निवीर भर्ती में भारतीय थल सेना में चयन हुआ है। श्री सुनील बताते हैं कि वे लंबे समय से सेना में भर्ती के लिए काफी मेहनत कर रहे थे। गांव में ही दिन-रात फिजिकल टेस्ट के लिए अभ्यास करते थे और साथ ही निजी संस्था से मार्गदर्शन भी प्राप्त कर रहे थे। चयनित युवाओं और उनके परिवार में काफी हर्ष का माहौल है। प्रशांत और सुनील ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद दिया।
थल सेना में अग्निवीर के लिए आवेदन ऑनलाइन अंतिम तिथि 22 मार्च तक
थल सेना में अग्निवीर के लिए आवेदन ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आमंत्रित किए गए है। युवाओं के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 22 मार्च तक है। शासन द्वारा रायपुर जिले के लिए 2 हजार युवाओं का पंजीयन कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। भारतीय थल सेना में अग्निवीर के पंजीयन के लिए सर्व नगरीय निकाय, नगर पालिक निगम रायपुर व बीरगांव, जिले के सभी जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, प्राचार्य पॉलिटेक्निक, सभी शासकीय और अशासकीय महाविद्यालय व सभी शासकीय व अशासकीय आई.टी.आई. के प्राचार्यों को युवाओं से पोर्टल में ऑनलाइन आवेदन कराने के लिए लक्ष्य दिया गया है।
महाशिवरात्रि पर चंद्रशेखर स्वरूप में होगा बाबा बुढ़ेश्वर नाथ का विवाह
रायपुर । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सबसे प्राचीन और विशाल शिवालय बुढ़ेश्वर महादेव मंदिर में बाबा बुढ़ेश्वरनाथ चंद्रशेखर स्वरूप धारण कर विवाह रचाएंगे। इसे हेतु पूरे मंदिर को भव्य वैवाहिक स्थल के रूप में मंडप का स्वरूप दिया जा रहा है। इसके लिए तैयारियां जोर-जोर से प्रारंभ हो गई है।
रायपुर पुष्टिकर समाज के मुख्य ट्रस्टी चंद्र प्रकाश व्यास ने बताया कि बुढ़ेश्वर महादेव मंदिर लगभग 400 वर्ष प्राचीन है और यहां पर स्वयंभू शिवलिंग है जिसके दर्शन मात्र से ही भक्तों की मनोकामना पूर्ण हो जाती है। इसका संचालन प्राचीन काल से रायपुर पुष्टिकर समाज द्वारा किया जा रहा है । उन्होंने बताया कि महाशिवरात्रि पर्व के लिए तैयारी मंदिर परिसर में जोरों से चल रही है पूरे शिवालय को एक वैवाहिक मंडप का स्वरूप दिया जा रहा है जिसमें भगवान भोलेनाथ की बारात का दृश्य मंदिर के बाहर स्थल में देखने को मिलेगा वहीं मंदिर के गर्भ गृह को वैवाहिक वेदी का स्वरूप दिया जा रहा है जहां पर भगवान शिव पार्वती फेरे लेते हुए नजर आएंगे और सभी देवता गण उन पर पुष्प वर्षा करते हुए दिखेंगे।
प्रबंधक ट्रस्टी श्रीमती विजयलक्ष्मी बोहरा ने बताया कि महाशिवरात्रि के आयोजन के लिए समाज के युवाओं की पूरी टीम पिछले 10 दिनों से सक्रिय है । 8 मार्च महाशिवरात्रि के दिन प्रातः 4:45 बजे भस्म आरती पंचामृत अभिषेक किया जाएगा तत्पश्चात प्रातः 7:00 बजे से आम भक्तगण जलाभिषेक कर सकेंगे उसके बाद दोपहर 12:00 बजे भगवान भोलेनाथ को राजभोग अर्पित किया जाएगा उसके बाद शाम 4:00 बजे से भगवान भोलेनाथ के चंद्रशेखर स्वरूप के दर्शन प्रारंभ होंगे जो देर रात्रि तक चलेंगे उसके पश्चात रात्रि 12:00 बजे से महानिशा पूजा का आयोजन भी किया गया है।
क्या है भगवान भोलेनाथ का चंद्रशेखर स्वरूप
भगवान शिव के विवाह का प्रसंग है। पार्वती की माता मैना के भीतर अहंकार था। भगवान शिव इस अहंकार को नष्ट करना चाहते हैं इसलिए उन्होंने भगवान विष्णु और ब्रह्माजी से कहा- आप दोनों मेरी आज्ञा से अलग-अलग गिरिराज के द्वार पर पहुंचिए। शिवजी की आज्ञा मानकर भगवान विष्णु सबसे पहले हिमवान के द्वार पर पधारे। मैना (पार्वतीजी की माता) ने शुभ आरती सजाई और उनके साथ की स्त्रियां उत्तम मंगलगीत गाने लगीं। सुंदर हाथों में सोने की थाल शोभित है, इस प्रकार मैना हर्ष के साथ शिवजी का परछन करने चलीं। जब मैना ने विष्णु के अलौकिक रूप को देखा तो प्रसन्न होकर नारद जी से पूछा है- क्या ये ही मेरी शिवा के शिव हैं?
तब नारद जी बोले, ‘‘नहीं, ये तो भगवान श्री हरि हैं। पार्वती के पति तो और भी अलौकिक हैं। उनकी शोभा का वर्णन नहीं हो सकता।’’
इस प्रकार एक-एक देवता आ रहे हैं, मैना उनका परिचय पूछती हैं और नारद जी उनको शिव का सेवक बताते हैं। फिर उसी समय भगवान शिव अपने शिवगणों के साथ पधारे हैं। सभी विचित्र वेश-भूषा धारण किए हुए हैं। कुछ के मुख ही नहीं हैं और कुछ के मुख ही मुख हैं। उनके बीच में भगवान शिव अपने नाग के साथ पधारे हैं। शिवजी से द्वार पर शगुन मांगा गया है। बाबा ने पूछा कि शगुन क्या होता है?
किसी ने कहा कि आप अपनी कोई प्रिय वस्तु दान में दीजिए। बाबा ने अपने गले से सर्प उतारा और उस स्त्री के हाथ में रख दिया जो शगुन मांग रही थी। वहीं मूर्छित हो गई। इसके बाद जब महादेवजी को भयानक भेस में देखा तब तो स्त्रियों के मन में भारी भय उत्पन्न हो गया। डर के मारे भागकर वे घर में घुस गईं और शिवजी जहां जनवासा था, वहां चले गए। कुछ डर के मारे कन्या पक्ष (मैना जी) वाले मूर्छित हो गए। जब मैना जी को होश आया तो रोते हुए कहा- चाहे कुछ भी हो जाए मैं इस भेस में अपनी बेटी का विवाह शिव से नहीं कर सकती हूं।
उन्होंने पार्वती से कहा- मैं तुम्हें लेकर पहाड़ से गिर पड़ूंगी, आग में जल जाऊंगी या समुद्र में कूद पड़ूगी। चाहे घर उजड़ जाए और संसार भर में अपकीर्ति फैल जाए, पर जीते जी मैं इससे तुम्हारा विवाह नहीं करूंगी।
नारद जी को भी बहुत सुनाया। मैंने नारद का क्या बिगाड़ा था जिन्होंने पार्वती को ऐसा उपदेश दिया कि उसने बावले वर के लिए तप किया। सचमुच उनको न किसी का मोह है, न माया, न उनके धन है, न घर है। यह सब सुनकर पार्वती अपनी मां से बोली- हे माता! कलंक मत लो, रोना छोड़ो, यह अवसर विषाद करने का नहीं है। मेरे भाग्य में जो दुख-सुख लिखा है, उसे मैं जहां जाऊंगी, वहीं पाऊंगी।
ऐसा कह कर पार्वती शिव के पास गई और उन्होंने निवेदन किया हे भोले नाथ! मुझे सभी रूप और सभी वेश में स्वीकार हो। लेकिन प्रत्येक माता-पिता की इच्छा होती है कि उनका दामाद सुंदर हो।
तभी वहां विष्णु जी आ जाते हैं और कहते हैं पार्वती जी! आप चिंता मत कीजिए। आज जो शिव का रूप बनेगा उसे देखकर सभी दंग रह जाएंगे। आप यह जिम्मेदारी मुझ पर छोड़िए। भगवान विष्णु ने भगवान शिव का सुंदर शृंगार किया और सुंदर वस्त्र पहनाए। करोड़ों कामदेव को लज्जित करने वाला रूप बनाया शिव का। शिव के इस रूप को भगवान विष्णु ने चंद्रशेखर नाम दिया।
DKS और मेडिकल कॉलेज के कई टेंडर खत्म, चल रहे एक्सटेंशन पर… जल्द होने वाला है फैसला
रायपुर,प्रतीक चौहान. रायपुर. प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल (अंबेडकर अस्पताल) और सुपर स्पेशियालिटी अस्पताल (डीकेएस) के कई प्रमुख टेंडर खत्म हो गए है और एक्सटेंशन पर चल रहे है. इसमें सबसे प्रमुख किचन, लॉंड्री, डायलिसिस यूनिट और सफाई शामिल है. अस्पताल सूत्रों के मुताबिक ये तमाम ठेके खत्म हो गए है और आचार संहिता होने के कारण एक्सटेंशन पर चल रहे थे. लेकिन अब जल्द जनरल बॉडी की मीटिंग के बाद इस टेंडरों को लेकर फैसला होने वाला है.
पुलिस महानिरीक्षक ने ली साईबर फ्राड से संबंधित लंबित प्रकरणों के संबंध में समीक्षा बैठक
दुर्ग । दुर्ग रेंज दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने गुरूवार को पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर 6 में जेसीसीटीओएस साईबर फ्राड से संबंधित लंबित प्रकरणों के संबंध में समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने थानों में लंबित जेसीसीटी के प्रकरणों को साइबर सेल एसीसीयू एवं दिगर राज्यो से समन्वय स्थापित कर जल्द से जल्द निराकरण करने हेतु निर्देशित किया। साइबर फ्रॉड से संबंधित प्रकरणों में शीघ्र जांच कर एवं उसे निराकृत कर पोर्टल पर अपलोड करने निर्देशित किया गया । साइबर प्रहरी व्हाट्स ऐप ग्रुप के माध्यम से लोगों को अधिक से अधिक जागरूक करना एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा इस कार्यवाही की मॉनिटरिंग किए जाने हेतु दिये निर्देश । त्रि-नयन एप के महत्व को जानते हुए अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे को जोड़कर जानकारी अधतन करने दिये निर्देश। साइबर टिप लाइन के प्रकरण को जल्द से जल्द निराकृत करने एवं एनसीआरबी के गाइडलाइन का पालन करने हेतु निर्देशित किया गया । वरिष्ठ कार्यालय से जारी किए गए परिपत्रों का पालन करवाना सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। राम गोपाल गर्ग, पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज दुर्ग द्वारा साईबर फ्राड मे कमी लाने तथा जिले मे हो रहे साईबर फ्राड से बचने हेतु करने हेतु आज बैठक में जितेन्द्र शुक्ला पुलिस अधीक्षक दुर्ग सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राइम सुश्री रिचा मिश्रा ,नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग , नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पाटन , पुलिस अनुविभागीय अधिकारी धमधा , समस्त थाना प्रभारी, प्रभारीएसीसीयू साईबर सेल दुर्ग एवं स्टाफ रेंज साइबर थाना प्रभारी एवं स्टाफ की पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर 6 भिलाई में उपस्थित थे।
निगम ,मंडल, आयोग अर्धशासकीय एवं अनुदान प्राप्त संस्थाओं के कर्मचारियों को सातवें वेतनमान की अंतिम किश्त की राशि के भुगतान की स्वीकृति
रायपुर, राज्य शासन के वित्त विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने राज्य के शासकीय सेवकों के अनुरूप निगम, मंडल , आयोग, अर्धशासकीय एवं अनुदान प्राप्त संस्थाओं के कर्मचारियों को माह फरवरी 2018 से जून 2018 तक की अवधि के एरियर राशि के भुगतान किए जाने की स्वीकृति दे दी है।
मुख्य न्यायाधीश ने की लंबित न्यायालयीन प्रकरणों की समीक्षा
रायपुर। मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा के निर्देशानुसार रिट, क्रिमिनल अपील, क्रिमिनल रिवीजन, अवमानना प्रकरणों एवं अन्य प्रकरणों में औचित्यहीन लंबित प्रकरणों (Infructuous Cases) का चिन्हांकन कर सूचीबद्ध करने का कार्य किया जा रहा है। प्रकरणों का भौतिक सत्यापन जिला न्यायालय बिलासपुर, रायपुर एवं दुर्ग में, पदस्थ, 40 न्यायिक अधिकारियों एवं उच्च न्यायालय स्थापना में पदस्थ लगभग 36 अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किया जा रहा है। उक्त कार्य के 21 वें दिन आज गुरूवार को मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपरोक्त कार्यों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इसके दौरान मुख्य न्यायाधीश द्वारा उच्च न्यायालय में चल रहें उच्च न्यायालय के भवन के आधारभूत संरचना के नवीनीकरण के कार्य प्रगति की समीक्षा की गई।
ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर में 13 मई से 07 जून 2024 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश है, इस दौरान मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा के निर्देशानुसार औचित्यहीन लंबित प्रकरणों (Infructuous Cases) का भौतिक सत्यापन, निराकृत प्रकरणों का डिजीटल माध्यम अर्थात् स्केंनिग उपरान्त भौतिक सत्यापन, एवं उच्च न्यायालय के भवन के आधारभूत संरचना के नवीनीकरण के कार्यों को किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि माननीय उच्चतम् न्यायालय के निर्देशानुसार औचित्यहीन लंबित प्रकरणों (Infructuous Cases) को चिन्हांकित करने की प्रणाली विकसित किया गया है ताकि ऐसे उपरोक्त चिन्हांकित लंबित प्रकरणों को सुनवाई पश्चात् निराकृत किया जा सके।
जनकल्याणकारी कार्यों में सुशासन लाने पर हुआ विचार-विमर्श
रायपुर। छत्तीसगढ़ विजन डाक्यूमेंट 2047 को लेकर राज्य नीति आयोग में बैठकों और विचार-विमर्श का सिलसिला लगातार जारी है। नवा रायपुर स्थित आयोग के कार्यालय में सुशासन और पारदर्शिता को लेकर हुई बैठक में सुशासन पर गठित वर्किंग समूह के सदस्यों ने महत्वपूर्ण सुझाव दिए। सुशासन पर गठित वर्किंग समूह की इस पहली बैठक में रोजगार, जनभागीदारी, पारदर्शिता और टेक्नालॉजी को लेकर गहन विचार-विमर्श हुआ। इस बैठक में राज्य नीति आयोग के सदस्य डॉ. के. सुब्रमण्यम, मुख्यमंत्री के सलाहकार डॉ. धीरेन्द्र तिवारी तथा मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत मौजूद थे।
नीति आयोग के सदस्य श्री डॉ. के. सुब्रमण्यम ने राज्य नीति आयोग द्वारा अमृतकाल छत्तीसगढ़ विजन @2047 डॉक्यूमेंट तैयार करने हेतु गठित कार्य समूहों से शीघ्र जरूरी जानकारी समय सीमा में प्रस्तुत करने कहा। सुशासन और अभिशरण विभाग के सचिव और मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर विकसित छत्तीसगढ़ और सुशासन को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्रिपरिषद के सदस्यों ने देश के जाने-माने विशेषज्ञों के साथ बौद्धिक विचार-विमर्श किया। आईआईएम रायपुर में हुए इस बौद्धिक विचार-विमर्श में मुख्यमंत्री सहित मंत्रिपरिषद के सदस्यों और विशेषज्ञों ने अपने विचारों को साझा किया। इस चर्चा में गुड गवर्नेंस की महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।
नीति आयोग में आयोजित बैठक में सुशासन के लिए निर्धारित प्रमुख लक्ष्यों, प्रमुख चुनौतियों तथा विभागीय विजन संबंधी प्रस्तुतिकरण दिया गया। बैठक में मुख्यमंत्री के सलाहकार डॉ. धीरेन्द्र तिवारी ने भी विजन डाक्यूमेंट के संबंध में सुशासन के लिए महत्वपूर्ण तथ्य रखे। विधि विभाग के सचिव श्री रजनीश श्रीवास्तव ने छत्तीसगढ़ विजन डॉक्यूमेंट तैयार करने के संबंध में सुशासन के लिए काननू व्यवस्था, विधि-विधायी संबंधी महत्वपूर्ण तथ्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अन्बलगन पी. ने विभागीय गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। योजना एवं आर्थिक एवं सांख्यिकीय विभाग के सचिव अंकित आनंद ने भी छत्तीसगढ़ विजन डाक्यूमेंट के लिए विभाग के महत्वपूर्ण बिन्दुओं को प्रस्तुत किया। इसी तरह से नगरीय प्रशासन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित अन्य विभाग के अधिकारियों ने विजन डाक्यूमेंट के संबंध में विभागीय जानकारी प्रस्तुत की।
वर्किंग गु्रप की बैठक में नीति आयोग के सदस्य सचिव अनूप श्रीवास्तव, संयुक्त संचालक डॉ. नीतू गौरडिया, नगरीय प्रशासन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, विधि विधायी कार्य विभाग, चिप्स के अधिकारी, राज्य नीति आयोग के सलाहकार संस्थाओं के प्रतिनिधि सहित नीति आयोग के अन्य सदस्य मौजूद रहे। बैठक में जिलों के कलेक्टर और एन.जी.ओ. के प्रतिनिधि वर्चुअल रूप से शामिल हुए। सदस्यों के बीच सुशासन के संबंध में महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने वर्ष-2024 के शासकीय कैलेण्डर का किया विमोचन
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने शंकराचार्य स्वामी श्री निश्चलानंद जी महाराज से सौजन्य मुलाकात कर प्रदेश की सुख-समृद्धि का लिया आशीर्वाद
राजिम कुंभ की भव्यता पुनः लौटेगी, देशभर से आयेंगे साधु संत: मुख्यमंत्री श्री साय
माता राजिम के बताए संदेश मानव जीवन के लिए कल्याणकारी
साहू समाज छत्तीसगढ़ का एक प्रगतिशील समाज
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय भक्त माता राजिम जयंती महोत्सव में हुए शामिल
रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज धर्म नगरी राजिम के त्रिवेणी संगम में आयोजित भक्त माता राजिम जयंती महोत्सव में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने समाज के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों के साथ भगवान श्री राजीव लोचन एवं भक्त माता राजिम की पूजा अर्चना कर प्रदेश और समाज की सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने जयंती समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि साहू समाज एक प्रगतिशील समाज है, हम सबको भक्त माता राजिम एवं भक्त माता कर्मा के बताए संदेशों का अनुसरण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजिम कुंभ की भव्यता पुनः लौटेगी। देश भर से साधु संत इसमें शामिल होने आयेंगे। उन्होंने प्रदेशवासियों को भक्त माता राजिम जयंती की बधाई दी और कहा कि भक्त माता राजिम ने साहू समाज को अपनी मेहनत और त्याग से संगठित किया। आज यह समाज शिक्षा, कृषि व व्यवसाय सहित सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। इस मौके पर मुख्यमंत्री का गजमाला पहनाकर नागरिक अभिनंदन किया गया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि श्री प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने का काम हमारी सरकार ने शुरू कर दिया है। मोदी जी की गारंटी में 2 साल का धान बोनस किसानों को देने का वादा किए थे। 25 दिसम्बर सुशासन दिवस के अवसर पर हमने राज्य के 12 लाख से ज्यादा किसानों के खाते में 3700 करोड़ रुपए से ज्यादा राशि जारी कर दी है। हमने 13 दिसंबर को शपथ लेने बाद 14 दिसम्बर को पहली कैबिनेट बैठक में राज्य के 18 लाख से अधिक परिवारों को प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति दी है। हमने युवाओं से किया वादा पूरा करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य लोक सेवा आयोग के मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का निर्णय लिया है। राज्य के किसानों को प्रति क्विंटल के मान से 3100 रुपए का भुगतान किया जाएगा। धान खरीदी में अभी किसानों को समर्थन मूल्य का भुगतान किया जा रहा है। किसानों को अंतर की राशि का भी शीघ्र भुगतान किया जाएगा। माताओं बहनों को महतारी वंदन योजना के तहत हर साल 12 हजार रूपए देने का वादा भी पूरा करेंगे। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर साहू समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव ने उपस्थित जनसमूह को भक्त माता राजिम जयंती एवं नववर्ष की बधाई देते हुए कहा कि साहू समाज एक संगठित समाज के रूप में जाना जाता है। आज हम सभी यहां राजिम माता की जयंती मनाने आये हैं। उन्होंने कहा कि सभी समाज में एक देवी-देवता आराध्य होते हैं, लेकिन साहू समाज का यह सौभाग्य है कि हमारी दो आराध्य देवी हैं। माता राजिम और माता कर्मा जिनके आशीर्वाद से हमारा समाज आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि साहू समाज ने सेवा कार्य में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। साहू समाज के लिए गौरव का विषय है कि राजिम भक्तिन माता हमारे समाज की आराध्य देवी हैं। उन्होंने कहा कि साहू समाज सबको दिशा देने का काम करता है और सभी समाजों को साथ लेकर चलता है। कार्यक्रम को सांसद श्री चुन्नीलाल साहू ने भी सम्बोधित किया।
कार्यक्रम में रायपुर ग्रामीण के विधायक श्री मोतीलाल साहू, राजिम विधायक श्री रोहित साहू, पूर्व सांसद श्री चंदूलाल साहू, पूर्व गृह मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व मंत्री श्रीमती रमशीला साहू, साहू समाज के प्रदेशाध्यक्ष श्री टहल राम साहू सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में समाज के सदस्य व नागरिकगण मौजूद थे।
इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की प्रमुख सचिव द्वारा समीक्षा बैठक
"चिप्स के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने परियोजनाओं का प्रस्तुतीकरण दिया"
रायपुर : राजधानी रायपुर के सिविल लाइन्स स्थित चिप्स कार्यालय, कांफ्रेंस हाल में इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारिक ने विभाग की समीक्षा बैठक लेते हुए चिप्स को योजनाओं के क्रियान्वयन में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिये ।
इस अवसर पर चिप्स द्वारा संचालित महत्वपूर्ण योजनाओं का प्रस्तुतीकरण देते हुए चिप्स के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रितेश कुमार अग्रवाल ने योजनाओं के संचालन में आ रही चुनौतियों से अवगत कराया, जिसपर श्रीमती निहारिका बारिक ने विभागवार चर्चा कर समाधान प्राप्त करने का सुझाव दिया । श्रीमती निहारिका बारिक ने टीम बनाकर अन्य राज्य जैसे मध्यप्रदेश, गुजरात आदि की कल्याणकारी योजनाओं का अध्ययन कर राज्य के परिपेक्ष में रूपरेखा बनाने का सुझाव भी दिया ।
उल्लेखनीय है कि चिप्स द्वारा अनेक जनकल्याणकारी परियोजनाओं का संचालन किया जा रहा है, जिनमें भारतनेट फेस-II, ई-डिस्ट्रिक्ट, स्वान, स्टेट डाटा सेंटर, अटल मॉनिटरिंग पोर्टल आदि प्रमुख हैं ।
समीक्षा बैठक में चिप्स के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रितेश कुमार अग्रवाल के साथ-साथ वित्त नियंत्रक श्री बिनोद कुमार लाल, चिप्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री अमिताभ शर्मा, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अजितेश पाण्डेय, संयुक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रविन्द्र कुमार पटेरिया, श्रीमती अश्रि मिश्रा तथा चिप्स के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे ।
उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव 8 जनवरी को सरगुजा, बिलासपुर और मुंगेली जिले के भ्रमण पर
रायपुर : उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव 8 जनवरी को सरगुजा, बिलासपुर और मुंगेली जिले में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वे 8 जनवरी को सुबह सवा दस बजे रायपुर से मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के साथ शासकीय विमान से सरगुजा के लिए प्रस्थान करेंगी। वे सुबह साढ़े 11 बजे अंबिकापुर में मुख्यमंत्री के साथ संभाग स्तरीय कार्यकर्ता सम्मान समारोह में शामिल होंगे। उप मुख्यमंत्री श्री साव दोपहर दो बजे मुख्यमंत्री के साथ अंबिकापुर से बिलासपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। वे अपरान्ह 3ः20 बजे बिलासपुर में संभाग स्तरीय कार्यकर्ता सम्मान समारोह में शामिल होंगे।
उप मुख्यमंत्री श्री साव शाम साढ़े छह बजे सड़क मार्ग द्वारा बिलासपुर से मुंगेली जिले के जरहागांव के लिए रवाना होंगे। वे शाम सात बजे जरहागांव में कबड्डी प्रतियोगिता के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे और रात आठ बजे जरहागांव से बिलासपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। श्री साव रात साढ़े आठ बजे बिलासपुर पहुंचेंगे और रात्रि विश्राम करेंगे।
विवाह योग्य युवक-युवतियों के सामाजिक परिचय सम्मेलन समाज के लिए लाभदायक : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
सामाजिक परिचय सम्मेलनों और आदर्श सामूहिक विवाह जैसे आयोजनों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता
सतनामी उत्थान एवं जागृति समिति द्वारा आयोजित सतनामी युवक-युवती परिचय सम्मेलन को मुख्यमंत्री ने किया संबोधित
रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के कचहरी चौक स्थित खालसा स्कूल परिसर में सतनामी उत्थान एवं जागृति समिति द्वारा आयोजित सतनामी युवक-युवती परिचय सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज के लिए लाभदायक होते हैं। समाज के गुरु बालदास साहब ने अपने पुत्र का विवाह, समाज द्वारा आयोजित परिचय सम्मेलन और आदर्श सामूहिक विवाह में कराकर समाज के सामने एक बड़ा उदाहरण प्रस्तुत किया है। ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजनों से वर-वधु खोजने के लिए कहीं जाना नहीं पड़ता, एक मंच पर ही विवाह योग्य युवक-युवतियों का परिचय प्राप्त होता है। आगे चलकर वे विवाह के पवित्र बंधन में बंधते हैं। ऐसे आयोजनों से समय और धन की बचत होती है। मुख्यमंत्री ने इस आयोजन में शामिल होने वाले युवक-युवतियों को उज्जवल भविष्य के लिए आशीर्वाद प्रदान करते हुए शुभकामनाएं दी। उन्होंने सतनामी समाज द्वारा आयोजित इस परिचय सम्मेलन की सराहना करते हुए कहा कि पश्चिमी संस्कृति में विवाह भले ही कॉन्ट्रेक्ट होता है लेकिन हमारी संस्कृति में विवाह एक पवित्र संस्कार और सात जन्मों का साथ होता है। ऐसे आयोजनोें से दो परिवारों को शादी संबंध स्थापित करने में काफी सहूलियत होती है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इसके पहले बाबा गुरू घासीदास जी की पूजा अर्चना कर एवं दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर भंडारपुरी गद्दीनशीन धर्म गुरु श्री बालदास साहब, नवनिर्वाचित विधायक गुरु श्री खुशवंत साहब, पूर्व राज्य सांसद श्री भूषण लाल जांगड़े, पूर्व लोकसभा सांसद श्री गोविंद राम मिरी, समाज के संरक्षक श्री सरजू प्रसाद घृतलहरे, सतनामी उत्थान एवं जागृति समिति के अध्यक्ष श्री जय बहादुर बंजारे भी उपस्थित थे। समाज द्वारा मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ध्येय वाक्य ‘‘सबका साथ, सबका विकास। सबका विश्वास और सबका प्रयास‘‘ का अनुसरण कर रही है। हमने लोगों के जीवन में खुशहाली लाने के लिए मोदी जी की गारंटी पर अमल की शुरूआत कर दी है। उन्होंने सतनामी समाज द्वारा नवा रायपुर में सामाजिक गतिविधियों के लिए जमीन की मांग के संबंध में कहा कि राज्य सरकार सतनामी समाज के विकास के लिए जो भी जरूरी सहयोग होगा करेगी। नवा रायपुर में सामाजिक गतिविधियों के लिए जमीन उपलब्ध कराने की मांग पर विचार करेंगे।
गुरू श्री बालदास साहब ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हर समाज में विवाह योग्य युवक-युवतियों के परिचय सम्मेलन और आदर्श सामूहिक विवाह जैसे आयोजनों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने समाज के सभी लोगों से ऐसे सामाजिक आयोजनों में शामिल होने का आग्रह किया। उन्होंने परिचय सम्मेलन में शामिल होने वाले युवक-युवतियों को आशीर्वाद प्रदान किया। सतनामी उत्थान एवं जागृति समिति के अध्यक्ष श्री जय बहादुर बंजारे ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि उनकी समिति द्वारा 23 वर्षाें से परिचय सम्मेलन और आदर्श सामूहिक विवाह का आयोजन किया जा रहा है। ऐसे विभिन्न आयोजनों में अब तक लगभग 19 हजार 500 विवाह योग्य युवक-युवतियों ने अपना परिचय दिया। जिनमें से लगभग 65 प्रतिशत विवाह के पवित्र बंधन में बंधे। नवनिर्वाचित विधायक गुरू श्री खुशवंत साहेब ने अतिथियों के प्रति आभार प्रकट करते हुए आयोजन की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज को लाभ मिलता है। युवक-युवतियों और उनके परिवारजनों को एक-दूसरे को जानने का अवसर मिलता है। आसानी से विवाह संबंध बनते है। और शादी- ब्याह में समय और धन की बचत होती है।