छत्तीसगढ़ / सूरजपुर
स्नेह सम्बल वृद्धाश्रम में हेल्थ कैंप एवं टीबी स्क्रीनिंग
सूरजपुर। समाज कल्याण विभाग द्वारा प्रायोजित और सबरी सेवा संस्थान द्वारा संचालित स्नेह सम्बल वृद्धाश्रम में पिरामल फाऊंडेशन के एडवोकेसी से हेल्थ कैंप एवं टीबी स्क्रीनिंग स्पूटम कलेक्शन कार्यक्रम का आयोजन संयुक्त संचालक बी तिर्की एवं संस्था प्रमुख सुरेश कुमार साहू के दिशा-निर्देशन में आयोजित किया गया। वृद्धजनों के लिए बनाया गया यह सेवा केन्द्र में बड़े बुजुर्ग आकर शकुन का जीवन व्यतीत करते हैं। पिरामल फाऊंडेशन भी चाहती है कि समय-समय पर इन सभी बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण होता रहे इसलिए नजदीकी आयुष्मान आरोग्य मंदिर पचीरा से सम्पर्क कर हेल्थ कैंप का आयोजन करने का सुझाव दिया।
हेल्थ कैंप में टीबी, सुगर, बीपी आदि का जांच भी हुआ। इस दौरान पिरामल फाऊंडेशन के कार्यक्रम अधिकारी महेन्द्र तिवारी ने कहा कि टीबी बिमारी से अब घबराने या डरने की बातें नहीं है। यह कोई ला-ईलाज बिमारी नहीं है। जांच में यदि किसी को पाज़िटिव आता भी है तो वह दवा खायेगा और ठीक-ठाक हो जायेगा। परन्तु जांच इस लिए जरूरी है कि यदि किसी को इस बिमारी का लक्षण है तो जांच में पता चल जायेगा। टीबी की बिमारी हवा के माध्यम से फैलती है। एक पाज़िटिव व्यक्ति दस से पंद्रह लोगों को संक्रमित कर सकता है।
जिला कार्यक्रम समन्वयक राज नारायण द्विवेदी ने कहा कि वृद्धजनों का सेवा करना पूर्ण का काम है हमलोग स्वास्थ्य परीक्षण कर यश का भागी बनेंगे। टीबी की पुष्टि होने के बाद भी अस्पताल जाने की जरूरत नहीं है इस की दवा आपके पास पहुंच जायेगी, दवा प्रतिदिन आपको खिलाने वाले भी उपलब्ध है। किसी को कोई परेशानी नहीं होगी। कार्यक्रम का संचालन पायल गुप्ता ने किया। सीएचओ नौरिन अंसारी ने कहा कि स्वास्थ्य परिक्षण से व्यक्ति को राहत मिलती है।
प्रारंभिक चरण में बिमारी पकड़ में आ जाती है। इस लिए समय समय पर हेल्थ चेकअप करवाना लाभदायक है। एएनएम ममता पैकरा ने कहा कि बुढ़ापा कोई बिमारी नहीं है एक दिन इस अवस्था से सभी को गुजरना है। आपलोग जितना प्रसन्नचित्त रहेगा बिमारी दूर रहेगी शेष सेवाओं के लिए स्वास्थ्य विभाग आपकी सेवा में सदैव तत्पर है। कार्यक्रम में अधिक्षिका पायल पांडेय, सामाजिक कार्यकर्ता मोहित राजवाड़े, नर्स अमृता राजवाड़े, ललीता राजवाड़े आदि उपस्थित रहे ।
दोहरे हत्याकांड से उबला सूरजपुर
सूरजपुर: पुलिस ने लोकेशन के आधार पर बलरामपुर थाने के ठीक सामने बस को रोक जांच की गई,उसी दौरान वह पकड़ा गया।जिला मुख्यालय बलरामपुर के साइबर सेल में आरोपित को रखा गया है। इधर सूरजपुर से पुलिस अधिकारियों की एक टीम बलरामपुर के लिए रवाना हो चुकी है।
रविवार की देर रात सूरजपुर थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक तालिब शेख के घर में घुसकर बदमाश कुलदीप साहू ने उनकी पत्नी और बेटी की तलवार और चाकू से काटकर हत्या कर दी थी। पुलिस की अलग-अलग टीमों को उसकी खोजबीन में लगाया गया था। घटना के बाद वह झारखंड की ओर भाग गया था।मंगलवार दोपहर बस से वह झारखंड से बलरामपुर जिले में प्रवेश किया था। इस दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
सूरजपुर जिले में पदस्थ प्रधान आरक्षक तालिब शेख की पत्नी मेहनाज शेख और पुत्री आलिया तालिब की नृशंस हत्या की घटना के बाद नगर के लोग उद्वेलित हो उठे। बड़ी संख्या में लोगों ने कोतवाली के बाहर धरना दे दिया है। व्यवसायियों ने विरोध में अपनी दुकानें बंद कर दी। जिला मुख्यालय में आईजी अंकित गर्ग, एसएसपी एमआर आहिरे सहित पुलिस के उच्च अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी वहां मौजूद रहे। लोग आरोपित को जल्द पकड़ने और फांसी देने की मांग करते रहे।
जिन्दा पकड़ने पर 50 हजार, एनकाउंटर करने पर 1 लाख का इनाम...
सूरजपुर हत्याकांड के मुख्य आरोपी कुलदीप साहू पर पुलिस परिवार ने की इनाम की घोषणा
सूरजपुर। सूरजपुर हत्याकांड के मुख्य आरोपी कुलदीप साहू की गिरफ्तारी अब भी नहीं हो सकी है। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी है, वहीं पुलिस परिवार संगठन ने आरोपी पर इनाम की घोषणा कर दी है। पुलिस परिवार की ओर से घोषणा की गई है कि जो भी व्यक्ति कुलदीप साहू को पकड़वाने में मदद करेगा उसे 50 हजार रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। इसके अलावा, एनकाउंटर करने वाली टीम को 1 लाख रुपये का पुरस्कार देने की बात भी कही गई है।
घटना का विवरण
पिछले दिनों सूरजपुर में प्रधान आरक्षक के साथ विवाद के बाद कुलदीप साहू ने उसकी पत्नी और मासूम बेटी की निर्मम हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड के बाद इलाके में तनाव फैल गया। सोमवार को सूरजपुर में घटना के विरोध में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे और आक्रोशित भीड़ ने आरोपी के घर को आग के हवाले कर दिया।
प्रशासन पर भी हमला
उग्र भीड़ के इस हंगामे के बीच प्रशासनिक अधिकारियों पर भी हमला हुआ। भीड़ ने कथित तौर पर एसडीएम के साथ मारपीट की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिखाया गया है कि एसडीएम किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहे।
पुलिस परिवार संगठन की भूमिका
पुलिस परिवार संगठन, जो कि प्रदेश में पुलिस कर्मचारियों के कल्याण के लिए काम करता है, इस मामले में बेहद सक्रिय है। संगठन ने आरोपी के पकड़े जाने या एनकाउंटर के लिए इनाम की घोषणा करते हुए अपने सदस्यों का समर्थन जुटाया है। संगठन के इस कदम के बाद पुलिस के लिए कुलदीप साहू की गिरफ्तारी को लेकर दबाव और बढ़ गया है।
फिलहाल, सूरजपुर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।
संस्कृति व परंपरा को सहेजना हमारा कर्तव्य : मुख्यमंत्री
जिले के गांवों को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने ’हमर सुघर गांव’ पहल का किया गया शुभारंभ
सूरजपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, जिले के ग्राम सिलौटा प्रतापपुर के मिनी स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित आदिवासी करमा महातिहार कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व मुख्यमंत्री करमडार पूजा कार्यक्रम में शामिल हुए और छत्तीसगढ़ के खुशहाली और संपन्नता की कामना की। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के बंधुओं द्वारा आदिवासी संस्कृति व परंपरा का प्रस्तुतिकरण करते हुए उनका आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा सूरजपुर जिला प्रशासन द्वारा स्वच्छ सुंदर और स्वस्थ गांव बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई पहल ’हमर सुघर गांव’ और सूरजपुर जिले के नागरिको की समस्याओं के समाधान के लिए निर्मित वॉट्सएप्प बेस्ड चौटबोट प्लेटफार्म समाधान सूरजपुर ऐप का शुभारंभ किया। इसके अलावा उन्होंने जिले के विकास कार्यों पर आधारित विकास पत्रिका ’ प्रगति पत्रक ’ का विमोचन भी किया। साथ ही जिला प्रशासन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने हेतु शुरू किए गए चैंपियंस ऑफ चेंज अवॉर्ड की मुख्यमंत्री श्री साय ने शुभारंभ किया।
मंचीय कार्यक्रम के पूर्व कोड़ाकू जनजाति द्वारा सामूहिक सांदो नाच का प्रदर्शन किया गया और बैगा जनजाति द्वारा पारंपरिक विधि से पूजा अर्चना किया गया। इस आयोजित करमा महोत्सव कार्यक्रम में चारो तरफ आदिवासी पारंपरिक छंटा बिखरी नजर आ रही थी। इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि खुशी की बात है कि आदिवासी समाज अपनी संस्कृति व परंपरा को सहजने के लिए बढ़ चढ़कर आगे आ रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें ग्राम सिलौटा के पावन भूमि में आकर एवं कर्मा तिहार में शामिल होकर बेहद खुशी हुई है। इस अवसर पर उन्होंने सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कर्मा उत्सव हमारे ग्रामीण क्षेत्र की पुरानी परंपरा। उन्होंने कर्मा के प्रकार का विवरण भी दिया। उन्होंने बताया कि एकादशी करमा कुंवारी बेटियां , जीवित्पुत्रिका करमा माताओं द्वारा किया जाता है। इसके अलावा फसलों की सुरक्षा के लिए कर्मा त्यौहार मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि यह पुरखों के द्वारा सौंपी परंपरा है जिसे हमे आगे भी जारी रखना है और आपसी एकता का परिचय देते हुये इसे निरंतर एकजुट होकर उत्साह पूर्वक मानना है। उन्होंने सभी लोगों से अपील किया कि सभी अपने परंपराओं से जुड़े रहें।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में निरंतर लोगों शासन की योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पीएम आवास के द्वारा शासन लोगों को पक्का आवास प्रदान करने का कार्य कर रही है। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को प्रति माह 1000 रुपए प्रदान किया जा रहा है जिससे महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। रामलला दर्शन योजना के द्वारा रामभक्तों को अयोध्या धाम में निःशुल्क रामलला का दर्शन कराया जा रहा है। शासन द्वारा वनवासियों को लाभान्वित करते हुए तेंदूपत्ता संग्रहण का दर प्रति मानक बोरा 4000 रुपए से बढ़ाकर 5500 रुपए कर दिया है। साथ ही पीएससी घोटाला की जांच भी सीबीआई द्वारा की जा रही है। उन्होंने कहा इन वादों की तरह ही शीघ्र ही सरकार अपने सारे वादों को पूरी करेगी। उन्होंने बताया कि सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास और सबका प्रयास के साथ प्रधान मंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार निरंतर आदिवासियों के सम्मान के लिए काम कर रही है। अति पिछड़ा वर्ग के आदिवासियों के विकास के लिए पीएम जनमन योजना का कार्यान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने जनजातीय उत्थान के लिए जनजातीय ग्राम उत्कर्ष योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिले में शासन के विभिन्न विभागों के अंर्तगत किए जा रहे विकास कार्यों पर आधारित स्टॉल का अवलोकन किया। इस दौरान श्री साय ने महिला एवं बाल विकास विभाग के योजनांतर्गत गर्भवती महिलाओं का गोदभराई संस्कार एवं 06 माह तक के बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया। इस अवसर पर महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों द्वारा समस्त महिलाओं के ओर से मुख्यमंत्री श्री साय को उपहार के साथ सम्मानित करते हुए धन्यवाद दिया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड एवं सिकल सेल जेनेटिक कार्ड का वितरण किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंर्तगत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान समूह की महिला के परिजन को पीएम सुरक्षा योजना अंर्तगत 02 लाख का चेक प्रदान कर योजना से लाभान्वित किया गया। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत स्वच्छाग्रहियों को शाल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया। साथ ही पीएम आवास योजना अंतर्गत मुख्यमंत्री द्वारा हितग्राहियों को खुशियों की चाबी सौंपी गई। कृषि विभाग की योजनांतर्गत मुख्यमंत्री श्री साय केसीसी कार्यक्रम अंतर्गत चेक एवं पीएम फसल बीमा योजना के मेरी पॉलिसी मेरे हाथ अंतर्गत पॉलिसी सर्टिफिकेट प्रदान किया। राज्य डेयरी उद्यमिता विकास योजना अंतर्गत हितग्राहियों को सब्सिडी का चेक, फसल बीमा योजना के तहत हॉर्टिकल्चर के हितग्राहियों को चेक एवं मत्स्य पालकों को आइस बॉक्स एवं जाल का वितरण किया गया। साथ समाज कल्याण विभाग अंतर्गत विभिन्न योजनाओं के तहत लैपटॉप एवं मोटराइज्ड ट्राइसिकल का वितरण किया गया।
मुख्यमंत्री ने चैंपियंस ऑफ़ चौंज अवार्ड कार्यक्रम का किया शुभारंभ
गौरतलब है कि जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अन्तर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को इस अवार्ड के तहत सम्मानित करने का कार्य प्रारंभ किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा नवाचारी पहल करते हुए इस योजना को शुरू किया गया है । इस अभिनव पहल का उद्देश्य उन व्यक्तियों को प्रोत्साहित करना है जिन्होंने अपने कार्यक्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है और जो अपने विभाग में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
मुख्यमंत्री ने समाधान सूरजपुर ऐप का किया शुभारम्भ
समाधान सूरजपुर, जिला प्रशासन सूरजपुर की एक अभिनव पहल है, जिसका उद्देश्य उत्तरदायी और पारदर्शी प्रशासन सुनिश्चित करना है । यह एक व्हाट्सएप-आधारित बॉट प्लेटफ़ॉर्म है, जो जिला प्रशासन को नागरिकों से जोड़ता है। इस प्रणाली के माध्यम से नागरिक अपने घर से ही वॉट्सएप के माध्यम से शिकायतें, मांगें या सुझाव दर्ज कर सकते हैं। एक बार शिकायत चौटबॉट के माध्यम से दर्ज हो जाती है, तो वह स्वतः समाधान पोर्टल पर परिलक्षित होती है और संबंधित विभाग को अग्रेषित कर दी जाती है, जहां उसका समाधान किया जाता है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि करमा महोत्सव को सरगुजा की विशिष्ट पहचान बताया। करमा का पर्व सरगुजा के मिट्टी में रची बसी है। उन्होंने कहा कि करमा पर्व यहां के आदिवासी जनता का प्रकृति से संबंध को प्रदर्शित करता है। महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने कहा कि करमा महोत्सव प्राकृतिक धरोहर का अभिन्न अंग है। उन्होंने प्रकृति के संरक्षण और करम की प्रधानता को उल्लेखित किया।
विधायक प्रतापपुर शकुंतला सिंह पोर्ते ने कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के स्वागत में अभिनंदन पत्र का वाचन किया। जिसमें उन्होंने कर्मा तिहार कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की उपस्थिति पर उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया व क्षेत्र की जनता की ओर से उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के सुशासन से क्षेत्र में बदलाव आ रहा है। उन्होंने कहा आज क्षेत्र ही नहीं अपितु जिले व पूरे प्रदेश का समावेशी विकास हो रहा है।
सिलौटा प्रतापपुर ‘‘आदिवासी करमा महातिहार’’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा
इस आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए कई घोषणाएं की। उन्होंने इस अवसर पर प्रत्तापपुर में नवीन एसडीएम कार्यालय का निर्माण, चंदोरा जजावल सड़क निर्माण, प्रतापपुर में रेस्ट हाउस निर्माण, प्रतापपुर में बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण एवं प्रतापपुर क्षेत्र में गर्भवती महिलाओं के लिए चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के लिए फर्स्ट रेफरल यूनिट की सुविधा प्रदान करने की घोषणा की।
इस अवसर पर विधायक प्रतापपुर शकुन्तला पोर्ते, प्रेमनगर भूलन सिंह मरावी, सीतापुर रामकुमार टोप्पो, लुण्ड्रा प्रबोध मिंज, सरगुजा राजेश अग्रवाल, सामरी उद्धेश्वरी पैकरा,बैकुठपुर भैयालाल रजवाड़े एवं बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और आमजन उपस्थित थे।
कलेक्ट्रेट सभा में ली गई शांति समिति की बैठक
सूरजपुर। जिला संयुक्त कार्यालय के कलेक्ट्रेट सभा में आईजी अंकित गर्ग, कलेक्टर रोहित व्यास व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एम आर आहिरे की उपस्थिति में शांति समिति की बैठक रखी गई थी।
जिसमें जिले में शांति व्यवस्था स्थापित करने के लिए समिति के सदस्य व विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ परस्पर चर्चा की गई।
जिसमें आपसी सहयोग व सामंजस्य से जिले में शांति व्यवस्था को स्थापित करने की बात कही गई । ऐसी कोई भी घटना जिससे कानून व्यवस्था प्रभावित होती है, उस पर विधिवत कार्यवाही करने की बात कही गई। इसके साथ ही उपस्थित जनों से तथा जिले वासियों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।
इस अवसर पर उपस्थित जनों द्वारा उनके सुझाव भी दिए गये। प्रशासनिक अधिकारियों ने सुझाव को नोट करते हुए उन पर अमल करने का आश्वासन भी दिया। इसके साथ ही जिले में शांति व्यवस्था स्थापित रहे इसके लिए जिला प्रशासन व पुलिस बल ने शहर में फ्लैग मार्च भी निकाला।
हमें अपनी संस्कृति व परंपरा को सहेज कर रखना होगा: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
‘हमर सुघर गांव’ एवं समाधान सूरजपुर एप का शुभारंभ
सिलौटा प्रतापपुर में करमा महोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री
ख्यमंत्री ने प्रतापपुर क्षेत्र के विकास के लिए की कई घोषणाएं
रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज सूरजपुर जिले के ग्राम सिलौटा प्रतापपुर के मिनी स्टेडियम में आयोजित आदिवासी करमा महातिहार कार्यक्रम में प्रतापपुर में नवीन एसडीएम कार्यालय का निर्माण, चंदोरा जजावल सड़क निर्माण, प्रतापपुर में रेस्ट हाउस एवं बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण तथा गर्भवती महिलाओं के लिए चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के लिए फर्स्ट रेफरल यूनिट की सुविधा प्रदान करने की घोषणा की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री साय सूरजपुर जिला प्रशासन द्वारा स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ गांव बनाने के उद्देश्य से ’हमर सुघर गांव’ और सूरजपुर जिले के नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए वॉट्सएप्प बेस्ड चैटबोट प्लेटफार्म समाधान सूरजपुर एप का शुभारंभ किया। उन्होंने जिले के विकास कार्यों पर आधारित विकास पत्रिका’ प्रगति पत्रक का विमोचन किया और जिला प्रशासन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने हेतु शुरू किए गए चैंपियंस ऑफ चेंज अवॉर्ड का भी शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह खुशी की बात है कि आदिवासी समाज के लोग अपनी संस्कृति व परंपरा को सहजने के लिए बढ़ चढ़कर आगे आ रहे हैं। उन्होंने लोगों को करमा तिहार की बधाई देते हुए कहा कि यह उत्सव हमारी संस्कृति एवं परंपरा का हिस्सा है इसे हमे आगे भी जारी रखना है। हमें अपनी एकता का परिचय देते हुये इसे निरंतर एकजुट होकर उत्साह पूर्वक मानना है। उन्होंने लोगों से अपनी परंपराओं से जुड़े रहने का आव्हान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में निरंतर लोगों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। केंद्र और राज्य सरकार निरंतर आदिवासियों के सम्मान के लिए काम कर रही है। अति पिछड़ा वर्ग के आदिवासियों के विकास के लिए पीएम जनमन योजना का कार्यान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने जनजातीय उत्थान के लिए जनजातीय ग्राम उत्कर्ष योजना के बारे में भी लोगों को जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर विभिन्न विभागों द्वारा शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों पर आधारित प्रदर्शनी स्टॉल का अवलोकन किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंर्तगत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शासन के विभिन्न विभागों की हितग्राही मूलक योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को आर्थिक सहायता राशि का चेक, अनुदान राशि एवं सामग्री का वितरण किया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि करमा महोत्सव सरगुजा की विशिष्ट पहचान है। यह उत्सव यहां की मिट्टी में रचा-बसा है। महिला बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी रजवाड़े ने कहा कि करमा महोत्सव प्राकृतिक धरोहर का अभिन्न अंग है। विधायक प्रतापपुर श्रीमती शकुंतला सिंह पोर्ते ने कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के स्वागत में अभिनंदन पत्र का वाचन किया। इस अवसर पर विधायक सर्वश्री भूलन सिंह मरावी, रामकुमार टोप्पो, प्रबोध मिंज, राजेश अग्रवाल, सुश्री उद्धेश्वरी पैकरा, भैयालाल रजवाड़े एवं बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और आमजन उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय सर्व आदिवासी समाज के जिला स्तरीय कर्मा महोत्सव में शामिल होने सूरजपुर जिले के सिलौटा पहुंचे
हेलीपेड पर जनप्रतिनिधियों ने किया आत्मीय स्वागत
रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज ’सर्व आदिवासी समाज के जिला स्तरीय कर्मा महोत्सव’ में शामिल होने सूरजपुर जिले के प्रतापपुर विकासखंड स्थित ग्राम सिलौटा पहुंचे।
हेलीपेड पर स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक श्री भूलन सिंह मरावी, श्रीमती शकुन्तला पोर्ते, श्री भैयालाल राजवाड़े, श्री राजेश अग्रवाल, श्री प्रबोध मिंज, श्री रामकुमार टोप्पो, सरगुजा संभाग कमिश्नर श्री जी. आर. चुरेंद्र, सरगुजा आई.जी. श्री अंकित गर्ग, कलेक्टर श्री रोहित व्यास द्वारा पुष्पगुच्छ देकर मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
राशनकार्ड ई-केवाईसी एवं नवीनीकरण की समय सीमा 31 अक्टूबर तक
सूरजपुर। शासन के निर्देशानुसार प्रचलित राशनकार्ड में ई- केवाईसी एवं नवीनीकरण की समयसीमा 31 अक्टूबर 2024 निर्धारित है। जिले के 2,32,161 राशनकार्ड में से 5601 कार्ड का नवीनीकरण होना शेष है। राशन कार्ड में नवीनीकरण के लिए राशन कार्ड में दर्ज सदस्यों का ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है। वर्तमान में 1,30,704 राशनकार्डधारी सदस्यों का ई- केवाईसी किया जाना शेष हैं। विदित हो कि राशनकार्ड के प्रत्येक सदस्य को ई-केवायसी के लिए राशनकार्ड नम्बर एवं आधार कार्ड के साथ नजदीकी शासकीय उचित मूल्य दुकान में ई-पास मशीन से फिंगर स्कैन कराना होगा। यह सुविधा पूर्णत निःशुल्क है तथा ई-केवाईसी के लिए कोई दस्तावेज जमा नहीं करना पड़ेगा। ई-केवायसी के लिए शेष सदस्यों की सूची उचित मूल्य दुकानदार के पास उपलब्ध हैं। राशन कार्ड का नवीनीकरण हितग्राही के द्वारा स्वयं ही विभागीय नवीनीकरण एप्प एवं दुकानदार दोनों माध्यम से किया जा सकता है। निर्धारित तिथि तक राशन कार्ड का नवीनीकरण नही कराये जाने पर हितग्राही राशन कार्ड से वंचित हो सकते है। खाद्य विभाग के द्वारा लोगो से अपील किया जाता है कि वे असुविधा से बचने के लिए अपने राशन कार्ड का नवीनीकरण एवं ई- केवाईसी समय पर करा लेवें।
सूरजपुर में प्रधान आरक्षक की पत्नी और बेटी की हत्या
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले की कोतवाली में पदस्थ प्रधान आरक्षक तालिब की पत्नी और बेटी की निर्मम हत्या कर दी गई है। दोनों के शव उनके घर से लगभग दो किलोमीटर दूर सड़क के किनारे मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि इस अपराध को कुलदीप साहू नामक व्यक्ति ने अंजाम दिया है।
यह घटना 13 अक्टूबर 2024, रविवार की शाम की है, जब प्रधान आरक्षक तालिब और आरक्षक घनश्याम सोनवानी चौपाटी पर खड़े थे। अचानक कुलदीप ने एक बिरयानी सेंटर से गर्म तेल उठाकर आरक्षक घनश्याम पर फेंक दिया। घनश्याम गंभीर रूप से झुलस गए और उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति अब भी नाजुक बनी हुई है।
हमले के बाद, कुलदीप अफरातफरी का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस को शक है कि इस हमले के बाद कुलदीप भैयाथान रोड पर स्थित रिंग रोड पर तालिब के घर पहुंचा और वहां से तालिब की पत्नी और बेटी को जबरन उठाकर हत्या कर दी। बाद में उनके शवों को लगभग दो किलोमीटर दूर सड़क किनारे फेंक दिया गया।
इस जघन्य हत्या की पूरी सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल बच्ची और महिला के शवों की स्थिति को देखते हुए प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, कुलदीप साहू पुलिस की लगातार की जा रही कार्रवाइयों से नाराज था। कुछ समय पहले उसके भाई संदीप ने एक व्यक्ति को छत से धक्का दे दिया था, जिसके बाद पुलिस ने संदीप को गिरफ्तार किया था।
इस गिरफ्तारी के बाद कुलदीप ने काफी विरोध किया था। इसके साथ ही, जिला बदर किए गए कुलदीप के चाचा के खिलाफ भी पुलिस ने कार्यवाही की थी, जिससे कुलदीप और भड़क गया। माना जा रहा है कि कुलदीप इसी गुस्से के कारण इस घटना को अंजाम देने पर उतारू हुआ।
यह सूरजपुर की पहली घटना है जिसमें किसी अपराधी ने पुलिसकर्मी के परिवार को निशाना बनाया है। कुलदीप की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है, और उसका एक वाहन लटोरी के पास बरामद हुआ है।
स्वच्छ, सुंदर, सुगम व व्यवस्थित कार्यालय के लिए ’’हमर सुघ्घर ऑफिस’’ जिला प्रशासन की अभिनव पहल
सूरजपुर । जिला संयुक्त कार्यालय के बेहतर संचालन एवं कार्यालय व्यवस्थाओं को सुगम, सरल स्वच्छ व पारदर्शी बनाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा ’’हमर सुघ्घर ऑफिस’’ नाम से अभिनव पहल की जा रही है। जिसका उद्देश्य कार्यालय को व्यवस्थित व सुंदर बनाने के साथ-साथ आम जन एवं कर्मचारियों के लिए कार्यालय में न्यूनतम सुविधाओं का विकास, अधिकारी व कर्मचारियों के लिए सुरक्षित वातावरण का निर्माण, कर्मचारी के शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य में सुधार, कार्य क्षमता में वृद्धि और बेहतर सेवा के माध्यम से कार्यालय को आमजन के लिए अनुकूल बनाना है।
हमर सुघ्घर ऑफिस के लिए निर्धारित मापदंड एवं अंक निर्धारण किया गया है जिसके तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कार्यालय को प्रशस्ति पत्र एवं प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। हमर सुघ्घर ऑफिस के अंतर्गत 15 मई 2024 से 24 मई 2024 तक कार्यालय का स्व मूल्यांकन, 25 मई 2024 से 30 जून 2024 तक कार्यालय में आवश्यक सुविधाओं का विकास, 1 जुलाई 2024 से 10 जुलाई 2024 तक कार्यालय का अन्तर्विभागीय मूल्यांकन, 11 जुलाई 2024 से 22 जुलाई 2024 तक अन्तर्विभागीय मूल्यांकन में बताई गई कमी को सुधारना, 22 जुलाई 2024 से 31 जुलाई 2024 तक जिला स्तरीय मूल्यांकन किया जाना है। जिसकी उदद्घोषणा एवं पुरूस्कार वितरण 15 अगस्त को किया जाना है।
सूरजपुर : लोगों में सद्भावना एवं एकजुटता का संदेश देने आयोजित किया गया स्वतंत्रता दौड़
कलेक्टर ने हरी झंडी दिखाकर किया दौड़ का शुभारम्भ
जिला प्रशासन के अधिकारियों कर्मचारियों ने स्कूली बच्चों के साथ लगाई दौड़
सूरजपुर, 14 अगस्त 2024
हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला प्रशासन सूरजपुर एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग सूरजपुर के तत्वावधान में आज 14 अगस्त को लोगों में सद्भावना एवं एकजुटता का संदेश देने के लिए स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया गया। यह दौड पुराना रेस्ट हाउस, जिला कोर्ट के सामने से प्रारंभ होकर अग्रसेन चौक होते हुये अग्रेसन स्टेडियम सूरजपुर में संपन्न हुई।
इस दौड का शुभारंभ कलेक्टर श्री रोहित व्यास द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस दौड के माध्यम से लोगो को देश भक्ति, एकता, सद्भावना के साथ राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करते हुए हर घर में तिरंगा झंडा फहराने का संदेश दिया गया। साथ ही इस अवसर पर कलेक्टर ने उपस्थित सभी अधिकारियों-कर्मचारियों, आम नागरिकों, स्कूली बच्चों को हर घर तिरंगा फहराने, भारत के अमर स्वतंत्रता सेनानियों, वीर सपूतों की भावनाओं का सम्मान करने, समाज मे शांति व सद्भावना बनाए रखने तथा देश के विकास एवं प्रगति के लिए समर्पित रहने की शपथ दिलाई। इस दौड के समापन पर सद्भावना हेतु अनुष्का, बनारसी व फलेश्वरी राजवाडे को अतिथियों द्वारा सद्भावना ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जिला स्तरीय आयोजित इस स्वतंत्रता दौड में श्री बाबूलाल अग्रवाल, श्री अजय अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती कमलेश नंदिनी साहू, अपर कलेक्टर श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर, सहित जिले के समस्त अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, पत्रकारगण, खिलाडी सहित महाविद्यालय एवं विद्यालय के छात्र-छात्रा, शिक्षक उपस्थित रहे।
एमच्योर वॉलीबाल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रायपुर रवाना हुए खिलाड़ी
सूरजपुर। कलेक्टर रोहित व्यास के सफल निर्देशन व मार्गदर्शन में जिले के स्वा.आ.हिन्दी मा.स्कूल बिश्रामपुर में संचालित सार्थक आवासीय वॉलीबाल अकादमी के बालिका खिलाड़ी रायपुर में आयोजित ‘‘एमच्योर वॉलीबाल प्रतियोगिता’’ में भाग लेने के लिए रवाना हुए। यह प्रतियोगिता सप्रे शाला रायपुर स्थित वॉलीबाल ग्राउण्ड में 13 से 15 सितम्बर तक आयोजित होगी। खिलाड़ियों के साथ कोच, मैनेजर के रूप में दिनेष साहू व रविषंकर सम्मिलित होंगे। इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट वॉलीबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय गोयल, डी.एस.पी.रामश्रृंगार यादव, खेल अधिकारी श्रीमती आरती पाण्डेय, सहायक क्रीड़ा अधिकारी शरदेन्दु कुमार शुक्ल, वॉलीबाल संघ के उपाध्यक्ष पंकज गर्ग, संघ के कोषाध्यक्ष राजनाथ, सोनू यादव, पंकज डोंगरे द्वारा खिलाड़ियों को परिधान भेंट कर अग्रिम शुभकामना दी गई।
जिला प्रशासन ने दो दिन में तीन बच्चियों की शादी रुकवाई
सूरजपुर , कलेक्टर रोहित व्यास द्वारा जिले को बाल विवाह मुक्त करने के संकल्प को प्रशासन की संयुक्त टीम ने मूर्त रूप देना प्रारंभ कर दिया है कलेक्टर के निर्देश पर जिला कार्यक्रम अधिकारी रमेश साहू के मार्गदर्शन में पूरे जिले के विवाह पर कड़ी नजर रखी जा रही है। जिला बाल संरक्षण अधिकारी मनोज जायसवाल ने पूरे जिले में सूचना तंत्र को मजबूत कर रखा है। जहां भी बाल विवाह होने की सम्भावना रहती है। सूचना तुरंत जिला बाल संरक्षण इकाई को प्राप्त हो जाती है। कलेक्टर के दिशा निर्देश पर गठित संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंच कर बाल विवाह रोकने की परिजनों को समझाइश देती है।
विगत दो दिनों में जिला बाल संरक्षण इकाई महिला एवं बाल विकास विभाग, राजस्व विभाग, चाईल्ड लाईन, पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा तीन बाल विवाह रोका गया। जिला बाल संरक्षण अधिकारी को ग्रामीणों ने सूचना दी की ग्राम लक्ष्मीपुर विकासखण्ड में एक 14 वर्षीय बालिका का बाल विवाह सम्पन्न हो रहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी रमेश साहू के निर्देश पर जिला बाल संरक्षण अधिकारी मनोज जायसवाल के नेतृत्व में अमित भारिया, कार्तिक मजूमदार, रजनीश पटेल आरक्षक, प्रीति भगत, सरपंच हरमनिया सिंह, पटवारी अभय कुमार सिंह जनार्दन यादव, दिनेश यादव दल तत्काल मौके पर पहुंची तो पाया कि बालिका का उम्र मात्र 14 वर्ष 6 माह हो रहा है। पंचायत के सरपंच जिले के मंडी अध्यक्ष की उपस्थिति में परिजनों को समझाइश दी गई की अभी विवाह की उम्र नहीं हुई है। बाल विवाह करने से बालिका को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड सकता है। लडकी स्वयं कमजोर हो जायेगी आने वाला बच्चा या तो दिव्यांग या मृत पैदा हो सकता है। अभी बालिका के खेलने कूदने के दिन है। जिस पर घर वाले बालिका के 18 वर्ष पूरी कर लेने पर विवाह करने को तैयार हो गये, तब इस आशय का कथन पंचनामा तैयार किया गया। उक्त कार्यवाही के दौरान एक ग्रामीण द्वारा सूचना दी गई की गांव में ही एक और नाबालिग लडकी का विवाह होने वाला है। जिस पर टीम वहां गई, दस्तावेजों का परीक्षण करने पर बालिका का उम्र 17 वर्ष 6 माह हो रहा है परिवार वालो को समझाइश देकर बाल विवाह रुकवा दिया गया।
जिला बाल संरक्षण अधिकारी मनोज जायसवाल को ग्राम पंचायत जोबगा के ग्राम वासी से सूचना प्राप्त हुई कि एक 16 वर्षीय बालिका का बाल विवाह करने हेतु मण्डप रखे हैं। आज बारात आने वाली है। तत्काल जिला बाल संरक्षण अधिकारी के नेतृत्व में नायब तहसीलदार इजराईल अंसारी ,एल0पी0ओ0 अमित भारिया, काउंसलर जैनेन्द्र दुबे, पवन धीवर, पर्यवेक्षक श्रीमती माया द्विवेदी चाईल्ड लाईन के शीतल ,एवं रमेश साहू , कार्यकर्ता जया सिंह, पुलिस थाना सूरजपुर से प्रधान आरक्षक उदय सिंह ,आरक्षक बृजलाल सिंह, रामगणेश भगत, सुशील मिंज स्वयं मौके पर पहुंचे तो पाया की मंडप सजा कर डीजे बज रहा है विवाह हेतु बारात का इंतजार हो रहा है। लडकी बोली वह स्वयं इस विवाह को कराने वाली है। और उस पर किसी प्रकार का दबाव नहीं है। उसके माता पिता शराब का सेवन रोज करते हैं। जिस पर उसे परिजनों को समझाइश दी गयी । लडके पक्ष से मो0 नं0 लेकर बात करने पर संतोषजनक उत्तर प्राप्त नहीं हुआ और ऐसा लगा कि विवाह नही रुकेगा लड़के वाले बारात ले आयेंगे। और बाल विवाह हो जाने कि इस आशंका को देखते हुए लडकी को बाल कल्याण समिति में प्रस्तुत करने हेतु सखी वन स्टॉप सेंटर में आश्रय के लिए बालिका को महिला स्टाफ के साथ सूरजपुर ले जाने का पंचनामा तैयार किया गया। मौके पर मंडप उखड़वा कर बालिका को उच्च अधिकारियों के निर्देश पर सखी वन स्टाप सेंटर में संरक्षित किया गया है।
14 जुलाई को जिले के विभिन्न केंद्रों में आयोजित होगी परीक्षा
सूरजपुर । कलेक्ट्रेट सभागार में नोडल एवं डिप्टी कलेक्टर श्रीमती शिवानी जायसवाल की अध्यक्षता में व्यापमं द्वारा आयोजित होने वाली बीएससी नर्सिंग परीक्षा के संबंध में बैठक ली गई । इस बैठक में आयोजित परीक्षा के लिया नियुक्त सहायक समन्वयक, ऑब्जर्वर एवं केंद्राध्यक्ष सहित अन्य संबंधित मौजूद थे। इस बैठक में परीक्षा के सफलतापूर्वक आयोजन के संबंध में चर्चा की गई और दिशा निर्देश तय किए गए।
बैठक में विद्यार्थियों के लिए तय निर्देशो पर चर्चा करते हुए बताया गया कि किसी भी असुविधा से बचने के लिए समय से न्यूनतम 01 घंटा पूर्व अपने मूल/ओरिजिनल फोटो युक्त पहचान पत्र एवं एडमिट कार्ड के साथ आएं। साथ ही एडमिट कार्ड में उल्लेखित निर्देशों का भली भांति अवलोकन कर लें।
बैठक में गलत परीक्षा केंद्रों में विद्यार्थियो की पहुंचने की घटना को देखते हुए सभी विद्यार्थियों को आबंटित परीक्षा केंद्र का एक दिन पूर्व भ्रमण करने की सलाह दी गई है। गौरतलब है कि बीएससी नर्सिंग परीक्षा का 14 जुलाई 2024 को सुबह 10 से दोपहर 12ः15 तक आयोजित किया जाना है।
राजस्व विभाग के मामले सुनवाई हेतु राजस्व न्यायालयों में ही रखे जाएंगे
सूरजपुर । राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशानिर्देशन में गोविन्द नारायण जांगडे जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सूरजपुर के मार्गदर्शन में जिला न्यायालय, तालुका न्यायालय प्रतापपुर एवं कुटूम्ब न्यायालय सूरजपुर तथा जिले के समस्त राजस्व न्यायालयों में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। लोक अदालत में प्रकरणों की सुनाई किये जाने हेतु जिला एवं सत्र न्यायालय सूरजपुर एवं कुटूम्ब न्यायालय मिलाकर कुल 10 खण्डपीठों का गठन किया गया है, वहीं तालुका न्यायालय प्रतापपुर में 02 तथा राजस्व न्यायालयों में सुनवाई हेतु 21 कुल 33 खण्डपीठों का गठन किया गया है।
नेशनल लोक अदालत में वर्चुअल एवं फिजिकल दोनों ही माध्यम से प्रकरणों की सुनवाई की जावेगी। लोक अदालत में न्यायालयों मे लंबित राजीनामा योग्य आपराधिक प्रकरण, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, परिवारिक विवाद व अन्य राजीनामा योग्य राजस्व प्रकरणों तथा बैंक ऋण, विद्युत, जल के बकाया देयकों का प्री लिटिगेशन प्रकरण को नेशनल लोक अदालत में सुनवाई हेतु रखे जाएंगे।
राजस्व विभाग के मामले सुनवाई हेतु राजस्व न्यायालयों में ही रखे जाएंगे। लोक अदालत एक ऐसा मंच है, जहां न्यायालयों में लंबित वाद-विवाद/मुकदमा या प्री-लिटिगेशन चरण के मामलों का सौहार्दपूर्ण तरीके से निपटारा किया जाता है। लोक अदालत विवादों के निपटारे का वैकल्पिक माध्यम है, जहां श्रम, धन, की बचत होती है, वहीं लोगों के मध्य आपसी विवाद हमेशा के लिए समाप्त होने के साथ आपसी बैर की भावना हमेशा के लिए समाप्त होने से लोगों को त्वरित न्याय प्राप्त होता है।
जिले वासियों से अपील है कि नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक लोग उपस्थित होकर अपने अपने मामले को आपसी समझौते के आधार पर हमेशा के लिए समाप्त करने हेतु वर्चुअल एवं फिजिकल दोनों ही माध्यम उपस्थित होवें। वर्चुअल मोड पर उपस्थित होने के लिए जिला न्यायालय सूरजपुर की वेबसाईट https://surajpur.dcourts.gov.in पर जाकर संबंधित कोर्ट के आगे दिए लिंक पर क्लिक कर वर्चुअल मोड पर जुड़ा जा सकता है। नेशनल लोक अदालत के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सूरजपुर एवं स्वास्थ्य विभाग सूरजपुर के संयुक्त तत्वाधान में जिला न्यायालय परिसर सूरजपुर में आम लोगों के लिए निःशुल्क नेत्र जॉच, स्वास्थ्य (बीपी, शुगर, ब्लड ग्रुप आदि) जांच एवं रक्तदान शिविर लगाया गया। जिले वासियों से अपील है शिविर में अधिक से अधिक लोग उपस्थित होकर स्वास्थ्य शिविर का लाभ प्राप्त करें।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने आंगनबाड़ी केंद्र बीरपुर में वजन त्यौहार का किया शुभारंभ
हरी झंडी दिखाकर वजन त्यौहार रथ को किया रवाना
राज्य के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में किया गया वजन त्यौहार का शुभारंभ
रायपुर : महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने सूरजपुर जिले के आंगनबाड़ी केंद्र बीरपुर से आज वजन त्यौहार 2024 का शुभारंभ किया। महिला एवं बाल विकास परियोजना सिलफिली के सेक्टर पार्वतीपुर के आंगनबाड़ी केंद्र बीरपुर से वजन त्यौहार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। राष्ट्रीय पोषण माह के तहत 12 से 23 सितंबर तक वजन त्यौहार कार्यक्रम चलाया जाता है, जिसकी शुरूआत आज से राज्य के प्रत्येक आंगनबाड़ी केेंद्रों में की गई।
सूरजपुर जिले के बीरपुर आंगनबाड़ी केंद्र में वजन त्यौहार कार्यक्रम के शुभारंभ के अवसर पर मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि माताओं को बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष तौर से ध्यान देना चाहिए। उन्हें संतुलित तथा पौष्टिक आहार का सेवन कराएं, ताकि उनका स्वास्थ्य अच्छा एवं वजन संतुलित हो। इस दौरान मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने ’एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया। उन्होंने राष्ट्रीय पोषण माह 2024 की गतिविधियों की जानकारी भी ली। उन्होंने स्कूल की बच्चियों की एनीमिया जांच की जानकारी ली और स्वयं का स्वास्थ्य जांच भी कराया।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आज राज्य में वजन त्यौहार कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया है। इस कार्यक्रम का आयोजन 12 से 23 सितंबर 2024 तक किया जाना है, जिसमें शून्य से 06 वर्ष से कम बच्चों का वजन एवं ऊंचाई जांच कर कम वजन वाले बच्चों को चिन्हित कर कुपोषण की स्थिति का पता लगाया जाएगा। इस दौरान उनके कुपोषण के स्तर की भी जांच की जाएगी। वजन त्यौहार का उद्देश्य 6 वर्ष से कम आयु के बच्चों के पोषण स्तर का आंकलन कर शत्-प्रतिशत रूप में सुपोषित करना है।
सूरजपुर : सूरजपुर के नए जिला पंचायत सीईओ ने किया पदभार ग्रहण
सूरजपुर/12 फरवरी 2024
पूर्व जिला पंचायत सीईओ सुश्री लीना कोसम के उपस्थिति में नए जिला पंचायत सीईओ श्रीमती कमलेश नंदनी साहू ने पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के अधिकारियों व स्टाफ द्वारा उनका स्वागत किया गया। श्रीमती कमलेश नंदनी साहू ने आशा जताई कि सभी के सहयोग एवं समन्वय से शासन के जनहितैषी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास उनके द्वारा किया जायेगा।