छत्तीसगढ़ / सरगुजा
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने हरी झंडी दिखाकर भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन को किया रवाना, दर्शनार्थियों को दी शुभकामनाएं
अम्बिकापुर । “मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना“ के तहत गुरुवार को सरगुजा संभाग के लगभग 800 दर्शनार्थी उज्जैन, ओंकारेश्वर एवं महाकालेश्वर तीर्थ हेतु भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन से रवाना हुए। महिला एवं बाल विकास एवं समाज कल्याण विभाग मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने फीता काटकर एवं ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से दर्शनार्थियों को रवाना किया। इसमें अम्बिकापुर जिले के 206 दर्शनार्थी शामिल हैं।
इस दौरान नगर पालिक निगम अम्बिकापुर महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, भारत सिंह सिसोदिया, आलोक दुबे, अनिल सिंह मेजर, करता राम गुप्ता, अम्बिकेश केसरी, फुलेश्वरी सिंह पैकरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अपर कलेक्टर सुनील नायक उप संचालक समाज कल्याण विभाग डॉ स्वेच्छा सिंह तथा जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
मंत्री राजवाड़े ने कहा कि आज मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत सरगुजा सम्भाग के दर्शनार्थियों को लेकर ट्रेन रवाना हो रही है। दर्शनार्थी उज्जैन, ओंकारेश्वर एवं महाकालेश्वर तीर्थ दर्शन करेंगे। हम सभी की इच्छा होती है कि तीर्थ यात्रा पर जाएं, लेकिन कुछ कारणों से नहीं जा पाते। ऐसे लोगों के लिए मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना की शुरुआत की गई थी। अब यह योजना हमारे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के द्वारा पुनः शुरू की गई है। योजना का लाभ अब वृद्धजनों के साथ ही दिव्यांग एवं विधवा परित्यक्ता महिलाओं को भी प्राप्त होगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से ट्रेन के अंदर मुलाकात कर यात्रा के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
इस दौरान अम्बिकापुर रेल्वे स्टेशन से ज़िला सरगुजा एवं जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के श्रद्धालु रवाना हुए। मंत्री राजवाड़े स्वयं दर्शनार्थियों के साथ ट्रेन में बैठकर सूरजपुर जिले हेतु रवाना हुई, उन्होंने यहां सूरजपुर रेल्वे स्टेशन से सूरजपुर जिले के दर्शनार्थियों तथा आगे बैकुंठपुर रेल्वे स्टेशन से कोरिया एवं एमसीबी जिले के दर्शनार्थियों को रवाना किया।
दर्शनार्थियों में हर्ष का माहौल, अभिनव पहल की सराहना कर छत्तीसगढ़ शासन को किया धन्यवाद ज्ञापित :
तीर्थ यात्रा में शामिल होने के लिए दर्शनार्थियों में हर्ष का माहौल देखने को मिला। उदयपुर से आए आलम साय यादव ने कहा कि हमें बहुत अच्छा लग रहा है, हम बहुत उत्साहित हैं। हम जैसे लोगों के लिए तीर्थ यात्रा कर पाना सम्भव नहीं था, आज हमारे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हमें यह अवसर दिया है। अब मुझे तीर्थ यात्रा का सौभाग्य मिल रहा है, इसके लिए उनका बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूं। अम्बिकापुर के 75 वर्षीय राजकुमार अग्रवाल ने कहा कि जैसे श्रवण कुमार अपने माता-पिता को तीर्थ दर्शन करवाते थे। वैसे ही हमारे मुख्यमंत्री भी हम बुजुर्गों को तीर्थ दर्शन का सौभाग्य प्रदान कर रहे हैं, मैं उनको धन्यवाद देता हूं। वहीं उदयपुर की अनिता ने कहा मैं आज बहुत खुश हूं कि मुझे उज्जैन महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर दर्शन करने मिलेगा। उन्होंने इस अवसर के लिए शासन को धन्यवाद किया और खुशी जताई।
सुशासन तिहार 2025 के तहत कलेक्ट्रेट परिसर में रखा गया समाधान पेटी
अम्बिकापुर । सुशासन तिहार 2025 के तहत कलेक्टर कार्यालय परिसर में स्थित अधीक्षक क कक्ष के बाहर समाधान पेटी रखी गई है, जिसमें जिले के नागरिक अपनी समस्याओं एवं उनसे जुड़े समाधान के लिए आवेदन पत्र कर सकते हैं।
राज्य शासन द्वारा आम जनता की समस्याओं को सीधे जिला प्रशासन तक पहुँचाने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है। समाधान पेटी में डाले गए आवेदनों की निश्चित समयावधि में समीक्षा कर त्वरित सामाधान किया जाएगा।
कलेक्टर ने जिले वासियों से अपील की है कि अपने सुझाव, शिकायतें एवं समस्याएं लिखित रूप में समाधान पेटी में डालें। उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार प्रशासन जनता की समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
संभागायुक्त ने सुशासन तिहार अंतर्गत रघुनाथ नगर का औचक निरीक्षण किया, लापरवाही पर जताई नाराजगी
अम्बिकापुर। सरगुजा संभाग आयुक्त नरेन्द्र दुग्गा ने सुशासन तिहार 2025 के अंतर्गत ग्राम पंचायत रघुनाथनगर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान केंद्र में कमियां पाए जाने पर संभागायुक्त आयुक्त ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी वाड्रफनगर पर नाराज़गी जताई।
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने देखा कि ग्राम पंचायत में समाधान पेटी व्यवस्थित रूप से नहीं लगाई गई है। साथ ही, प्रचार-प्रसार में कमी, पर्याप्त संख्या में आवेदन पत्रों की अनुपलब्धता, भ्रमण दल का गठन न होना, और आवेदन पत्र भरवाने हेतु कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित न करना जैसी गंभीर लापरवाहियां सामने आईं।
इसके अतिरिक्त, आयुक्त ने ग्राम बेबदी का भी दौरा कर ग्रामीणों से चर्चा की। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि मार्च माह का राशन अब तक 171 हितग्राहियों को प्राप्त नहीं हुआ है। इस पर आयुक्त ने नाराज़गी प्रकट करते हुए ज़िला खाद्य अधिकारी बलरामपुर को तत्काल समस्या का निराकरण कर आज ही रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
संविदा भर्ती चयनितों के नियुक्ति आदेश और दस्तावेज सत्यापन की तिथि घोषित
अम्बिकापुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत सरगुजा जिले में विभिन्न पदों पर संविदा आधारित भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति आदेश जारी कर दिए गए हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, चयनित आवेदकों को 4 अप्रैल से 21 अप्रैल 2025 तक दस्तावेज सत्यापन और उपस्थिति हेतु निर्धारित समयसीमा में कार्यालय में रिपोर्ट करना अनिवार्य है।
चयनित अभ्यर्थियों को दिनांक 04 अप्रैल से 21 अप्रैल 2025 के मध्य प्रातः 11ः00 बजे से सायं 05ः00 बजे तक कार्यालय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, अम्बिकापुर में स्वयं उपस्थित होकर दस्तावेज सत्यापन कराना अनिवार्य किया गया है। यह कार्य दिवसों में ही संपन्न होगा, शासकीय एवं क्षेत्रीय अवकाश को छोड़कर।
दस्तावेज सत्यापन के दिशा-निर्देश इस प्रकार
अभ्यर्थियों को अपने समस्त मूल प्रमाणपत्रों सहित एक सेट स्वप्रमाणित छायाप्रति साथ लानी होगी। आवेदन पत्र में दिए गए विवरणों के अनुरूप दस्तावेजों की पूर्णता एवं प्रामाणिकता की जांच की जाएगी। गलत या असत्य जानकारी पाए जाने पर अभ्यर्थिता स्वतः निरस्त कर दी जाएगी तथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बिना पूर्व सूचना के निर्धारित तिथि के पश्चात उपस्थित होने वाले अभ्यर्थियों की उम्मिदवारी निरस्त मानी जाएगी। निर्धारित तिथि तक अनुपस्थित रहने की स्थिति में प्रतिक्षा सूची के प्रथम अभ्यर्थी को अवसर प्रदान किया जाएगा।
चयनित अभ्यर्थियों की कार्य उपस्थिति तभी मान्य होगी जब उनका दस्तावेज सत्यापन एवं पुलिस वेरिफिकेशन पूर्ण हो जाएगा। भर्ती से संबंधित समस्त अद्यतन जानकारी केवल जिले की आधिकारिक वेबसाइट www.surguja.gov.in पर ही उपलब्ध कराई जाएगी। किसी अन्य माध्यम से व्यक्तिगत रूप से कोई सूचना नहीं दी जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सरगुजा ने समस्त चयनित अभ्यर्थियों से अनुरोध किया है कि वे समय पर उपस्थित होकर समस्त औपचारिकताएं पूर्ण करें ताकि संविदा नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जा सके।
प्रधान आरक्षक ने मांगी 50 हजार रिश्वत, युवक ने किया सुसाइड
सरगुजा । जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र के चुकंन डांड सेमरपारा में 20 वर्षीय युवक आशीष मिंज ने आम के पेड़ में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. यह मामला तब और गंभीर हो गया जब मृतक की मां अलका मिंज ने प्रधान आरक्षक पन्ना एक्का पर पूछताछ के नाम पर दबाव बनाकर 50 हजार रुपये की मांग करने का आरोप लगाया.
मृतक की मां ने बताया कि नवंबर 2024 में उसके बेटे की 16 वर्षीय प्रेमिका संध्या मिंज ने आशीष के घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. इस घटना के बाद युवक ने भी कीटनाशक खा लिया था, लेकिन इलाज के बाद वह ठीक हो गया था. लड़की के परिजनों की शिकायत के बाद लखनपुर पुलिस इस मामले में जांच कर रही थी और युवक व उसकी मां को कई बार पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था.
मां का आरोप है कि 50 हजार रुपये की मांग को लेकर पुलिस का लगातार दबाव था. हाल ही में जब मां-बेटे को पुनः थाने बुलाया गया, तब थाने के ऊपरी कमरे में देर शाम तक पूछताछ की गई. शाम 7 बजे युवक को छोड़ा गया, जिसके बाद वह घर पहुंचते ही रोने लगा और मां को थाने में हुए घटनाक्रम की जानकारी दी. रात में खाना खाकर वह सो गया, लेकिन अगली सुबह उसका शव घर के समीप पेड़ से लटका मिला. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों ने प्रधान आरक्षक पर कार्रवाई की मांग को लेकर पोस्टमार्टम के लिए शव ले जाने से रोक दिया. इसके बाद पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रधान आरक्षक पन्ना एक्का को लाइन अटैच कर दिया.
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) ने बदल दी सैकड़ों बच्चों की ज़िंदगी, जन्मजात रोगों से ग्रसित बच्चों का निशुल्क हो रहा इलाज
अम्बिकापुर । ख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार ने स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार कर रही है। जन्मजात बीमारियों से ग्रसित बच्चों का निःशुल्क इलाज कर उनकी जीवनशैली में नया उजाला और खुशहाली भर रही हैं। ज्ञात हो कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) के अंतर्गत दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को जीवनदान मिल रहा है। जन्मजात रोगों से ग्रसित बच्चों का निशुल्क इलाज जिला मुख्यालय अंबिकापुर के मेडिकल कॉलेज व राजधानी रायपुर के अनुबंधित अस्पतालों में शासकीय व्यय पर सफलतापूर्वक किया जा रहा है।
चिरायु कार्यक्रम अंतर्गत 45 बीमारियों का निशुल्क इलाज :
इस कार्यक्रम के तहत 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों की छह चरणों में स्क्रीनिंग कर 45 तरह की बीमारियों का निःशुल्क उपचार किया जाता है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मंशा के अनुसार छत्तीसगढ़ एवं देश के 100 से अधिक सरकारी, अर्द्धशासकीय एवं निजी अस्पतालों में इलाज की सुविधा उपलब्ध है।
चिरायु ने नौनिहालों को दिया नया जीवन :
सरगुजा जिले में अप्रैल 2024 से मार्च 2025 तक की स्थिति में 585 गांवों के 2383 आंगनबाड़ी केंद्र और 2074 स्कूलों में कुल 2,17,809 बच्चों की स्क्रीनिंग की गई। इनमें 1,29,279 बच्चे स्कूलों में और 88,530 बच्चे आंगनबाड़ी केंद्रों में जांच किए गए। ऑपरेशन कार्यक्रम के तहत 77 बच्चों में हृदय रोग, 22 बच्चों में क्लब फूट, 9 बच्चों में क्लेप लिप और 18 बच्चों में अन्य बीमारियों का सफल ऑपरेशन किया गया। सभी बच्चे स्वस्थ और खुशहाल हैं।
चिरायु से अभिमन्यु को मिला आँखों की रोशनी और हृदय रोग से मुक्ति :
सीतापुर विकासखण्ड के ग्राम गुतुरमा निवासी 7 वर्षीय अभिमन्यु जन्म से ही आंखों की रोशनी और हृदय रोग से ग्रसित था। चिरायु दल के डॉ. अमित उपाध्याय और उनकी टीम ने 3 जनवरी 2025 को उसका निरीक्षण किया। 10 जनवरी को रायपुर के एमएमआई हॉस्पिटल में सफल ऑपरेशन हुआ, जिससे अभिमन्यु और उनका परिवार आज ख़ुशहाल है।
नन्ही नमिता को मिला नया जीवन :
उदयपुर विकासखण्ड के ग्राम मरेया की 1.5 वर्षीय नमिता जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित थी। चिरायु टीम के डॉ. आनंद जायसवाल और विकास सिंह की जांच में पुष्टि होने के बाद एमएमआई हॉस्पिटल, रायपुर में सफल ऑपरेशन किया गया। अब नमिता पूरी तरह स्वस्थ है और निमिता के परिजनों ने शासन का आभार व्यक्त किया है।
शासन की चिरायु कार्यक्रम ने जिलों के बच्चों को स्वस्थ और खुशहाल जीवन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अब ग्रामीण अंचलों में सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं से बच्चों को नया जीवन देने का कार्य किया जा रहा है।
पीएम आवास योजना के तहत 493 आवास इकाइयों का आबंटन स्थगित
अम्बिकापुर । प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत प्रस्तावित 493 आवास इकाइयों का लॉटरी पद्धति से होने वाला आबंटन अब स्थगित कर दिया गया है। यह जानकारी नगर पालिक निगम अम्बिकापुर के आयुक्त सह सदस्य द्वारा जारी एक संशोधन सूचना में दी गई है।
पूर्व में यह आवंटन प्रक्रिया 4 अप्रैल 2025 को पूर्वान्ह 11ः00 बजे से सुभाषनगर में आयोजित की जानी थी। योजना के तहत “मोर मकान मोर चिन्हारी“ घटक के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को आवास आबंटित किए जाने थे। अब अपरिहार्य कारणों से इस प्रक्रिया को अगले आदेश तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
छोटे सिक्के न लेने पर व्यापारियों पर होगी सख्त कार्रवाई
अम्बिकापुर। अंबिकापुर, जिले में व्यापारियों द्वारा 1 और 2 के सिक्कों को लेने से इनकार करने की शिकायतें सामने आई हैं। इस विषय में अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार परिषद के जिलाध्यक्ष द्वारा जिला प्रशासन को अवगत कराया गया है कि कई दुकानदार छोटे सिक्कों को चलन से बाहर मानकर अस्वीकार कर रहे हैं।
इस पर जिला कलेक्टर एवं दंडाधिकारी ने जानकारी दी कि 1 व 2 के सिक्के भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा अनुमोदित हैं और पूरी तरह वैध मुद्रा हैं। ये सिक्के बैंकों के माध्यम से बाजार में लाए जाते हैं, और जब तक इन्हें भारत सरकार द्वारा औपचारिक रूप से बंद घोषित नहीं किया जाता, तब तक इनका लेन-देन बाध्यकारी है।
कलेक्टर ने बताया कि किसी भी व्यापारी द्वारा इन सिक्कों को लेने से इंकार किया जाना राजद्रोह के श्रेणी में आता है, इसके लिए भारतीय दंड संहिता 1860 की धारा 124-ए (संशोधित भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 152) के अंतर्गत गंभीर अपराध माना जाएगा। इसमें 3 साल से लेकर आजीवन कारावास तक की सजा का प्रावधान है।
प्रशासन ने सभी व्यापारियों से अपील की है कि वे 1 रुपए और 2 रुपए के सिक्कों को ग्राहकों से स्वीकार करें, अन्यथा शिकायत की स्थिति में उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
राज्य ओपन हाई स्कूल विज्ञान विषय की परीक्षा संपन्न
परीक्षा शांतिपूर्वक हो रही संचालित
अम्बिकापुर । छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल रायपुर द्वारा संचालित की जाने वाली हाईस्कूल मुख्य परीक्षा विज्ञान विषय की परीक्षा 11 परीक्षा केन्द्रों में संपन्न हुई। जिला शिक्षा अधिकारी अम्बिकापुर से गठित उड़नदस्ता दल द्वारा शा.बा.उ.मा.वि. सीतापुर, बालक बतौली एवं बालक लुण्ड्रा का निरीक्षण किया गया। सभी केन्द्रों में परीक्षा शांतिपूर्वक संचालित हो रहा है। परीक्षा में पंजीकृत दर्ज संख्या 1426 में से 1309 उपस्थित पाए गए एवं 117 अनुपस्थित रहे।
स्कूलों का समय बदला
प्रदेश में पड़ रही तेज गर्मी
अम्बिकापुर। वर्तमान में प्रदेश में पड़ रही तेज गर्मी को दृष्टिगत रखते हुए राज्य के सभी शासकीय, अशासकीय स्कूलों, शैक्षणिक संस्थाओं के संचालन के समय में परिवर्तन किया गया है। लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ द्वारा जारी पत्र के परिपालन में जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा आदेश जारी किया गया है, जिसके अनुसार सोमवार से शनिवार तक शाला संचालन के समय में एक पाली में संचालित समस्त प्राथमिक/पूर्व माध्यमिक/हाई-हायर सेकेण्डरी शालाएं प्रातः 07ः00 बजे से 11ः00 बजे तक। ऐसी शालाएं जहां कक्षाएं दो पालियों में संचालित होती हैं, वहां प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक शालाएं प्रातः 07ः00 बजे से 11ः00 बजे तक तथा हाई-हायर सेकेण्डरी शालाएं प्रातः 11ः00 बजे से 03ः00 बजे तक संचालित होगी। यह आदेश 02 अप्रैल 2025 से 30 अप्रैल 2025 तक प्रभावशील रहेगा। कार्यालय का समय यथावत रहेगा।
राज्यपाल रमेन डेका का जिला दौरा कार्यक्रम रद्द
अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका अपने दो दिवसीय प्रवास पर गुरुवार को सरगुजा जिला पहुंचे थे। गुरुवार को श्री डेका द्वारा मैनपाट के पर्यटन स्थलों का दौरा किया गया तथा केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन का अवलोकन किया गया। उन्होंने इस दौरान स्थानीय जनों से भी मुलाकात की। इसके पश्चात उन्होंने मैनपाट के करमा रिसोर्ट में रात्रि विश्राम किया। राज्यपाल श्री डेका को गुरुवार रात्रि में अचानक स्वास्थ्य सम्बन्धी समस्या होने पर सरगुजा जिले में तय सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगामी 30 मार्च को बिलासपुर जिले में प्रस्तावित कार्यक्रम के वजह से भी राज्यपाल श्री डेका को आकस्मिक रूप से रायपुर हेतु प्रस्थान करना पड़ा। वे शुक्रवार प्रातः सड़क मार्ग से राजधानी रायपुर के लिए रवाना हुए।
बता दें राज्यपाल के प्रोटोकॉल के अनुसार शुक्रवार को तिब्बती मॉनेस्ट्री का भ्रमण और अम्बिकापुर स्थित सैनिक स्कूल के छात्रों से संवाद। इसके अलावा, एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत वृक्षारोपण का कार्यक्रम प्रस्तावित था। राज्यपाल श्री डेका द्वारा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक ली जानी थी।
किसानों को गुणवत्तायुक्त कृषि सामग्री उपलब्ध कराने उड़नदस्ता टीम गठित
अम्बिकापुर। कलेक्टर विलास भोसकर के निर्देशानुसार जिले में किसानों को बीज, उर्वरक एवं कीटनाशक जैसी कृषि आदान सामग्रियों की गुणवत्तायुक्त एवं उचित मूल्य सुनिश्चित करने के लिए उड़नदस्ता टीम का गठन किया गया है। यह टीम जिले के निजी एवं सहकारी विक्रय केंद्रों का सतत निरीक्षण करेंगी और अनियमितता पाए जाने पर वैधानिक कार्यवाही की जाएंगी।
नोडल अधिकारियों की नियुक्ति
इस अभियान के तहत सहायक संचालक कृषि अभिषेक झा को जिला स्तरीय निरीक्षक, नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, अनुविभागीय कृषि अधिकारी अम्बिकापुर अम्ब्रोस टोप्पो और सीतापुर की अनुविभागीय कृषि अधिकारी अनिता एक्का को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।
निरीक्षण दल की जिम्मेदारी
बीज, उर्वरक और कीटनाशकों के निरीक्षण के लिए कृषि विकास अधिकारी जहांगीर आलम और संतोष बेक को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, कृषि विकास अधिकारी कृपा शंकर यादव, ग्रामीण कृषि विकास अधिकारी सुरेन्द्र अहिरवार एवं अमित कुमार सिंह को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इनके सहयोग के लिए वाहन चालक उमेश कुमार सिंह एवं भृत्य जीवन चन्द्र बड़ा को तैनात किया गया है।
गुणवत्ता और पारदर्शिता पर रहेगा विशेष ध्यान
उड़नदस्ता टीम जिले के सभी कृषि सामग्री विक्रय केंद्रों का सघन निरीक्षण करेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि किसानों को सही दाम पर उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री उपलब्ध हो। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
किसानों को गुणवत्तायुक्त कृषि सामग्री उपलब्ध कराने उड़नदस्ता टीम गठित
अम्बिकापुर । कलेक्टर विलास भोसकर के निर्देशानुसार जिले में किसानों को बीज, उर्वरक एवं कीटनाशक जैसी कृषि आदान सामग्रियों की गुणवत्तायुक्त एवं उचित मूल्य सुनिश्चित करने के लिए उड़नदस्ता टीम का गठन किया गया है। यह टीम जिले के निजी एवं सहकारी विक्रय केंद्रों का सतत निरीक्षण करेंगी और अनियमितता पाए जाने पर वैधानिक कार्यवाही की जाएंगी।
नोडल अधिकारियों की नियुक्ति
इस अभियान के तहत सहायक संचालक कृषि अभिषेक झा को जिला स्तरीय निरीक्षक, नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, अनुविभागीय कृषि अधिकारी अम्बिकापुर अम्ब्रोस टोप्पो और सीतापुर की अनुविभागीय कृषि अधिकारी अनिता एक्का को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।
निरीक्षण दल की जिम्मेदारी
बीज, उर्वरक और कीटनाशकों के निरीक्षण के लिए कृषि विकास अधिकारी जहांगीर आलम और संतोष बेक को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, कृषि विकास अधिकारी कृपा शंकर यादव, ग्रामीण कृषि विकास अधिकारी सुरेन्द्र अहिरवार एवं अमित कुमार सिंह को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इनके सहयोग के लिए वाहन चालक उमेश कुमार सिंह एवं भृत्य जीवन चन्द्र बड़ा को तैनात किया गया है।
गुणवत्ता और पारदर्शिता पर रहेगा विशेष ध्यान
उड़नदस्ता टीम जिले के सभी कृषि सामग्री विक्रय केंद्रों का सघन निरीक्षण करेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि किसानों को सही दाम पर उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री उपलब्ध हो। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
राज्य ओपन हाई स्कूल परीक्षा प्रारंभ
अम्बिकापुर । छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल रायपुर द्वारा संचालित की जाने वाली हाईस्कूल मुख्य परीक्षा प्रारंभ हो गई है। हिन्दी विषय की परीक्षा 11 परीक्षा केन्द्रों में संपन्न हुआ। जिला शिक्षा अधिकारी अम्बिकापुर से गठित दल द्वारा शा.कन्या. उ.मा.वि. अम्बिकापुर, नगरपालिका निगम उ.मा.वि, बा.बतौली, बा.सीतापुर, बा.लुण्ड्रा एवं बा.उदयपुर का निरीक्षण किया गया। सभी केन्द्रों में परीक्षा शांतिपूर्वक संचालित होना पाया गया। परीक्षा में पंजीकृत दर्ज संख्या 1497 में से 1370 उपस्थित पाए गए एवं 127 अनुपस्थित रहे।
नीट 2025 परीक्षा : निःशुल्क कोचिंग की हुई शुरुआत
कलेक्टर ने विद्यार्थियों से मिलकर उज्ज्वल भविष्य की दीं शुभकामनाएं
अम्बिकापुर । कलेक्टर विलास भोसकर के मार्गदर्शन में नीट 2025 की तैयारी हेतु निःशुल्क कोचिंग की शुरुआत गुरुवार को हुई। इस कक्षा में 12वीं जीव विज्ञान संकाय की परीक्षा 2025 में शामिल विद्यार्थी एवं 2024 में कक्षा 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थी भी शामिल हो रहे हैं। कोचिंग की शुरुआत के दिन कलेक्टर श्री भोसकर ने स्वयं कक्षा में पहुंचकर विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कक्षाओं का निरीक्षण किया तथा विद्यार्थियों से परीक्षा की तैयारी के संबंध में आवश्यक चर्चा की। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को अच्छा प्रदर्शन कर से सफल होने हेतु शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर श्री भोसकर ने जिला शिक्षा अधिकारी से विद्यार्थियों हेतु हॉस्टल में सुविधाओं के सम्बन्ध में जानकारी ली। उन्होंने अच्छी सुविधा, भोजन एवं वातावरण प्रदान करने हेतु निर्देश देते हुए कहा कि जो विद्यार्थी कक्षा के उपरांत शंका समाधान क्लास के बाद परिसर में अध्ययन करना चाहे उसे परिसर उपलब्ध कराया जाए एवं लाईब्रेरी की भी पूर्ण सुविधा मिले यह सुनिश्चित करें।
बता दें नीट 2025 की परीक्षा 04 मई को आयोजित है। यह कोचिंग 27 मार्च से प्रारम्भ होकर 03 मई तक संचालित होगी। जिला खनिज न्यास सरगुजा के सहयोग से कलेक्टर विलास भोसकर ने नीट परीक्षा की तैयारी हेतु 150 सीट की स्वीकृति दी है जिसमें विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क आवासीय सुविधा, भोजन व्यवस्था, कोचिंग कक्षाएं, लाईब्रेरी एवं साप्ताहिक टेस्ट परीक्षा शामिल हैं। कलेक्टर श्री भोसकर द्वारा 150 सीट के अंदर दूसरे जिले के मेधावी विद्यार्थियों को भी अवसर देने निर्देशित किया गया है। कोचिंग कक्षा में छ.ग. बोर्ड, सी.बी.एस.ई. बोर्ड एवं आई.सी.एस.ई. बोर्ड के विद्यार्थी भी शामिल हो रहे हैं। विद्यार्थियों के लिए छात्रावास की व्यवस्था शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अम्बिकापुर परिसर एवं शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अम्बिकापुर के सामने के छात्रावास में की गई है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन : संविदा भर्ती की मेरिट सूची जारी
1 से 15 अप्रैल तक दस्तावेज सत्यापन
अम्बिकापुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संविदा भर्ती 2022-24 के लिए आयोजित लिखित, कौशल एवं साक्षात्कार परीक्षा के आधार पर चयनित एवं प्रतीक्षा सूची जारी कर दी गई है। योग्य अभ्यर्थियों को 1 अप्रैल से 15 अप्रैल 2025 के बीच मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, अंबिकापुर में अपने दस्तावेजों के सत्यापन हेतु उपस्थित होना होगा।
दस्तावेज सत्यापन की तिथि व समय
एनएचएम संविदा भर्ती में चयनित अभ्यर्थी अपने दस्तावेज के सत्यापन हेतु 1 अप्रैल से 15 अप्रैल 2025 समय प्रातः 11ः00 बजे से सायं 05ः00 बजे तक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, अंबिकापुर, में शासकीय एवं क्षेत्रीय अवकाश को छोड़कर उपस्थित होंगे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी.एस. मार्को ने बताया कि अभ्यर्थियों को अपने मूल दस्तावेजों के साथ एक सेट स्वप्रमाणित फोटोकॉपी प्रस्तुत करनी होगी। दस्तावेजों में कोई असत्य जानकारी पाए जाने पर अभ्यर्थी अयोग्य घोषित कर दिए जाएंगे। अभ्यर्थी द्वारा किसी भी प्रकार से गलत/असत्य दस्तावेज प्रस्तुत करने पर नियमानुसार कार्यवाही किया जावेगा जिसके लिए अभ्यर्थी स्वयं उत्तरदायी होंगे। बीना पूर्व सूचना निर्धारित तिथि उपरांत दस्तावेज सत्यापन हेतु आये अभ्यर्थी को नियुक्ति अयोग्य मानते हुए उनकी उम्मिदवारी स्वमेव निरस्त मानी जावेगी। यदि किसी कारणवश अभ्यर्थी निर्धारित तिथि तक उपस्थित नहीं होते हैं, तो उनकी उम्मीदवारी स्वतः निरस्त मान ली जाएगी और प्रतीक्षा सूची के अभ्यर्थियों को मौका दिया जाएगा।
संविदा भर्ती से जुड़ी सभी अद्यतन जानकारियां जिले के आधिकारिक वेबसाइट www.surguja.gov.in पर उपलब्ध है। अभ्यर्थियों नियमित रूप से वेबसाइट का अवलोकन कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
ग्रीष्मकाल में आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन समय में परिवर्तन
अम्बिकापुर । प्रदेश में भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन समय में अस्थायी बदलाव किया है। महिला बाल विकास विभाग द्वारा जारी निर्देशानुसार, 1 अप्रैल 2025 से 30 जून 2025 तक आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन सुबह 7ः00 बजे से 11ः00 बजे तक किया जाएगा। इस अवधि में केंद्रों का संचालन 6 घंटे की बजाय 4 घंटे ही संचालित रहेंगे। जिससे बच्चों को भीषण गर्मी से बचाया जा सके।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री अतुल परिहार ने बताया कि ग्रीष्मकाल समाप्त होने के बाद 1 जुलाई 2025 से आंगनबाड़ी केंद्र पूर्व निर्धारित समयानुसार सुबह 9ः30 बजे से दोपहर 3ः30 बजे तक पुनः 6 घंटे के लिए संचालित किए जाएंगे। नौनिहालों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और गर्मी के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में परिवर्तन किए गए हैं।