छत्तीसगढ़ / सरगुजा
प्राकृतिक आपदा में मृतकों के वारिसों को 8 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत
अम्बिकापुर 11 सितम्बर 2026
कलेक्टर श्री अजीत वसंत के निर्देश पर अपर कलेक्टर सरगुजा द्वारा प्राकृतिक आपदा में मृतकों के वारिसों को 8 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है। जिसमें तहसील अम्बिकापुर के घुटरापारा निवासी कमलेश सिंह की मृत्यु पानी में डूबने से होने पर उनके वारिस अर्चना सिंह एवं तहसील उदयपुर के लालपुर निवासी सीमा मिंज की मृत्यु सांप के काटने से होने पर उनके वारिस मथुरा मिंज को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की है। इस राशि की मंजूरी राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड 6-4 संशोधित प्रावधानों के तहत प्राकृतिक आपदा राहत के अंतर्गत दी गई है।
नेशनल लोक अदालत का आयोजन 12 सितंबर को
आपसी सुलह (राजीनामा) के जरिए होगा मामलों का निपटारा
अम्बिकापुर 11 सितम्बर 2026
आपसी सुलह (राजीनामा) के जरिए मामलों का निपटारा करने के लिए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) नई दिल्ली के तत्वावधान में शनिवार 12 सितंबर 2026 को देशव्यापी नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (सालसा) बिलासपुर द्वारा प्रदेश के सभी जिला न्यायालयों एवं व्यवहार न्यायालयों में भी लोक अदालत आयोजित किए जाएंगे। यह कैलेण्डर वर्ष 2026 की तीसरी लोक अदालत होगी।
लोक अदालत के दिन जिला न्यायालय एवं तालुका न्यायालय (व्यवहार न्यायालय) में लंबित शमनीय अपराध के प्रकरण मोटर दुर्घटना दावा से संबंधित प्रकरण, 138 एनआई एक्ट, के अंतर्गत चेक बाउंस का प्रकरण धारा 125 दण्ड प्रक्रिया संहिता तथा मेट्रोमोनियल डिस्प्युट के अलावा जल कर, संपत्ति कर, राजस्व संबंधी प्रकरण ट्रैफिक चालान, भाड़ा नियंत्रण आबकारी से संबंधित प्रकरणों के निराकरण किया जाएगा। इसी प्रकार बैंक विद्युत संबंधी प्री-लिटिगेशन प्रकरण, राजस्व न्यायालय खंडपीठ में खातेदारों के मध्य आपसी बंटवारे, वारिसों के मध्य बटवारे का निराकरण किया जाएगा। न्यायालयों में बड़ी संख्या में लंबित प्रकरणों में कमी लाने के उद्देश्य से तथा प्रभावित पक्षकारों को त्वरित एवं सुलभ न्याय प्रदान करने की दिशा में नेशनल लोक अदालत एक प्रभावशाली कदम है।
नेशनल लोक अदालत के लिए खण्डपीठों का गठन कर विभिन्न प्रकरणों तथा प्री.लिटिगेशन का निराकरण किया जाएगा। लोक अदालत के माध्यम से न्यायालय में राजीनामा योग्य आपराधिक प्रकरणों धारा. 138 परक्राम्य लिखत अधिनियम मोटर दुर्घटना दावा प्रकरणों, बैंक रिकवरी प्रकरण, सिविल प्रकरण, निष्पादन प्रकरण, विद्युत संबंधी मामलों तथा पारिवारिक विवाद के मामलों का निराकरण किया जाता हैं। इसके अतिरिक्त राजस्व, बैंक, विद्युत विभाग दूरसंचार विभाग, नगर निगम, नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत में वसूली संबंधी लंबित प्रकरण प्री.लिटिगेशन प्रकरण जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में प्रस्तुत किए जाएंगे। विधिवत पंजीयन उपरांत संबंधित पक्षकारों के प्रकरण लोक अदालत खण्ड पीठ में निराकृत किए जाएंगे।
इस तरह पक्षकार अपने न्यायालयीन प्रकरणों का निराकरण लोक अदालत के माध्यम से करा सकते हैं। इसके अलावा लोक अदालत में दूरसंचार विभाग, नगर निगम, नगर पालिका परिषद् में वसूली संबंधी लंबित प्रकरण प्री-लिटिगेशन प्रकरण, याददाश्त के आधार पर बंटवारा, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, बैंक रिकवरी प्रकरण, कब्जे के आधार पर बंटवारा से संबंधित प्रक्ररणों को निराकृत किया जाएगा। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस-2023) के अंतर्गत कार्यवाही के मामले, रेन्ट कंट्रोल एक्ट, सूखाधिकार से संबंधित मामलों के साथ-साथ विक्रय पत्र, दानपत्र और वसीयतनामा के आधार पर नामांतरण के मामले तथा अन्य प्रकृति के सभी मामले सम्मिलित और चिन्हांकित कर आपसी राजीनामा के आधार पर नेशनल लोक अदालत के माध्यम से निराकृत किया जाएगा।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान
’सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने होंगी विविध गतिविधियां’
कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स गठित, नोडल अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी’
कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने बैठक लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
17 सितंबर की शाम हर घर जलेगा ’आशीर्वाद का दीया’’, जिला स्तरीय कार्यक्रम का गांधी स्टेडियम में होगा आयोजन
अम्बिकापुर 11 सितम्बर 2026
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की जनसेवा एवं समर्पण यात्रा के प्रति आभार व्यक्त करने तथा विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को जनभागीदारी का स्वरूप देने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत सेवा, जनभागीदारी, नागरिक सहभागिता और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां जिले के ग्राम, वार्ड, विकासखंड एवं जिला स्तर पर आयोजित की जाएंगी।
राज्य शासन के निर्देशानुसार अभियान की सभी गतिविधियों के जिला स्तरीय समन्वय के लिए जिला प्रभारी अधिकारी नामांकित किया गया है। साथ ही प्रत्येक गतिविधि के लिए संबंधित नोडल विभाग के जिला अधिकारी को गतिविधिवार जिला नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने जिले के सभी नोडल एवं सहयोगी विभागों के अधिकारियों की शुक्रवार को जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में बैठक लेकर निर्देश दिए कि राज्य स्तर से जारी क्रियान्वयन रूपरेखा एवं समय-सीमा के अनुरूप जिले की गतिविधिवार कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि विकासखंड एवं ग्रामध्वार्ड स्तर तक मैदानी अमले के दायित्व पहले से निर्धारित किए जाएं, ताकि अभियान की प्रत्येक गतिविधि का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संबंधित नोडल विभागों द्वारा अपनी-अपनी गतिविधियों के लिए जारी विस्तृत निर्देशों का जिला स्तर पर पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि अधिकतम नागरिकों को सेवा, सहभागिता और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है।
17 सितंबर की शाम हर घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’’-
अभियान का शुभारंभ ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगा। 17 सितंबर की शाम प्रत्येक परिवार को दीप प्रज्वलन के माध्यम से इस पहल से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। कलेक्टर श्री वसंत ने कहा कि जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन अम्बिकापुर के गांधी स्टेडियम मैदान में किया जाएगा, वहीं सभी ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों, निर्माण कार्य स्थल आदि में भी दिए जलाए जाएंगे। प्रत्येक दीप को 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के संकल्प के प्रतीक के रूप में देखा जाएगा। मैदानी टीमें घर-घर पहुंचकर नागरिकों को इस पहल में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करेंगी।
बच्चों के सपनों से सामने आएगा विकसित भारत का विजन’-
‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ पहल के अंतर्गत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक शासकीय एवं निजी विद्यालयों में विकसित भारत की संकल्पना और 25 वर्षों के सेवा कार्यों पर आधारित ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। बच्चों की कल्पनाओं एवं विचारों को प्रदर्शनी के माध्यम से सामने लाया जाएगा तथा उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
’‘नमो सेवा गाथा’ से गांव-गांव पहुंचेगी सेवा की कहानी’-’
‘नमो सेवा गाथा’ के तहत 17 सितंबर से नुक्कड़ नाट्य प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से 25 वर्षों के सेवा कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और उनसे नागरिकों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव की कहानियों को सरल एवं प्रभावी तरीके से आमजन तक पहुंचाया जाएगा। 2 अक्टूबर को देश के 100 प्रमुख स्थलों पर विशेष मंचन प्रस्तावित है।
आंगन का उत्सव’ में माताओं और बच्चों से होगा संवाद-
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। इसमें माताओं एवं बच्चों की भागीदारी के साथ आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण तथा महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में दी जाएगी। हितग्राही महिलाएं योजनाओं से अपने जीवन में आए बदलावों की कहानियां भी साझा करेंगी।
’कहानी बदलाव की’ में सामने आएंगी हितग्राहियों की सफलता की कहानियां’-
अभियान के दौरान ‘कहानी बदलाव की’ पहल के तहत विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की वास्तविक सफलता की कहानियां संकलित की जाएंगी। प्रत्येक कहानी में हितग्राही का नाम, स्थान, संबंधित योजना और योजना से जीवन में आए बदलाव की जानकारी शामिल की जाएगी। इन कहानियों का डिजिटल डेटा बैंक भी तैयार किया जाएगा। योजनाओं के हितग्राहियों की सूची तैयार कर मैदानी टीमों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई प्रभावी ढंग से की जा सके।
‘सेवा मेरा योगदान’ से जुड़ेंगे नागरिक’-
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के अंतर्गत नागरिकों एवं संस्थाओं को विभिन्न सेवा गतिविधियों में सहभागी बनने का अवसर मिलेगा। नदी-घाट स्वच्छता सहित विभिन्न जनसेवा गतिविधियों को इसमें शामिल किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों, स्वैच्छिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थाओं, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं आम नागरिकों को सक्रिय रूप से अभियान से जोड़ा जाएगा।
’सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ से मिलेगा योजनाओं का लाभ-
‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के माध्यम से विधानसभा एवं विकासखंड स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देने, उन्हें योजनाओं से जोड़ने तथा आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।
यात्रा, स्वच्छता और नवाचार से जुड़ेगी जनभागीदारी-
अभियान के दौरान ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘जल जन सेवा संकल्प’, ‘रंगोली राष्ट्रध्भारत मंडल’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चौलेंज’ तथा ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ जैसी गतिविधियां भी प्रस्तावित हैं। ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के अंतर्गत परिवर्तनकारी स्थलों का भ्रमण तथा ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन 7 अक्टूबर को प्रस्तावित है।
सोशल मीडिया और स्थानीय मीडिया के माध्यम से होगा व्यापक प्रचार-प्रसार-
अभियान की एकरूप पहचान के लिए केंद्र एवं राज्य स्तर से निर्धारित हैशटैग, फ्रेम, लोगो एवं प्रचार सामग्री का ही उपयोग किया जाएगा। जिले के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एवं स्थानीय मीडिया के माध्यम से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
’हर गतिविधि का होगा फोटो-वीडियो अभिलेखीकरण’-
अभियान के अंतर्गत आयोजित प्रत्येक गतिविधि का फोटो एवं वीडियो अभिलेखीकरण किया जाएगा। जिले की प्रगति का प्रतिवेदन निर्धारित प्रारूप में नियमित रूप से जनसंपर्क विभाग को भेजा जाएगा। राज्य स्तर पर अभियान की जिलेवार प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी।
कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान की सभी गतिविधियों को केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए उन्हें व्यापक जनभागीदारी का माध्यम बनाया जाए। उन्होंने अधिकारियों से व्यक्तिगत रुचि लेकर समयबद्ध कार्ययोजना के अनुरूप मैदानी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने कहा।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ सेवा, सहभागिता और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
जिला प्रशासन सरगुजा द्वारा सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए अभियान को व्यापक एवं प्रभावी जनअभियान के रूप में संचालित किया जाएगा।बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री रोमा श्रीवास्तव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रितेश चौधरी, अपर कलेक्टर श्री राम सिंह ठाकुर, नगर निगम आयुक्त श्री विनय अग्रवाल सहित सभी विभागों के नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
माता बहादुर कलारिन सम्मान 2026 के लिए 25 सितंबर तक आवेदन आमंत्रित
अम्बिकापुर 10 सितम्बर 2026
छत्तीसगढ़ शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिलाओं के उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष तथा नारी उत्थान के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं अभूतपूर्व कार्य करने वाली महिलाओं को प्रतिवर्ष ‘माता बहादुर कलारिन सम्मान’ प्रदान किया जाता है।
वर्ष 2026 के सम्मान के लिए पात्र महिलाओं से प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं। सम्मान के तहत चयनित एक महिला को 2 लाख रुपये की सम्मान राशि एवं प्रशस्ति पट्टिका प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
प्राप्त प्रविष्टियों की जिला स्तर पर गठित चयन समिति द्वारा स्क्रीनिंग एवं परीक्षण किया जाएगा। जिला स्तर पर प्राप्त आवेदनों में से सर्वोत्कृष्ट दो महिलाओं का चयन कर उनकी अनुशंसा संचालनालय, महिला एवं बाल विकास विभाग, नवा रायपुर को भेजी जाएगी।
जिले की इच्छुक एवं पात्र महिलाएं निर्धारित प्रारूप में आवेदन एवं आवश्यक दस्तावेज 25 सितंबर 2026 तक जिला कार्यालय, महिला एवं बाल विकास विभाग, अम्बिकापुर (सरगुजा) में प्रस्तुत कर सकती हैं। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त प्रविष्टियों पर विचार नहीं किया जाएगा।
मिनी माता सम्मान (महिला उत्थान) 2026 के लिए 25 सितंबर तक आवेदन आमंत्रित
अम्बिकापुर 10 सितम्बर 2026
छत्तीसगढ़ शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिलाओं, विशेष रूप से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग की महिलाओं के उत्थान के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला अथवा अशासकीय संस्था को प्रतिवर्ष ‘मिनी माता सम्मान (महिला उत्थान)’ प्रदान किया जाता है।
वर्ष 2026 के सम्मान के लिए पात्र महिलाओं एवं अशासकीय संस्थाओं से प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं। सम्मान के तहत चयनित एक महिला अथवा संस्था को 2 लाख रुपये की सम्मान राशि एवं प्रशस्ति पट्टिका प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
प्राप्त प्रविष्टियों की जिला स्तर पर गठित चयन समिति द्वारा स्क्रीनिंग एवं परीक्षण किया जाएगा। जिला स्तर पर प्राप्त प्रविष्टियों में से सर्वोत्कृष्ट दो महिलाओं अथवा संस्थाओं का चयन कर उनकी अनुशंसा संचालनालय, महिला एवं बाल विकास विभाग, नवा रायपुर को भेजी जाएगी।
जिले की इच्छुक एवं पात्र महिलाएं तथा अशासकीय संस्थाएं निर्धारित प्रारूप में आवेदन एवं आवश्यक दस्तावेज 25 सितंबर 2026 तक जिला कार्यालय, महिला एवं बाल विकास विभाग, अम्बिकापुर (सरगुजा) में प्रस्तुत कर सकती हैं। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त प्रविष्टियों पर विचार नहीं किया जाएगा।
वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी स्मृति पुरस्कार 2026 के लिए 25 सितंबर तक आवेदन
अम्बिकापुर 10 सितम्बर 2026
छत्तीसगढ़ शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिलाओं में वीरता, शौर्य एवं साहस तथा महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली राज्य की महिलाओं को प्रतिवर्ष ‘वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी स्मृति पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाता है।
वर्ष 2026 के पुरस्कार के लिए पात्र महिलाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। पुरस्कार के तहत चयनित एक महिला को 2 लाख रुपये की पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पट्टिका प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
प्राप्त आवेदनों की जिला स्तर पर गठित चयन समिति द्वारा स्क्रीनिंग एवं परीक्षण किया जाएगा। जिला स्तर पर प्राप्त प्रविष्टियों में से दो सर्वोत्कृष्ट महिलाओं का चयन कर उनकी अनुशंसा महिला एवं बाल विकास विभाग के संचालनालय, नवा रायपुर को भेजी जाएगी।
जिले की इच्छुक एवं पात्र महिलाएं निर्धारित प्रारूप में आवेदन तथा आवश्यक दस्तावेज 25 सितंबर 2026 तक जिला कार्यालय, महिला एवं बाल विकास विभाग, अम्बिकापुर (सरगुजा) में जमा कर सकती हैं। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
राष्ट्रीय पोषण माह 2026: 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक होंगे पोषण हेतु जागरूकता कार्यक्रम
अम्बिकापुर 10 सितम्बर 2026
पोषण अभियान के अंतर्गत ‘राष्ट्रीय पोषण माह 2026’ का आयोजन 9 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। जनसमुदाय तक स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता से संबंधित जानकारी पहुंचाने तथा प्रभावी व्यवहार परिवर्तन के उद्देश्य से पोषण माह को जनआंदोलन के रूप में आयोजित किया जा रहा है।
भारत सरकार के निर्देशानुसार आयोजित इस पोषण माह में जनप्रतिनिधियों, पंचायतीराज संस्थाओं एवं स्थानीय निकायों के प्रतिनिधियों के साथ सहयोगी विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र, महिला स्व-सहायता समूहों, महिला मंडलियों, नेहरू युवा केंद्रों, एनसीसी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
पोषण माह के दौरान जिला, विकासखंड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों के मैदानी अमले के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। पूर्व वर्षों में भी पोषण माह एवं पोषण पखवाड़े के दौरान विभिन्न विभागों एवं विकास संस्थाओं का सक्रिय सहयोग प्राप्त हुआ है।
पोषण माह में पांच प्रमुख थीम पर होंगी गतिविधियां
राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के दौरान मुख्य रूप से पांच विषयों पर जागरूकता एवं जनभागीदारी आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन सेवन, आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा गरम पका हुआ भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही, बाल विकास के लिए पोषण एवं प्रारंभिक उत्प्रेरण तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से मातृ स्वास्थ्य हेतु नकद अंतरण शामिल हैं।
कलेक्टर द्वारा सभी संबंधित विभागों को पोषण माह के सफल एवं सुचारू क्रियान्वयन के लिए अंतरविभागीय समन्वय बेहतर करते हुए दैनिक गतिविधियों के कैलेंडर के अनुसार पोषण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
सेवा संकल्प अभियान’’: 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होगा आयोजन
सेवा, जनभागीदारी, जनप्रतिनिधि एवं विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प, विविध गतिविधियों द्वारा जनभागीदारी से मिलेगा स्वरूप
कैबिनेट मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री ओपी चौधरी ने वर्चुअल माध्यम से ली बैठक, अभियान के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन हेतु दिए आवश्यक निर्देश
कलेक्टर ने सरगुजा जिले में तैयारियों के सम्बंध में अवगत कराया
अम्बिकापुर 09 सितम्बर 2026
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा एवं समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करने तथा विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को जनभागीदारी का स्वरूप देने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ’’सेवा संकल्प अभियान’’ का आयोजन किया जाएगा। अभियान के माध्यम से केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ पात्र नागरिकों तक पहुंचाने के साथ प्रत्येक परिवार की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
अभियान के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए वित्त एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री ओ पी चौधरी ने आज बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न जिलों की बैठक ली। उन्होंने जिलों में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के सम्बन्ध में नोडल एवं सहायक नोडल की नियुक्ति, कार्ययोजना, विभागीय दायित्वों एवं गतिविधियों के सम्बन्ध में जानकारी ली तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय, समयबद्ध कार्ययोजना और प्रभावी मैदानी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अभियान के तहत अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने कहा। इस हेतु सभी गतिविधियों को ग्राम, वार्ड, विकासखंड एवं जिला स्तर पर जनभागीदारी के साथ आयोजित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला कलेक्टरेट स्थित एनआईसी कक्ष में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने जिले से सम्बंधित जानकारी एवं कार्ययोजना के सम्बंध जानकारी साझा की। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ सुश्री रोमा श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी उपस्थित थे।
17 सितंबर की शाम हर घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’-
अभियान का शुभारंभ ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगा। 17 सितंबर की शाम जमीनी स्तर पर प्रत्येक परिवार को दीप प्रज्वलन से जोड़ने की पहल की जाएगी। प्रत्येक दीप को 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के संकल्प के प्रतीक के रूप में देखा गया है। मैदानी टीमें घर-घर पहुंचकर नागरिकों को इस पहल से जुड़ने के लिए प्रेरित करेंगी।
25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत-
‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ पहल के अंतर्गत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच शासकीय एवं निजी विद्यालयों में विकसित भारत की संकल्पना तथा 25 वर्षों के सेवा कार्यों पर आधारित ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। बच्चों की कल्पनाओं को प्रदर्शनी के माध्यम से सामने लाया जाएगा तथा उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
’’नमो सेवा गाथा’’ के जरिए गांव-गांव पहुंचेगी सेवा की कहानी-
‘नमो सेवा गाथा’ के तहत 17 सितंबर से नुक्कड़ नाट्य प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा। 2 अक्टूबर को देश के 100 प्रमुख स्थलों पर विशेष मंचन प्रस्तावित है। नाटकों के माध्यम से 25 वर्षों के सेवा कार्यों, योजनाओं और उनसे आए बदलाव की कहानियों को सरल एवं भावनात्मक तरीके से संगीतपूर्ण नाट्य के रूप में आमजन तक पहुंचाया जाएगा।
’’आंगन का उत्सव’’ में सम्मान एवं माताओं से होगा संवाद-
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। इसमें माताओं एवं बच्चों की भागीदारी के साथ आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान, पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण और महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में दी जाएगी। लाभार्थी महिलाएं योजनाओं से अपने जीवन में आए बदलावों की कहानियां भी साझा करेंगी।
’’कहानी बदलाव की’’ लाभार्थियों की वास्तविक कहानियां-
पूरे अभियान के दौरान ‘कहानी बदलाव की’ पहल के अंतर्गत सरकारी योजनाओं से सकारात्मक बदलाव का अनुभव करने वाले लाभार्थियों की वास्तविक कहानियां संकलित की जाएंगी। प्रत्येक कहानी में लाभार्थी का नाम, स्थान, जिला, संबंधित योजना और जीवन में आए बदलाव की जानकारी शामिल की जाएगी। इन कहानियों का डिजिटल डेटा बैंक भी तैयार किया जाएगा।
’’सेवा ज्योति यात्रा’’-
25 वर्षों की सेवा के प्रति आभार एवं विकसित भारत 2047 का सामूहिक संकल्प के लिए गांव, जिला एवं राज्य स्तर की जनभागीदारी यात्रा का आयोजन होगा।
’’सेवा मेरा योगदान’’ से नागरिक देंगे 25 सेवा गतिविधियों में योगदान-
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के अंतर्गत नागरिकों और संस्थाओं को विभिन्न सेवा गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। इसमें नदी-घाट स्वच्छता सहित सेवा गतिविधियों को शामिल किया गया है। अभियान की रूपरेखा में नागरिक सहभागिता को प्रमुखता देते हुए जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थाओं, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और आम नागरिकों को जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
’’सेवा सेतु अभियान’’ से नागरिकों को मिलेगा सरकार का साथ-
‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के माध्यम से विधानसभा एवं विकासखंड स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे, शिविर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी सहभागिता रहेगी। इन शिविरों में पात्र नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देने, योजनाओं से जोड़ने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।
विभिन्न आयोजनों से बढ़ेगी जनभागीदारी-
अभियान के दौरान ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘जल जन सेवा संकल्प’, ‘रंगोली राष्ट्र/भारत मंडल’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ तथा ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ जैसी गतिविधियां भी प्रस्तावित हैं। ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के अंतर्गत परिवर्तनकारी स्थलों का भ्रमण तथा ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन 7 अक्टूबर को प्रस्तावित है।
’विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग से जिले के युवाओं को मिलेगा राष्ट्रीय मंच’
अम्बिकापुर 09 सितम्बर 2026
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से देश के युवाओं को अपने विचार, नवाचार एवं नेतृत्व क्षमता को प्रदर्शित करने तथा विकसित भारत के निर्माण के लिए अपने दृष्टिकोण साझा करने का अवसर प्रदान किया जा रहा है।
जिले में भी इस अभियान को अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाने के लिए विभिन्न जागरूकता एवं सहभागिता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। मेरा युवा भारत (MY Bharat) के माध्यम से सरगुजा जिले के युवा इस पहल से जुड़कर विकसित भारत के विजन को साकार करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं।
युवा मेरा युवा भारत पोर्टलhttps://mybharat.gov.in/quizzes/yuva/detail/uHzkZ9NIN0AdlPVjogfWMg/पर आयोजित क्विज में भाग लेकर अपनी सहभागिता दर्ज करा सकते हैं तथा आगे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की गतिविधियों में नेतृत्व और प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त कर सकते हैं।
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग का उद्देश्य युवाओं को केवल कार्यक्रमों के सहभागी के रूप में नहीं, बल्कि नीति निर्माण, नवाचार एवं राष्ट्र विकास के सक्रिय भागीदार के रूप में तैयार करना है। इसके अंतर्गत शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता, प्रौद्योगिकी, पर्यावरण, सामाजिक विकास सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर युवाओं के विचारों एवं सुझावों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
मेरा युवा भारत, सरगुजा ने जिले के सभी पात्र युवाओं, युवा संगठनों, महाविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।
एकलव्य विद्यालयों में कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए तृतीय चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग 9 से 16 सितंबर तक
रिक्त सीटों के लिए चयनित अभ्यर्थी ऑनलाइन काउंसलिंग में ले सकेंगे भाग
अम्बिकापुर 09 सितम्बर 2026
शिक्षा सत्र 2026-27 में जिले में संचालित 05 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए तृतीय चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया 09 सितंबर से शुरू हो गई है। यह प्रक्रिया 16 सितंबर 2026 तक निर्धारित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों एवं काउंसलिंग केंद्रों में प्रातः 9 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।
आदिवासी विकास विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु आयोजित प्राक्चयन परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद प्रथम एवं द्वितीय चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग पूर्ण कर चयन सूची जारी की जा चुकी है। अंतिम प्रवेश प्रक्रिया के अंतर्गत रिक्त सीटों के लिए तृतीय चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग आयोजित की जा रही है।
तृतीय चरण की काउंसलिंग में शामिल होने वाले चयनित अभ्यर्थियों की सूची, काउंसलिंग केंद्र एवं अन्य विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट https://eklavya.cg.nic.in/ पर उपलब्ध है।
ऐसे अभ्यर्थी, जिनका प्रथम एवं द्वितीय चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग के लिए चयन हुआ था, लेकिन उन्हें विद्यालय आवंटित नहीं हो सका, वे पूर्व में जारी सूची में प्रदर्शित विद्यालय में उपस्थित होकर अनुलग्नक-3 प्राप्त कर निर्धारित वांछित प्रविष्टि पूर्ण करने के बाद 09 से 16 सितंबर तक पुनः ऑनलाइन काउंसलिंग में भाग ले सकते हैं। उन्हें पुनः पंजीयन की आवश्यकता नहीं होगी।
अभ्यर्थी ऑनलाइन काउंसलिंग से पूर्व https://eklavya.cg.nic.in/ का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी प्राप्त कर लें। काउंसलिंग के दौरान कक्षा 5वीं की मूल अंकसूची (मार्कशीट), मूल निवास प्रमाण पत्र, स्थायी जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड तथा विशेष श्रेणी के अभ्यर्थी होने पर संबंधित सक्षम अधिकारी द्वारा जारी प्रमाण पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज लेकर निर्धारित तिथि एवं समय पर काउंसलिंग केंद्र में उपस्थित होना सुनिश्चित करें।
सरगुजा जिले में अब तक 575.8 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज
अम्बिकापुर 09 सितम्बर 2026
सरगुजा जिले में 1 जून 2026 से 09 सितंबर 2026 तक 575.8 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है। कार्यालय कलेक्टर भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जून से अब तक सर्वाधिक वर्षा 770.1 तहसील अम्बिकापुर में तथा न्यूनतम 422. मि.मी. तहसील लुण्ड्रा में दर्ज की गई है। इसके अलावा तहसील दरिमा में 482.8, लुण्ड्रा में 422.6, सीतापुर में 518.6, लखनपुर में 725.1, उदयपुर में 664..7, बतौली में 448.5 एवं मैनपाट में 574.1 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। जिले के सभी तहसीलों में पिछले 24 घण्टे के दौरान 1.2 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है। इस दौरान सर्वाधिक 6.9 मि.मी. वर्षा तहसील अम्बिकापुर में दर्ज की गई है।
जिला स्तरीय रोजगार मेला का हो रहा आयोजन,167 पदों पर होगी भर्ती
अम्बिकापुर 09 सितम्बर 2026
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, अम्बिकापुर द्वारा शिक्षित युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 15 सितम्बर 2026, मंगलवार को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, गंगापुर, अम्बिकापुर में आयोजित होगा। रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों के निजी नियोजक शामिल होकर तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदों सहित लगभग 167 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेंगे। सरगुजा संभाग के शिक्षित बेरोजगार युवा इस रोजगार मेले में शामिल होकर अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं। रोजगार मेले में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों को ई-रोजगार पोर्टल https://erojgar.cg.gov.in/ एवं छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप पर अपना रोजगार पंजीयन तथा रोजगार मेले के लिए पंजीयन, दोनों करना आवश्यक है। जिन आवेदकों ने अभी तक ई-रोजगार पोर्टल पर अपना पंजीयन नहीं कराया है, वे विभागीय पोर्टल के माध्यम से अपना पंजीयन करा सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अपने साथ शैक्षणिक योग्यता की अंकसूची, निवास प्रमाण पत्र एवं पासपोर्ट साइज फोटो लाना होगा। अभ्यर्थी निर्धारित तिथि एवं समय पर जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, गंगापुर, अम्बिकापुर में उपस्थित होकर भर्ती प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। जिला स्तरीय रोजगार मेला पूर्णतः निःशुल्क है। नियुक्ति एवं सेवा की शर्तों के लिए संबंधित नियोजक स्वयं जिम्मेदार होंगे। रोजगार मेले की पूरी प्रक्रिया में जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र की भूमिका केवल सुविधा प्रदाता के रूप में है। इस सम्बन्ध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न पदों पर कार्यरत कर्मचारियों की अंतिम वरिष्ठता सूची
अम्बिकापुर । संभागीय संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवायें सरगुजा संभाग ने बताया कि संभाग स्तरीय ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक-पुरूष/बहुउद्देशीय कार्यकर्ता पुरूष पद, विभिन्न संस्थाओं में सहायक ग्रेड-03 एवं सहायक ग्रेड 02 के सवंर्गीय पद एवं ए.एन.एम./ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक, महिला बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता-महिला नर्सिंग वर्ग के पद पर कार्यरत कर्मचारियों की 01 अप्रैल 2026 की स्थिति दर्शाने वाली अनंतिम वरिष्ठता सूची जारी कर दी गई है। जिसका जिले की वेबसाईट में अवलोकन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि सहायक ग्रेड-03 एवं सहायक ग्रेड 02 के सवंर्गीय पद हेतु प्रकाशन की तिथि से 07 दिवस के अन्दर संबंधित कर्मचारी के द्वारा संबंधित जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत कराया जाए। ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक-पुरूष/बहुउद्देशीय कार्यकर्ता पुरूष पद हेतु प्रकाशन की तिथि से 15 दिवस के अन्दर संबंधित कर्मचारी के द्वारा संबंधित जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत कराया जाए एवं ए.एन.एम./ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक महिला बहुउद्देशीय कार्यकर्ता-महिला नर्सिंग वर्ग के पद हेतु प्रकाशन की तिथि से 15 दिवस के अन्दर संबंधित कर्मचारी के द्वारा संबंधित जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत कराया जाए।
कर्मचारियों की सूची पर दर्शित किसी बिन्दु पर जानकारी दर्ज होने से छूट गया हो अथवा गलत जानकारी दर्ज हो गया हो, यदि कोई विसंगतियों ही या किसी कर्मचारी का नाम सम्मिलित होने से छूट गया हो, तो ऐसी स्थिति में दर्ज विसंगतियों के सुधार या सूची में दर्ज होने से छूटे नाम को जोड़ने हेतु स्व-प्रमाण एवं स्वयं स्पष्ट कम्प्यूटराईज्ड आवेदन/अभ्यावेदन सूची प्रकाशन की तिथि से निर्धारित तिथि तक कार्यालयीन दिवस के अन्दर उचित माध्यम से अंतिम अवसर प्रदान करते हुये सबंधित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में दावा आपत्ति आवेदन प्रस्तुत की जा सकती है।
सीएम हेल्पलाइन 1076 से निलंबर सिंह के परिवार को मिली राहत
अम्बिकापुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की जनसेवा की मंशा के अनुरूप संचालित सीएम हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण का प्रभावी माध्यम बन रही है। जिले के लुण्ड्रा तहसील अंतर्गत ग्राम बकनाकला, पोस्ट उदारी निवासी निलंबर सिंह के परिवार को भी सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से राहत मिली है।
निलंबर सिंह की भतीजी की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद प्राकृतिक आपदा राहत के अंतर्गत मिलने वाली मुआवजा राशि के संबंध में उन्होंने सीएम हेल्पलाइन 1076 पर कॉल कर अपनी समस्या दर्ज कराई।
शिकायत दर्ज होने के पश्चात प्रकरण संबंधित राजस्व अधिकारियों को भेजा गया। तहसील स्तर पर आवश्यक दस्तावेजों की जांच एवं प्रक्रिया पूर्ण की गई। इसके बाद राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड 6-4 के संशोधित प्रावधानों के तहत प्राकृतिक आपदा राहत राशि स्वीकृत की गई।
निलंबर सिंह कि भतीजी की आकस्मिक मृत्यु से परिवार गहरे दुख में था। ऐसे कठिन समय में सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से उनकी समस्या शासन तक पहुंची और संबंधित विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई की गई। राहत राशि मिलने से परिवार को आर्थिक सहयोग मिला है।
उन्होंने कहा, “मेरी भतीजी की आकाशीय बिजली से मृत्यु हो गई थी। मैंने इसके संबंध में सीएम हेल्पलाइन 1076 में कॉल किया था। शिकायत के बाद तहसीलदार के माध्यम से प्रक्रिया पूरी हुई और मुआवजा राशि उनके खाते में आ गई। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री विष्णु भैया को बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूँ।
सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से नागरिकों की शिकायतों को संबंधित विभाग तक पहुंचाकर उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। निलंबर सिंह के प्रकरण में भी शिकायत दर्ज होने के बाद राजस्व अमले द्वारा आवश्यक कार्रवाई कर प्राकृतिक आपदा राहत राशि प्रदान की गई। निलंबर सिंह ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में शासन से मिली यह सहायता उनके परिवार के लिए महत्वपूर्ण सहायता है।
दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना से शंभू बारी के परिवार को मिला आर्थिक संबल
अम्बिकापुर । शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में आर्थिक सुरक्षा और मजबूती ला रही हैं। इसका उदाहरण उदयपुर विकासखण्ड के ग्राम पंचायत पतरापारा निवासी शंभू बारी का परिवार है। भूमिहीन कृषि मजदूर शंभू बारी को दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हो रही है। यह राशि परिवार की दैनिक जरूरतों, बीमारी के समय उपचार तथा अन्य आवश्यक खर्चों में उपयोगी साबित हो रही है।
शंभू बारी ने बताया कि सीमित संसाधनों के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी। नियमित आय का साधन नहीं होने से अचानक आने वाले खर्चों को पूरा करना कठिन होता था। ऐसे में दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के अंतर्गत मिलने वाली 10 हजार रुपये की वार्षिक सहायता उनके परिवार के लिए महत्वपूर्ण सहारा बनी है। उन्होंने बताया कि इस राशि का उपयोग वे जरूरत के समय घरेलू एवं आवश्यक कार्यों में करते हैं।
शासन की अन्य योजनाओं से भी उनके परिवार को लाभ मिला है। भूमिहीन होने के कारण लंबे समय तक स्वयं का पक्का मकान नहीं होने की समस्या से जूझ रहे शंभू बारी को शासन की ओर से उपलब्ध कराई गई भूमि पर प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास मिला है। अब उनका परिवार अपने पक्के घर में सुरक्षित रूप से रह रहा है।
इसके साथ ही उनकी पत्नी को महतारी वंदन योजना के अंतर्गत प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता राशि मिल रही है। नियमित रूप से मिलने वाली यह राशि परिवार की छोटी-छोटी घरेलू आवश्यकताओं को पूरा करने में सहयोग कर रही है।
शंभू बारी ने कहा, दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना से हमें साल में 10 हजार रुपये मिलते हैं। यह राशि हमारे जरूरी कामों में बहुत मदद करती है। प्रधानमंत्री आवास योजना से घर मिला है और मेरी पत्नी को महतारी वंदन योजना से हर महीने एक हजार रुपये मिल रहे हैं।
उन्होंने इन योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं से उनके परिवार को आर्थिक सहयोग के साथ पक्का आवास और बेहतर जीवन का आधार मिला है।
नेशनल लोक अदालत का आयोजन 12 सितम्बर को
अम्बिकापुर । जिले में नेशनल लोक अदालत का आयोजन 12 सितम्बर 2026 को किया जाएगा। नेशनल लोक अदालत के सफलतापूर्वक संपादन हेतु 24 खंडपीठों का गठन किया गया है। जिसमें कलेक्टर, अपर कलेक्टर, नजूल अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार खण्डपीठ के पीठासीन अधिकारी होंगे तथा डिप्टी कलेक्टर जे.आर. सतरंज नोडल अधिकारी होंगे।
उपरोक्त राजस्व अधिकारी अपने क्षेत्रांतर्गत विधि द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए 12 सितम्बर को राजस्व दाण्डिक, भू-अर्जन, आर.बी.सी. 6-4 व विविध प्रकरणों का निराकरण करेंगे तथा न्यायालय अवधि समाप्त होते ही निराकृत प्रकरणों की जानकारी ईमेल, व्हाट्सअप, फैक्स या विशेष वाहक के माध्यम से जिला कलेक्टर कार्यालय में भेजेंगे।
एकलव्य आवासीय विद्यालय बतौली की छात्राएं कलेक्टर से मिलने पहुंची कलेक्टरेट
अम्बिकापुर । एकलव्य आवासीय विद्यालय बतौली की छात्राएं सोमवार को कलेक्टर अजीत वसंत से मिलने जिला कलेक्टरेट पहुंची। जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में छात्राओं ने कलेक्टर के समक्ष विद्यालय की कुछ मूलभूत समस्याओं के सम्बन्ध में अपनी बात रखी। छात्राओं ने कलेक्टर को विद्यालय में बिजली की समस्या सहित शिक्षकों की कमी के कारण पढ़ाई प्रभावित होने की जानकारी दी। बालिकाओं ने बताया कि विद्यालय में गत एक माह से बिजली की समस्या है, फिजिक्स एवं कैमिस्ट्री के शिक्षक नहीं है, भोजन कि गुणवत्ता एवं विद्यालय में साफ-सफाई की कमी है। छात्राओं ने समस्याओं का जल्द निराकरण कराने की मांग कलेक्टर के समक्ष रखी। कलेक्टर ने बालिकाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने विद्यालय में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा छात्राओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक कार्यवाही करने आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त को निर्देशित किया। उन्होंने इस हेतु जांच दल गठित करने के निर्देश दिए तथा जांच पश्चात सम्बन्धित पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।
उन्होंने आश्रम छात्रावासों के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सभी छात्रावासों का निरीक्षण कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए।
जांच कमेटी गठित, जिम्मेदारों पर नियमानुसार होगी कार्रवाई-
कलेक्टर वसंत ने छात्राओं द्वारा हॉस्टल की समस्याओं के संबंध में किये गये शिकायत की जांच के लिये जांच टीम का गठन किया। जिसमें संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शारदा अग्रवाल, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सीतापुर फागेश सिन्हा, एवं आदिवासी विकास विभाग की सहायक संचालक सुश्री किरण राजपूत शामिल रहेंगे। जांच टीम को विद्यालय में जाकर समस्याओं के संबंध में जांच कर जांच प्रतिवेदन दो दिवस के भीतर कलेक्टर वसंत के समक्ष उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।