छत्तीसगढ़ / बलरामपुर
हाथी को करंट लगाकर मरने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार
बलरामपुर । जिले के रामानुजगंज फॉरेस्ट रेंज के छतवा गांव के जंगल में हाथी की मौत मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. मामले में दो आरोपी अब भी फरार है, जिनकी तलाश जारी है। आरोपियों के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। दरअसल, वन विभाग को गुरुवार को छतवा के जंगल में हाथी के मौत की सूचना मिली।
जिसके बाद मौके पर वन विभाग के कर्मचारी और अधिकारी पहुंचे और जांच शुरू की। हाथी के शव का पोस्टमार्टम में बाद प्रथम दृष्टया करंट लगने से मौत की वजह सामने आई. ग्रामीणों से पूछताछ में पता चला कि गांव के रहने वाले चार लोगों ने जंगली सुअर के शिकार के लिए करंट का तार बिछाया था। हरि सिंह और परमेशवर सिंह से मामले को लेकर पूछताछ की गई. इस दौरान दोनों ने अपने अन्य दो साथियों के साथ मिलकर करंट लगाना कबूल किया. दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
दल से बिछड़े हाथी ने गांव में मचाया उत्पात
बलरामपुर। बलरामपुर जिले में लगातार हाथियों का दल विचरण कर रहा है। विचरण करते -करते दल से बिछड़कर एक हाथी वाड्रफनगर वन परिक्षेत्र के कोटराही गांव में पहुंचा गया है। वहीं एक किसान के घर में वह घुसकर जमकर उत्पात मचाया है। घर में मौजूद लोगों ने जैसे-तैसे भागकर अपनी जान बचाई है। हाथी ने मकान, फसल और अनाज को काफी नुकसान पहुंचाया है। एसडीओ अनिल सिंह पैकरा ने बताया कि, हाथियों से हुए नुकसान का आकलन करने में वन विभाग के टीम जुटी हुई है। इसके साथ ही वन विभाग की टीम अब अलर्ट मोड पर है।
कलेक्टर ने तहसील कार्यालय रामचंद्रपुर का किया निरीक्षण
बलरामपुर । कलेक्टर राजेंद्र कटारा एवं जिला पंचायत सीईओ रेना जमील ने तहसील कार्यालय रामचन्द्रपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिवक्ता कक्ष, आवक/जावक एवं तहसीलदार न्यायालय कक्ष का अवलोकन किया। उन्होंने तहसील कार्यालय के निरीक्षण के दौरान विभिन्न शाखा पंजी का अवलोकन किया और अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसीलदार न्यायालय में पुराने प्रकरणों की जानकारी लेते हुए समय पर निराकरण करने को कहा। इस दौरान कार्यालय में आए हुए ग्रामीणों से चर्चा भी की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजनों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व देवेन्द्र प्रधान, तहसीलदार निशांत सिंह उपस्थित रहे।
शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने कलेक्टर-सीईओ का सघन दौरा
स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्र का किया औचक निरीक्षण
बलरामपुर । कलेक्टर राजेन्द्र कटारा एवं जिला पंचायत सीईओ रेना जमील ने शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने विकासखंड रामचंद्रपुर का सघन दौरा किया। उन्होंने प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, आंगनबाड़ी एवं प्राथमिक व उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कलेक्टर एवं जिलापंचायत सीईओ विकासखंड रामचन्द्रपुर के ग्राम चिनिया के प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक शाला तथा आंगनबाड़ी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित शिक्षकों से स्कूल में पदस्थ शिक्षकों की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने बच्चों की संख्यात्मक जानकारी लेते हुए उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने की बात कही। कलेक्टर ने छात्रों से उनके पढ़ाई के सम्बंध में पूछा, इस दौरान बच्चों ने कलेक्टर द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब दिया।पाँचवी की छात्रा सरस्वती ने कलेक्टर को 13 का पहाड़ा भी सुनाया। कलेक्टर ने बच्चों से संवाद करते हुए पूछा कि भविष्य में क्या बनना चाहते है। बच्चो ने बड़े ही सहजता के साथ बताया कि उच्च शिक्षा ग्रहण कर टीचर, डॉक्टर, नर्स बन जनसेवा क्षेत्र में कार्य करना चाहते है। कलेक्टर ने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए शुभकामनाएं दी। इस दौरान उन्होंने रसोईघर का भी अवलोकन कर प्रतिदिवस दी जा रही भोजन की जानकारी ली तथा बच्चों को मेनू के आधार पर भोजन देने के निर्देश दिए । कलेक्टर और सीईओ ने परिसर में ही संचालित आगंनबाडी केन्द्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से बच्चों की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने उपस्थिति पंजी का अवलोकन करते हुए कहा कि बच्चें नियमित रूप से आंगनबाड़ी आयें यह सुनिश्चित करें । उन्होंने बच्चों को मिलने वाले नाश्ते और भोजन के बारे में पूछा एवं बच्चों को पोषण आहार देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने गर्भवती माताओं की भी जानकारी ली तथा उन्हें भी नियमित रूप से गर्म एवं पौष्टिक भोजन देने को कहा।
विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का किया भ्रमण
कलेक्टर श्री कटारा एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती जमील ने विकासखंड रामचंद्रपुर अंतर्गत आरोग्य आयुष्मान मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रामचंद्रपुर एवं उप स्वास्थ्य केन्द्र छतवा का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्टाफ की उपस्थिति, मरीजों की भर्ती, ओपीडी, संस्थागत प्रसव, पंजीयन रजिस्टर, टीकाकरण कक्ष, दवाइयों की उपलब्धता, जांच, उपचार की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने पूरे अस्पताल परिसर का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का अवलोकन किया। इसके साथ उन्होंने भर्ती हुए मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। भर्ती हुए मरीजों ने कलेक्टर को समय पर भोजन एवं डॉक्टरों द्वारा नियत समय में जांच करने की बात बतायी। निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री देवेंद्र प्रधान, तहसीलदार मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के मंशानुरूप प्रशासन के द्वारा लोगों को बेहतर शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जिले में शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार एवं गुणवत्ता हेतु समुचित व्यवस्था पर जोर दिया जा रहा है।
कलेक्टर एवं सीईओ ने किया चेकपोस्ट व धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण
पड़ोसी राज्यों से आने वाले वाहनों का नियमित जांच करें: कलेक्टर
बलरामपुर । जिले में अवैध धान की आवक को रोकने और किसानों को सुगम खरीदी प्रक्रिया प्रदान करने के उद्देश्य से कलेक्टर राजेंद्र कटारा एवं सीईओ जिला पंचायत रेना जमील ने सीमावर्ती चेक पोस्टों और धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने ने चेक पोस्टों और धान खरीदी केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री कटारा एवं सीईओ श्रीमती जमील ने विकासखंड रामचंद्रपुर के ग्राम अनिरुद्धपुर में झारखंड सीमा पर बनाये गए चेक पोस्ट , उत्तर प्रदेश सीमा पर स्थित ग्राम चूना पाथर चेकपोस्ट और वाड्रफनगर के अंतरराज्यीय धनवार चेक पोस्ट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इन चेक पोस्टों पर तैनात कर्मचारियों को अवैध धान की आवाजाही पर पूर्ण रूप से नियंत्रण रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि पड़ोसी राज्यों से आने वाले प्रत्येक वाहनों की सघन जांच की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि रजिस्टर पंजी में वाहन का नाम, नंबर और आने का उद्देश्य अवश्य रूप से दर्ज करें। साथ ही उन्होंने कर्मचारियों की उपस्थिति पंजी की जांच की और निर्देशित किया कि ड्यूटी रोस्टर के अनुरूप अधिकारी या कर्मचारी उपस्थित रहें। उन्होंने चेक पोस्टों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। कलेक्टर ने कहा कि कैमरों की तकनीकी स्थिति बेहतर होनी चाहिए और वे पूरे समय सक्रिय रहें। उन्होंने चेक पोस्टों पर सतर्कता बनाए रखने और अवैध धान की आवक पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण
कलेक्टर राजेंद्र कटारा एवं सीईओ रेना जमील ने तातापानी, दोलंगी और रामचंद्रपुर स्थित धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने उपार्जन केंद्रों पर धान की खरीद प्रक्रिया, किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और खरीदी व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने समिति प्रभारियों से अब तक हुई धान खरीदी का ब्यौरा प्राप्त किया। उन्होंने पंजीकृत किसानों की संख्या, काटे गए टोकन और खरीदे गए धान के विवरण की जानकारी लेते हुए कहा कि खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी हो और किसानों को किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। केंद्रों पर मौजूद किसानों से बातचीत करते हुए कलेक्टर ने उनकी समस्याएं सुनीं और यह जाना कि उन्हें धान बेचने में कोई असुविधा तो नहीं हो रही है। किसानों ने बताया कि खरीदी प्रक्रिया सरल और सुगम है। कलेक्टर ने स्वयं रैंडम तरीके से धान की नमी और वजन की जांच कराई और खरीदी प्रभारियों को शासन द्वारा निर्धारित मापदंड के अनुरूप खरीदी करने के निर्देश दिए। उन्होंने धान खरीदी के साथ धान के उठाव में तेजी लाने को कहा।कलेक्टर ने केंद्रों में धान के उचित रख-रखाव और पर्याप्त बारदानों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। विदित हो कि खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के तहत जिले में धान खरीदी की प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है। प्रशासन किसानों के हित में पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है कि किसानों को समय पर उचित मूल्य मिले और उन्हें केंद्रों पर कोई परेशानी न हो। साथ ही जिले में अवैध धान की आवक को रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय है।
कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्रों का किया औचक निरीक्षण
बलरामपुर । कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने विकासखण्ड बलरामपुर के धान उपार्जन केंद्र कपिलदेवपुर एवं वाड्रफनगर के उपार्जन केन्द्र डोंगरो का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धान खरीदी केन्द्रों पर चल रही खरीदी प्रक्रिया का निरीक्षण किया और किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं उपार्जन प्रक्रिया की जानकारी ली।
कलेक्टर ने किसानों से फसल की गुणवत्ता, तौल प्रक्रिया और समय पर भुगतान को लेकर चर्चा की। उन्होंने समिति प्रभारियों से कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि किसानों को उपार्जन केन्द्रों पर किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इस बात का विशेष ध्यान रखें। कलेक्टर ने धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से करने के निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने कहा कि किसानों के धान की नमी का सही मूल्यांकन हो, तौल में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि किसानों को केन्द्रों पर त्वरित सहायता एवं सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। कलेक्टर ने उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और वहां मौजूद कर्मचारियों से विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व वाड्रफनगर चेतन साहू सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
चलगली में जनसमस्या समाधान शिविर का आयोजन
प्रशासन और आमजनों के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है समाधान शिविर: कलेक्टर
बलरामपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में आमजनों की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ व शीघ्र निराकरण करने के उद्देश्य से विकासखण्ड वाड्रफनगर के ग्राम चलगली में जिला स्तरीय जनसमस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर राजेन्द्र कटारा और जिला पंचायत सीईओ श्रीमती रेना जमील शिविर में शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और उनकी शिकायतों का निवारण किया और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान जनपद अध्यक्ष वाड्रफनगर श्री विनोद जायसवाल, चलगली सरपंच गोंड साय, गणमान्य नागरिक पुष्पा जयसवाल सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
शिविर में स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, राजस्व, पंचायत और अन्य विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर उपस्थित लोगों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी। कलेक्टर और सीईओ ने स्टॉलों का अवलोकन करते हुए विभागीय अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने लाभार्थियों से योजनाओं के प्रभाव पर चर्चा की और ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में ग्रामीणों ने आवेदन के माध्यम से अपनी समस्याओं को अवगत कराया, जिनमें से कई आवेदनों का समाधान मौके पर ही किया गया। शेष समस्याओं के लिए कलेक्टर ने संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने कहा कि जनसमस्या समाधान शिविर न केवल समस्याओं के निवारण का माध्यम है, बल्कि यह प्रशासन और जनता के बीच संवाद का एक सशक्त मंच भी है। उन्होंने बाल विवाह, नशाखोरी और अंधविश्वास जैसी सामाजिक बुराइयों पर चर्चा की और ग्रामीणों को दुष्प्रभावों के बारे में बताते हुए जागरूक किया। कलेक्टर ने कहा कि सामाजिक बुराइयां केवल परिवारों को नहीं, बल्कि पूरे समाज को कमजोर करती हैं। इस दिशा में हम सभी को मिलकर प्रयास करना है ताकि बेहतर समाज का निर्माण हो सके।
सीईओ श्रीमती रेना जमील ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, कृषि ऋण योजना और अन्य कल्याणकारी योजनाओं के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी। उन्होंने कहा शिविर माध्यम से न केवल लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान होगा बल्कि उन्हें अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक दौड़ भाग भी नहीं करनी पड़ेगी। इसके साथ ही हितग्राही मूलक योजनाओं के बारे में जानकारी भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार के मंशानुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने शिविर के माध्यम से ग्रामीणों तक पहुंच सुनिश्चित की जा रही है, सभी शिविर का लाभ अवश्य लें।
इस दौरान कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ तथा उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और नन्हें बच्चों को खीर खिलाकर अन्नप्राशन भी कराया। साथ ही आयुष्मान कार्ड, वनाधिकार पत्र, किसान कार्ड, राशन कार्ड, मछली जाल एवं बीज और अन्य हितग्राहीमूलक सामग्री का वितरण किया गया। शिविर में अनुविभागीय अधिकारी चेतन साहू, विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
हाथियों के हमले से पति की मौत
बलरामपुर। बलरामपुर जिले के ग्राम चिलमा में हाथियों ने सो रहे दंपती पर हमला कर दिया, जिसमें पति की मौत हो गई, वहीं पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रदेश में हाथियों का आतंक बरकरार है। सबसे ज्यादा दहशतजदा जंगल के समीप बसे गांवों में रहने वाले लोग हैं, जिनकी जान-माल को हाथी लगातार नुकसान पहुंचा रहे हैं।
कुछ दिनों से राजपुर वन क्षेत्र में 43 हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है, वहीं धमनी वन क्षेत्र में भी 22 हाथियों का दल विचरण कर रहा है, जिसमें किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है. स्थानीय प्रशासन और वन विभाग लोगों को जागरूक व सावधानी बरतने की सलाह दे रहा है।
बंद फ्लाई ऐश ब्रिक्स प्लांट के पास मिले 3 नर कंकाल, जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम
बलरामपुर। बलरामपुर जिले के ग्राम दहेजवार में बंद पड़े फ्लाई ऐश ब्रिक्स प्लांट के पास एक खेत में तीन मानव कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। शुक्रवार सुबह ग्रामीण धान की फसल काटने के लिए खेत जा रहे थे, जब उन्हें खेत में हड्डियां और खोपड़ियां दिखीं। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र को सील कर दिया और अंबिकापुर से फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया। पुलिस ने मानव अवशेषों को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि हड्डियां काफी पुरानी हैं।
चारों तरफ फैली थीं हड्डियां
कंकाल 20 से 30 मीटर के दायरे में बिखरे हुए पाए गए। क्षेत्र में नजदीकी श्मशान घाट या शव दफनाने की कोई जगह नहीं है, जिससे यह मामला और रहस्यमय हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यहां शवों का दाह संस्कार या दफनाने की परंपरा नहीं है।
फ्लाई ऐश प्लांट लंबे समय से बंद
स्थानीय लोगों के अनुसार, फ्लाई ऐश ब्रिक्स प्लांट कई सालों से बंद पड़ा है। इस जगह पर नियमित तौर पर कोई गतिविधि नहीं होती, जिससे यहां कंकालों का मिलना और भी चौंकाने वाला है।
पुलिस और ग्रामीणों में चर्चाएं
ग्रामीणों का अनुमान है कि कुत्ते या अन्य जानवर कहीं से मानव अवशेषों को यहां ला सकते हैं। पुलिस अब आसपास के क्षेत्रों के श्मशान घाटों और दफन स्थलों से जानकारी जुटा रही है।
फॉरेंसिक जांच के नतीजों का इंतजार
फॉरेंसिक टीम द्वारा हड्डियों की उम्र और लिंग का पता लगाने के लिए गहन जांच की जा रही है। इन नतीजों के आधार पर ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि कंकाल किसके हैं और यहां कैसे पहुंचे।
इलाके में बढ़ा तनाव
इस घटना के बाद ग्राम दहेजवार और आसपास के इलाकों में चर्चा का माहौल गर्म है। लोग पुलिस जांच के परिणामों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। जांच जारी है, लेकिन घटना ने क्षेत्र में डर और सस्पेंस का माहौल बना दिया है।
झारखण्ड में मिला रीना गिरी का शव, गुमशुदगी के बाद बलरामपुर में मचा था बवाल
बलरामपुर। जिस महिला की गुमशुदगी की शिकायत के बाद बलरामपुर में बवाल मचा था, उसी महिला की लाश मिली है। लाश झारखण्ड के गढ़वा थाना क्षेत्र में कोयल नदी के किनारे मिली है। रीना गिरी नाम की उक्त महिला 29 सितंबर से अपने ससुराल संतोषी नगर से गायब हुई थी। महिला के सिर पर चोटों के निशान और दोनो हाथ पीछे की ओर बंधे मिले हैं।
उल्लेखनीय है कि, इसी महिला रीना गिरी के ससुराल से लापता होने की शिकायत उसके भाई और परिजनों ने बलरामपुर थाने में की थी। भाई और परिजनों ने पति और ससुराल वालों की हाथ रीना की गुशुदगी में होने का अंदेशा जताया था। इसी सिलसिले में पूछताछ करने के लिए उसके पति गुरुचरण मंडल को थाने बुलाया गया था, जहां बाथरूम में उसकी लाश फंदे पर लटकी मिली थी। गुरुचरण की लाश मिलने के बाद परिजनों और संतोषी नगर गांव के लोगों ने दो दिन तक जमकर बवाल काटा था।
सिर पर चोट के निशान, दोनो हाथ पीछे बंधे मिले
अब झारखंड में उक्त गुमशुदा महिला रीना गिरी की लाश मिल गई है। मृतका रीना गिरी के सिर पर थे चोट के निशान मिले हैं। साथ ही उसके दोनों हाथ पीछे बंधे मिले हैं। मृतका रीना के भाई ने शव की शिनाख्ति कर ली है। अब मृतका रीना गिरी के भाई ने न्याय की गुहार लगाई है। मृतका के परिजन उसके पति गुरुचरण मंडल के परिजनों पर अपहरण और हत्या का आरोप लगा रहे हैं।
हाईवे पर लगा दिया था जाम, पुलिसकर्मियों के साथ की थी झड़प
उल्लेखनीय है कि, गरुरचरण मंडल की लाश थाने में मिलने के बाद कोतवाली थाने के सामने मौजूद भीड़ आक्रोशित हो गई थी। भीड़ ने हाईवे पर जाम लगा दिया था। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी और स्थानीय सड़कों पर उतर आए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताने लगे थे। कोतवाली थाने के सामने मृत युवक के परिजनों ने हंगामा मचाना शुरू कर दिया था। इसी झड़प में पुलिस थाने की रेलिंग भी टूट गई थी।
थाने पर पथराव के बाद पुलिस ने छोड़े थे आंसू गैस के गोले
इसके बाद भी लोगों का आक्रोश थमा नहीं और हंगामा जारी रहा था। थोड़ी ही देर बाद थाने के बाहर जमा लोगों ने पुलिस वालों और थाना परिसर पर पत्थरबाजी शुरू कर दी थी। स्थित काबू से बाहर होता देख् पुलिस ने आंसू गैस के गोले थाने के सामने ही फेंकने पड़े थे। लेकिन उसका भी भीड़ पर कोई असर होता नहीं दिखा था।
बलरामपुर में 8 पुलिसकर्मी लाइन अटैच, कस्टोडियल डेथ मामले बड़ी कार्रवाई
बलरामपुर। कोतवाली थाने में एनएचएम कर्मी की कस्टोडियल डेथ मामले में एक और बड़ी कार्रवाई हुई है। अब कोतवाली थाने में तैनात आठ पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर रमनलाल ने की है। यह कार्रवाई गुरुचंद मंडल की थाने में हुई संदिग्ध मौत के बाद की गई है, जिसमें पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इससे पहले इस मामले में थाना प्रभारी और एक आरक्षक को भी निलंबित किया गया था।
बता दें कि बीते गुरुवार दोपहर को बलरामपुर के कोतवाली थाना के बाथरूम में एनएचएम के कर्मचारी गुरुचंद मंडल की फांसी के फंदे पर लटकी लाश मिली, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी और मृतक के परिजनों ने रात में कोतवाली पहुंचकर जमकर हंगामा किया। सैकड़ों लोगों की भीड़ ने थाने में पथराव किया, वहीं परिसर में खड़ी गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की। आक्रोश इतना बढ़ गया कि स्थिति को काबू करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले भी दागने पड़े।
"भाजपा की परिवर्तन यात्रा: उत्तरप्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा"
बलरामपुर: भाजपा की परिवर्तन यात्रा आज बलरामपुर जिले पहंुची. आमसभा को सम्बोधित करते हुए उत्तरप्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार व्याप्त है. देश में चारा घोटाला तो सुना था, पर छत्तीसगढ़ में गोबर घोटाला, भर्ती घोटाला, खनन घोटाला, कोयला घोटाला हुआ है.
भाजपा की परिवर्तन यात्रा में उत्तरप्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, परिवर्तन यात्रा प्रभारी मोती लाल साहू, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल शामिल हुए और सामरी विधानसभा क्षेत्र के राजपुर व रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र बलरामपुर में आमसभा को सम्बोधित किया. इस दौरान रामानुजगंज विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी समेत सरगुजा संभाग के आधा दर्जन नेता मौजूद रहे. आमसभा को सम्बोधित करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला.
बता दे कि प्रदेश में साल के अंत में विधानसभा चुनाव होना है. इसे लेकर राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है. इसी बीच भाजपा ने परिवर्तन यात्रा शुरू की है और आज परिवर्तन यात्रा बलरामपुर जिले में पहुंची. भाजपा की परिवर्तन यात्रा में उत्तरप्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शामिल हुए. उन्होंने आमसभा को संबोधित करते हुए कहा, भ्रष्टाचार को जड़ से उखाड़ फेंकने लिए इस बार परिवर्तन जरूरी है. उन्होंने केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में गरीबों को उनका आवास नहीं मिल पा रहा है, जिसके लिए भूपेश का बैरियर रोड़ा है.
एक परिवाह के इशारे पर काम कर रही कांग्रेस सरकार : मौर्य
उप मुख्यमंत्री मौर्य ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार एक परिवार के इशारे पर काम कर रही. केशव प्रसाद मौर्य के प्रोटोकॉल में परिवर्तन हुआ है. परिवर्तन यात्रा के दौरान उन्हें प्रतापपुर विधानसभा में सभा संबोधन के लिए जाना था परंतु बलरामपुर पुलिस ग्राउंड में हेलीकॉप्टर मंगाया गया है, इसके बाद डायरेक्ट डिप्टी सीएम दरिमा एयरपोर्ट के लिए निकले, जबकि उन्हें प्रतापपुर से दरिमा के लिए जाना था. वहीं प्रतापपुर के परिवर्तन यात्रा में उनका जाना कैंसिल किया गया है.
बलरामपुर जिले के बसंतपुर पुलिस का कमाल, एक ही दिन में मिली तीन सफलताएं...
बलरामपुर। जिले के बसंतपुर पुलिस को एक ही रात में तीन सफलताएं हासिल की. एक तरफ जहां अवैध राइफल बनाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है, वहीं लकड़ी के चिरान के साथ धान का अवैध परिवहन करने वाले वाहन को जब्त किया.
तातापानी महोत्सव में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में 400 जोड़े दाम्पत्य सूत्र में बंधे
मुख्यमंत्री श्री साय ने दिया वर वधू को आशीर्वाद नवदंपतियों को घरेलू सामग्री के साथ मिले अनेक उपहार
रायपुर :बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में आयोजित किये जा रहे तातापानी महोत्सव परिसर में 400 नव युगल मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत परिणय सूत्र में बंधे। कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री श्री साय का स्वागत पगड़ी पहनाकर किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के द्वारा नवदम्पतियों को जीवन में नए पड़ाव के लिए शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, स्कूल शिक्षा मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, सामरी विधायक श्रीमती उद्देश्वरी पैकरा, प्रतापपुर विधायक श्रीमती शकुंतला पोर्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री निशा नेताम सहित अन्य जन प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजनान्तर्गत 400 जोड़े ने रीति रिवाज से विवाह किए। इसमें 19 जोड़े का विवाह ईसाई रीति से कराया गया। 01 मुस्लिम रीति एवं शेष जोड़ियों का विवाह हिंदू रीति रिवाज से सम्पन्न किया गया। इन जोड़ियों में 07 जोड़ियो विशेष पिछड़ी जनजाति (पहाड़ी कोरवा) के साथ 03 दिव्यांग जोड़ी भी शामिल हैं इनका हिंदू रीति रिवाज से विवाह कराया गया। इस अवसर पर विवाहित जोड़ों को मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा नव विवाहित जोड़ों को घरेलू सामग्री, प्रति जोड़ा 21-21 हजार का डेमो चेक प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने पहाड़ी कोरवा समुदाय के जोड़े रंजीता और दिनेश्वर, शांति और लाबूड़, लक्ष्मी और बसंत, रजनी और सोहन, सुभंति और छोटन राम से मिलकर उन्हें आशीर्वाद दिया।
शंकरगढ़ के दिव्यांग जोड़े रुक्मणि और प्रकाश को मुख्यमंत्री द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 21 हजार के डेमो चेक के साथ दिव्यांग होने के नाते समाज कल्याण विभाग द्वारा प्रदत्त 50 हजार का चेक भी प्रदान किया गया। वर-वधु को विभाग द्वारा सामग्री में बर्तन, अलमारी, पेटी, रैक,गद्दा, घरेलू सामग्री, अन्य सामग्रियां विशेष उपहार के रूप में भेंट की गई। मुख्यमंत्री कन्या विवाह में प्रत्येक कन्या को 15 हजार रूपये तक की उपहार सामग्री दी गई। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना गरीब परिवार की कन्याओं के लिए विशेष प्रयास है। यह योजना का उद्देश्य आर्थिक स्थिति से कमजोर वर्गों के सहयोग के लिए योजना कि शुरुआत की गई है, जहां शासन प्रशासन के प्रयासों से इनका विवाह हो रहा है। इस योजना से लोग जागरूक होकर योजना का लाभ से लाभान्वित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने तातापानी स्थित तपेश्वर महादेव मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली के लिए मांगा आशीर्वाद
रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में तातापानी स्थित तपेश्वर महादेव मंदिर में पूजा- अर्चना कर प्रदेशवासियों की समृद्धि और खुशहाली का आशीर्वाद मांगा। श्री साय आज संक्रांति परब तातापानी महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर तातापानी पहुंचे थे। मुख्यमंत्री श्री साय ने तपेश्वर महादेव पर जल का अर्घ्य देकर तपेश्वर महादेव के विशाल प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
पतंगबाजी का लिया आनन्द
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस दौरान स्वामी आत्मानन्द एवं जवाहर नवोदय स्कूल के बच्चों के साथ चकरी एवं मांझा थाम कर पतंगबाजी का आनन्द लिया।
चारपाई में बैठकर तिलकुट और लड्डू का उठाया लुत्फ
मुख्यमंत्री ने मंदिर प्रांगण में चारपाई पर बैठकर तिलकुट और तिल के लड्डू का लुत्फ उठाया। ऐसी मान्यता है कि मकर संक्रांति के दिन स्नान, दान के साथ तिलकुट व तिल के लड्डू को खाया जाता है।
मुख्यमंत्री का तातापानी पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत
रायपुर : बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में आयोजित तातापानी महोत्सव में पहुंचने पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और नागरिकों ने पुष्पगुच्छ, माला भेंटकर उनका हैलेपेड पर भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल, आदिम जाति विकास, अनुसूचित जाति विकास मंत्री श्री रामविचार नेताम, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, प्रतापपुर विधायक श्रीमती शकुंतला पोर्ते, सामरी विधायक श्रीमती उद्देश्वरी पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री निशा नेताम, अनेक जनप्रतिनिधिगण सहित गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
तालाब में डूबने से युवक की मौत
बलरामपुर। जिले में दुर्गा विसर्जन के दौरान एक बड़ा हादसा हुआ है। यहां एक युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई. यह घटना वाड्रफनगर विकासखंड के महेवा गांव में हुई है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है।
महेवा गांव में आज धूमधाम से दुर्गा माता की मूर्ति का विसर्जन गांव के ही तालाब में किया गया। वहीं तालाब में बहाए गए नारियल को पकड़ने के दौरान एक युवक शुभम सिंह (उम्र 20 वर्ष) की अचानक डूबने से मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुभम सिंह ने तालाब में विसर्जन के लिए बहाए गए नारियल को पकड़ने के लिए पानी में प्रवेश किया। गहरे पानी में फंस जाने के कारण वह काफी देर तक पानी में डूबा रहा।
घटना की सूचना मिलने पर वाड्रफनगर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को पानी से बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. मामले में पुलिस मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है।