छत्तीसगढ़ / सारंगढ़-बिलाईगढ़
वित्त मंत्री ने अटल परिसर, तहसील और उप पंजीयक कार्यालय का लोकार्पण किया
सारंगढ़ बिलाईगढ़। वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ओ पी चौधरी के मुख्य आतिथ्य में रविवार को दोपहर में सरिया के तहसील कार्यालय, नवीन उप पंजीयक कार्यालय का भव्य लोकार्पण किया गया। इस दौरान वित्त मंत्री ने तहसीलदार कोमल साहू और उप पंजीयक शारदा सिदार को उनके कुर्सी पर बैठाकर उनको पदीय दायित्व का बखूबी निर्वहन करने कहा। वित्त मंत्री ने तहसील कार्यालय मुख्य दरवाजा के सामने वृक्षारोपण किया। इसके साथ ही साथ चौक पर महात्मा गांधी के मूर्ति पर पुष्प माला अर्पित किए। इसी प्रकार नगर पंचायत कार्यालय सरिया परिसर में वित्त मंत्री सहित अन्य अतिथियों ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की मूर्ति के साथ अटल परिसर का लोकार्पण किया।
मंगल भवन में सभा का आयोजन किया गया था, जिसमें मुख्य अतिथि वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि हमारी सरकार 13 दिसम्बर को सत्ता में आई और 25 दिसंबर को हमारी सरकार ने किसानों को दो वर्ष का बकाया बोनस दिया। साथ ही किसानों को समर्थन मूल्य पर पहले साल धान खरीदी का भुगतान एकमुश्त लगभग 13 हजार करोड़ रुपए और दूसरे साल 12 हजार करोड़ रुपए दिए हैं। महिलाओं को प्रति माह महतारी वंदन की राशि मिल रही है। सरिया के किसानों की मांग पर अपेक्स बैंक खोला गया। यहां अब रजिस्ट्री कार्यालय भी खुल गया। 100 बिस्तर हॉस्पिटल का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
वित्त मंत्री ने नकारात्मक सोच वालो को संबोधित करते हुए कहा कि कोई भी बरमकेला का काम सरिया में नहीं आया है। जो काम सरिया का था, वही काम सरिया में हुआ है। मेरा आईएएस की नौकरी छोड़कर राजनीति में आने का मकसद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। कोई भी काम, उसके स्वीकृति, टेंडर, कार्य प्रारंभ, रुकावट आदि के संबंध में हमेशा जानकारी लेते रहने से और मेहनत कर सभी रुकावट को दूर करने से होता है। काम में किसी भी प्रकार की कमीशन, भ्रष्टाचार को मैं बर्दाश्त नहीं करता। मैं जीवन भर आपके लिए समर्पित भाव से कार्य करूंगा, जिसमें आप सभी का सहयोग की जरूरत है। वित्त मंत्री ने उप पंजीयक शारदा सिदार को भ्रष्टाचारमुक्त सेवा देने के लिए कहा। इस दौरान नगर पंचायत सरिया अध्यक्ष कमलेश अग्रवाल, वरिष्ठ नेता जगन्नाथ पाणिग्राही, और कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे ने भी सभा को संबोधित किया। उल्लेखनीय है कि तहसील कार्यालय सरिया भवन 72 लाख 12 हजार रुपए की लागत से छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल रायगढ़ द्वारा किया गया है, जिसमें तहसील कार्यालय सरिया और उप पंजीयक कार्यालय सरिया दोनों का लोकार्पण किया गया। इसी प्रकार अटल परिसर सरिया का निर्माण 19 लाख 95 हजार रुपए की लागत से निर्मित किया गया है।
लोकार्पण के दौरान नगर पंचायत सरिया के अध्यक्ष कमलेश अग्रवाल, पार्षदगण, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अजय नायक, सदस्य सरिता नायक, ज्योति पटेल, जगन्नाथ पाणिग्राही, शिवकुमारी चौहान, बाबूलाल पटेल, मोहन नायक, मनोज जायसवाल, संदीप शर्मा, कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे, पुलिस अधीक्षक आञ्जनेय वार्ष्णेय, अपर कलेक्टर प्रकाश सर्वे, एसडीएम सारंगढ़ प्रखर चंद्राकर, तहसीलदार कोमल साहू, मोहन साहू, उप पंजीयक शारदा सिदार उपस्थित थे।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, 23 तक भटगांव में आवेदन
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । आंगनबाड़ी केन्द्र चोरभट्टी के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की भर्ती हेतु इच्छुक महिला उम्मीदवार से 23 जुलाई 2025 तक कार्यालयीन समय में परियोजना अधिकारी कार्यालय, एकीकृत बाल विकास परियोजना भटगांव पिन 493222 के पता में रजिस्टर्ड डाक, स्पीड पोस्ट से आवेदन पत्र आमंत्रित किया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के लिए योग्यता बारहवीं उत्तीर्ण अनिवार्य है।
इसी प्रकार आवेदिका को संबंधित गांव का निवासी होना चाहिए। गांव के मतदाता सूची में नाम दर्ज हो तो सूची की कॉपी आवेदन में संलग्न की जाए या निवास प्रमाण पत्र में गांव के सरपंच और सचिव दोनों का हस्ताक्षर होना चाहिए या पटवारी का हस्ताक्षर होना चाहिए। आवेदिका की उम्र 18 से 44 वर्ष तक होनी चाहिए। सभी दस्तावेज 12वी की अंकसूची, वोटर आईडी, निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड आदि के फोटोकॉपी में स्वयं के हस्ताक्षर कर स्वप्रमाणित कर आवेदन पत्र में संलग्न किया जाना अनिवार्य है।
पांचवी आठवी पास युवाओं के लिए भर्ती
25 तक ऑनलाइन आवेदन
सारंगढ़ बिलाईगढ़। संचालक शासकीय मुद्रण एवं लेखन सामग्री छत्तीसगढ़ रायपुर की ओर से चतुर्थ श्रेणी का विज्ञापन जारी किया है, जिसका ऑनलाइन आवेदन छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल रायपुर के वेबसाइट में 25 जुलाई 2025 तक जमा किया जाना है। इसमें जूनियर बाइंडर पद के लिए आठवीं उत्तीर्ण और अनुभव होना चाहिए। इसी प्रकार डार्करूम असिस्टेंट, पेस्टिंग बॉय, ऑग्ज़ीलरी, इंकमन (इंकर) के पदों के लिए पांचवी उत्तीर्ण और अनुभव होना चाहिए। अन्य पद हमाल, सफाई कर्मचारी, चौकीदार, भृत्य, हेल्पर के लिए पांचवी उत्तीर्ण होना चाहिए। इसके विस्तृत जानकारी के लिए लिंक https://vyapamcg.cgstate.gov.in/Post?PostID=MLVI25ONLINE है। उल्लेखनीय है कि रायपुर, नवा रायपुर और राजनांदगांव में ही यह कार्यालय संचालित होता है।
स्वतंत्रता दिवस की तैयारी का कलेक्टर डाॅ. कन्नौजे ने किया समीक्षा
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय सारंगढ़ के खेलभांठा मैदान में जिला स्तरीय गरिमापूर्ण कार्यक्रम आयोजन के लिए कलेक्टर डाॅ. संजय कन्नौजे ने समीक्षा बैठक लिया। कलेक्टर ने ध्वजारोहण, परेड की सलामी, देशभक्ति थीम पर सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला, जनपद और ग्राम पंचायत स्तर पर सभी स्कूल, काॅलेज, कार्यालयों में स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन के लिए जिले के अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने मुख्य मंच बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा, स्वास्थ्य, आमंत्रण, संदेश आदि के लिए अधिकारियों को दायित्व सौंपे। स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मानित किए जाने वाले उत्कृष्ट अधिकारियों-कर्मचारियों के नाम की सूची सभी विभाग प्रमुख से भी मंगाए गए हैं। स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए अपर कलेक्टर प्रकाश सर्वे को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। कलेक्टर ने सभी विभागों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने कार्यालय में बिजली की रौशनी से रोशन करने के निर्देश दिए हैं। इस अवसर पर जिले के अधिकारीगण उपस्थित थे।।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए अधिकारियों के मध्य कार्य विभाजन
कलेक्टर डाॅ. कन्नौजे ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए जिले के अधिकारियों के मध्य कार्य विभाजन किया है, जिसमें वनमंडलाधिकारी को परेड के लिए जिप्सी और बेरिकेट्स के लिए बांस बल्ली व्यवस्था, एसपी को परेड की सलामी और ध्वजारोहण फहराने एवं उतारने (संपूर्ण) सुरक्षा, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, तहसीलदार सारंगढ़ को पुरस्कार हेतु आमंत्रित अतिथियों और उनके परिवार को पृथक से बैठाने की व्यवस्था, सीएमओ को विशिष्ट व्यक्तियों के बैठने एवं दर्शक हेतु आवश्यक फर्नीचर, दरी, परिसर की साफ सफाई व्यवस्था, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी अधिकारी को पेयजल व्यवस्था, लोक निर्माण विभाग अधिकारी को स्थायी मंच निर्माण एवं वाटरप्रुफ साज सज्जा व बेरिकेटस, विद्युत अधिकारी को जनरेटर सहित विद्युत व्यवस्था, सीएमएचओ को एम्बुलेंस सहित चिकित्सा व्यवस्था, सीईओ जिला पंचायत को विभिन्न फ्लैक्स सहित आमंत्रण कार्ड, प्रशस्ति पत्र छपाई व फोटोग्राफी वीडियोग्राफी, सारंगढ़ के एसडीएम एवं तहसीलदार को बैठक (व्यक्तिगत दूरी का विशेष ध्यान रखने) व्यवस्था, एसडीएम सारंगढ़ व एसडीओ पुलिस सारंगढ़ को कार्यक्रम स्थल में कानून व्यवस्था, उद्यानिकी अधिकारी को साज सज्जा हेतु फूलों एवं पुष्पगुच्छो एवं गमलों की व्यवस्था, जनसंपर्क अधिकारी को मीडिया प्रतिनिधियों को आमंत्रण कार्ड वितरण एवं समारोह में बिठाने की व्यवस्था, माननीय मुख्यमंत्री जी के संदेश को प्राप्त कर कार्यक्रम स्थल में प्रस्तुतीकरण हेतु एसडीएसम सारंगढ़ तक पहुंचाना, आदिवासी विकास सहायक आयुक्त को रंगीन गुब्बारा उपलब्ध कराने सहित समारोह स्थल में सहयोग के लिए पर्याप्त भृत्यों की व्यवस्था, महिला एवं बाल विकास अधिकारी को रंगोली व्यवस्था, खाद्य, खनिज, विपणन, प्रबंधक अपेक्स व जिला सहकारी बैंक तथा नाॅन को संयुक्त रूप से कार्यक्रम में स्वल्पाहार व्यवस्था, कृषि अधिकारी को सांस्कृतिक कार्यक्रम में निर्णायक नियुक्ति किया जाना तथा विभागों के उत्कृष्ट कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो वितरण व्यवस्था, एसडीओ विद्युत यांत्रिकी को माईक एवं साउंड सिस्टम व्यवस्था, जिला शिक्षा अधिकारी को उद्घोषक, कार्यक्रम संचालन, सांस्कृतिक कार्यक्रम व्यवस्था, सारंगढ़ के एसडीएम व सीएमओ को प्रमुख स्मारक सहित शहर का साफ-सफाई, माल्यार्पण व्यवस्था, सारंगढ़ के सीईओ जनपद पंचायत और सीएमओ को चलित शौचालय वाहन की व्यवस्था, सीईओ जिला पंचायत एवं जिला शिक्षा अधिकारी को सांस्कृतिक कार्यक्रम व्यवस्था, जिला शिक्षा अधिकारी को संध्याकालीन खेल आयोजन व्यवस्था का कार्य सौंपा गया है।
कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने सरिया क्षेत्र के मक्का उत्पादक किसानों को प्रोत्साहित किया
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । सरिया के समीप गांव तोरा के किसान प्रदीप साहू सहित अन्य किसानों से कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने उसके मक्का के खेत में मुलाकात किया। कलेक्टर ने किसान को कहा कि धान के बदले अन्य फसल लेने पर 11 हजार रूपए और दलहन तिलहन अरहर, उड़द, मूंगफली, तिल, मक्का, कोदो कुटकी फसल लेने पर कृषक उन्नति योजना से 10 हजार प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता प्रोत्साहन राशि के लिए गिरदावरी जांच में फसल दर्शाने और फसल पंजीयन कराएं। इस प्रकार कलेक्टर ने धान के बदले और दलहन तिलहन फसल का उत्पादन करने के लिए किसान को प्रोत्साहित किया।
कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने मक्का बिक्री के लिए बाजार, रेट, कृषि, पानी आदि के बारे में किसान से जानकारी लिए। किसान ने बताया कि वे दो एकड़ में मक्का के फसल का उत्पादन कर रहे हैं और उसका बिक्री के लिए रायगढ़ भेजते हैं। कृषि उप संचालक आशुतोष श्रीवास्तव ने कहा कि पात्र किसान योजना के तहत कृषि विभाग से बीज सहित अन्य कृषि उत्पाद प्राप्त कर सकते हैं और यदि वे बीज की खरीदी किए हैं तो बीज का बिल प्रस्तुत करने पर किसान के खाते में बिल की राशि का भुगतान किया जाएगा। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर अनिकेत साहू, तहसीलदार कोमल साहू उपस्थित थे।
संयुक्त टीम ने छिंद, सरिया और बेलटिकरी के राइस मिल से धान चावल किया जप्त
सारंगढ़ बिलाईगढ़। कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे के निर्देशानुसार राजस्व, खाद्य एवं मार्कफेड की संयुक्त टीम द्वारा सारंगढ़ ब्लॉक में सिद्धि विनायक राइस मिल ग्राम छिंद का जांच किया गया। जांच में धान निर्धारित मात्रा से 4170.0 क्विंटल कम पाया गया। राइस मिल में उपलब्ध चावल 580 क्विंटल एवं धान 2876क्विंटल को मिल के मैनेजर से जप्त किया गया।
इसी प्रकार संयुक्त टीम द्वारा बरमकेला ब्लॉक में गायत्री पर्बोइलिंग यूनिट सरिया का जांच किया गया। जांच में धान निर्धारित मात्रा से 395.24 क्विंटल कम पाया गया। राइस मिल में उपलब्ध चावल 199 क्विंटल एवं धान 160 क्विंटल को मिल के प्रोपराइटर से जप्त किया गया।
बिलाईगढ़ ब्लॉक में राजस्व, खाद्य एवं मार्कफेड की संयुक्त टीम द्वारा सरस्वती जायसवाल राइस मिल बेलटिकरी का जांच किया गया। जांच में धान निर्धारित मात्रा से 2623 क्विंटल कम पाया गया। राइस मिल में उपलब्ध चावल 8 क्विंटल एवं धान 1800 क्विंटल को मिल के प्रोपराइटर से जप्त किया गया।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के लिए रजिस्टर्ड डाक से 23 जुलाई तक भटगांव में आवेदन आमंत्रित
सारंगढ़ बिलाईगढ़। महिला एवं बाल विकास विभाग के भटगांव परियोजना अंतर्गत ग्राम चोरभट्टी के आंगनबाड़ी केन्द्र के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की भर्ती हेतु इच्छुक महिला उम्मीदवार से 23 जुलाई 2025 तक कार्यालयीन समय में परियोजना अधिकारी कार्यालय, एकीकृत बाल विकास परियोजना भटगांव पिन 493222 के पता में रजिस्टर्ड डाक, स्पीड पोस्ट से आवेदन पत्र आमंत्रित किया है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के लिए योग्यता बारहवीं उत्तीर्ण अनिवार्य है। इसी प्रकार आवेदिका को संबंधित गांव का निवासी होना चाहिए। गांव के मतदाता सूची में नाम दर्ज हो तो सूची की कॉपी आवेदन में संलग्न की जाए या निवास प्रमाण पत्र में गांव के सरपंच और सचिव दोनों का हस्ताक्षर होना चाहिए या पटवारी का हस्ताक्षर होना चाहिए। आवेदिका की उम्र 18 से 44 वर्ष तक होनी चाहिए। सभी दस्तावेज 12वी की अंकसूची, वोटर आईडी, निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड आदि के फोटोकॉपी में स्वयं के हस्ताक्षर कर स्वप्रमाणित कर आवेदन पत्र में संलग्न किया जाना अनिवार्य है।
कलेक्टर डॉ संजय ने भाठागांव के स्कूल और आश्रम का किया आकस्मिक निरीक्षण
सारंगढ़ बिलाईगढ़। उप तहसील मुख्यालय कोसीर के समीप भाठागांव के अनुसूचित जाति प्राथमिक बालक आश्रम और प्राथमिक शाला का कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे ने आकस्मिक निरीक्षण किया। कलेक्टर ने आश्रम में बच्चों का दाखिला, भोजन व्यवस्था, राशन भंडार आदि की जानकारी लेकर आश्रम परिसर का अवलोकन किया और अधीक्षक को बच्चों का बेहतर ख्याल रखने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर ने आश्रम में पढ़ रहे बच्चों से उनके पढ़ाई के बारे में जानकारी ली।
कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे ने प्राथमिक शाला के शिक्षकों से हाजरी रजिस्टर का अवलोकन करते हुए स्कूल में जरूरत, कोई समस्या आदि के संबंध में पूछताछ किए। डॉ कन्नौजे ने बच्चों के कक्षा में जाकर उनसे उनकी पढ़ाई, गिनती, गणित, पहाड़ा, शब्द ज्ञान का जानकारी लिए। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर अनिकेत साहू उपस्थित थे।
दिव्यांग और वृद्धजनों के लिए समाज कल्याण विभाग द्वारा किया गया परीक्षण शिविर
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । लोकसभा रायगढ़ के सांसद राधेश्याम राठिया के पहल पर जिले के सरिया, बरमकेला, सारंगढ़, कनकबीरा और बिलाईगढ़ में शिविर के बाद नगर पंचायत सरसीवा में दिव्यांगजनों तथा वृद्धजनों को जीवन सहायक उपकरण प्रदान करने हेतु आंकलन शिविर का आयोजन किया गया। जिले के समाज कल्याण विभाग
सारंगढ़ बिलाईगढ़ द्वारा भारत सरकार सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्रालय की संस्था भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम के सहयोग से यह शिविर किया गया। शिविर में व्हील चेयर, ट्राइसाइकिल, बैसाखी, श्रवण यंत्र, वाकर, मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, छड़ी आदि हेतु दिव्यांगजनों और वृद्धजनों का चिन्हांकन किया गया। इस अवसर पर नारायण साहू नगर पंचायत सरसीवा उपाध्यक्ष, मयंक अग्रवाल पार्षद प्रतिनिधि, भुवनेश्वर बंजारे पार्षद, विनय तिवारी उप संचालक समाज कल्याण विशेष रूप से उपस्थित रहे।
शिविर में आलिमको के पुनर्वास विशेषज्ञ हंजला इरशाद, श्रवण विशेषज्ञ अरविंद पाल, कैलिपर विशेषज्ञ सौभाग्य महापात्र द्वारा जरूरत मंद व्यक्तियों का परीक्षण किया गया। शिविर में 49 जरूरतमंद दिव्यांग और वृद्ध जनों को उपकरण के लिए चिन्हित किया गया। चिन्हित दिव्यांग और वृद्धजनों को एक माह बाद उपकरण का वितरण किया जाएगा। शिविर में उपस्थित नगर वासियों को नशा मुक्त भारत अभियान अंतर्गत नशा मुक्ति हेतु शपथ संकल्प दिलाया गया।
अवैध शराब के खिलाफ ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, कार्रवाई नहीं होने पर चक्काजाम की चेतावनी
बिलाईगढ़ । ग्राम पंचायत सुतिउरकुली में अवैध कच्ची महुआ शराब की खुलेआम बिक्री को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा है। गांव के सैकड़ों महिला-पुरुषों ने एकजुट होकर आबकारी विभाग और बिलाईगढ़ थाना में ज्ञापन सौंपते हुए अवैध शराब बेचने वाले व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
गांव की गलियों से थाने तक पहुंचा विरोध
ग्रामीणों का कहना है कि शराब की वजह से छोटे बच्चे, युवा और बुजुर्ग नशे की चपेट में आ रहे हैं। इससे गांव का माहौल लगातार बिगड़ रहा है, घरेलू हिंसा और अपराधों में भी इज़ाफा हो रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि एक परिवार बीते कई वर्षों से अवैध कच्ची शराब का कारोबार कर रहा है, और जब इसका विरोध किया जाता है तो गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी जाती है।
5 दिन का अल्टीमेटम, फिर चक्काजाम
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस और आबकारी विभाग 5 दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं करते, तो वे बिलाईगढ़ मुख्य मार्ग पर चक्काजाम करेंगे। उन्होंने कहा कि अब सहनशक्ति की सीमा पार हो चुकी है और गांव के भविष्य को बचाने के लिए सख्त कदम उठाना जरूरी है।
बहरहाल, अब निगाहें प्रशासन पर
ग्रामीणों का विरोध अब केवल नाराजगी नहीं, संगठित जनआंदोलन का रूप लेता दिख रहा है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर जनहित मुद्दे पर कितनी तत्परता से कार्रवाई करता है, या फिर ग्रामीणों को चक्काजाम के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
प्रति सप्ताह पटवारियों को दिया जा रहा राजस्व कार्य का लक्ष्य:कलेक्टर
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । बिलासपुर संभाग आयुक्त डॉ. सुनील जैन ने कलेक्टर्स कॉन्फ्रेंस में संभाग के कलेक्टरों को कहा कि आम जनता के लिए निर्धारित कोर्ट की सुनवाई में समय पर उपस्थित रहें और यदि कोई प्रोटोकॉल अचानक महत्वपूर्ण कार्य के संपादन के लिए आ जाता है तो इसकी सूचना कोर्ट के प्रकरणों के आवेदक और अनावेदक को दें। कोर्ट की सुनवाई के दिन सुनिश्चित करें कि उस दिन कलेक्टर दौरा नहीं करें। आयुक्त डॉ. जैन ने भूअर्जन के प्रकरण में कहा कि भूअर्जन का प्रकरण में रिकार्ड दुरूस्त करना जरूरी है। यदि आवेदक को पूर्व में भुगतान हो गया है तो उसकी जांच कर लें। आयुक्त ने सीएम जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का गुणवत्ता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही भौतिक एवं रसायन के लाइब्रेरी के निर्माण के दौरान ग्रामीण यांत्रिकी सेवा और मनरेगा के एसडीओ, तकनीकी सहायक और इंजीनियर का सहयोग लेने के निर्देश दिए।
कमिश्नर ने स्कूलों में स्वप्रेरणा से रिटायर्ड कर्मियों की सेवा लेने के लिए उन्हें प्रेरित करने के निर्देश दिए ताकि रिटायर्ड कर्मी अपने क्षेत्र के बच्चों को अच्छी शिक्षा दे ताकि उनका रिजल्ट बहुत अच्छा आए। आयुक्त ने राजस्व प्रकरण, पौधारोपण, लोक सेवा गारंटी, मनरेगा, अमृत सरोवर, एनआरसी, आयुष्मान, आयुष्मान वय वंदना, जाति प्रमाण पत्र, बिहान और लखपति दीदी से महिला सशक्तिकरण, स्कूल जतन योजना, खाद बीज भंडारण वितरण, स्वामित्व योजना पर बिलासपुर संभाग के कलेक्टरों से समीक्षा किए।
कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने कहा कि जिले के पटवारियों को प्रति सप्ताह राजस्व कार्यों का लक्ष्य दिया जा रहा है। साथ ही उसकी समीक्षा तहसीलदार और एसडीएम के द्वारा लगातार की जा रही है। नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, त्रुटि सुधार, डायवर्सन कार्य का 83.90 प्रतिशत निराकरण हुआ है। नक्शा अपडेट का कार्य 66.36 प्रतिशत, डिजिटल हस्ताक्षर में 98.01 प्रतिशत, मुआवजा वितरण 89.95 प्रतिशत, स्वामित्व योजना 99.85 प्रतिशत कार्य हुआ है। राजस्व कार्य में तेजी लाने के लिए नवपदस्थ तहसीलदार पुष्पेन्द्र राज को तहसीलदार बरमकेला और तहसीलदार बरमकेला शनि पैकरा को भू-अभिलेख शाखा, जिला कार्यालय सारंगढ़ बिलाईगढ़ का कार्य विभाजन किया गया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री जनदर्शन के 1064 में से 1039 निराकृत, 25 आवेदन लंबित है। आयुष्मान भारत का 90.10 प्रतिशत और जिले के नागरिकों को पेंशन 94.59 प्रतिशत दिया जा रहा है।
बेदखली नोटिस से सदमे में परिवार, पंचायत-ग्रामीणों ने लगाई न्याय की गुहार
बिलाईगढ़ । बिलाईगढ़ राजस्व अनुभाग के दुमहानी ग्राम पंचायत में एक बुजुर्ग परिवार को बेदखली नोटिस दिए जाने के बाद पूरा परिवार सदमे में है। लगातार हो रही बारिश के बीच बेघर होने की आशंका ने उनके हालात को और भी बदतर बना दिया है। अब परिवार ने प्रशासन से मानवीय आधार पर हस्तक्षेप और न्याय की गुहार लगाई है।
80 वर्षों से निवास, टैक्स भी अदा करते हैं
ग्राम पंचायत की सरपंच विमला कुर्रे और ग्राम पटेल रामनाथ कुर्रे के अनुसार, पीड़ित परिवार पिछले 80 वर्षों से उसी स्थान पर निवास कर रहा है, और नियमित रूप से मकान टैक्स अदा करता आया है। पीड़ित ने भी बताया कि उन्होंने पुराने जर्जर मकान को तोड़कर नया मकान बनाया, न कि किसी नई जमीन पर कब्जा किया।
कोटवारी जमीन को लेकर विवाद
विवाद की जड़ उस कोटवारी जमीन को लेकर है, जिसे निराबाई नामक महिला द्वारा खरीदा गया है। निराबाई ने पहले रास्ते की मांग को लेकर राजस्व विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की जांच के लिए जब राजस्व विभाग की टीम पहुंची, तो ग्रामीणों की मौजूदगी में 19 फीट चौड़े रास्ते पर सहमति बनी और उसका पंचनामा तैयार किया गया।
पंचनामे में निराबाई के अन्य रिश्तेदारों ने भी हस्ताक्षर किए थे, लेकिन भूलवश खुद निराबाई हस्ताक्षर नहीं कर पाई। इसी तकनीकी चूक को आधार बनाकर अब निराबाई ने दोबारा शिकायत कर पीड़ित परिवार के मकान को "अवैध कब्जा" बताकर अतिक्रमण हटाने की मांग की है।
एकतरफा कार्रवाई का आरोप
इस शिकायत के आधार पर नायाब तहसीलदार ने बिना पूरी पड़ताल किए एकतरफा रूप से बेदखली नोटिस जारी कर दिए, जिससे पीड़ित परिवार सदमे में है। पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने इसे अन्यायपूर्ण और अमानवीय कदम बताया है।
सरकारी जमीन पर बसी है पूरी बस्ती
ग्रामीणों की मानें तो दुमहानी गांव की अधिकांश बस्ती शासकीय जमीन पर बसी हुई है, जिसे सरकार ने अब तक आबादी घोषित नहीं किया है। ऐसे में सिर्फ एक परिवार को निशाना बनाकर बेदखल करना भेदभावपूर्ण और अन्यायपूर्ण है।
सरपंच और ग्रामीणों की अपील
सरपंच, पटेल और गांव के अन्य लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए पीड़ित परिवार का मकान न तोड़ा जाए और मामले में निष्पक्ष, न्यायसंगत कार्रवाई की जाए।
इस घटनाक्रम ने प्रशासन की कार्यप्रणाली और ग्रामीण न्याय प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह है कि शासन इस विवाद में जनता के भरोसे को कायम रखते हुए कैसे हस्तक्षेप करता है।
सारंगढ़ में डिप्टी सीएम साव ने किया विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास
सारंगढ़-बिलाईगढ़ । उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने गुरुवार को भारी बारिश के बीच सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का दौरा कर विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने जिला मुख्यालय में निर्मित भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी अटल परिसर का भव्य लोकार्पण किया और नगर पंचायत पवनी, भटगांव, बिलाईगढ़, सरसिंवा सहित कई नगरीय निकायों में विकास कार्यों की आधारशिला रखी।
विकास को बताया सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की विष्णुदेव सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि BJP सरकार बनते ही सभी वादों को अमलीजामा पहनाया गया है।
भटगांव नगर पंचायत को 7 करोड़ की सौगात
उप मुख्यमंत्री ने भटगांव नगर पंचायत में आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पहले ही 6 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी जा चुकी है। आज उन्होंने अतिरिक्त 1 करोड़ रुपये की घोषणा भी की। उन्होंने यह भी कहा कि नगर का समग्र विकास सरकार की प्राथमिकता में सर्वोपरि है।
आवास योजना के लाभार्थियों को चाबी वितरण
इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को उनके नवनिर्मित आवास की चाबियां सौंपीं। उन्होंने कहा कि हर जरूरतमंद को पक्का मकान देना सरकार का संकल्प है।
बारिश के बावजूद उप मुख्यमंत्री अरुण साव का यह दौरा विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा। अटल परिसर का लोकार्पण और करोड़ों की योजनाओं की सौगात से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले को विकास की नई दिशा मिली है।
कार्य में अनियमितता पर हटाए गए आवास मित्र
सारंगढ़ बिलाईगढ़। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत हितग्राहियों से समन्वय कर आवास निर्माण में कार्य प्रगति लाने, तकनीकी मार्गदर्शन एवं सामग्री उपलब्धता में सहायता के लिए चंवरपुर क्लस्टर में आवास मित्र लीलाम्बर महंत का चयन किया गया था, किन्तु आवास मित्र महंत के द्वारा बैठकों में अनुपस्थित रहने के साथ-साथ ग्राम पंचायत अमेठी के अप्रारंभ, अपूर्ण आवास वाले हितग्राहियों के आईडी में किसी दूसरे निर्माणाधीन आवासों का जियोटैग कर आगामी किश्त दिलाने हेतु अनियमितता की गई।
आवास मित्र महंत के द्वारा कार्य करने में कोई रूचि नहीं लेने, आवास पूर्णता की प्रगति कम करने और नोटिस का जवाब नहीं देने के कारण कलेक्टर डाॅ. संजय कन्नौजे के निर्देशन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सारंगढ़ ने लीलाम्बर महंत को आदेश जारी कर आवास मित्र पद से पृथक किया है।
बस की टक्कर से 2 बाइक सवारों की मौत, चालक गिरफ्तार
सारंगढ़-बिलाईगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सलिहा थाना क्षेत्र में बुधवार को एक अनियंत्रित बस ने बाइक सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा गारडीह मोड़ परसापाली के पास हुआ।
मृतकों की पहचान धनंजय चौधरी (50 वर्ष) और अजय चौधरी (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो केशपुर पचपेड़ी थाना बसना के निवासी थे। वे मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 06 K 7042) से सलिहा की ओर जा रहे थे, तभी सामने से आ रही आदर्श बस (क्रमांक CG 10 BV 0533) ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए सीधी टक्कर मार दी।
थाना प्रभारी अमृत भार्गव के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए ले जाते समय उनकी मौत हो गई। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जिसे बसना थाना पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
किसान, जवान और संविधान के मुद्दों पर बीजेपी को घेरेगी कांग्रेस
7 जुलाई को खरगे के दौरे से पहले सारंगढ़ में कांग्रेस की बैठक
सारंगढ़-बिलाईगढ़ । कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के 7 जुलाई को रायपुर दौरे को लेकर प्रदेशभर में तैयारियां तेज़ हो गई हैं। इसी कड़ी में सारंगढ़ जिला मुख्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक और प्रेसवार्ता आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश कांग्रेस सह प्रभारी जरिता ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला।
किसान, जवान और संविधान के मुद्दों पर BJP को घेरेगी कांग्रेस
जरिता ने प्रेसवार्ता में कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा शासन के दौरान किसानों को नकली खाद दी जा रही है। गुजरात के व्यापारी, जो प्रधानमंत्री मोदी के करीबी हैं, छत्तीसगढ़ के किसानों का शोषण कर रहे हैं। जवानों की सुरक्षा और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध पर सरकार असंवेदनशील बनी हुई है।
उन्होंने दावा किया कि पिछले 17 महीनों में 3000 से ज्यादा बलात्कार के मामले सामने आए हैं, लेकिन सरकार ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
विधायक कविता प्राण लहरे पर की गई टिप्पणी का मामला गरमाया
प्रेसवार्ता में जरिता ने बिलाईगढ़ की विधायक कविता प्राण लहरे पर की गई कथित अशोभनीय टिप्पणी का ज़िक्र करते हुए कहा कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो मानहानि का दावा दायर किया जाएगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा का भी आरोप लगाया।
स्कूल बंद, शराब दुकानों को बढ़ावा—सरकार की प्राथमिकता पर उठे सवाल
जरिता ने कहा कि प्रदेश में 10,000 से अधिक स्कूलों को बंद कर दिया गया है। शराब दुकानों को बढ़ावा दिया जा रहा है। रायगढ़ में हजारों लोगों के घर उजाड़े गए। तमनार जैसे इलाकों में वनों की कटाई कर आदिवासियों के हक छीने जा रहे हैं।
7 जुलाई को रायपुर में भाजपा के खिलाफ शक्ति प्रदर्शन
जरिता ने घोषणा की कि कांग्रेस 7 जुलाई को रायपुर में राष्ट्रीय स्तर पर एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी। उन्होंने कहा, “यह केवल राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि लोकतंत्र और आम जनता की आवाज को बचाने की लड़ाई है।”
उन्होंने कहा कि हम किसान, जवान और संविधान की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरेंगे। भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है और अब जनता को सच्चाई से रूबरू कराना जरूरी हो गया है।
7 जुलाई को मल्लिकार्जुन खड़गे के छत्तीसगढ़ दौरे से पहले कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वह भाजपा सरकार को किसान, शिक्षा, महिला सुरक्षा और लोकतंत्र के मुद्दों पर घेरने के लिए तैयार है। अब रायपुर में कांग्रेस का अगला कदम सियासी हलचल तेज कर सकता है।
तेंदूदरहा में होगा धरती आबा शिविर
सारंगढ़ बिलाईगढ़। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का शिविर बिलाईगढ़ ब्लॉक के ग्राम पंचायत तेंदूदरहा में 30 जून को शिविर आयोजित किए जाएंगे। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत जिले के चिन्हित गांवों में बुनियादी सुविधा जैसे राशन कार्ड, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, वन अधिकार पट्टा, किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम किसान सम्मान निधि, आयुष्मान वय वंदना कार्ड, जाति, निवास, आय प्रमाण पत्र, मनरेगा, पेंशन, पीएम विश्वकर्मा योजना, महतारी वंदन योजना, टीकाकरण आदि नागरिकों को शिविर में उपलब्ध होगी।
उल्लेखनीय है कि धरती आबा योजना आदिवासी समुदायों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने का एक महत्वपूर्ण पहल है और इसके सफल संचालन के लिए प्रत्येक स्तर पर समन्वय आवश्यक है। धरती आबा अभियान का मुख्य उद्देश्य सामाजिक बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा और आजीविका जनजातीय क्षेत्रों एवं समुदायों का समग्र विकास करना है। अभियान के तहत जनजातीय बाहुल्य गांव में सभी शासकीय योजनाओं का लाभ पात्रता अनुसार पहुंचाया जाएगा।