छत्तीसगढ़ / बीजापुर
छत्तीसगढ़ नक्सलवाद उन्मूलन नीति के तहत 4 लाख रूपए की राशि स्वीकृत
बीजापुर । छत्तीसगढ़ नक्सलवाद पुनर्वास नीति के तहत आम नागरिकों के सम्पत्ति की आंशिक या पूर्ण रूप से क्षति, जीविकोपार्जन के साधन स्कार्पियो वाहन क्रमांक सीजी- 17 केडब्ल्यू 7937 को नक्सलियों के द्वारा बम विस्फोट कर क्षति पहुंचाये जाने के फलस्वरूप जिला पुनर्वास समिति द्वारा ली गई निर्णय के पश्चात पीड़ितों को पर्याप्त सुरक्षा एवं पुर्नवास के लिए 4 लाख रूपए की सहायता राशि स्वीकृती दी गई है।
पोषण क्रांति की ओर बीजापुरः पहले 1000 दिन पर केंद्रित विशेष पखवाड़ा शुरू
बीजापुर । कलेक्टर संबित मिश्रा के नेतृत्व में बीजापुर जिला एक नई पोषण क्रांति की ओर बढ़ चला है। जिले में 8 अप्रैल से 22 अप्रैल तक "पोषण पखवाड़ा" मनाया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य कुपोषण और एनीमिया के खिलाफ निर्णायक कदम उठाकर स्वस्थ भविष्य की नींव रखना है। इस विशेष अभियान का केंद्र बिंदु नवजात शिशुओं के जीवन के पहले 1000 दिन हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार यह समय शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिले की हर ग्राम पंचायत में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। आंगनबाड़ी केंद्र अब केवल बच्चों की देखभाल का स्थान नहीं, बल्कि पोषण ज्ञान के केंद्र बन चुके हैं। यहां गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और देखभालकर्ताओं को स्तनपान की महत्ता, शिशु आहार और स्वच्छता की आदतों की जानकारी दी जा रही है। विशेषज्ञ व्यक्तिगत परामर्श देकर व्यवहार में बदलाव लाने का प्रयास कर रहे हैं।
अभियान की प्रमुख गतिविधियां इस प्रकार हैं:-
गंभीर व मध्यम कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। घर-घर दस्तक- आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हर घर तक पोषण का संदेश पहुंचा रही हैं। स्कूलों में फैंसी ड्रेस व चित्रकला प्रतियोगिता के जरिए बच्चों को पोषण के महत्व से जोड़ा जा रहा है। छात्रों द्वारा पोषण शपथ लेकर स्वस्थ रहने का संकल्प लिया जा रहा है।
स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों का प्रदर्शन और स्वाद परीक्षण किया जा रहा है। स्वास्थ्य शिविरों में एनीमिया जांच और कृमिनाशक गोलियों का वितरण किया जा रहा है। आंगनबाड़ी और स्कूल परिसरों में पोषण वाटिकाएं विकसित की जा रही हैं। मासिक धर्म स्वच्छता और प्रबंधन पर विशेष चर्चा सत्र भी आयोजित हो रहे हैं। इस अभियान को जन आंदोलन का रूप देने के लिए जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, स्व-सहायता समूह, शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायत, कृषि जैसे विभाग एक साथ मिलकर कार्य कर रहे हैं।
यूनिसेफ और वर्ल्ड विजन जैसी अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं का भी सहयोग प्राप्त हो रहा है। मितानिन और एएनएम कार्यकर्ता कुपोषित बच्चों को चिन्हित कर उन्हें उपचार और पोषण सेवाओं से जोड़ रही हैं। वहीं, बेहतर कार्य करने वाले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और स्वयंसेवकों को सम्मानित किया जाएगा।
कलेक्टर मिश्रा ने कहा, यह सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, एक संकल्प है बीजापुर के हर बच्चे को कुपोषण से मुक्त कर एक स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य देना हमारा लक्ष्य है। इस दिशा में सामूहिक भागीदारी और जन सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
भटपल्ली में जल-जीवन मिशन की सौगातः अब हर घर पहुंचेगा शुद्ध पेयजल
बीजापुर । जिला मुख्यालय से लगभग 65 किलोमीटर दूर भोपालपटनम विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत तिमेड़ के आश्रित ग्राम भटपल्ली के निवासियों को अब शुद्ध पेयजल के लिए हैंडपंप पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत यहां हर घर नल कनेक्शन के माध्यम से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। इस योजना के तहत ग्राम भटपल्ली के 60 परिवारों के 254 ग्रामीणों को समूह जल प्रदाय योजना के माध्यम से घर-घर नल कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व ग्रामीणों को पेयजल की पूर्ति के लिए 15 हैंडपंपों पर निर्भर रहना पड़ता था।
ग्राम भटपल्ली को 08 अगस्त 2022 को ग्रामसभा के माध्यम से ‘हर घर जल’ प्रमाणीकरण प्रदान किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत सरपंच कु. मीना गोटा, सचिव राधा कोरमराका, ग्रामवासी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारीगण एवं जिला समन्वयक श्री टोपेश्वर साहू उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर शत-प्रतिशत घरों में नल कनेक्शन की पुष्टि की। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को जल जीवन मिशन की विस्तृत जानकारी दी और बताया कि यह योजना न केवल आज की आवश्यकता है, बल्कि आने वाले समय के लिए सुरक्षित जल की नींव भी है।
साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि योजना के भविष्य में संचालन, संधारण और प्रबंधन की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत को सौंपी गई है, जिससे ग्रामीण स्तर पर स्वावलंबन को बढ़ावा मिलेगा। ग्रामवासियों ने सरकार और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सुविधा उनके जीवन में एक बड़ा बदलाव लेकर आई है। अब उन्हें साफ पानी के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और जलजनित बीमारियों से भी काफी हद तक राहत मिलेगी। जल जीवन मिशन के तहत ग्राम भटपल्ली में हुई यह पहल ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
आयुष विभाग अंतर्गत दावाआपत्ति आमंत्रित
बीजापुर । संचालनालय, आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी सिद्ध एवं होम्योपैथी (आयुष) विभाग द्वारा जिले के अन्तर्गत चतुर्थ श्रेणी औषधालय सेवक, मसाजर, वार्ड ब्यॉय, रसोईया, किचन सर्वेट, चौकीदार के रिक्त पदों की सीधी भर्ती के लिए प्रेस विज्ञप्ति जारी किया गया था। भर्ती हेतु गठित चयन समिति द्वारा औषधालय सेवक, मसाजर, वार्ड ब्यॉय, रसोईया, किचन सर्वेट, चौकीदार के रिक्त पदों हेतु प्राप्त आवेदन की सूची का अवलोकन उपरांत दावा-आपत्ति आमंत्रित किये जाने हेतु समिति द्वारा अनुमोदित सूची का प्रकाशन किया गया है।
आवेदक/अभ्यर्थी जिला बीजापुर के वेबसाइड www.bijapur.gov.in एवं जिला कार्यालय के सूचना पटल में उक्त सूची का अवलोकन कार्यालयीन समय में कर सकते है। यदि किसी आवेदक/अभ्यर्थी को सूची में दर्शित प्रविष्टियों के संबंध में किसी प्रकार की दावा-आपत्ति हो तो वह पंजीबद्ध डाक/स्पीड पोस्ट के माध्यम से 29 अप्रैल 2025 दोपहर 3.00 बजे तक कार्यालय जिला आयुष अधिकारी, संयुक्त जिला कार्यालय प्रथम तल कक्ष क्रमांक 17-D बीजापुर में अपना अभ्यावेदन आवश्यक दस्तावेजों सहित प्रस्तुत कर सकते है। नियत तिथि के उपरांत प्राप्त एवं कोरियर अथवा अन्य किसी भी माध्यम से प्रस्तुत किये गये दावा-आपत्ति मान्य नहीं होगा। नियत तिथि तक दावा-आपत्ति प्राप्त नहीं होने पर इसे अंतिम सूची माना जावेगा।
बीजापुर में बड़ा नक्सली हमला टला: सीरियल ब्लास्ट की साजिश नाकाम, राज्यपाल का दौरा रद्द
बीजापुर । बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। नक्सलियों ने जवानों को निशाना बनाने के लिए सीरियल ब्लास्ट की योजना बनाई थी, लेकिन वक्त रहते पुलिस ने विस्फोटकों को बरामद कर उन्हें निष्क्रिय कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, बीजापुर जिला मुख्यालय से महज 8 किलोमीटर दूर मनकेली गांव के पास नक्सलियों ने 3 बोतल बम और 2 टिफिन बम सीरियल IED के रूप में लगाए थे। जिला पुलिस बल की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से इन विस्फोटकों को समय रहते बरामद किया गया और बम डिफ्यूजल स्क्वॉड (BDS) की टीम ने सभी बमों को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया।
इलाके में नक्सली गतिविधियों में अचानक आई तेजी को देखते हुए राज्यपाल रमेन डेका का प्रस्तावित बीजापुर दौरा रद्द कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे क्षेत्र में अलर्ट मोड पर हैं और तलाशी अभियान जारी है।
सुरक्षा अधिकारियों का मानना है कि यदि यह विस्फोटक सक्रिय हो जाते, तो बड़ी जनहानि हो सकती थी। समय रहते की गई कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया है।
मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना : 16 लाख की लागत से बना स्कूल खंडहर में तब्दील..
बीजापुर। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की बहुप्रचारित मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना में बड़े पैमाने पर अनियमितता और भ्रष्टाचार सामने आया है। बीजापुर जिले के उसूर विकासखंड स्थित सोढीपारा प्राथमिक विद्यालय का भवन 16 लाख 10 हजार रुपये की लागत से बना था, लेकिन कुछ ही महीनों में इसकी दीवारों में दरारें पड़ने लगी हैं। स्थानीय लोगों में डर है कि यह अधूरा भवन किसी भी वक्त ढह सकता है।
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल पर स्कूल भवनों के जीर्णोद्धार और अतिरिक्त कक्षों के निर्माण के लिए करीब 2,000 करोड़ रुपये की योजना लागू की गई थी। इस योजना के तहत बीजापुर जिले में 58 नए स्कूल भवनों के लिए लगभग 9.30 करोड़ रुपये जारी किए गए थे। परंतु जमीनी स्तर पर काम में भारी लापरवाही और गड़बड़ी की बात सामने आई है।
दरारों से भरा नया स्कूल भवन
ठेकेदार जय प्रकाश सिंह द्वारा निर्मित सोढीपारा स्कूल भवन आधा अधूरा बनाकर विभाग से भुगतान भी ले लिया गया। लेकिन निर्माण की गुणवत्ता इतनी खराब रही कि एक साल के भीतर ही भवन की दीवारें फटने लगीं। स्थानीय लोगों ने बताया कि स्कूल की हालत देखकर बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता है।
शीट से बने कमरे, पक्के भवन की राशि हजम
निर्देशानुसार पक्के भवन बनने थे, लेकिन ठेकेदार ने शीट से बने अधूरे कमरे बनाकर लाखों रुपये की सरकारी राशि डकार ली। विभागीय इंजीनियरों की संलिप्तता भी उजागर हो रही है, जिन्होंने अपूर्ण भवनों को पूर्ण बताकर फाइलें क्लोज कर दीं।
वेंटिलेशन का भी घोटाला
स्कूल भवनों की छत पर चार टर्बो वेंटिलेटर पंखे लगने थे ताकि गर्मी में वेंटिलेशन बना रहे, लेकिन एक भी पंखा नहीं लगाया गया। बताया जा रहा है कि ठेकेदार और इंजीनियर ने मिलकर यह राशि भी हड़प ली।
जिम्मेदारों की चुप्पी
जब इस पूरे मामले में ठेकेदार, विभागीय अधिकारी और इंजीनियर से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो किसी ने भी फोन उठाना मुनासिब नहीं समझा।
प्रशासन की प्रतिक्रिया
जिला शिक्षा अधिकारी एल.एल. धनेलिया ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिल रही है। यदि निर्माण में गड़बड़ी पाई गई तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बीजापुर में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, सर्च ऑपरेशन जारी
बीजापुर । छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में शनिवार सुबह सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के इंद्रावती नदी से सटे जंगलों में मुठभेड़ शुरू हुई। पुलिस अधिकारियों ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मुठभेड़ में माओवादियों को भारी नुकसान होने की संभावना है। सर्च अभियान अभी भी जारी है और विस्तृत जानकारी बाद में साझा की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम माओवादी विरोधी अभियान के लिए निकली थी। इस टीम में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान शामिल थे। सुबह करीब 9 बजे इंद्रावती क्षेत्र के जंगलों में माओवादियों के साथ मुठभेड़ शुरू हुई।
बीजापुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) चंद्रकांत गवर्ना ने बताया, "हमारी टीमें पूरी सतर्कता के साथ अभियान चला रही हैं। मुठभेड़ में नक्सलियों को नुकसान पहुंचा है, लेकिन अभी सटीक जानकारी के लिए सर्च ऑपरेशन पूरा होने का इंतजार है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों की ओर से किसी नुकसान की खबर नहीं है।
यह मुठभेड़ भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के उन जंगली इलाकों में हुई, जो माओवादियों का गढ़ माने जाते हैं। बीजापुर में पिछले कुछ महीनों से सुरक्षा बलों ने नक्सल विरोधी अभियानों को तेज किया है, जिससे माओवादी संगठनों को काफी नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन अभियानों से क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बढ़ रही है।
पुलिस का कहना है कि सर्च अभियान के बाद मुठभेड़ से जुड़ी सारी जानकारी साझा की जाएगी। माओवादियों के पास से हथियार और अन्य सामग्री बरामद होने की भी संभावना है। बीजापुर में सुरक्षा बल लगातार नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं, ताकि क्षेत्र में स्थायी शांति स्थापित हो सके।
पिछले कुछ दिनों से नक्सल विरोधी अभियान में सुरक्षाबलों को काफी सफलता मिली है। इसका ही नतीजा है कि आठ अप्रैल को बीजापुर में नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया था, जिनमें 6 महिला नक्सली भी शामिल थीं। आत्मसमर्पण करने वाले इन नक्सलियों पर कुल 26 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। छत्तीसगढ़ शासन की पुनर्वास एवं आत्मसमर्पण नीति और नियद नेल्लानार योजना के तहत नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया था।
बीजापुर में इंद्रावती के जंगल में मुठभेड़ जारी, दो माओवादियों के मारे जाने की खबर
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के इंद्रावती वन क्षेत्र में सोमवार सुबह सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच एक बड़ी मुठभेड़ हुई है। इसमें अब तक दो माओवादियों के मारे जाने की खबर है। हालांकि आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
लर्निंग लायसेंस बनाने के लिये 12 परिवहन सुविधा केन्द्र स्थापित
बीजापुर । मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन द्वारा किये गये घोषणा अनुसार छत्तीसगढ़ शासन परिवहन विभाग द्वारा "परिवहन सुविधा मार्गदशिका -2022" जारी किया गया है। बीजापुर जिले हेतु लर्निंग लायसेंस बनाने के लिये 12 परिवहन सुविधा केन्द्र प्राधिकृत करते हुए स्थापित किया जाना है, जिसके लिए जिला परिवहन कार्यालय कलेक्ट्रेट परिसर बीजापुर में इच्छित अर्हताधारी आवेदक 200/विहित शुल्क जमा कर 19 अप्रैल 2025 शाम 05ः30 बजे तक आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित तिथि व समय के उपरांत प्राप्त होने वाले आवेदन पर कोई विचार नहीं किया जावेगा।
एकलव्य आदर्श विद्यालय में 7वीं और 9वीं में रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए आवेदन
बीजापुर । जिले में संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए कक्षा 7वीं एवं 9वीं में रिक्त सीटों की पूर्ति लेटरल एंट्री के माध्यम से किया जाना है। इस हेतु संबंधित संस्था से आवेदन पत्र प्राप्त करने के लिए 09 अप्रैल 2025 से 23 अप्रैल 2025 तक, संस्था में आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 25 अप्रैल 2025, प्रवेश परीक्षा 01 मई 2025 तथा परीक्षा परिणाम घोषणा 05 मई 2025 एवं प्रवेश की अंतिम तिथि 08 मई 2025 को आयोजित किया जाएगा।
मनरेगा मजदूरी दर 261 रुपए रोजगार दिवस में दी जानकारी
बीजापुर । महात्मा गांधी नरेगा योजनांतर्गत ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार द्वारा 1 अप्रैल से जॉब कार्डधारी मजदूरों को प्रत्येक दिवस उनके कार्य के बदले 261 रुपए की मजदूरी प्राप्त होंगे।
उक्त जानकारी ग्राम पंचायतों में श्रमिकों को देते हुए बैकिंग सेवाओं में आने वाली कठिनाइयों के बारे में जागरूक लाने रोजगार दिवस में अवगत कराया गया। प्रत्येक माह 7 तारीख को पंचायतों में रोजगार दिवस के आयोजन करने के निर्देश हैं, जिसमें योजनान्तर्गत नवीन प्रावधानों के अलावा जाबकार्ड धारी श्रमिकों की आने वाली समस्याओं का समाधान किया जाता है। वर्तमान में मनरेगा मजदूर दर 261 रुपए है।
बीजापुर में आयोजित हुआ युवा संवाद कार्यक्रम, युवाओं के विचारों से बनेगी सशक्त युवा नीति
बीजापुर । मंगलवार को बीजापुर के जिला पंचायत सभागार में छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय तोमर के मुख्य आतिथ्य में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में स्कूल, महाविद्यालय और युवा खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। इसका उद्देश्य युवाओं के विकास और उनकी समस्याओं पर चर्चा करना था, ताकि राज्य की युवा नीति को और अधिक सशक्त और प्रभावी बनाया जा सके।
कार्यक्रम में श्री तोमर ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ युवाओं तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने बस्तर क्षेत्र के स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए युवाओं से सुझाव लेने की बात की, ताकि छत्तीसगढ़ की युवा नीति में सुधार लाया जा सके।
युवाओं को अपने विचार व्यक्त करने के लिए ब्रोशर और पंपलेट वितरित किए गए, जिसमें उन्हें अपने सुझाव लिखित रूप में युवा आयोग को देने के लिए प्रेरित किया गया। कई युवाओं ने अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए, जिन्हें आयोग द्वारा संकलित किया जाएगा।
यह कार्यक्रम युवाओं को एक मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनके विचारों को सरकार तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास था। युवा संवाद की सफलता ने यह साबित किया कि युवाओं को सही मार्गदर्शन मिले तो वे राज्य और समाज के लिए प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं।
85 बटालियन द्वारा सिविक एसेक्शन प्रोग्राम के तहत क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन
बीजापुर । 85 बटालियन केन्द्रिय रिजर्व पुलिस बल ¼CRPF½ मुख्यालय, नयापारा, बीजापुर में 27 मार्च 2025 को केन्द्रिय रिजर्व पुलिस बल स्पोर्ट्स मेला के तहत धुर माओवाद प्रभावित क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों हेतु भव्य क्रिकेट खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन किया गया। इस क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन करने का उद्देश्य बीजापुर जिले के अतिसंवेदनशील एवं माओवाद प्रभावित क्षेत्र के स्थानीय युवाओं के बीच खेल भावना को बढ़ावा देना और स्थानीय जनता के साथ संबधों को मजबूत करना है।
इस क्रिकेट प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ सेक्टर केन्द्रिय रिजर्व पुलिस बल के महानिरीक्षक राकेश अग्रवाल के निर्देशनुसार डी.एस. नेगी डी0आई0जी0 रेंज बीजापुर केन्द्रिय रिजर्व पुलिस बल के मार्गदर्शन में बीजापुर रेंज की 22 बटालियन, 85 बटालियन, 153 बटालियन, 168 बटालियन, 170 बटालियन, 196 बटालियन, 199 बटालियन, 214 बटालियन, 222 बटालियन, एवं 229 बटालियन के परिचालनिक क्षेत्र से चयनित युवाओं की कुल 10 टीमों ने भाग लिया।
इस प्रतियोगिता में बीजापुर जिले के अलग अलग क्षेत्रो से कुल दस स्थानीय टीमों ने भाग लिया। 08 अप्रैल 2025 मंगलवार को आयोजित एक रोमांचक फाइनल मैच मुदवेडी टाइगर्स बनाम गोटपल्ली वाइकिंग्स के साथ हुआ। इस कार्यक्रम का उद्घाटन बीजापुर रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक देवेन्द्र सिंह नेगी ने किया।
यह खेल प्रतियोगिता रचनात्मक और समावेशी पहलों के माध्यम से स्थानीय आबादी के साथ मजबूत संबंध बनाने के लिए सी0आर0पी0एफ0 की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
स्थानीय निवासियों ने इस आयोजन के लिए सी आर पी एफ के प्रति आभार व्यक्त किया, युवा विकास और सामुदायिक सद्भाव को बढ़ावा देने पर इसके सकारात्मक प्रभाव पर जोर दिया।
मुदवेंडी टाइगर्स और गोटपल्ली वाइकिंग्स के बीच फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमे गोटपल्ली वाइकिंग्स ने मुदवेंडी टाइगर्स को 03 विकेट से पराजित किया। विजेता टीम को 11000 रूपये की राशि तथा उप विजेता टीम को 5500 रूपये की राशि तथा दोनो टीमों को ट्रॉफी प्रदान की साथ ही मैन ऑफ द सिरिज (मोहीत) एवं मेन ऑफ द मैच (राहीत मेक्सी) को भी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पुश्पेन्द्र कुमार, कमाण्डेंट 206 कोबरा, सुनील कुमार राही, कमाण्डेंट 85 बटालियन, विक्रम सिंह, 168 बटालियन, सरकार राजा रमन, कमाण्डेंट 170 बटालियन, ब्रजेश कुमार सिंह, द्वितीय कमा0 अधिकारी 85 बटालियन, सुरेश ओराव, द्वितीय कमा0 अधिकारी 85 बटालियन एवं नरेन्द्र सिंह, उप कमाण्डेंट 85 बटालियन उपस्थित रहें। युवाओं को खेलों में शामिल करने और सौहार्द की भावना को बढ़ावा देने के लिए इस पहल की व्यापक रूप से सराहना की गई। केन्द्रिय रिजर्व पुलिस बल द्वारा किए गये इस भव्य आयोजन को स्थानीय नागरिकों एवं खेल प्रेमियों द्वारा प्रशंसा की गई।
महिलायें और बच्चे भाजपा सरकार की लचर क़ानून व्यवस्था का हो रहे हैं शिकार- विक्रम मंडावी
जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर, जिला- बीजापुर (छ ग)
दुर्ग में घटी दुष्कर्म की घटना के विरोध में कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री और गृहमंत्री का फूंका पुतला
महिलायें और बच्चे भाजपा सरकार की लचर क़ानून व्यवस्था का हो रहे हैं शिकार- विक्रम मंडावी
गृह मंत्री राज्य में हो रहे दुष्कर्म की घटनाओं की नैतिक ज़िम्मेदारी लेते हुए अपना इस्तीफ़ा दे- विक्रम मंडावी
बीजापुर 08/04/2025 छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय दुर्ग के मोहन नगर थानांतर्गत ओम नगर निवासी 6 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुयी दुराचार व हत्या तथा प्रदेश में महिलाओं के साथ लगातार घट रही अपराध की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने व राज्य की लचर कानून-व्यवस्था सहित गृहमंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर जिला मुख्यालय बीजापुर में कांग्रेसियों ने धरना प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और गृह मंत्री का पुतला दहन किया गया है।
इस दौरान बीजापुर के विधायक और कांग्रेस नेता विक्रम मंडावी ने दुर्ग जिले में मासूम बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म की घटना पर दुख प्रकट करते हुए कहा कि “इस घटना ने प्रदेश सरकार के कानून व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है, प्रदेश की भाजपा सरकार में महिलायें और बच्चे लगातार लचर क़ानून व्यवस्था का शिकार हो रहे हैं और महिलाओं और बच्चों पर दुष्कर्म की घटनाएं बड़ी हैं। प्रदेश की भाजपा सरकार का क़ानून व्यवस्था पर कोई नियंत्रण नहीं है इसलिए प्रदेश की भाजपा सरकार के गृह मंत्री विजय शर्मा को राज्य में हो रहे दुष्कर्म की घटनाओं की नैतिक ज़िम्मेदारी लेते हुए उन्हें अपने पद से इस्तीफ़ा दे देना चाहिये।”
इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लालू राठौर, जनपद अध्यक्ष सोनू पोटाम, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष बेनहूर रावतिया, पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम सल्लूर,नगर अध्यक्ष संतोष गुप्ता, जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री जितेंद्र हेमला, कोषाध्यक्ष पुरुषोत्तम खत्री, पूर्व पार्षद ललिता झड़ी, कविता यादव, पूर्व पार्षद लक्ष्मण कड़ती,महिला कांग्रेस की संजना चौहान, युवा कांग्रेस के कामेश मोरला,एजाज सिद्दीकी,जग्गी सेन,हिमांशु गुप्ता,नवनीत नायडू,बलराम कोरसा, सदाशिव राना, राकेश ठाकुर,वरिष्ठ कांग्रेसी इदरीस खान, राम कुमार दुर्गम सहित बड़े संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर
नक्सलियों ने मोबाइल टावर में आगजनी की वारदात को दिया अंजाम
बीजापुर । जिले नक्सल प्रभावित ग्राम चिन्नाकोडपाल में शुक्रवार देर रात नक्सलियों ने एक मोबाइल टावर में आगजनी की वारदात को अंजाम देकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का प्रयास किया है।
इस आगजनी की घटना में कितना नुकसान हुआ है, इसका आंकलन मौके पर पंहुची पुलिस कर रही हैं।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पहुंची पुलिस का कहना है कि नक्सलियों के बड़े लीडर आत्मसमर्पण कर रहे हैं, या गिरफ्तार हो रहे हैं।
ऐसे में नक्सली स्वयं दहशत में हैं, लेकिन नक्सली बौखलाहट में आगजनी जैसी वारदात के जरिए अपनी मौजूदगी दर्ज कराकर इलाके में दहशत फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।
मनरेगा मजदूरों को अब 261 रुपए मिलेगी मजदूरी
1 अप्रैल से नई मजदूरी दर लागू
बीजापुर । केंद्र सरकार ने 2025-26 के लिए महात्मा गांधी नरेगा अंतर्गत रोजगार करने वाले ग्रामीण मजदूरी की राशि का निर्धारण किया है। 1 अप्रैल से महात्मा गांधी नरेगा योजना में कार्य करने वाले मजदूरों को 261 रुपए मजदूरी प्राप्त होगी। छत्तीसगढ़ को मजदूरी 261 रुपये की प्रति कार्य दिवस की दर से मिलेगी. केंद्रीय ग्रामीण मंत्रालय विकास ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत मजदूरी दरों में बदलाव का नोटिफिकेशन जारी किया है, 1 अप्रैल से ही नवीन दर लागू हो गया है।
जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत रमेश नंदनवार ने बताया कि कलेक्टर संबित मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले में मनरेगा श्रमिकों को सही सही जानकारी पहुंचाने के साथ योजना का लाभ हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्वेश्य से कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 1 अप्रैल 2025 से 18 रूपये की बढ़ोतरी करते हुए केंद्रीय ग्रामीण मंत्रालय विकास ने मनरेगा मजदूरी दर 261 कर दी है।
सर्पदंश एवं नदी के पानी में डूबने से मृत्यु के 3 प्रकरणों में 12 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत
बीजापुर । कलेक्टर संबित मिश्रा द्वारा छत्तीसगढ़ शासन राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के प्रावधानों के तहत् राजस्व पुस्तक परिपत्र 6(4) के अंतर्गत प्राकृतिक आपदा प्रबंधन से पीड़ित परिवार को 12 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने की स्वीकृति दी गई है। जिसके अंतर्गत सर्पदंश से मृत्यु के दो प्रकरणों में से मृतिका सुजिता माड़वी के निकटतम वारिस उनकी माता श्रीमती हिड़मे महेश माड़वी निवासी ग्राम केतुलनार कुटरू एवं मृतिका चन्दे लेकाम के निकटतम वारिस उनके पति लच्छु लेकाम निवासी ग्राम पोन्दुम भैरमगढ़ इसी तरह नदी में डूबने से मृत्यु के एक प्रकरण में मृतक चन्द्रशेखर कश्यप के निकटतम वारिस उनकी माता श्रीमती शन्ति हेमला निवासी ग्राम नेलसनार भैरमगढ़ प्रत्येक को 4-4 लाख कुल 12 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृति दी गई है। स्वीकृत राशि का भुगतान संबंधित हितग्राहियों के बैंक खाते में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से किए जाने के निर्देश संबंधित तहसीलदार को दिए गए है।