छत्तीसगढ़ / बिलासपुर
संभागायुक्त कावरे ने सुशासन तिहार शिविरों का लिया जायज़ा
बिलासपुर। संभागायुक्त बिलासपुर महादेव कावरे ने सुशासन तिहार के तहत बिलासपुर नगर निगम के तोरबा क्षेत्र के सामुदायिक भवन में संचालित आवेदन प्राप्ति का निरीक्षण किया गया । यहाँ अभी तक २७ आवेदन प्राप्त होना बताया गया । प्राप्त आवेदन का पंजीयन किया जा रहा है । आवेदन में मांग ज़्यादा है, शिकायत कम आई हैं।
संभागायुक्त ने ज़्यादा से ज़्यादा प्रचार करने कहा ताकि लोग आवेदन कर सकें । दिनांक 11 अप्रैल को आवेदन देने की अंतिम तिथि है। इसके पश्चात विकासखंड मस्तूरी के दर्रीघाट पंचायत में निरीक्षण में अब तक 167 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें भूमिहीन कृषि मज़दूर योजना के तहत माँग और शौचालय की मांग ज़्यादा है। उपस्थित एसडीएम प्रवेश पैकरा को धान खरीदी केंद्र निरीक्षण करने भी संभागायुक्त ने निर्देशित किया क्योंकि इसके सड़क की माँग भी आई थी। संभागायुक्त ने जांजगीर चांपा जिले के अकलतरा के अमरताल ग्राम पंचायत में भी आवेदन प्राप्ति का निरीक्षण किया जिसमें अब तक 136 आवेदन प्राप्त हुए है। सभी को ऑनलाइन करने निर्देशित किया गया।
आईटीआई कोनी में अप्रेंटिसशिप मेला 15 को
बिलासपुर । आदर्श औद्योगिक प्रशिक्षक संस्था कोनी के सीओई भवन में 15 अप्रैल को 9.30 बजे से अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें जिले के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं से विद्युतकार, फिटर, डीजल मैकेनिक, मोटर व्हीकल मैकेनिक, ट्रेक्टर मैकेनिक, वेल्डर इलेक्ट्रानिक्स, टर्नर, आइसीटीएसएम एवं कोपा उत्तीर्ण अभ्यर्थी अपने समस्त दस्तावेजों के साथ सम्मिलित हो सकते हैं। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए आदर्श औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था कोनी में कार्यालयीन समय में संपर्क कर सकते हैं।
आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पदों पर आवेदन 15 से
बिलासपुर । एकीकृत बाल विकास परियोजना सकरी अंतर्गत आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पदों पर भर्ती हेतु आवेदन मंगाए गए हैं। ग्राम चोरभठठीखुर्द के आंगनबाड़ी केन्द्र क्रमांक 2, ग्राम घुटकु के आंगनबाड़ी केन्द्र क्रमांक 4 एवं 9 में सहायिकाओं की नियुक्ति होनी है। इच्छुक आवेदिका कार्यालयीन समय में 15 अप्रैल से 29 अप्रैल तक आवेदन कर सकती है। आवेदन के संबंध में एकीकृत बाल विकास परियोजना कार्यालय सकरी से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
आंगनबाड़ी सहायिका पदों पर दावा-आपत्ति 21 तक
बिलासपुर । एकीकृत बाल विकास परियोजना बिल्हा अंतर्गत ग्राम बोडसरा के आंगनबाड़ी केन्द्र 02 में सहायिका के रिक्त पद पर भर्ती हेतु आवेदन आमंत्रित किया गया था । जिसमें प्राप्त आवेदनों का अंतिम मूल्यांकन सूची जनपद पंचायत बिल्हा एवं एकीकृत बाल विकास परियोजना कार्यालय बिल्हा के सूचना पटल पर चस्पा किया गया है। सहायिका पद हेतु दावा-आपत्ति 21 अप्रैल तक किया जा सकता है। इच्छुक आवेदिका एकीकृत बाल विकास विभाग में कार्यालयीन समय में दावा-आपत्ति आवेदन प्रस्तुत कर सकती हैं।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के रिक्त पदों पर आवेदन 21 तक
बिलासपुर । एकीकृत बाल विकास परियोजना कोटा अंतर्गत स्वीकृत नवीन आंगनबाड़ी केन्द्रों में कार्यकर्ता एवं सहायिका पदों पर भरती हेतु आवेदन मंगाए गए हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हेतु केन्द्र उमरिया, छपरापारा, गौरखुरी, ढोडीनार, बेडापाट एवं सहायिका हेतु केन्द्र उमरिया, झालापारा, छपरापारा, बिरहोरपारा, गौरखुरी, बारीडिह, ढोडीनार एवं बगथपारा हेतु आवेदन किया जा सकता है। कार्यकर्ता एवं सहायिका पदों पर आवेदन करने की अंतिम तिथि 21 अप्रैल है। इच्छुक आवेदिका निर्धारित प्रपत्र में सीधे अथवा पंजीकृत डाक, स्पीड पोस्ट के माध्यम से कार्यालयीन समय में एकीकृत बाल विकास परियोजना कार्यालय कोटा में आवेदन कर सकती है। आवेदन के संबंध में एकीकृत बाल विकास परियोजना कार्यालय कोटा के सूचना पटल से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में प्रवेश प्रारंभ
बिलासपुर । सत्र 2025-26 हेतु बिलासपुर जिले में संचालित 34 स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में विद्यालयों में प्रवेश कीप्रकिया प्रारंभ हो गई है जिसमें 21 विद्यालयों में अंग्रेजी एवं हिन्दी माध्यम तथा 13 विद्यालयों में हिन्दी माध्यम में प्रवेश हेतु विद्यार्थी आवेदन कर सकते है।
प्रवेश हेतु समय सारणी निम्नानुसार निर्धारित की गई है- प्रवेश हेतु आवेदन तिथि 10 अप्रैल से 5 मई 2025 तक, अधिक आवेदन की स्थिति में लॉटरी के माध्यम से सीट आबंटन, 06 मई से 10 मई 2025 तक, प्रवेश की अन्य आवश्यक कार्यवाही 11 मई से 15 मई 2025 तक
जिला शिक्षा अधिकारी डॉ अनिल तिवारी ने प्रवेश के संबंध में जानकारी देते हुए बताया की स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिन्दी माध्यम विद्यालयों में प्रवेश हेतु ऑनलाईन एवं ऑफलाईन दोनो माध्यम से आवेदन स्वीकार किये जायेगें किन्तु 1 विद्यार्थी केवल 1 हि विद्यालय में आवेदन कर सकेगा। अंग्रेजी एवं हिन्दी माध्यम विद्यालयों में कक्षावार रिक्त सीटों की संख्या cg school.in के Sages पोर्टल से अथवा विद्यालय से जानकारी प्राप्त कर सकते है।
कोरोना महामारी के कारण अनाथ हुए बच्चों को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ अधिकारी द्वारा जारी मृत्यु प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने पर महतारी दुलार योजना के अंतर्गत सीधे प्रवेश दिया जावेगा, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में बालक तथा बालिकों को 50 50 प्रतिशत सीट आरक्षित रहेगें।
बी.पी.एल एवं आर्थिक रूप से कमजोर पालको के बच्चो को कुल रिक्त सीट के 25 प्रतिशत सीटों के विरूद्ध प्रवेश दिया जायेगा, इसके लिए पालको को सक्षम अधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण पत्र अथवा बी.पी.एल की सर्वे सूची प्रस्तुत करना होगा। रिक्त सीट के विरूद्ध अधिक पात्र आवेदक होने पर बच्चो का चयन लाटरी से किया जावेगा।
बिलासपुर जिले में बिलासपुर जिला खनिज संस्थान न्यास के माध्यम से 4 स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों तारबाहर, लाला लाजपतराय, लाल बहादुर शास्त्री एव तिलक नगर में नर्सरी कक्षाए संचालित है जिसमें केजी-1 में प्रप्येक विद्यालयों में 25 सीटों पर बच्चो को प्रवेश दिया जायेगा, शासन के निर्देशानुसार स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों कक्षा 1 में प्रवेश हेतु विद्यार्थी की आयु 31 मई 2025 की स्थिति में 5 वर्ष 6 माह से 6 वर्ष 6 माह होनी चाहिए।
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा 6 प्याऊ घर का शुभारंभ
बिलासपुर । भारत स्काउट्स और गाइड्स छत्तीसगढ़ द्वारा एक माह तक निरंतर चलने वाले प्याऊ घर का आज सम्पूर्ण राज्य में एक साथ शुभारंभ हुआ। इसी तारतम्य में बिलासपुर जिला में 6 स्थानों पर प्याऊ घर का शुभारंभ राज्य मुख्य आयुक्त डा सोमनाथ यादव के करकमलों से हुआ। ग्रीष्मकाल की तीव्र गर्मी को देखते हुए प्यासे राहगीरों को राहत पहुंचाने हेतु प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी जिले के 6 अलग - अलग क्षेत्रों में 9 अप्रैल को प्याऊ घर का भव्य उद्घाटन डॉ. सोमनाथ यादव के द्वारा किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला मुख्य आयुक्त चंद्रप्रकाश बाजपेयी, कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ अनिल तिवारी जिला शिक्षा अधिकारी,राज्य संगठन आयुक्त स्काउट विजय कुमार यादव, व सहायक राज्य आयुक्त स्काउट भूपेंद्र शर्मा उपस्थित थे।
प्याऊ घर के उद्घाटन के साथ ही जिला संघ बिलासपुर के द्वारा डॉ. सोमनाथ यादव का जन्म दिवस भी मनाया गया। मुख्य अतिथि डॉ. सोमनाथ यादव ने इस अवसर पर कहा कि स्काउट्स एवं गाइड्स हर उस स्थान पर तैयार रहते हैं, जहां जनता के प्रति सेवा देने का कार्य संचालित हो। यह पहल न केवल सामाजिक उत्तरदायित्व का उदाहरण है,बल्कि स्काउटिंग के मूल सिद्धांत – सेवा, त्याग और समर्पण का वास्तविक स्वरूप भी प्रस्तुत करता है। गर्मी के इस मौसम में राहगीरों को शीतल जल उपलब्ध कराने हेतु चलाए जा रहे प्याऊ घरों के विषय में जानकारी दिया गया l
कार्यक्रम में बिलासपुर जिले के मुख्यालय आयुक्त गाइड गायत्री तिवारी(प्राचार्य सेजेस सरकंडा),जिला संगठन आयुक्त गाइड बीना यादव , जिला संगठन आयुक्त स्काउट महेंद्र बाबू टंडन, जिला सचिव लता यादव , जिला प्रशिक्षण आयुक्त स्काउट संतोष त्रिपाठी , जिला प्रशिक्षण आयुक्त गाइड माधुरी यादव, स्काउटर - शत्रुहन लाल सूर्यवंशी , अनील सोनवानी, शशांक विश्वकर्मा निखिल सिंह,गाइडर - सुष्मिता शर्मा, डॉ.भारती दुबे,अपर्णा सारखेल,स्वाति हार्डिकर,किरणबाला पाण्डेय,रत्ना कश्यप, डॉ.पूनम सिंह,आरती राय, उषा रानी नेताम, रश्मि गुप्ता, लक्ष्मी बृजवासी, रागनी चौधरी, अनीता दान, शशिकला साहू, देवकिरण साहू , निशा साहू एवं निधि कश्यप , जिले के स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स एवं रेंजर्स, स्काउटर - गाइडर मुख्य रूप से समिल्लित हुए।
जनपद पंचायत सदस्यों एवं सभापतियों का निर्वाचन सम्मिलन 16 एवं 22 को
बिलासपुर । छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा 47 तथा जनपद पंचायत एवं जिला पंचायत स्थायी समितियां नियम 1994 के नियम 6 में प्रदत्त शक्तियों के तहत जनपद पंचायत कोटा, बिल्हा एवं तखतपुर के सदस्यों एवं सभापतियों के निर्वाचन सम्मिलन की कार्यवाही संपन्न कराने पीठासीन अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। जिसमें जनपद पंचायत कोटा में 16 अप्रैल को सवेरे 11 बजे से जनपद पंचायत कोटा के सभा कक्ष में अनुविभागीय अधिकारी एस.एस. दुबे पीठासीन अधिकारी एवं सीईओ युवराज सिन्हा सहायक पीठासीन अधिकारी की उपस्थिति में निर्वाचन सम्मिलन होगा। इसी प्रकार जनपद पंचायत बिल्हा में 16 अप्रैल को सवेरे 11 बजे से जनपद पंचायत बिल्हा के सभा कक्ष में अनुविभागीय अधिकारी बजरंग सिंह वर्मा पीठासीन अधिकारी एवं सीईओ एस.एस. पोयाम सहायक पीठासीन अधिकारी की उपस्थिति में निर्वाचन सम्मिलन संपन्न होगी। जनपद पंचायत तखतपुर में 22 अप्रैल को सवेरे 11 बजे से जनपद पंचायत सभा कक्ष में अनुविभागीय अधिकारी शिवकुमार कंवर पीठासीन अधिकारी एवं सीईओ सत्यव्रत तिवारी सहायक पीठासीन अधिकारी की उपस्थिति में निर्वाचन सम्मिलन संपन्न होगी।
नवीन उद्योगों की स्थापना के लिए कार्यशाला संपन्न
बिलासपुर । वाणिज्य एवं उद्योग विभाग छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार डिस्ट्रीक्ट आउटरिच एण्ड केपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम के तहत कलेक्टर अवनीश शरण की अध्यक्षता में एक दिवसीय औद्योगिक विकास नीति 2024-30, आरएएमपी, ईओडीबी का संभाग स्तरीय कार्यक्रम जल संसाधन विभाग के प्रार्थना सभाकक्ष में आयोजित किया गया। कार्यशाला में विषय विशेषज्ञों द्वारा पी. पी. टी. के माध्यम से औद्योगिक नीति 2024-30 के अंतर्गत एमएसएमई के प्रदर्शन को बढ़ावा देने, तेजी लाने एवं ईजी आफ डूइंग बिजनेस के सफल कार्यान्वयन सुधार हेतु यूजर जागरूकता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में जिला व्यापार एवं उद्योग बिलासपुर के मुख्य प्रबंधक, संचालक उद्योग संचालनालय से सहायक संचालक एमेस्वरी साहू, जीपीएम, मुंगेली, जांजगीर-चांपा एवं कोरबा के महाप्रबंधकों एवं उद्योगपतियों सहित छत्तीसगढ़ लघु एवं सहायक उद्योग संघ के अध्यक्ष हरीश केडिया, जिला उद्योग संघ के महासचिव शरद सक्सेना एवं जिले के 11 विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।
दावा-आपत्ति 23 तक
बिलासपुर । छत्तीसगढ़ शासन सहकारिता विभाग द्वारा 2 अप्रैल 2025 को अधिसूचना के माध्यम से राज्य के विभिन्न जिलों की प्राथमिक कृषि साख सहकारी सोसायटियों के पुनर्गठन हेतु अधिनियम 1960 की धारा 16 ग की उपधारा (1) के अंतर्गत लोकहित में विकास कार्यक्रम के कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने के प्रयोजन से प्राथमिक कृषि साख सहकारी सोसायटियों के पुनर्गठन योजना 2025 जारी किया गया है। यह जानकारी संबंधित समिति, बैंक शाखा, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मार्यादित बिलासपुर एवं उप आयुक्त सहकारिता एवं उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं बिलासपुर के सूचना पटल पर देखी जा सकती है।
सोसयाटी के पुनर्गठन संबंधी प्रस्ताव पर प्रभावित एवं परिणामी सोसायटी के सदस्य सोसायटियों एवं बैंक शाखा तथा अन्य द्वारा दावा आपत्ति 23 अप्रैल 2025 तक कार्यालयीन समय में जिले के उप एवं सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं के समक्ष 03 प्रतियों में प्रस्तुत किया जा सकता है। पुनर्गठन प्रस्ताव के संबंध में प्राप्त दावा-आपत्ति का परीक्षण कार्य बिलासपुर जिले के उप एवं सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं के द्वारा बैंक शाखा प्रबंधकों आदि के साथ संयुक्त रूप से पूर्ण किया जाएगा । परीक्षण उपरांत दावा-आपत्ति निराकरण करते हुए आवश्यक टीप सहित संशोधित प्रस्ताव मय अनुसूची 1,2,3 जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक को पृष्ठांकित करते हुए संभागीय संयुक्त पंजीयक सहाकरी संस्थाएं बिलासपुर को प्रेषित किया जाएगा।
बिलासपुर निगम में 15 अप्रैल को पेश होगा बजट
बिलासपुर । बिलासपुर में नगर निगम की सामान्य सभा की पहली बैठक 15 अप्रैल को देवकीनंदन दीक्षित सभा गृह में होगी। इसमें निगम का बजट पेश किया जाएगा। जिसमें कांग्रेस के पार्षद बिना नेता प्रतिपक्ष के इस बैठक में शामिल होंगे।
नेता प्रतिपक्ष बनाने के सवाल पर कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी ने कहा कि 18 पार्षद सामूहिक रूप से सामान्य सभा में मुकाबला करेंगे और जनहित के मुद्दों पर आवाज उठाएंगे। वहीं, भाजपा ने कहा कि कांग्रेस की गुटबाजी और आपसी कलह के चलते नेता प्रतिपक्ष तय नहीं हो सका है। बता दें कि सामान्य सभा की बैठक के पहले एक घंटे का प्रश्नकाल होगा। इसके लिए पार्षद 10 अप्रैल तक दो-दो प्रश्न विकास भवन में जमा कर सकेंगे। 11 अप्रैल को लॉटरी से प्रश्न निकाले जाएंगे। सामान्य सभा के दिन शुरू का एक घंटा प्रश्नकाल के लिए रिजर्व होगा। जिसमें एमआईसी मेंबर पार्षदों के सवालों का जवाब देंगे।
इसके बाद सदन की कार्रवाई शुरू होगी। सामान्य सभा में 9 एजेंडों पर चर्चा होगी, जिसके बाद बहुमत से सभी प्रस्ताव पास किए जाएंगे। इसके बाद बजट पास किया जाएगा। इस बार नगर निगम का बजट 1089 करोड़ रुपए का प्रस्तावित है, जो पिछले साल की तुलना में 38 करोड़ रुपए अधिक है।
ज़मीन विवाद पर प्राणघातक हमला, एक की मौत
बिलासपुर। ग्राम भीमपुरी चौकी जूनापारा राम्हेपुर रोड में शासकीय आंगनबाड़ी भवन को आरोपी शशी नवरंग ने अवैध रूप से कब्जा किया था , उक्त भवन से लगा हुआ प्रार्थी छेदी नवरंग का घर है जो घर के पीछे मकान बना रहा था व आंगनबाडी भवन के छज्जा के किनारे को तोड दिया था. इसी बात पर से दिनांक 04.04.2025 को रात्रि करीबन 09:30 बजे सुरेश नवरंग, शशि नवरंग, राजकुमार नवरंग, विनोद नवरंग, पवन नवरंग एवं अन्य सभी एक राय होकर लाठी डण्डा से लैश होकर छज्जा को तोड़ने की बात पर से प्रार्थी तथा बीच बचाव करने आये उसके परिवारजनों से अश्लील गाली गलौच करते हुये जान से मारने की धमकी देकर प्राण घातक हमला करते हुये मारपीट किये हैं।
साधेलाल नवरंग के सिर में गंभीर चोंट लगने से ईलाज हेतु लोरमी अस्पताल से सिम्स अस्पताल बिलासपुर ले जाते समय मृत्यु हो गई। रिपोर्ट पर अपराध धारा 296,115(2), 351 (2),190,191(2),103 (1) बीएनएस. कायम कर विवेचना कार्यवाही में लिया गया। घटना के संबंध में श्रीमान् वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय बिलासपुर श्री रजनेश सिंह को अवगत कराया गया। मामले की गंभीरता से जांच करने व आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी के निर्देश प्राप्त होने पर, श्रीमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय ग्रामीण श्रीमती अर्चना झा एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा श्रीमती नुपुर उपाध्याय के दिशानिर्देश पर विवेचना के दौरान आरोपियों की पतासाजी कर सुरेश नवरंग, राजकुमार नवरंग, विनोद नवरंग, पवन नवरंग व अन्य अपचारी बालकों के द्वारा घटना में प्रयुक्त लाठी डण्डा जप्त कर दिनांक 06.04.2025 को विधिवत् गिरफ्तार कर वैधानिक कार्यवाही की गई है।
नाम आरोपी–
1- सुरेश नवरंग पिता भागवत नवरंग, उम्र 30 वर्ष
2- राजकुमार नवरंग पिता भागवत नवरंग, उम्र 45 वर्ष
3- पवन नवरंग पिता तितराराम नवरंग, उम्र 24 वर्ष
4- विनोद नवरंग पिता तितराराम नवरंग, उम्र 21 वर्ष
सभी ग्राम भीमपुरी चौकी जूनापारा थाना तखतपुर जिला - बिलासपुर
सड़क हादसा में आरक्षक की मौत
बिलासपुर । छत्तीसगढ़ में सड़क हादसे ने एक और आरक्षक की जिंदगी छीन ली. बिलासपुर में मंदिर दर्शन करने निकले पुलिस आरक्षक रामनारायण सिंह को अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दी। और उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन के साथ फरार हो गया।
रविवार की सुबह सेंदरी बाईपास रोड पर यह दुर्घटना हुई है। घटना बिलासपुर-रतनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग में सेंदरी के पास हुई।
मामले में कोनी पुलिस मर्ग कायम कर जांच में जुटी हुई है. कोनी पुलिस के मुताबिक रामनारायण सिंह पुलिस लाइन में वाहन चालक के पद में कार्यरत थे। चैत्र नवरात्र के अंतिम दिन रामनवमी में बेलगहना क्षेत्र में स्थित देवी मंदिर में दर्शन के लिए जा रहा था।
आरक्षक अपनी बाइक से बिलासपुर रतनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग में सुबह साढ़े दस के आसपास सेंदरी के पास पहुंचा था, तभी किसी अज्ञात वाहन चालक ने लापरवाहीपूर्वक गाड़ी चलाते हुए उसे ठोकर मार दी।
ठोकर इतनी जबरदस्त थी कि आरक्षक रामनारायण सिंह बाइक से दूर जाकर सड़क किनारे लगे डिवाइडर तक पहुंच गया. जहां डिवाइडर का नुकीला कोर शरीर में घुस गया और पेट फट गया, आरक्षक की मौके पर ही मौत हो गई।
बता दें कि बीते दिनों दुर्ग के नंदनी थाना क्षेत्र में बेमेतरा ट्रैफिक पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल दुष्यंत ठाकुर की सड़क हादसे में मौत हो गई थी।
ज्यपाल रामेन डेका के आगमन पर वीआईपी ड्यूटी के लिए बेमेतरा से बालोद जाने के दौरान वह दुर्घटना का शिकार हो गए थे।
11 रनिंग शील्ड के साथ रेलवे के 56 कर्मचारियों को मिला रेल सेवा पुरस्कार
बिलासपुर । दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल द्वारा 69वां रेल सेवा पुरस्कार समारोह नार्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट आडिटोरियम में आयोजित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक राजमल खोईवाल और विशिष्ट अतिथि मंडल सेक्रो अध्यक्षा भगवती खोईवाल थीं। मंडल रेल प्रबंधक ने 56 कर्मचारियों को व्यक्तिगत रेल सेवा पुरस्कार और 11 रनिंग शील्ड प्रदान किया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक योगेश कुमार देवांगन, वरि. मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ. अंशुमान मिश्रा, सभी शाखाधिकारी, अन्य अधिकारी, यूनियन एवं एसोशिएशन के पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक ने पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी और कहा कि मंडल के समर्पित रेलकर्मियों के प्रयासों से पिछले वित्तीय वर्ष में 189.7 मिलियन टन माल लदान का कीर्तिमान स्थापित हुआ है। उन्होंने संरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी रेल कर्मियों से सतर्कता बरतने का आह्वान किया।
समारोह में कर्मचारियों के परिवारों को भी आमंत्रित किया गया, जिससे उनके योगदान को सम्मानित किया जा सके। मंडल रेल प्रबंधक ने 56 कर्मचारियों को व्यक्तिगत रेल सेवा पुरस्कार और 11 रनिंग शील्ड प्रदान की। पुरस्कार प्राप्त करने वाले विभागों में लेखा, वाणिज्य, सुरक्षा, चिकित्सा, और अभियांत्रिकी शामिल हैं।
अपर कलेक्टर के आदेश को CG हाईकोर्ट ने कर दिया रद्द
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने बालोद जिले के एक राजस्व निरीक्षक से 2 लाख 24 हजार रुपये की वसूली के आदेश को खारिज कर दिया है।
यह आदेश बालोद के अपर कलेक्टर द्वारा जारी किया गया था, जिसमें कहा गया था कि वेतन निर्धारण में त्रुटि के चलते कर्मचारी को अधिक राशि का भुगतान किया गया, इसलिए वह राशि वसूल की जाए।
इस आदेश को चुनौती देते हुए बालोद निवासी सत्यनारायण सोनेश्वर ने अधिवक्ता अभिषेक पांडेय के माध्यम से उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी।
उन्होंने अपनी याचिका में कहा कि वे तृतीय श्रेणी के कर्मचारी हैं और सर्वोच्च न्यायालय ने रफीक मसीह बनाम भारत सरकार प्रकरण में यह स्पष्ट किया है कि इस श्रेणी के कर्मचारियों से वेतन निर्धारण की त्रुटियों के चलते की गई अधिक राशि की वसूली न्यायसंगत नहीं है।
बिलासपुर से अयोध्या तक श्रीरामलला दर्शन यात्रा का शुभारंभ, तोखन साहू ने दिखाई हरी झंडी
बिलासपुर । राम नवमी के पावन अवसर पर बिलासपुर पुलिस ग्राउंड में आयोजित "श्री रामलला दर्शन यात्रा" का भव्य शुभारंभ केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने ध्वज फहराकर किया।
"चलो अयोध्या" नामक इस विशेष यात्रा का उद्देश्य ननिहाल बिलासपुर से लेकर भगवान श्रीराम के जन्मस्थान अयोध्या तक श्रद्धा, आस्था और संस्कृति की ज्योति को प्रज्वलित करना है।
कार्यक्रम में शहर के अनेक गणमान्य अतिथि, साधु-संत, सामाजिक कार्यकर्ता और भारी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित रहे। पूरे वातावरण में "जय श्रीराम" के जयघोष और भक्ति की गूंज रही, जिससे आयोजन स्थल पूरी तरह राममय हो गया।
कार्यक्रम के दौरान श्रीराम के जीवन से प्रेरित भजन, झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी की गईं, जिससे श्रद्धालु अभिभूत हो उठे।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने कहा कि यह यात्रा समाज में सद्भाव, एकता और सांस्कृतिक जागरण का प्रतीक है, जो रामचरित की महिमा को जन-जन तक पहुंचाएगी। आयोजकों द्वारा यात्रा की सम्पूर्ण व्यवस्था को सुव्यवस्थित और अनुशासित रूप में संचालित किया गया।
लोग मेहनत से नहीं, शॉर्टकट से पैसा कमाना चाहते हैं’... बैटिंग एप पर हाई कोर्ट की तल्ख टिप्पणी
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ में तेजी से फैल रहे ऑनलाइन सट्टेबाजी एप्स के खिलाफ दायर जनहित याचिका पर छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया। मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति अरविंद वर्मा की युगलपीठ ने सुनवाई के दौरान गृह विभाग के सचिव, राज्य शासन और केंद्र सरकार से हलफनामे के जरिए जवाब मांगा है।
याचिका रायपुर निवासी सुनील नामदेव द्वारा अधिवक्ता अमृतो दास के माध्यम से दायर की गई है। इसमें राज्य में संचालित विभिन्न ऑनलाइन बेटिंग एप्स की वैधता और उन पर की गई कार्रवाई पर सवाल उठाए गए हैं।याचिकाकर्ता का कहना है कि राज्य शासन ने भले ही ऑनलाइन सट्टेबाजी पर प्रतिबंध लगाया हो, परंतु कई एप्स आज भी खुलेआम चल रहे हैं, विशेषकर आईपीएल जैसे आयोजनों के दौरान इनका प्रचलन और अधिक बढ़ जाता है।
जनहित याचिका में यह भी मांग की गई है कि ऐसे एप्स की निगरानी के लिए एक स्थायी तंत्र गठित किया जाए ताकि भविष्य में युवाओं को इस अवैध गतिविधि से बचाया जा सके।
आज का युग अलग, अच्छे-बुरे दोनों तरह के लोग…
- कोर्ट ने स्पष्ट किया कि शासन यदि किसी विषय पर अनुमति देता है, तो उसकी निगरानी की भी पूरी जिम्मेदारी शासन की ही बनती है। चीफ जस्टिस ने टिप्पणी करते हुए कहा, आज का युग अलग है। अच्छे और बुरे दोनों तरह के लोग हैं। लोग मेहनत से नहीं, शार्टकट से पैसा कमाना चाहते हैं।
- सरकार को यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई उस बारीक रेखा को पार न करे, जो वैधता और अवैधता के बीच है। महाधिवक्ता ने कोर्ट को बताया कि शासन द्वारा कई वेबसाइट्स और एप्स को ब्लॉक किया गया है, जो लोगों को सट्टा लगाने के लिए प्रेरित करते हैं।
- इस पर कोर्ट ने कहा कि जो एप्स अब भी राज्य में सक्रिय हैं, उन्हें भी चिन्हित कर नियमन की जरूरत है। मुख्य न्यायाधीश ने इस दौरान सुप्रीम कोर्ट के उस हालिया निर्णय का भी हवाला दिया, जिसमें फर्जी विज्ञापनों और उनके गलत दावों पर सर्वोच्च अदालत ने संज्ञान लिया था। कोर्ट ने कहा कि जब लोग बिना श्रम के धन अर्जित करने के ऐसे प्रयासों में लिप्त होते हैं, तो यह समाज और अर्थव्यवस्था दोनों के लिए चिंता का विषय बनता है।
एक बेटिंग एप बना पक्षकार
सुनवाई के दौरान एक ऐसे बेटिंग एप को भी पक्षकार बनाया गया है, जो फिलहाल राज्य में सक्रिय रूप से संचालित किया जा रहा है। कोर्ट ने इस एप के संचालन और कानूनी स्थिति पर भी जवाब तलब किया है।