छत्तीसगढ़ / धमतरी
पोषण वाटिका बढ़ा रही शासकीय कन्या माध्यमिक स्कूल कोसमर्रा की शोभा
मध्याह्न भोजन में ताजी हरी सब्जियां हो रहीं शामिल
धमतरी। वर्तमान दौर में हरी ताजी सब्जियां वह भी जैविक खाद से तैयार हो, मनुष्य के लिए अति आवश्यक हो गईं हैं। रासायनिक खाद युक्त फसलों और सब्जियों से सेहत में विपरीत असर पड़ रहा है। इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखकर कुरूद विकासखण्ड के ग्राम पंचायत कोसमर्रा स्थित शासकीय कन्या माध्यमिक स्कूल में शाला प्रबंधन समिति द्वारा पोषण वाटिका तैयार की गई है।
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना और उद्यानिकी विभाग के अभिसरण से तैयार इस पोषण वाटिका में मौसम अनुरूप ताजी हरी सब्जियां उगाई जातीं हैं, जिसमें जैविक खाद का उपयोग किया जाता है। इन सब्जियों का उपयोग मध्याह्न भोजन में किया जाता है। इससे तुरंत तोड़ी हुई ताजी और पौष्टिक सब्जियां तो उपलब्ध हो रहीं हैं, साथ ही स्कूल की बच्चियों के पोषण स्तर को भी बढ़ा रहा है। इन सब्जियों में सेमी, बरबट्टी, लौकी, विभिन्न तरह की भाजियां, गिल्की, टमाटर, मिर्ची, धनिया, भिंडी इत्यादि शामिल हैं।
गौरतलब है कि शासकीय कन्या माध्यमिक शाला में पोषण वाटिका निर्माण के लिए महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत एक लाख 13 हजार रुपए एवं उद्यानिकी से 17 हजार रुपए की लागत से 30ग्40 क्षेत्रफल में पोषण वाटिका का निर्माण किया गया है। सब्जियों के बीच कटहल, पपीता, केला, अमरूद, मुनगा, नीबू के कुल 44 पौधों का रोपण किया गया है, ताकि भविष्य में सब्जियों के साथ-साथ फलों का भी उपयोग मध्याह्न भोजन में किया जा सके। बता दें कि शासकीय माध्यमिक कन्या स्कूल कोसमर्रा में कक्षा छठवीं से आठवीं तक कुल 51 बालिकाएं अध्ययनरत हैं, जिनके लिए स्वच्छता का पूर्ण ध्यान रखते हुए पोषण वाटिका की उत्पादित सब्जियां गरम भोजन में परोसा जाता है। यह पोषण वाटिका निश्चित तौर पर कुपोषण को दूर करने में काफी हद तक सहयोगी साबित होगी।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोमा श्रीवास्तव ने बताया कि शासकीय माध्यमिक शाला में पोषण वाटिका का निर्माण महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा अभिसरण मद की राशि से किया गया है। स्कूल की 30 x 40 वर्गफीट की खाली जमीन पर पोषण वाटिका तैयार कर मौसमी सब्जी के रूप में सेमी, बरबट्टी, टमाटर, लौकी, धनिया, मिर्च एवं भिंडी के अलावा क्यारियां तैयार कर विभिन्न प्रकार के कटहल, पपीता, मुनगा, केला, अमरूद, नीबू जैसे फलदार पौधे भी लगाए गए हैं।
जल जगार महोत्सव 5 एवं 6 अक्टूबर को
महानदी के तट पर गंगरेल में आयोजित होंगे आकर्षक कार्यक्रम
धमतरी। जिले में आगामी 5 एवं 6 अक्टूबर को जल जगार महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसके मद्देनजर कलेक्टर नम्रता गांधी ने महानदी के तट पर गंगरेल में जिला स्तरीय अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों, सोशल मीडिया इन्फ्लूएंजर्स की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने बताया कि जिले में जल एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके तहत आगामी 5 एवं 6 अक्टूबर को महानदी के पास रविशंकर सागर गंगरेल बांध में राष्ट्रीय स्तर के आकर्षक और रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 5 अक्टूबर को जल ओलंपिक, कार्निवाल, जल सभा, नवरात्रि मेला, रूद्रा विथ वाटर, आसमान से कहानी, उद्योगों में हुए बेस्ट प्रेक्टिसेस, कबाड़ से जुगाड़, प्रदर्शनी और विभिन्न खेल इत्यादि कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसी दिन कल्चरल नाईट में बैंड प्रदर्शन, ऑर्केष्ट्रा, बहरूपिया दिवाकर शो और अन्य प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसी तरह जल जगार महोत्सव के दूसरे दिन 6 अक्टूबर को गंगरेल ट्रायल रन, जल ओलंपिक, रूद्रा विथ वाटर, आसमान से कहानी सहित कल्चरल कार्यक्रम आयोजित होने की जानकारी भी कलेक्टर ने दी। कलेक्टर सुश्री गांधी ने जल जगार महोत्सव के सफल आयोजन के लिए सभी के सहयोग की अपेक्षा की है।
पंचमी पर शीतला शक्ति पीठ सिहावा में दर्शनार्थियों की उमड़ी भीड़
नगरी सिहावा । शारदीय नवरात्रि पर देवी मंदिरों में दर्शनार्थियों का भारी भीड़ उमड़ रही हैं। श्रद्धालु नव दिनों तक व्रत पूजा पाठ कर माता को प्रसन्न करने के लिये विभिन्न अनुष्ठान कर रहे है। शीतला शक्ति पीठ सिहावा में पंचमी के अवसर पर माता शीतला का विशेष श्रृंगार कर छप्पनभोग अर्पित किया। दूर से आये हजारों श्रद्धालुओं ने माँ शीतला माई का कतार बद्ध होकर दर्शन लाभ लिया और अपनी मनोकामना लिए श्रीफल, श्रृंगार सामाग्री आदि पूजन सामग्री चढ़ाए। दूर दूर से आये विभिन्न माता सेवा मंडलियों ने पंचमी उत्सव पर जस गीत गाए। महेंद्र गिरी पर्वत स्थित गुफा वाली चंडी दुर्गा काली मन्दिर में दस ज्योति प्रज्वलित हो रही है। पंचमी के अवसर पर यहाँ दर्शनार्थियों ने दर्शन बड़ी संख्या में दर्शन लाभ लिया।
गणेश घाट सिहावा में भगवती महामाई की पूजा आरती पंचमी के अवसर पर गुरु भाइयों द्वारा की गई।मां भगवती चंडी मन्दिर मराठा पारा सिहावा में दर्शनार्थियों की भीड़ लगी रही। माता के सेवक बलदेव निषाद,राजकुमार निषाद,दीपक रावतवर, दीनदयाल नागरची,गोलू निषाद, ललित निर्मलकर आदि सेवा में समर्पित रहे। शीतला शक्ति पीठ में कालेज के छात्र छात्राओं तथा नवयुवक मण्डली के सदस्यों ने भंडारा सहित विभिन्न व्यस्थाओं में लगे रहे।शीतला शक्ति पीठ सिहावा के अध्यक्ष कैलाश पवार ने बताया क्वार नवरात्र में इस बार कुल दो हजार दो सौ छब्बीस ज्योति प्रज्वलित हो रहे है। प्रतिवर्ष की भांति नवरात्रि में समिति द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों की आयोजन की जा रही है मंगलवार को पंडवानी की मनमोहक प्रस्तुति रही, बुधवार को नरहरपुर की गुरु गीता मंडली ने रामधुनी का मंचन किया , पंचमी के अवसर पर स्वर सप्तक आर्केस्ट्रा की प्रस्तुति रही।
छुट्टी पर घर आए CRPF जवान का निधन....
धमतरी। जिले के ग्राम पंचायत बिजनापुरी में एक सीआरपीएफ के जवान का निधन हो गया है। जवान चंद्रहास साहू छुट्टी पर अपने घर आये हुए थे, जहां तबियत खराब होने पर उन्हें कुछ दिन पहले ही अस्पताल में भर्ती किया गया था। इसके बाद स्वस्थ होकर वह अपने घर लौट आए थे लेकिन सोमवार की रात जवान का अचानक निधन हो गया।
अपने लाडले सपूत को अंतिम विदाई देने के लिए हजारों की संख्या में लोग ग्राम बिजनापुरी पहुंचे और नम आंखों से लोगों ने विदाई दी। गांव के श्मशान घाट में चंद्रहास साहू का अंतिम संस्कार किया गया। जवान के पिता तुकाराम साहू ने उन्हें मुखाग्नि दी। मुखाग्नि के पहले सीआरपीएफ के जवानों के द्वारा उन्हें अंतिम सम्मान गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान शहीद चंद्रहास साहू अमर रहे के नारे लगाए गए और लोगों की आंखें नम हो गई।
कथावाचक पं.प्रदीप मिश्रा का आगमन
शिवपुराण कथावाचक पं.प्रदीप मिश्रा का छत्तीसगढ़िया परिधान से किया गया प्रीतेश गांधी द्वारा स्वागथ
धमतरी जिले में तेंदुए का आतंक, किसान के घर में घुसकर 100 मुर्गियों को मारा
धमतरी। धमतरी जिले के घटुला गांव में तेंदुए का आतंक जारी है। तेंदुए ने एक किसान के घर में घुसकर लगभग 100 मुर्गियों को मार डाला। इसके साथ ही पाइक भांठा इलाके में भी एक बकरी और कुत्ते की जान ले ली। यह घटना बिरगुड़ी वन परिक्षेत्र की है, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है।
वन विभाग ने जारी किया अलर्ट
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचित किया। तेंदुए की मौजूदगी से इलाके में खतरे का माहौल है, जिसके चलते वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है। वन विभाग की टीम ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है और तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रख रही है।
ग्रामीणों में दहशत
जंगली जानवरों द्वारा लगातार हमलों की घटनाओं से ग्रामीणों में भय व्याप्त है। वन विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और विशेष रूप से रात के समय घरों से बाहर न निकलने की अपील की है।
जैविक खेती को बढ़ावा देने के साथ ही आवारा गौवंश का सहारा बने गाड़ाडीह के किसान रमनलाल साहू
सफलता की कहानी
धमतरी। आज के इस आधुनिक दौर में वैसे तो खेती किसानों के काम को उतना महत्व नहीं दिया जाता है, जितना की सरकारी या किसी अन्य नौकरी को दिया। पुराने समय में बुजुर्गो का मानना था, कि नौकरी करोगे तो जीवन भर नौकर ही बन जाओगे। इसलिए पुराने लोग नौकरी को कम और स्वयं के व्यवसाय को अधिक महत्व देते थे। ऐसी ही कहानी धमतरी जिले के ग्राम गाड़ाडीह निवासी प्रगतिशील किसान रमनलाल साहू की। जिन्होंने परम्परागत खेती को पीछे छोड़ आधुनिक खेती को अपनाया है। जैविक खेती को बढ़ावा देते हुए जल एवं पर्यवरण संरक्षण की दिशा में भी सराहनीय काम किया है।
प्रगतिशील किसान श्री साहू बताते हैं कि वे बीते 8 सालों से धान की जैविक खेती कर रहे हैं और जल संरक्षण की दिशा में रबी सीजन में दलहन-तिलहन की फसल ले रहे हैं। इससे जमीन की उर्वरकता तो बढ़ी ही है, साथ ही फसल भी बढ़ी है। उन्होंने बताया कि उनके पास 3 एकड़ से अधिक कृषि भूमि है, जिसमें खरीफ सीजन में धान और रबी सीजन में दलहन-तिलहन की फसल लेते हैं।
श्री साहू बताते है कि किसान होने के साथ-साथ पशु मित्र भी है, उन्होंने गली-मोहल्लों में आवारा घूमने वाले गौवंश को सहारा देने के उद्देश्य से अपने खेत समीप 25 डिस्मिल क्षेत्र में गौठान तैयार किया है। इन गौवंश से प्राप्त होने वाले गोबर का उपयोग जैविक खेती करने में कर रहे हैं। वहीं दूध बेचकर हर माह 9 हजार रूपये की शुद्ध आमदनी प्राप्त कर रहे हैं। श्री साहू ने यह भी बताया कि उन्होंने खेत में छोटा सा तालाब बनाया है, जिससे गौवंश के लिए पानी की व्यवस्था की है, वहीं क्रेडा की ओर से सोलर पैनल भी लगवाया है। इसके साथ ही गोबर गैस संयंत्र लगाकर गौवंश के लिए दाना-पानी उबालते हैं।
रमनलाल साहू रासायनिक खेती के दुष्परिणामों के बारे में अन्य किसानों को अवगत कराते हुए जैविक खेती करने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। साथ ही अपने गौशाला से उत्पादित गोबर, गौ मूत्र को अपने खेतों में उपयोग करते हुए जहरमुक्त अन्न की पैदावार कर उपभोक्ताओं तक पहुंचाने की व्यवस्था करते हैं। जैविक खेती को बढ़ावा देने के श्री साहू को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अभी हाल ही में सम्मानित भी किया है।
शासन की योजनाओं का लाभ लेकर संतोषी बनी लखपति
सफलता की कहानी
धमतरी । शासन द्वारा महिलाओं के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रहीं हैं। इन्हीं में से एक ही लखपति दीदी। एक ऐसी योजना, जिसमे सुनहरे भविष्य की उम्मीद और बेबस, लाचार महिलाओं के साथ-साथ अपने जरूरी खर्चों के लिए पैसों की मोहताज महिलाओं की खुशियां ही नहीं छिपी है। पोटियाडीह की लखपति दीदी संतोषी हिरवानी खुश होकर बतातीं हैं कि उन्हें अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए किसी का मोहताज होने की जरूरत नहीं है। वे कहतीं हैं कि बिहान के तहत वे लखपति दीदी हैं। इसके साथ ही कृषि मित्र भी हैं। इसके तहत वे लोगों को जैविक खाद तैयार करना और इससे खेती करने की सलाह देतीं हैं, इसके साथ ही उन्हें जैविक तरह से कृषि दवाई बिक्री करने में एक से दो हजार की आय प्रतिमाह प्राप्त होती है।
संतोषी हिरवानी ने बताया कि उसे शासन की महत्वाकांक्षी योजना महतारी वंदन योजना का लाभ भी मिल रहा है। इन खुशियों के पीछे आर्थिक सशक्तिकरण का वह आधार भी है, जो कि महतारी वंदन जैसी योजना के बलबूते छत्तीसगढ़ की गरीब महिलाओं में आत्मनिर्भरता की नींव धीरे-धीरे मजबूत करती जा रही है। महज 7 महीनों में ही विष्णु सरकार की इस महतारी वंदन योजना ने छत्तीसगढ़ की न सिर्फ महिलाओं में अपितु घर-परिवार में भी खुशियों की वह मिठास घोल दी है, जिसका परिवर्तन उनके जीवनशैली में भी बखूबी नजर आने लगा है। आर्थिक रूप से सशक्तिकरण ने परिवार के बीच रिश्तों की गाँठ को और भी मजबूती से बाँधना शुरू कर दिया है। इस योजना से महिलाओं का सम्मान भी बढ़ा है।
इसके अलावा संतोषी चिकन सेंटर का संचालन कर रहीं हैं, जिससे उन्हें 6 से 7 हजार रूपये तक की आमदनी हो रही है। साथ ही महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत मजदूरी भी करतीं हैं। साथ ही मनरेगा के तहत बने मुर्गी शेड में मुर्गियों का पालन करतीं हैं। वे बताती हैं कि इन सभी कामों से उसे साल में एक लाख रूपये से अधिक की आमदनी होती है। इन सभी से मिले आमदनी का उपयोग वे अपने दोनों बच्चों को अच्छी सी अच्छी शिक्षा में देने के लिए करेंगी। श्रीमती संतोषी ने अपने जीवन में आये इस सुधार के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद दिया है।
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में लेटरल एंट्री के माध्यम से प्रवेश के लिए चयन परीक्षा 29 को
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग में 25 सितम्बर तक मंगाए गए आवेदन
धमतरी। जिले में संचालित नगरी स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पथर्रीडीह में शिक्षा सत्र 2024-25 के लिए कक्षा सातवीं में रिक्त सीटों की पूर्ति लेटरल एंट्री के माध्यम से की जाएगी। इसके लिए चयन परीक्षा आगामी 29 सितम्बर को सुबह 10.30 से दोपहर 12.30 बजे तक एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पथर्रीडीह में आयोजित की जाएगी। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग ने बताया कि चयन परीक्षा में शामिल होने वाले इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित प्रारूप में आवेदन के साथ पूर्व कक्षाओं की अंकसूची, जाति, निवास प्रमाण पत्र, दो पासपोर्ट साईज फोटो, आधार कार्ड की छायाप्रति 25 सितम्बर तक एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पथर्रीडीह में जमा कर सकते हैं। आवेदन पत्र जिले की वेबसाईट www.dhamtari.gov.in पर जाकर डाउनलोड किया जा सकता है। सहायक आयुक्त ने यह भी बताया कि रिक्त सीट के विरूद्ध कक्षा छठवीं में उत्तीर्ण अथवा कक्षा सातवीं में अध्ययनरत अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थी के ही आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
दावा-आपत्ति 23 सितम्बर तक
धमतरी। एकीकृत बाल विकास परियोजना धमतरी ग्रामीण के तहत आंगनबाड़ी केन्द्र कांदरी, सटियारा, पण्डरीपानी मा, पहरियाकोना, पटेलगुड़ा और पटौद में सहायिका के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मंगाए गए थे। प्राप्त आवेदनों का परियोजना स्तरीय मूल्यांकन समिति द्वारा मूल्यांकन के बाद वरीयता सूची जारी किया गया। परियोजना अधिकारी एकीकृत बाल विकास परियोजना धमतरी ग्रामीण द्वारा उक्त जारी सूची पर दावा-आपत्ति आगामी 23 सितम्बर तक मंगाए गए हैं। दावा-आपत्ति कम्पोजिट भवन के पास स्थित एकीकृत बाल विकास परियोजना धमतरी ग्रामीण के कार्यालय में जमा किया जा सकता है।
उप संचालक कृषि ने दी किसानों को समसामयिक सलाह
धमतरी। वर्तमान में विलम्ब किस्म की धान फसल गभोट अवस्था में एवं अर्ली किस्म धान में बाली निकल रही है। इसके मद्देनजर उप संचालक कृषि मोनेश साहू ने किसानों को समसामयिक सलाह दी है। उन्होंने बताया कि इस अवस्था में लगे खरपतवार नियंत्रण के लिए निंदाई का कार्य हाथ से किया जाये, तो बेहतर होगा। हाथ से निंदाई करने पर धान के परागकण को कम नुकसान होता है, बल्कि ज्यादा प्रेशर वाले प्रेयर का इस्तेमाल करने के कारण परागकण के झड़ने की समस्या आती है। उन्होंने बताया कि अभी खेतों की सतत निगरानी करने की अवश्यकता है, क्योंकि इस अवस्था में तनाछेदक का प्रकोप बालियों पर होता है. जिसे डेडहार्ट कहते है। कीटों की रोकथाम के लिए सबसे पहले जैविक विधि से बने हुए कीटनाशकों का उपयोग करने की सलाह उप संचालक ने दी। उन्होंने बताया कि यदि जैविक विधी से रोकथाम नहीं हो पा रही है, तभी रसायनिक विधी से उपचार करना उचित होता है।
उप संचालक कृषि ने किसानों को सलाह देते हुए बताया कि धान पर पीला तनाछेदक कीट के वयस्क दिखाई देने पर फसल का निरीक्षण कर तना छेदक के अंडा समूह को एकत्र कर नष्ट कर दे, साथ ही डेड हार्ट, सूखी पत्ती को खींचकर निकाल दे। तना छेदक की तितली 1 मोथ प्रति वर्ग मीटर में होने पर फिप्रोनिल 5 एससी 1 लीटर प्रति हेक्टे. दर से छिड़काव करें या प्रोफेनोफॉस 40 ई.सी. एवं सायपरमेथ्रीन 5 ई.सी. की कीटनाशक का छिड़काव करना चाहिए या तनाछेदक कीट के लिए बाइफेनथिन 10 ईसी का 350 एमएल प्रति एकड़ या क्लोरेनट्रनिलीप्रोल का 60 एमएल प्रति एकड़ की दर से स्प्रे करने से रोकथाम किया जा सकता है। पत्तीमोड़क, चितरी की 1 से 2 पत्ती प्रति पौधा होने पर फिप्रोनिल 5 एससी 800 मिली प्रति हेक्टे, की दर से छिड़काव करें। मौसम साफ रहने पर कीटनाशक दवाई का छिड़काव करें एवं पूरे सुरक्षा उपाये को भी अपनाये। धान की फसल में झुलसा रोग होने पर ब्लास्ट के प्रारंभिक अवस्था में निचली पत्ती हल्के बैगनी रंग के धब्बे पड़ते हैं, जो धीरे-धीरे बढ़कर आंख या नाव के समान बीच में चौड़े एवं किनारों में सकरे हो जाते हैं। इन धब्बों के बीच का रंग हल्के भूरे रंग का होता है। इसके नियंत्रण के लिए टेबूकोनाजोल 750 मि.ली. प्रति हेक्टे. 500 लीटर पानी में घोल बना कर छिड़काव करें या प्रोपिकोनाजोल का 250 एमएल प्रति एकड़ की दर से छिड़काव करने से नियंत्रित होता है। जिले में चूहे का प्रकोप भी व्यापक रूप से हो रहा है, जिसके रोकथाम के लिए बिलों में फयूमिगेन्ट कीटनाशकों का उपयोग कर बिल के मुंह को बंद कर देना चाहिए। उप संचालक ने कृषकों को सलाह दी है कि खेतों की सतत निगरानी करें व लक्षण दिखने पर उक्त रोकथाम का उपाय करें। फल एवं सब्जी के खेतों में जहां पानी भरा हो वहां जल निकास की व्यवस्था तत्काल करें।
नेशनल लोक अदालत : लिंक एवं खंडपीठ का गठन
धमतरी। छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी न्यायालयों, राजस्व न्यायालयों, ट्रिब्यूनल्स, कामर्शियल कोर्ट, वक्फ बोर्ड में दिनांक 21 सितम्बर 2024 को वर्ष का तृतीय हाईब्रिड (वर्चुअली एवं फिजीकली) नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धमतरी के.एल.चरयाणी के निर्देशन पर धमतरी जिले में हाईब्रिड नेशनल लोक अदालत के लिए जिला न्यायालय धमतरी, व्यवहार न्यायालय कुरूद एवं नगरी के लिए खंडपीठ बनाया गया है। खंडपीठ क्रमांक 01 में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश धमतरी, खंडपीठ क्रमांक 02 में परिवार न्यायालय धमतरी, खंडपीठ क्रमांक 03 जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश धमतरी/श्रम न्यायाधीश धमतरी, खंडपीठ क्रमांक 04 मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट धमतरी, खंडपीठ क्रमांक 05 द्वितीय व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ श्रेणी धमतरी, खंडपीठ क्रमांक 06 व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ श्रेणी कुरूद एवं खंडपीठ क्रमांक 07 प्रथम व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ श्रेणी, धमतरी के न्यायालय में अति. न्यायाधीश नगरी का गठन किया गया है, प्रत्येक खंडपीठ के लिए दो सदस्यों की भी नियुक्ति किया गया है।
इसी तरह कलेक्टर नम्रता गांधी द्वारा नेशनल लोक अदालत में राजस्व प्रकरणों के निराकरण हेतु जिला धमतरी के अंतर्गत 25 खंडपीठ बनाया गया है, जिसमें न्यायालय कलेक्टर धमतरी, न्यायालय अपर कलेक्टर धमतरी, न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) धमतरी, न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुरूद, न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नगरी, न्यायालय भाड़ा नियंत्रण जिला धमतरी, न्यायालय नजूल अधिकारी धमतरी, न्यायालय तहसीलदार धमतरी, न्यायालय तहसीलदार कुरूद, न्यायालय तहसीलदार नगरी, न्यायालय तहसीलदार मगरलोड, न्यायालय तहसीलदार भखारा, न्यायालय तहसीलदार कुकरेल, न्यायालय तहसीलदार नजूल जांच धमतरी, न्यायालय अतिरिक्त तहसीलदार धमतरी, न्यायालय नायब तहसीलदार ग्रामीण-1 धमतरी, न्यायालय नायब तहसीलदार ग्रामीण-2 धमतरी, न्यायालय नायब तहसीलदार ग्रामीण-3 धमतरी, न्यायालय नायब तहसीलदार कुरूद-1, न्यायालय नायब तहसीलदार कुरूद-2, न्यायालय नायब तहसीलदार भखारा, न्यायालय नायब तहसीलदार मगरलोड, न्यायालय नायब तहसीलदार बेलरगांव, न्यायालय नायब तहसीलदार करेलीबड़ी एवं न्यायालय नायब तहसीलदार सिर्री है।
हाईब्रिड नेशनल लोक अदालत वर्चुअली एवं फिजीकली दोनो ही माध्यम से आयोजित किया जा रहा है। अर्थात यदि कोई पक्षकार अपने प्रकरण में स्वयं व्यक्तिगत रूप से न्यायालय में उपस्थित नही हो पा रहा है तो वह जिला न्यायालय के वेबसाईट https://dhamtari.dcourts.gov.in में जाकर उसका जिस खंडपीठ में प्रकरण है उस खंडपीठ में क्लीक कर उस खंडपीठ से ऑनलाईन जुड़ सकता है और वहां के पीठासीन अधिकारी उनसे बातचीत करने के पश्चात संतुष्ट होने पर उक्त प्रकरण को राजीनामा के आधार पर निराकरण कर सकते है। इस तरह न्यायालय में उपस्थित हुए बिना भी प्रकरण का घर बैठे निराकरण कराया जा सकता है। किन्तु इसके लिए उन्हें लोक अदालत के तिथि के पूर्व में ही अपना आवेदन न्यायालय में अधिवक्ता या स्वयं के माध्यम से प्रस्तुत करना होगा। उक्त संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला न्यायालय के सहायक प्रोग्रामर पितेश्वर साहू या जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जिला न्यायालय परिसर धमतरी, तालुका विधिक सेवा समिति कुरूद एवं नगरी से संपर्क कर सकते है।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर धमतरी के 102 अमृत सरोवरों में होगा योगाभ्यास
धमतरी। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को जिले के 102 अमृत सरोवर स्थलों पर योगा होगा। यह आयोजन स्वास्थ्य, कल्याण और प्रकृति के साथ सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए किया जा रहा है।
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोमा श्रीवास्तव ने बताया कि अमृत सरोवर स्थलों पर स्थानीय समुदाय,आमजन, सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों एवं हितग्राहियों के लिए योग सत्र का भी आयोजन किया जाएगा। जिसमें आसन, प्राणायाम (सांस लेने हेतु व्यायाम) और ध्यान संबंधित क्रिया शामिल होंगे। इसके साथ ही योग के लाभों और स्वस्थ जीवन शैली को बनाए रखने के महत्व पर संगोष्ठी पर चर्चा का भी आयोजन किए जाएंगे। ग्राम, ग्राम पंचायत के आमजन हितग्राहियों को आयोजन से संबंधित सभी गतिविधियों के बारे में सूचित करते हुए आयोजन में भाग लेने हेतु प्रोत्साहित किये जाएंगे। जिससे शारीरिक एवं मानसिक विकास हो सके। इन गतिविधियों के सफल क्रियान्वयन के लिए पंचायत स्तर पर निगरानी एवं पर्यवेक्षण कराये जाएंगे।
अमृतसरोवर स्थलों पर आयोजित योग दिवस से संबंधित गतिविधियों का प्रतिवेदन भारत सरकार ग्रामीण विकास मंत्रालय नई दिल्ली को प्रेषित की जावेगी। आमजन-हितग्राहियों की भागीदारी की संख्या और स्थलों में की गई गतिविधियों के विवरण के साथ-साथ उच्च गुणवत्ता के वीडियो एवं फोटोग्राफ शामिल करते हुए अमृत सरोवर पोर्टल में अपलोड किए जाएंगे।
छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा टेट 24 को पुनःमहर्षि वेदव्यास शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय भखारा इसी केन्द्र पर आयोजित की जा रही है
धमतरी । छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा (उच्च प्राथमिक कक्षा 6 से 8 तक अध्यापन हेतु) (टेट 24) का आयोजन व्यापम द्वारा 23 जून 2024 को दोपहर 2 से शाम 4ः45 बजे तक परीक्षा केन्द्र क्रमांक 1520 महर्षि वेदव्यास शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय भखारा में आयोजित हुआ था। इसमें द्वितीय पाली का उत्तर पुस्तिका (ओ.एम.आर.) विलंब से प्राप्त होने के संबंध में कुछ परीक्षार्थियों की शिकायत पर व्यापम द्वारा सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए सम्मिलित 288 परीक्षार्थियों को पुनः परीक्षा हेतु “विकल्प’ देने का निर्णय लिया गया। इसके तहत उक्त परीक्षा केन्द्र में दिनांक 23 जून 2024 को द्वितीय पाली (अपरान्ह 02ः00 से 04ः45 बजे तक) की परीक्षा 20 जुलाई 2024 को दोपहर 2 से शाम 4ः45 बजे तक छत्तीसगढ शिक्षक पात्रता परीक्षा (उच्च प्राथमिक कक्षा 6 से 8 तक अध्यापन हेतु) टेट 24 को पुनः इसी केन्द्र पर आयोजित की जा रही है।
इस परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रवेश पत्र इन 288 परीक्षार्थियों के लॉगिन में उपलब्ध हो रहे हैं। वे परीक्षार्थी जो 20 जुलाई को आयोजित परीक्षा में शामिल होंगे, उनकी पूर्व की उत्तर पुस्तिका (ओ.एम.आर.) को निरस्त माना जायेगा व उनका परिणाम 20 जुलाई को आयोजित होने वाली परीक्षा के उत्तर पुस्तिका (ओ.एम.आर) के मूल्यांकन के आधार पर घोषित किया जावेगा। जबकि जो परीक्षार्थी पुनः परीक्षा में शामिल नहीं होंगे उनका परिणाम 23 जून की उत्तर पुस्तिका (ओ.एम.आर.) के मूल्याकंन के आधार पर घोषित किया जोवगा।
कलेक्टर नम्रता गांधी के निर्देशानुसार जल जगार उत्सव और वृक्षारोपण कार्यक्रम सहित स्वच्छता अभियान भी चलाया जा रहा है
धमतरी । जिले में गिरते हुए भूजल स्तर को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर नम्रता गांधी के निर्देशानुसार जल जगार उत्सव और वृक्षारोपण कार्यक्रम सहित स्वच्छता अभियान भी चलाया जा रहा है। आज इसी कड़ी में कलेक्टर सुश्री गांधी की उपस्थिति में जिला पंचायत सभाकक्ष में क्लार्ट एप्प (समग्र भूदृश्य मूल्यांकन और पुनर्स्थापन उपकरण) संबंधी प्रशिक्षण दिया गया। इसमें एफईएस संस्था गुजरात से राजेश वर्मा और एफईएस रायपुर द्वारा पीपीटी के जरिए प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न विभागों के अभियंता, सर्वेयर, तकनीकी सहायक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान मिट्टी और जल संरचनाओं के लिए डिजाईन बनानें और उनके निर्माण में आने वाली लागत इत्यादि की बारिकी से जानकारी दी गई। इसके साथ ही वाटरशेड के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह एक भूमि क्षेत्र है, जो झील या नदी जैसे किसी विशिष्ट जल निकाय में पानी की निकासी करता है या बहाता है। वर्षा का पानी जमा हो जाता है और गाद तथा अन्य तत्वों को वाटरशेड में नीचे की ओर ले जाती है, जिससे वे प्राप्त जल निकाय में जमा हो जाते हैं। इसके अलावा जिले के गांवों में बनने वाले संरचनाओं की नक्शा में रंगों में माध्यम से जानकारी देते हुए बातया गया कि लाल रंग वाले गांवां में पानी ऊपर रहेगा, हरा रंग वाले गांवों में पानी रिचार्ज होगा और और पीला रंग धीरे-धीरे नीचे जाएगा। अभियंताओं को बताया गया कि इस नक्शा के अनुरूप वे कार्ययोजना बनाएं।
23 जनवरी को प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन
धमतरी, 18 जनवरी 2024
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र द्वारा आगामी 23 जनवरी को सुबह 11 से शाम 4 बजे तक प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया जायेगा। उप संचालक, जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र ने बताया कि कम्पोजिट भवन के कमरा नंबर 45 में आयोजित होने वाले इस प्लेसमेंट कैम्प में निरीक्ष क्षेत्र के नियोजकों द्वारा कुल 70 पदों पर भर्ती के लिये साक्षात्कार लिया जायेगा। ऐसे आवेदक जिनकी शैक्षणिक योग्यता दसवीं से स्नातकोत्तर तक हो वे इस साक्षात्कार प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। इसके लिये शैक्षणिक, तकनीकी योग्यता, निवास, जाति, रोजगार कार्यालय का पंजीयन प्रमाण पत्र सहित दो पासपोर्ट साईज के फोटो के साथ नियत तिथि को उपस्थित होना होगा।
भारत रत्न स्व. श्री अटल बिहारी बाजपेयी के प्रतिमा का श्री टंकराम वर्मा ने किया अनावरण
रायपुर : देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. श्री अटल बिहारी बाजपेयी की प्रतिमा का प्रदेश के राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री ने धमतरी जिले के मगरलोड विकासखण्ड के ग्राम पंचायत करेली (छोटी) स्थित शीतला मंदिर चौक में अनावरण किया। इस अवसर पर मंत्री श्री वर्मा ने स्वर्गीय श्री बाजपेयी द्वारा छत्तीसगढ़ के लिए किए गए योगदान को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी बाजपेयी ने हमें छत्तीसगढ़ राज्य बनाकर दिया।
उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य निर्माता भी कहा जाता है। श्री वर्मा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी बाजपेयी को छत्तीसगढ़िया संस्कृति से बेहद लगाव था और उनका सपना था कि शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
मंत्री श्री वर्मा ने करेली (छोटी) में गुड़गुड़ी चौक स्थित सांस्कृतिक कला मंच और सांसद निधि पर निर्मित गायत्री मंदिर शेड का लोकार्पण भी किया। इस दौरान पूर्व विधायक श्री श्रावण मरकाम, जिला पंचायत सदस्य श्री खूबलाल ध्रुव, अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर सुश्री नम्रता गांधी, पुलिस अधीक्षक श्री आंजनेय वार्ष्णेय, सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।