रक्तदान शिविर का सफल आयोजन, 124 ने किया रक्तदान
राधेश्याम सोनवानी, रितेश यादव
गरियाबंद। अखिल भारतीय दवा विक्रेता संघ के 50 वर्ष पूर्ण होने पर एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शिंदे जी के 75 वे जन्मदिन पर पूरे देश के हर जिले में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें गरियाबंद जिला दवा विक्रेता संघ के द्वारा जिला अस्पताल गरियाबंद एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवभोग में रक्तदान का शिविर लगाया गया था, इसमें गरियाबंद में 73 एवं देवभोग में 51 केमिस्ट साथियों व अन्य लोगों ने कुल 124 रक्तदाताओ ने अपना रक्तदान कर इस आयोजन को सफल बनाया। इसी के साथ गरियाबंद जिला दवा विक्रेता संघ ने पूरे प्रदेश में सर्वाधिक 124 यूनिट रक्तदान करा कर प्रथम स्थान प्राप्त करने का गौरव भी हासिल किया। इस अवसर पर अध्यक्ष अरुण मिश्रा, सचिव अश्विनी सिंह ठाकुर एवं कोषाध्यक्ष अमीन मेमन ने जिले के सभी केमिस्ट साथियों का धन्यवाद एवं आभार भी प्रकट किया।
औषधि निरीक्षकों ने भी किया निरीक्षण–
जिले के औषधि निरीक्षक धर्मवीर ध्रुव एवं सुनील खरान्शु ने भी रक्तदान शिविर का निरीक्षण कर इस पुनीत कार्य की सराहना की। साथ ही बताया कि स्वास्थ्य मंत्री के निर्देशों एवं गरियाबंद कलेक्टर के आदेश के परिपालन में नशीली दवाओं के अवैध व्यापार एवं नशा उन्मूलन अभियान के तहत औषधि प्रशासन ड्रग इंस्पेक्टरों जिला गरियाबंद द्वारा लगातार औचक निरीक्षण कर मेडिकल स्टोर्स से औषधियों के खरीदी बिक्री की जानकारी प्राप्त की जा रही है। अनियमितता पाए जाने पर अग्रिम कार्यवाही हेतु जिले के उच्च अधिकारी को रिपोर्ट प्रेषित की जाती है। इसी कड़ी में पिछले दिनों में ब्लॉक मैनपुर एवं छुरा में निरीक्षण किया गया है । इसी परिपालन में औषधि प्रशासन द्वारा कोटपा एक्ट तंबाखू नियंत्रण के पालन करने हेतु जनवरी माह में पान ठेलों दुकानों में कुल 65 चलानी कार्रवाई की गई। जिले के औषधि निरीक्षकों को राज्य स्तरीय टीम में शामिल किया गया है, जिसमें जिला रायपुर, बिलासपुर एवं अन्य जिलों में भी औचक निरीक्षण का कार्य लगातार संपादित किया जा रहा है।