छत्तीसगढ़ / बेमेतरा

बेमेतरा के ग्राम पंचायत जेवरी-पथर्रा में शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न

 बेमेतरा । बेमेतरा जिले में त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव शांति और सुव्यवस्था के बीच संपन्न हो रहा है। इस क्रम में ग्राम पंचायत जेवरी और पथर्रा, जो संवेदनशील क्षेत्र के रूप में चिन्हित हैं, में भी शांतिपूर्ण रूप से मतदान प्रक्रिया चल रही है। जिला प्रशासन द्वारा इन क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतते हुए मतदान के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने इन क्षेत्रों में किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी और विशेष निगरानी दल के द्वारा पूरे मतदान प्रक्रिया की देखरेख की जा रही है।

जिला प्रशासन ने मतदाताओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा है। मतदान केंद्रों पर पानी, छाया, और बुजुर्गों तथा दिव्यांगों के लिए सहायता की भी उचित व्यवस्था की गई है।

 


ग्राम पंचायत जेवरी और पथर्रा में मतदाताओं के बीच मतदान को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। सुबह से ही लोग लंबी कतारों में खड़े होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। युवा, बुजुर्ग, महिलाएं और दिव्यांग सभी इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। ग्राम पंचायत जेवरी के मतदान केंद्र के प्रभारी ने बताया कि अब तक मतदान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से चल रहा है, और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। पथर्रा के केंद्र प्रभारी ने भी कहा कि मतदाता पूरी जागरूकता और जिम्मेदारी से मतदान कर रहे हैं।

 


जिला प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग करें और चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग दें। जिला कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी रणबीर शर्मा ने बताया कि प्रशासन की ओर से सुरक्षा और सुविधा के सारे प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। इस प्रकार, संवेदनशील माने जाने वाले जेवरी और पथर्रा में भी लोकतंत्र का पर्व शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो रहा है।

 

Leave Your Comment

Click to reload image