मछुआ कल्याण बोर्ड अध्यक्ष भरत मटीयारा का बीजापुर दौरा
बीजापुर । छत्तीसगढ़ राज्य मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरत मटीयारा ने बीजापुर जिले का एक दिवसीय दौरा किया, जिसमें उन्होंने मत्स्य पालकों और कृषकों के साथ गहन संवाद किया तथा क्षेत्र में संचालित मत्स्य पालन से जुड़ी गतिविधियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उनके दौरे को मछुआ समुदाय के बीच उम्मीदों की नई किरण के रूप में देखा जा रहा है।
दौरे की शुरुआत जिला पंचायत बीजापुर के सभा गृह में आयोजित संगोष्ठी से हुई, जहाँ बड़ी संख्या में मत्स्य कृषकों और किसानों ने भाग लिया। इस अवसर पर मटीयारा ने किसानों को राज्य सरकार द्वारा मत्स्य पालन और कृषि क्षेत्र में चलाई जा रही योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए प्रतिबद्ध है, और मछुआ समुदाय की बेहतरी के लिए अनेक योजनाएं लागू की जा रही हैं।