छत्तीसगढ़ / सरगुजा

मैनपाट पहुंचा 9 हाथियों का दल: वन विभाग अलर्ट, ग्रामीणों को सतर्क रहने की चेतावनी

 अंबिकापुर । छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय पर्यटन स्थल मैनपाट में इन दिनों 9 हाथियों का दल पहुंचने से हड़कंप मच गया है। यह दल मैनपाट वन परिक्षेत्र के टाइगर पॉइंट के आसपास जंगलों और रिहायशी क्षेत्रों में लगातार विचरण कर रहा है।


वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों और पर्यटकों को सतर्कता बरतने और अनावश्यक रूप से हाथियों के पास न जाने की चेतावनी दी गई है।

 
 

वन विभाग के अनुसार, यह हाथियों का दल सरगुजा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र से मैनपाट पहुंचा है और फिलहाल शांत है, लेकिन उनकी रिहायशी इलाकों के करीब मौजूदगी को देखते हुए किसी भी संभावित खतरे को टालने के लिए एहतियातन उपाय किए जा रहे हैं।

पर्यटकों के लिए अलर्ट जारी
मैनपाट एक प्रमुख पर्यटन स्थल होने के कारण वहां पर्यटकों की आवाजाही बनी रहती है। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए टाइगर पॉइंट और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों पर फिलहाल नजर रखी जा रही है और ज़रूरत पड़ी तो सीमित की जा सकती है।

वन अमला ग्रामीणों से लगातार संपर्क में है और उन्हें हाथियों के मूवमेंट की जानकारी दी जा रही है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके। विभाग ने कहा है कि जैसे ही हाथियों का दल आगे बढ़ेगा, संबंधित क्षेत्रों को पहले ही सूचित कर दिया जाएगा।

पिछले कुछ वर्षों में बढ़ा मानव-हाथी संघर्ष
राज्य के उत्तरी क्षेत्रों, विशेष रूप से सरगुजा संभाग में, मानव-हाथी संघर्ष के मामले लगातार सामने आते रहे हैं। वन विभाग लगातार निगरानी और राहत कार्यों के जरिये इन घटनाओं को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहा है।

मौजूदा स्थिति को देखते हुए मैनपाट के निवासियों और पर्यटकों से अपील की गई है कि वे पूरी सतर्कता के साथ क्षेत्र में आवाजाही करें और किसी भी स्थिति में वन विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करें।

 

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image