छत्तीसगढ़ / गरियाबंद

कोपरा स्वास्थ्य केंद्र में आरएचओ पूनम सिन्हा ने अकेले कराए एक घंटे में दो सुरक्षित प्रसव

 जच्चा-बच्चा स्वस्थ

 

गरियाबंद । प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोपरा में रविवार तड़के रात्रिकालीन ड्यूटी पर तैनात महिला ग्रामीण स्वास्थ्य अधिकारी श्रीमती पूनम सिन्हा ने एक घंटे के भीतर दो गर्भवती महिलाओं का सुरक्षित और सफल सामान्य प्रसव अकेले संपन्न कराया। दोनों नवजात शिशु एवं माताएं पूरी तरह स्वस्थ हैं। इस पर प्रसूतियों के परिजनों ने आरएचओ पूनम सिन्हा का आभार जताया। गौरतलब है कि श्रीमती पूनम सिन्हा पूर्व में भी कई जोखिमभरे व जटिल प्रसवों को सफलतापूर्वक संभाल चुकी हैं। कोपरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का क्रिटिकल डिलीवरी मामलों को नार्मल डिलीवरी में बदलने का एक अच्छा रिकॉर्ड रहा है, जो यहां की चिकित्सा सेवाओं की दक्षता, अनुभव और संवेदनशीलता को दर्शाता है। सफल प्रसव और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए स्थानीय नागरिकों व स्वास्थ्य विभाग ने आरएचओ पूनम सिन्हा की सेवा भावना, कार्यकुशलता और निष्ठा की सराहना की है।

उल्लेखनीय है कि पहला मामला ग्राम सुरसाबांधा की 23 वर्षीय वंदना साहू (पति गजेंद्र साहू) का था, जिन्हें रात 1.20 बजे प्रसव पीड़ा के साथ स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। आरएचओ पूनम सिन्हा की निगरानी में वंदना ने रात 2 बजकर 46 मिनट पर 3.700 किलोग्राम वजनी स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। यह उनका प्रथम प्रसव था। इसके बाद ग्राम तर्रा निवासी 27 वर्षीय यज्ञा तारक (पति ओंकार तारक) को सुबह 03 बजे लाया गया। उनका यह द्वितीय प्रसव था, जिसमें उन्होंने 3 बजकर 58 मिनट पर 2.7 किलोग्राम वजनी स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। दोनों ही डिलीवरी पूर्णतः सामान्य एवं सुरक्षित रूप से संपन्न हुईं।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image