छत्तीसगढ़ / बलरामपुर

एसपी की सख्ती: अवैध वसूली में लिप्त 6 पुलिसकर्मी निलंबित

 बलरामपुर । जिले में पुलिस विभाग की छवि पर सवाल खड़े करने वाले भ्रष्टाचार के एक मामले में बलरामपुर एसपी वैभव बैंकर ने तत्काल प्रभाव से छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर सख्त संदेश दिया है कि अनैतिक आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मामला: मोटर व्हीकल एक्ट की आड़ में अवैध वसूली
यह मामला 12 जून को सामने आया, जब थाना राजपुर के सामने मुख्य सड़क पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान स्थानीय वाहन चालकों से अवैध वसूली की शिकायत पुलिस अधीक्षक को प्राप्त हुई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने तत्काल प्रारंभिक जांच के बाद यह दंडात्मक कदम उठाया।

निलंबित पुलिसकर्मी
    सउनि प्रकाश तिर्की, थाना राजपुर
    प्रधान आरक्षक क.268 कलेश पैकरा, थाना राजपुर
    प्रधान आरक्षक क.835 शिवलाल कुजूर, थाना राजपुर
    आरक्षक क.773 नरेश तिर्की, थाना राजपुर
    आरक्षक क.856 राकेश टोप्पो, थाना राजपुर
    आरक्षक चालक क.966 अजय टोप्पो, थाना राजपुर

एसपी का स्पष्ट संदेश
एसपी वैभव बैंकर ने कहा 'पुलिसकर्मियों से अपेक्षा की जाती है कि वे ईमानदारी और सेवा भाव से कार्य करें। यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी कानून का दुरुपयोग कर जनता से अवैध वसूली करता है, तो उस पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।'

इस कार्रवाई को जिला पुलिस की कार्यशैली में सुधार लाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। साथ ही यह उन पुलिसकर्मियों के लिए चेतावनी भी है जो वर्दी का दुरुपयोग कर रहे हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image