नशामुक्त भारत अभियान की 5वीं वर्षगांठ के अवसर पर जनजागरूकता गतिविधियां
लोगों को नशामुक्ति के बारे में किया जायेगा जागरूक
गरियाबंद। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित नशा मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य देश के सभी जिलों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जन-जागरुकता फैलाना तथा समाज में नशा मुक्त वातावरण तैयार करना है। यह अभियान वर्ष 2020 में प्रारंभ किया गया था और इस वर्ष यह अपने पांच वर्ष पूर्ण कर रहा है. जो अपने-आप में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। गत पांच वर्षों में यह अभियान देश के विभिन्न वर्गों विशेष रूप से युवा वर्ग, स्वयंसेवी संगठन, शिक्षण संस्थान, समुदाय और जनसामान्य को जोड़ते हुए, एक सशक्तजन आंदोलन के रूप में उभरा है। इस अवसर को चिह्नित करते हुए 13 अगस्त 2025 को भारत सरकार द्वारा दिल्ली में एक राष्ट्रीय स्तर का स्मारक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम भौतिक तथा डिजिटल माध्यम से लगभग 3 करोड़ लोगों तक अपनी पहुँच बनाएगा। इस अवसर को सफल बनाने एवं जन-सहभागिता को सुनिश्चित करने विभाग द्वारा जरूरी निर्देश जारी किय गये है। इसके तहत नशामुक्ति के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का संचालन किया जायेगा।
जारी निर्देशानुसार 31 अगस्त 2025 तक, विशेषतः 13 अगस्त 2025 को, स्कूली, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों, कार्यालय एवं संस्थानो में नशा मुक्ति हेतु सामूहिक संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इन गतिविधियों को एनएमबीए मोबाइल ऐप में दर्ज किया जाएगा। जिला स्तरीय नशा मुक्ति समिति बैठक आयोजित करते हुए, सभी संबंधित विभागों, जनप्रतिनिधियों, गैर-सरकारी संस्थाओं तथा युवा संगठनों को अभियान में सहभागी बनाया जाएगा। इस दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयं सहायता समूहों, युवा मंडलों, एनएसएस, एनवायके आदि के माध्यम से निबंध, चित्रकला, पोस्टर मेकिंग, नुक्कड़ नाटक, स्लोगन लेखन, रैली, संगोष्ठी इत्यादि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। जन-जागरुकता अभियान की गतिविधियों का प्रचार-प्रसार करने के लिए निर्देश दिए गए है। ताकि आम जनमानस तक इसका संदेश पहुँचे। जिले में संपूर्ण जनसहभागिता एवं प्रभावी प्रचार के साथ नशा मुक्त, स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण हेतु सामूहिक प्रयास करने हेतु आवश्यक कदम उठाने तथा नशामुक्त भारत अभियान के शपथ लिंक को अधिक से अधिक शेयर कर आमजनों की भागीदारी सुनिश्चित कर ऑनलाईन प्रमाण पत्र जारी करने के भी निर्देश दिये गये है।