छत्तीसगढ़ / गरियाबंद

जिले के एकलव्य विद्यालय कोसमबुड़ा ने राष्ट्रीय मॉडल यूथ ग्राम सभा में हासिल किया प्रथम स्थान

 नई दिल्ली में चमका छत्तीसगढ़, विद्यार्थियों की प्रतिभा व लोकतांत्रिक समझ को मिली राष्ट्रीय सराहना

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दी बधाई, संस्थान को मिला एक करोड़ रुपये का पुरस्कार

गरियाबंद, 02 फरवरी 2026

गरियाबंद जिले के जनपद पंचायत छुरा के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, कोसमबुड़ा ने नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय मॉडल यूथ ग्राम सभा में प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर प्रदेश का नाम रोशन किया है, यह न केवल जिले बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। इस राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि पर उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री विजय शर्मा ने विजेता विद्यार्थियों से भेंट कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि देशभर के 800 से अधिक विद्यालयों के बीच प्रथम स्थान प्राप्त करना छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों की प्रतिभा, परिश्रम और लोकतांत्रिक सोच का प्रमाण है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ युवाओं को ग्राम स्वराज, सहभागिता और उत्तरदायित्व की भावना से जोड़ती हैं। उन्होंने इस सफलता को छत्तीसगढ़ की शिक्षा व्यवस्था में लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। श्री शर्मा ने कहा कि कोसमबुड़ा के विद्यार्थियों ने ग्रामीण समस्याओं की गहन समझ तथा उनके व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत कर यह सिद्ध किया है कि राज्य के युवा भविष्य के सक्षम नागरिक बनने की दिशा में अग्रसर हैं।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय पंचायती राज मंत्रालय, जनजातीय कार्य मंत्रालय तथा शिक्षा मंत्रालय के संयुक्त सहयोग से इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा मॉडल ग्राम सभा का आयोजन कर स्थानीय समस्याओं की पहचान एवं उनके समाधान प्रस्तुत किए गए। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, कोसमबुड़ा की टीम ने ग्रामीण विकास एवं निर्णय प्रक्रिया की उत्कृष्ट समझ का प्रदर्शन किया। इस उपलब्धि पर विद्यालय को प्रशस्ति पत्र के साथ एक करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि संस्थान के विकास के लिए प्रदान की गई है। इस अवसर पर प्रमुख सचिव सुश्री निहारिका बारिक, कलेक्टर श्री बीएस उइके, जिला पंचायत के सीईओ श्री प्रखर चंद्राकर, संचालक पंचायत विभाग सुश्री प्रियंका महोबिया ने विद्यालय के प्राचार्य एवं सभी बच्चों को बधाइयां दीं।

Leave Your Comment

Click to reload image