छत्तीसगढ़ / मोहला मानपुर चौकी

प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु चतुर्थ काउंसलिंग की चयन सूची जारी

 चयनित विद्यार्थियों को 30 अक्टूबर 2026 तक लेना होगा प्रवेश, आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित विद्यालय में उपस्थित होने के निर्देश

मोहला, 26 अक्टूबर 2026

मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु चतुर्थ काउंसलिंग में प्राप्त आवेदनों के आधार पर मेरिट क्रम में चयन सूची जारी कर दी गई है। चयन सूची विभागीय वेबसाइट https://eklavya.cg.nic.in पर प्रदर्शित की गई है। विद्यार्थी वेबसाइट के माध्यम से चयन सूची का अवलोकन कर सकते हैं।

        चयनित छात्र-छात्राओं को अपने आवंटित प्रयास आवासीय विद्यालय में 30 अक्टूबर 2026 तक अनिवार्य रूप से प्रवेश लेना होगा। प्रवेश के लिए विद्यार्थियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित विद्यालय में उपस्थित होना होगा।

       प्रवेश के लिए कक्षा 8वीं में प्रथम श्रेणी अर्थात 60 प्रतिशत अंक के साथ उत्तीर्ण अंकसूची, पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी नक्सल पीड़ित प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र तथा लागू होने की स्थिति में विशेष पिछड़ी जनजाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। इसके अतिरिक्त, प्रवेश की पात्रता होने पर दो दिवस के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी से प्रतिहस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) तथा जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकल सेल जांच प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा।

       निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार, चयनित विद्यार्थियों को आवंटित प्रयास आवासीय विद्यालय में ही प्रवेश लेना होगा। चयनित विद्यालय में संस्था परिवर्तन की अनुमति नहीं होगी। अतः सभी चयनित छात्र-छात्राएं विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध चयन सूची का अवलोकन कर निर्धारित तिथि तक आवश्यक दस्तावेजों सहित प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करना सुनिश्चित करें।

Leave Your Comment

Click to reload image