बाढ़ आपदा से बचाव एवं राहत कार्यों के लिए कंट्रोल रूम नंबर जारी, कंट्रोल रूम नंबर 07757299304 रहेगा 24 घंटे क्रियाशील
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को मुस्तैद रहकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
अर्नब साइक्लोन के प्रभाव से 27 से 29 अक्टूबर तक वर्षा की संभावना को देखते हुए कि जा रही तैयारियां
सक्ती, 26 अक्टूबर 2026
अर्नब साइक्लोन के प्रभाव से प्रदेश में 27 से 29 अक्टूबर तक वर्षा की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा आमनगरिकों की सुविधा के लिए जिला स्तरीय आपदा नियंत्रण कक्ष स्थापित करते हुए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम नंबर 07757299304 जारी किया गया है। नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे क्रियाशील रखा जाएगा, ताकि आपात स्थिति में आम नागरिकों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। जिले में संभावित बाढ़ एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से बचाव तथा राहत कार्यों के सुचारू संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही है।
कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्क एवं मुस्तैद रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा आपदा की स्थिति में प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। नियंत्रण कक्ष में अधिकारी-कर्मचारियों की निर्धारित पालियों में ड्यूटी लगाकर आपदा से संबंधित सूचनाओं की निगरानी, आवश्यक समन्वय तथा राहत एवं बचाव कार्यों के संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। जिले में बाढ़ अथवा किसी अन्य प्राकृतिक आपदा से संबंधित सूचना देने, सहायता प्राप्त करने तथा आपात स्थिति की जानकारी प्रशासन तक पहुंचाने के लिए नागरिक जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 07757299304 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके साथ ही आमजन अपने नजदीकी एसडीएम कार्यालय व तहसील कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।