कोण्डागांव में स्वतंत्रता दिवस उत्सव, निगम बोले- 'भारत जल्द बनेगा तीसरी आर्थिक शक्ति
कोण्डागांव । स्वतंत्रता दिवस पर छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद द्वारा संचालित बालगृह (बालिका), कोण्डागांव में ध्वजारोहण और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य अतिथि एवं परिषद के संयुक्त सचिव राजेन्द्र कुमार निगम ने ध्वजारोहण किया और राष्ट्रगान में सभी ने भाग लिया।
बालिकाओं — कु. लिलेश्वरी, कु. गोमती नाग, कु. डाली कश्यप, कु. पाली मंडावी — ने नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि कु. राजेश्वरी, कु. शिवबती, कु. मनीषा और कु. लिलेश्वरी ने समूहगान किया।
अपने संबोधन में निगम ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद उद्योग, व्यापार, सेना और किसानों के परिश्रम से भारत विश्व की चौथी आर्थिक शक्ति बन चुका है और जल्द ही तीसरी आर्थिक शक्ति बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि देश बहुत जल्दी नक्सल आतंकवाद से मुक्त होगा और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सभी को योगदान देना होगा।
बालगृह अधीक्षिका श्रीमती मणि शर्मा ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बालिका गृह का नाम रोशन करने में सभी के सहयोग को रेखांकित किया और बच्चों को अच्छे आचरण व देश की प्रगति में योगदान के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन आर्ट-क्राफ्ट-म्यूजिक टीचर मनप्रीत कौर ने किया। विशेष उल्लेखनीय है कि कोंडागांव के मुख्य समारोह में बालिका गृह की कु. ममता नेताम और कु. रंजीता कोरेटी को खेल विभाग द्वारा सम्मानित किया गया, प्रशस्ति पत्र विधायक लता उसेंडी ने प्रदान किया। कार्यक्रम में सभी को मिष्ठान वितरित किया गया।
इसी क्रम में रायपुर स्थित परिषद के मुख्यालय, वाणी वाचन श्रवण एवं बहु प्रशिक्षण पुनर्वास केंद्र, और माना कैम्प के बालगृह में भी ध्वजारोहण, राष्ट्रगान और मिठाई वितरण किया गया।