छत्तीसगढ़ / सुकमा

सुकमा में बाढ़ राहत अभियान : मंत्री केदार कश्यप ने ली बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी, जिले में अलर्ट जारी

 सुकमा में राहत और बचाव कार्य तेज़, अब तक 29 लोगों का सफल रेस्क्यू

सुकमा । जिले में लगातार हो रही बारिश और नदियों के उफान के बीच राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। जिला कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के नेतृत्व में प्रशासनिक अमला चौबीसों घंटे सक्रिय है।

तहसीलदार सुकमा अंबर गुप्ता के मार्गदर्शन में नगरसेना की टीम ने पुलिस लाइन सुकमा के पास एनएच गीदम नाला से भी बड़ी कार्रवाई की। यहां बस से आए करीब 17 यात्रियों को नाव की मदद से सुरक्षित पार कराया गया, जिनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल थे। जिला प्रशासन ने तत्काल सभी के लिए नाश्ता और पीने के पानी की व्यवस्था भी की। इसी कड़ी में नगरपालिका सुकमा के नयापारा इलाके से भी 11 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। भारी बारिश में फंसे इन लोगों को निकालने के लिए तत्काल अभियान चलाया गया। राहत बचाव कार्य अभी भी जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को छिंदगढ़ तहसील के अंतर्गत अंदुमपाल क्षेत्र में बड़ा रेस्क्यू अभियान चलाया गया। यहां करीब 29 घंटे से गोरली नदी में फंसे 1 ग्रामीण को नगरसेना की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम अंदुमपानी (बेन्द्रापानी) निवासी मुचाकी हिड़मा (पिता केसा), उम्र लगभग 60 वर्ष, कल अचानक नदी में पानी बढ़ने के कारण बीच धारा में एक पेड़ के सहारे फंसे रहे। कठिन परिस्थितियों के बावजूद जिला प्रशासन, नगरसेना और ग्रामीणों की तत्परता से उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों और परिजनों के चेहरे पर राहत और खुशी साफ झलक रही थी। इस पूरे अभियान के दौरान छिंदगढ़ तहसीलदार इरशाद अहमद और जनपद सीईओ पी.के. गुप्ता भी मौके पर मौजूद रहे और लगातार राहत कार्यों का संचालन किया।

इधर, सुकमा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने भी कलेक्टर ध्रुव से फोन पर बात कर बाढ़ प्रभावित इलाकों के हालात की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने साफ किया है कि जिला प्रशासन किसी भी प्रकार की आपदा की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। सभी विकासखंडों में राहत शिविर चिन्हांकित किए गए हैं और अधिकारी-कर्मचारी लगातार ड्यूटी पर तैनात हैं। राहत शिविर में रहने-खाने की सम्पूर्ण व्यवस्था की गई है।

 

Leave Your Comment

Click to reload image