वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी स्मृति पुरस्कार, मिनीमाता सम्मान एवं माता बहादुर कलारिन सम्मान के लिए प्रविष्टियां 26 तक
गरियाबंद । महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत तीन प्रकार के सम्मान के लिए प्रविष्टियां 26 सितम्बर 2025 तक आमंत्रित की गई है। इसके तहत वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी स्मृति पुरस्कार, मिनीमाता सम्मान एवं माता बहादुर कलारिन सम्मान के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। तीनों श्रेणियों के अंतर्गत सम्मान एवं पुरस्कार के रूप में दो-दो लाख रूपये प्रदान किये जायेंगे। उक्त संबंध में अधिक जानकारी एवं निर्धारित प्रपत्र 26 सितम्बर 2025 के पूर्व आवेदन संयुक्त जिला कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग के कक्ष क्र. 79 से सीधे संपर्क कर प्राप्त कर सकते है। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन ने महिलाओं, विशेषकर वीरता, शौर्य, साहस तथा महिलाओं में आत्मबल को सशक्त करने के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के योगदान को प्रोत्साहित करने की दृष्टि से वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी स्मृति पुरस्कार देने का निर्णय लिया है।
यह पुरस्कार छत्तीसगढ़ राज्य में महिलाओं विशेष कर वीरता शौर्य साहस तथा महिलाओं में आत्मबल को सशक्त करने के क्षेत्र में उत्कृष्ट योेगदान हेतु छत्तीसगढ़ के निवासी एक ही महिला को प्रतिवर्ष राज्य शासन द्वारा नियुक्त निर्णायक मंडल द्वारा चयन होने पर निर्णय के आधार पर पुरस्कार की राशि नगद/चेक, सम्मान तथा प्रतीक चिन्ह से युक्त पट्टिका प्रशस्ति के रूप मे दिया जायेगा। पुरस्कार हेतु आयु सीमा का बंधन नहीं रहेगा। इसी प्रकार महिलाओं विशेष रूप से अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक महिलाओं के उत्थान के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाली राज्य की एक महिला या अशासकीय संस्था को सम्मान राशि एवं प्रशस्ति पट्टिका प्रदान किया जाएगा। इसी तरह महिलाओं के उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष एवं नारी उत्थान हेतु अभूतपूर्व कार्य करने वाली महिला को प्रोत्साहित करने की दृष्टि से माता बहादुर कलारिन सम्मान प्रदान किया जाएगा।