स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान से सुकमा की महिलाओं को मिल रहा व्यापक स्वास्थ्य लाभ
सुकमा । कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन में जिले में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान” संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराना, गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान करना तथा पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान करना है।
अभियान के तहत 17 से 26 सितम्बर तक जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केन्द्रोंकृ जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक एवं उप स्वास्थ्य केन्द्रों में कुल 106 स्वास्थ्य शिविर और 14 विशेष शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में हजारों महिलाओं एवं पुरुषों ने विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण कराए। उच्च रक्तचाप जांच में पुरुष 1459 और महिलाएँ 4752 सहित कुल 6211 मरीजों की जांच हुई। मधुमेह जांच में पुरुष 859 और महिलाएँ 4314 सहित कुल 5173 मरीज शामिल हुए। कैंसर जांच (मुख, स्तन व गर्भाशय) में पुरुष 437 और महिलाएँ 2601 सहित कुल 3038 जांचें की गईं। गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच कुल 1224 हुई। इसी तरह टीबी जांच में पुरुष 521 और महिलाएँ 2130 सहित कुल 2651 तथा सिकल सेल जांच में पुरुष 593 और महिलाएँ 2128 सहित कुल 2721 मरीजों की जांच की गई।
अभियान के अंतर्गत महिलाओं को स्वास्थ्य से जुड़ी विशेष सेवाएँ भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसमें 125 महिलाओं की प्रथम एएनसी जांच, 991 महिलाओं की द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ जांच, 4026 महिलाओं को पोषण एवं देखभाल पर परामर्श, 3830 महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता पर परामर्श और 268 गर्भवती महिलाओं को एमसीपी कार्ड का वितरण किया गया है।
जिला अस्पताल सुकमा में मोतियाबिंद ऑपरेशन भी अभियान का हिस्सा है। 17 से 26 सितम्बर तक पुरुष 28 एवं महिलाएँ 55 सहित कुल 83 मरीजों का सफल नेत्र ऑपरेशन किया गया। इनमें रायगुड़ा (नियाद नेल्ला नार क्षेत्र) से आए 9 मरीज भी शामिल रहे।
अभियान को सफल बनाने में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह कुश्वाहा एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. गीतू हरित सहित स्वास्थ्य अमले की सक्रिय भूमिका रही।