छत्तीसगढ़ / कांकेर

अतिरिक्त सचिव श्रीमती कैरेलिन खोंगवार देशमुख ने किया

 आकांक्षी जिला व आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रमों में प्रगति की समीक्षा

उत्तर बस्तर कांकेर, 09 अक्टूबर 2025

भारत सरकार सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अपर सचिव श्रीमती कैरेलिन खोंगवार देशमुख ने आज जिला कार्यालय कांकेर में बैठक लेकर भारत सरकार के नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कृषि, वित्तीय समावेशन एवं बुनियादी ढांचा जैसे प्रमुख विषयों पर सूचकांकवार प्रगति की विस्तृत समीक्षा किया। सूचकांकों में प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि जिले की रैंकिंग में और सुधार लाने के लिए योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

नवाचार और जनभागीदारी को प्राथमिकता दी जाए, दूरस्थ अंचलों तक सेवाओं की पहुँच को और मजबूत करने के लिए विभागीय समन्वय और निगरानी प्रणाली को सुदृढ़ किया जावे। दूर दराज इलाकों में जन जागरूकता अभियान चलाया जाकर लोगों को शासन के कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जावे। हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्डरी स्कूलों में विद्यार्थियों के ड्रॉप आउट के दर को कम करने का प्रयास किया जावे तथा स्कूल-स्तर पर निगरानी और परामर्श की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। महिला स्वसहायता समूहों को खाद्य एवं वनोपज के पैकेजिंग व ब्रांडिंग के लिए कौशल विकास का प्रशिक्षण देकर उन्हें बाजार से जोड़ने का प्रयास किया जावे। अपर सचिव ने श्रीमती देशमुख ने आकांक्षी ब्लॉक दुर्गूकोंदल एवं कोयलीबेड़ा में किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की तथा कोयलीबेड़ा के दूरस्थ अंचल में नेटवर्क की समस्या को दृष्टिगत रखते हुए नेटवर्क पहुंच वाले स्थानों में जाकर पोषण ट्रेकर में जानकारी भरने की समझाईश संबंधित अधिकारियों को दिए।

बाल विवाह को रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाने भी कहा गया। आकांक्षी जिला व आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम में प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि पिछली बार जब मैं कांकेर आई थी और अब की तुलना में जिले के प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। उन्होंने अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की और आगे भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने कांकेर जिले की भौगोलिक स्थिति, प्रशासकीय ढांचा एवं जिले के जनसंख्या में लिंगानुपात की जानकारी देते हुए बताया कि कांकेर जिले की लिंगानुपात बहुत अच्छा है। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार जिले की जनसंख्या में एक हजार पुरूषों पर एक हजार छह महिलाओं का लिंगानुपात है। आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम को जिले में बेहतर ढंग से क्रियान्वित किया जा रहा है।

उन्होंने अवगत कराया कि भारत सरकार के नीति आयोग के आकांक्षी जिला कार्यक्रम अंतर्गत लक्षित सूचकांकों- स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कृषि आदि में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कांकेर जिले को रजत पदक प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं सामाजिक विकास के सूचकांकों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कोयलीबेड़ा ब्लॉक को स्वर्ण पदक तथा दुर्गूकोंदल ब्लॉक को रजत पदक से सम्मानित किया गया है। उन्होंने जिले में संचालित बेस्ट प्रैक्टिस “मावा मोदोल ” की जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से जिले के छात्रों को प्रतयोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कराई जा रही है। शिक्षा में गुणवत्ता सुधार के लिए हमर लक्ष्य अभियान संचालित की जाती है, जिसके परिणामस्वरूप बोर्ड परीक्षाओं में कांकेर जिले का बेहतर प्रदर्शन रहा है।

बैठक में संयुक्त सचिव आदिवासी विकास विभाग रायपुर श्री अनुपम त्रिवेदी, डीएफओ भानुप्रतापपुर श्री हेमचंद पहारे, जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं नीति आयोग के अधिकारीगण मौजूद थे।

Leave Your Comment

Click to reload image