छत्तीसगढ़ / बलरामपुर

किडनी बीमारी से राजस्व दफ्तर के रीडर की मौत

 रामानुजगंज । अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय में लगभग 25 वर्षों से रीडर के पद पर पदस्थ श्रवण कुमार का शुक्रवार की शाम अंबिकापुर मिशन अस्पताल में निधन हो गया। वे पिछले छह माह से किडनी की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे।

बेहतर इलाज की सुविधा के लिए उन्होंने अपने गृह क्षेत्र लखनपुर के समीप अंबिकापुर में स्थानांतरण की मांग की थी। शासन द्वारा उनका ट्रांसफर 30 जून 2025 को अंबिकापुर कर दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद उन्हें रामानुजगंज से कार्यमुक्त नहीं किया गया। श्रवण लगातार उच्च अधिकारियों से कार्यमुक्ति के लिए गुहार लगाते रहे, किंतु विभागीय उदासीनता के कारण वे बीमारी के बावजूद रामानुजगंज में ही कार्यरत रहे।

दीपावली अवकाश से ठीक पहले तक उन्होंने अपनी जिम्मेदारी निभाई और कुछ ही दिनों बाद उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अंबिकापुर लाया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। श्रवण गोंड अपने क्षेत्र में मिलनसार, हंसमुख और कर्मठ कर्मचारी के रूप में जाने जाते थे। बीमारी के बावजूद वे अकेले ही बलरामपुर जिला अस्पताल जाकर डायलिसिस करवाते थे। उनके निधन से पूरे राजस्व विभाग सहित कर्मचारी जगत में गहरा शोक और नाराजगी है। कर्मचारियों का कहना है कि यदि उन्हें समय पर रामानुजगंज से कार्यमुक्त कर दिया गया होता, तो वे अपने परिवार के बीच रहकर बेहतर इलाज करा पाते और शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी।

Leave Your Comment

Click to reload image