राष्ट्रीय आविष्कार अभियान अंतर्गत विद्यार्थियों को कराया गया शैक्षणिक भ्रमण
अम्बिकापुर । राष्ट्रीय आविष्कार अभियान अंतर्गत शुक्रवार को जिले के शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 6वीं से 8वीं के चयनित 100 विद्यार्थियों को शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। कलेक्टर विलास भोसकर ने जिला कलेक्टरेट परिसर से प्रातः 09ः00 बजे बस को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय अग्रवाल एवं जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा सर्वजीत पाठक भी उपस्थित रहे। भ्रमण के दौरान बच्चों को आकाशवाणी केंद्र, रेलवे स्टेशन, कृषि विज्ञान केंद्र, सैनिक स्कूल, वाटर पार्क, वाटर प्लांट, दरिमा हवाई पट्टी, ठिनठिनी पत्थर का अवलोकन कराया गया। बच्चों को सभी स्थानों की आवश्यकता, उपयोगिता एवं लाभ के विषय में भी बताया गया। बच्चों को अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से कमलपुर रेलवे स्टेशन तक ट्रेन का सफर भी कराया गया। इस दौरान बच्चों को नवोदय विद्यालय एवं कृषि महाविद्यालय में बच्चों के प्रवेश की प्रक्रिया, सुविधाओं एवं भविष्य की संभावनाओं से अवगत कराया गया। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान अंतर्गत आयोजित यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों ने सामाजिक शैक्षणिक भ्रमण एवं व्यवहारिक विकास के लिए लाभकारी होगा।