छत्तीसगढ़ / मनेन्द्रगढ़ – चिरिमिरी – भरतपुर

केल्हारी में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों को मिली राहत - 73 प्रकरणों में 6 लाख 61 हजार रुपये की सहायता स्वीकृत

 केल्हारी तहसील क्षेत्र में हाल ही में आई अत्यधिक वर्षा, तेज हवा, आंधी-तूफान, सर्पदंश और गाज मारने जैसी प्राकृतिक आपदाओं ने ग्रामीण जीवन को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। इन आपदाओं के कारण कई परिवारों के कच्चे-पक्के और सीमेंट निर्मित मकान क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे लोगों को भारी आर्थिक और मानसिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। वहीं पालतू पशुओं की मृत्यु से ग्रामीणों की आजीविका पर भी गहरा असर पड़ा है,

क्योंकि पशु ही उनकी आर्थिक रीढ़ माने जाते हैं। प्रभावित परिवारों की पीड़ा को समझते हुए तहसीलदार, तहसील केल्हारी, जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर ने तत्काल राहत प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कुल 73 प्रकरणों में 6 लाख 61 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की है। इन स्वीकृतियों में मकान क्षति के 61 प्रकरण शामिल हैं, जिनमें कच्चे, पक्के और सीमेंट के मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचने पर कुल 2 लाख 44 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं सर्पदंश, गाज गिरने और तूफानी परिस्थितियों में गाय, बैल, भैंस, भैंसा, बछड़ा, बकरा और बकरी जैसे पशुओं की मृत्यु से प्रभावित 12 प्रकरणों में कुल 4 लाख 17 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है।

यह आर्थिक सहायता प्राकृतिक आपदा से प्रभावित ग्रामीणों के पुनर्वास की दिशा में एक महत्वपूर्ण सहयोग साबित होगी और उनके जीवन को फिर से पटरी पर लाने में मदद करेगी। शासन द्वारा यह राशि प्राकृतिक आपदा राहत मद के अंतर्गत मांग संख्या 58 और मद शीर्ष 2245 के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025 में व्यय योग्य स्वीकृत की गई है। प्रशासन की यह संवेदनशील पहल प्रभावित परिवारों के लिए संबल बनेगी और उन्हें कठिनाइयों से उबरने की नई आशा देगी।

Leave Your Comment

Click to reload image