छत्तीसगढ़ / मनेन्द्रगढ़ – चिरिमिरी – भरतपुर

समावेशी शिक्षा के अंतर्गत दिव्यांग विद्यार्थियों हेतु दिव्यांगता आकलन एवं प्रमाण-पत्र शिविर का आयोजन

 एमसीबी/15 दिसंबर 2025

जिले में समावेशी शिक्षा को सशक्त एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, मनेन्द्रगढ़ द्वारा सत्र 2025-26 के अंतर्गत विशेष आवश्यकता वाले (दिव्यांग) विद्यार्थियों के लिए दिव्यांगता आकलन एवं प्रमाण-पत्र शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर प्री-प्रायमरी से लेकर कक्षा बारहवीं तक अध्ययनरत दिव्यांग विद्यार्थियों के चिन्हांकन, स्वास्थ्य परीक्षण एवं दिव्यांगता आकलन के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।
विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, मनेन्द्रगढ़ द्वारा 12 अगस्त 2025 को प्रेषित पत्र के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग एवं समाज कल्याण विभाग के सहयोग से इस शिविर के आयोजन का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया था। प्रस्ताव के अंतर्गत पात्र विद्यार्थियों को नवीन दिव्यांगता प्रमाण-पत्र जारी करने के साथ-साथ पूर्व में जारी प्रमाण-पत्रों का नवीनीकरण किया जाना सुनिश्चित किया गया है।

इसी क्रम में 16 दिसंबर 2025, मंगलवार को प्रातः 09:30 बजे से दोपहर 02:30 बजे तक विकासखण्ड समन्वयक श्रोत केन्द्र (बीआरसी), मनेन्द्रगढ़, जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के प्रांगण में शिविर आयोजित किया गया है। शिविर के दौरान विद्यार्थियों का दिव्यांगता आकलन जिला मेडिकल बोर्ड, जिला एमसीबी द्वारा किया जाएगा, जिसके आधार पर नियमानुसार दिव्यांगता प्रमाण-पत्र जारी अथवा नवीनीकरण किया जाएगा।

शिविर के सफल संचालन हेतु समस्त संबंधित अधिकारी, सदस्यगण एवं व्यवस्थापक सहकर्मियों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी दिव्यांग विद्यार्थी को असुविधा का सामना न करना पड़े। शिविर में सम्मिलित होने वाले समस्त दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य है, जिनमें जिला एमसीबी अंकित नवीन आधार कार्ड की छायाप्रति, एक नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो, तथा नवीनीकरण की स्थिति में पूर्व प्रदाय दिव्यांगता प्रमाण-पत्र की मूल प्रति शामिल है। यह शिविर दिव्यांग विद्यार्थियों को शैक्षणिक सुविधाओं, शासकीय योजनाओं एवं अधिकारों का लाभ सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave Your Comment

Click to reload image