दंतेवाड़ा : उद्यमिता को नई दिशा, एमएसएमई विकास कार्यक्रम के तृतीय दिवस में विशेषज्ञों ने दिए उपयोगी मार्गदर्शन
दंतेवाड़ा |
2026-01-09 17:18:15
दंतेवाड़ा, 09 जनवरी 2026
कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशानुसार एवं जिला पंचायत सीईओ श्री जयंत नाहटा के मार्गदर्शन में आज जिले में उद्यमिता को बढ़ावा देने, युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने तथा आत्मसमर्पित नक्सलियों को मुख्यधारा से जोड़कर (एमएसएमई ) क्षेत्र में व्यवसाय स्थापित करने हेतु प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से लाइवलीहुड कॉलेज दंतेवाड़ा में आयोजित उद्यमिता विकास कार्यक्रम (एंट्रेंप्रेनेरशिप डेवलपमेंट प्रोग्राम) का तृतीय दिवस सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। यह कार्यक्रम सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई ) तथा राज्य सरकार की संयुक्त उद्यमिता प्रोत्साहन पहलों के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ लाईवलीहुड कॉलेज दंतेवाड़ा के प्राचार्य श्री हरीश कुमार सिन्हा द्वारा किया गया। अपने उद्बोधन में उन्होंने एमएसएमई क्षेत्र की आर्थिक वृद्धि में अहम भूमिका पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए कहा कि एमएसएमई क्षेत्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने के साथ-साथ युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रहा है। श्री सिन्हा ने विशेष रूप से त्।डच् योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह योजना उद्यमियों के तकनीकी उन्नयन, क्षमता निर्माण, बाजार विस्तार एवं प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने में अत्यंत कारगर साबित हो रही है। कार्यक्रम में प्रतिभागियों जिनमें युवा उद्यमी, महिला उद्यमी, स्व-सहायता समूह सदस्यों, स्टार्टअप संस्थापकों व नए उद्यम स्थापित करने के इच्छुक प्रतिभागियों को व्यवसाय स्थापना, वित्तीय प्रबंधन, उत्पादन तकनीक, ब्रांडिंग, मार्केट लिंकज तथा सरकारी सहायता योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
आत्मसमर्पित नक्सलियों को सरल व व्यवहारिक भाषा में उद्यमिता के मूलभूत सिद्धांत समझाने के लिए चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से विशेषज्ञ प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का संचालन महानदी स्पाइसस के सीईओ श्री अनिल रावत द्वारा किया गया, जिन्होंने प्रतिभागियों को मसाला उत्पादन, मूल्य संवर्धन, प्रोडक्शन यूनिट की स्थापना, गुणवत्ता मानकों एवं विपणन रणनीतियों के बारे में विस्तृत मार्गदर्शन दिया। उन्होंने अपने व्यावहारिक अनुभवों को साझा करते हुए प्रतिभागियों को छोटे स्तर से शुरुआत कर बड़े बाजार तक पहुँचने की रणनीतियों से अवगत कराया। इसके साथ अन्य विशेषज्ञ द्वारा भी जानकारी दी गई जिसमें डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर श्री चेतन चंद्राकर एवं संजीव साहू ने भी मार्गदर्शन दिए। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने उद्यमिता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका समाधान विशेषज्ञों द्वारा किया गया। आयोजन का उद्देश्य प्रतिभागियों में आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना एवं एमएसएमई क्षेत्र में व्यवसाय शुरू करने की प्रक्रिया को सरल बनाना रहा लाइवलीहुड कॉलेज दंतेवाड़ा द्वारा संचालित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिले में स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है। आगामी दिनों में भी प्रतिभागियों को उन्नत उद्यमिता कौशल विकसित कराने हेतु प्रशिक्षण सत्र जारी रहेंगे।