कमरौद हनुमान मंदिर में फिर चोरी : चांदी के जेवरात ले उड़े चोर, सीसीटीवी कैमरे भी उखाड़ ले गए आरोपी
बालोद |
2026-01-20 10:04:03
कमरौद हनुमान मंदिर में फिर चोरी : चांदी के जेवरात ले उड़े चोर, सीसीटीवी कैमरे भी उखाड़ ले गए आरोपी
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के गुण्डरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम कमरौद स्थित प्रसिद्ध भूमिफोड़ दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में रातोंरात चोरों ने धावा बोल दिया। अज्ञात बदमाशों ने मूर्ति के सारे चांदी के आभूषण लूट लिए। आपको बता दें कि जून 2024 में हुई चोरी के 6 माह बाद दोबारा वारदात ने पुलिस की नाकामी उजागर कर दी।
दूसरी बार मंदिर लूट का शिकार
बीती रात चोरों ने मंदिर के गर्भगृह में सजे हनुमान जी के चांदी के सभी आभूषण साफ कर दिए। मंदिर समिति के अनुसार लूटी गई वस्तुओं की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। जून 2024 में भी यही वारदात हुई थी, जिसमें आरोपी अब तक फरार हैं। लगातार चोरी की घटनाओं से श्रद्धालुओं में आक्रोश व्याप्त है।
मंदिर परिसर में चारों ओर लगे सीसीटीवी कैमरों के बावजूद चोरों ने पूरी सफाई से अपने चोरी के काम को अंजाम दिया। तीन-चार कैमरों को चोर उखाड़कर ले गए, जिससे कोई रिकॉर्डिंग प्राप्त नहीं हो सकी। मंदिर प्रबंधन ने बताया कि कुछ दिनों से कैमरों में रिकॉर्डिंग की तकनीकी खराबी थी, जिसकी मरम्मत नहीं हो पाई। यह लापरवाही चोरों को फायदा पहुंचाने वाली साबित हुई।
फोरेंसिक जांच और दर्शन पर रोक
सुबह जानकारी मिलते ही गुण्डरदेही पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। गर्भगृह को सील कर दिया गया है ताकि साक्ष्य सुरक्षित रहें। श्रद्धालुओं के दर्शन पर फिलहाल रोक लगी हुई हैं। एडिशनल एसपी मोनिका ठाकुर ने बताया कि जांच जारी है जल्द ही पुलिस को मौके से चोरी के सुराग मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन पर सवाल ठोकते हुए त्वरित खुलासे की मांग की है।
पुलिस नाकामी पर सवालों का दौर
दोहरी चोरी ने पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। कैमरे मौजूद होने पर भी वारदात होना सुरक्षा चूक दर्शाता है। जून 2024 के मामले में अब तक कोई सफलता न मिलना चोरों के हौसले बुलंद करने वाला है। ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर जैसे संवेदनशील स्थान पर पुलिस द्वारा चौकसी ढीली नहीं होनी चाहिए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। श्रद्धालु हनुमान जी के चांदी के आभूषण लौटने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्हें गुण्डरदेही पुलिस से तत्काल कार्यवाही की अपेक्षा है।