डोमनहिल देशी मदिरा दुकान हेतु भवन किराये पर लेने लघु निविदा आमंत्रित
एमसीबी/20 जनवरी 2026
छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा जिले की देशी मदिरा दुकान डोमनहिल हेतु बघनच्चा क्षेत्र में वर्ष 2025-26 के लिए भाड़े पर भवन लिए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इस संबंध में इच्छुक भवन स्वामियों से बंद लिफाफा में लघु निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। निविदाएं तकनीकी बिड एवं प्राइस बिड के रूप में पृथक-पृथक प्रस्तुत की जाएंगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार निविदाएं 03 फरवरी 2026 को दोपहर 02 बजे तक कार्यालय जिला आबकारी अधिकारी, जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में जमा की जा सकेंगी। निर्धारित तिथि को सायं 04 बजे समिति द्वारा उपस्थित निविदाकारों के समक्ष बंद लिफाफों को खोला जाएगा। इस प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और नियमानुसार संपन्न किया जाएगा।
निविदा से संबंधित विस्तृत शर्तें, नियम एवं निविदा प्रपत्र अवकाश दिवसों को छोड़कर अंतिम तिथि के एक दिवस पूर्व तक कार्यालयीन समय में कार्यालय जिला आबकारी अधिकारी सह जिला प्रबंधक, छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कार्पाेरेशन लिमिटेड, जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर से प्राप्त किए जा सकते हैं। इसके लिए इच्छुक निविदाकारों को 500 रुपये मात्र का बैंक ड्राफ्ट प्रबंधक, सीएसएमसीएल जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के नाम से जमा करना होगा।
कलेक्टर के अनुमोदन पश्चात जारी इस लघु निविदा सूचना के माध्यम से विभाग द्वारा नियमानुसार उपयुक्त भवन का चयन किया जाएगा, जिससे जिले में देशी मदिरा दुकान का संचालन सुचारु रूप से किया जा सके।