सरगुजा ओलम्पिक 2026 : सरगुज़ा संभागायुक्त ने आयोजन की तैयारियों के सम्बन्ध में ली संभागस्तरीय बैठक
पंजीयन कार्य में तेजी लाने दिए निर्देश
अंबिकापुर 20 जनवरी 2026
सरगुजा ओलम्पिक 2026 के आवश्यक तैयारियों पर सरगुज़ा संभागायुक्त श्री नरेन्द्र दुग्गा ने वर्चुअल माध्यम से संभागस्तरीय बैठक ली। जिला कलेक्टरेट कार्यालय अम्बिकापुर के एनआईसी कक्ष में पुलिस महानिरीक्षक श्री दीपक झा, जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग के डायरेक्टर श्रीमती तूलिका सलाम, कलेक्टर सरगुजा श्री अजीत वसंत,संभागस्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में वर्चुअल रूप से सरगुज़ा सम्भाग के समस्त जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, सम्बंधित अधिकारी जुड़े।
सम्भागायुक्त श्री दुग्गा ने कहा कि सरगुजा संभाग अनुसूचित जनजाति बाहुल्य क्षेत्र है, यह क्षेत्र खेल प्रतिभाओं से परिपूर्ण है। यहां के युवाओं में खेलों के प्रति स्वाभाविक रुचि और अपार क्षमता को पहचानकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा सरगुजा ओलंपिक का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता आदिवासी अंचल के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगी।
बैठक के दौरान उन्होंने सरगुजा ओलम्पिक की आवश्यक तैयारियों पर जिलेवार समीक्षा की। बैठक में समस्त जिला कलेक्टरों ने अपने-अपने जिले में आयोजन की तैयारियों के सम्बन्ध में जानकारी साझा की। सम्भागायुक्त श्री दुग्गा ने अब तक हुए पंजीयन की स्थिति की जानकारी ली तथा कहा कि लोगों में सरगुज़ा ओलम्पिक के सम्बन्ध में प्रचार-प्रसार करने की जरूरत है। पंजीयन की अंतिम तिथि 25 जनवरी तक है इसलिए पंजीयन में प्रगति लाएं। उन्होंने ओलंपिक के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों के साथ समन्वय कर कार्ययोजना तैयार करते हुए आयोजन को सफल बनाने निर्देशित किया। सरगुज़ा संभाग के सभी खेल अधिकारियों को स्कूल कॉलेजों में पी.टी.आई., खेल संघों को जोड़कर सरगुज़ा ओलम्पिक की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने को कहा। इसी प्रकार उन्होंने सभी जिला पंचायत सीईओ को जनपद स्तर पर वॉल राइटिंग करवाकर लोगों को जागरूक करने निर्देशित किया। पुलिस महानिरीक्षक श्री दीपक झा ने कहा कि सरगुजा ओलम्पिक 2026 शासन की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसमें युवाओं एवं खिलाड़ियों की व्यापक सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आयोजन में पुलिस विभाग की सक्रिय भूमिका रहेगी, पूरे आयोजन में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था हेतु ड्यूटी लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रचार-प्रसार के लिए पुलिस थानों में हेल्प डेस्क स्थापित किया जाएगा।
आयोजन की प्रमुख तिथियां-
सरगुज़ा ओलंपिक हेतु पंजीयन की अंतिम तिथि 25 जनवरी 2026 तक है। विकासखण्ड स्तरीय आयोजन 28 जनवरी से 03 फरवरी तक, जिला स्तरीय आयोजन 05 फरवरी से 10 फरवरी तक, संभाग स्तरीय आयोजन 01 मार्च से 03 मार्च तक आयोजित होगा। बता दें विकासखण्ड स्तर पर पंजीयन हेतु इच्छुक व्यक्ति लिंक https://rymc.cg.gov.in/sargujaOlympic2025/ में अथवा ऑफलाईन विकासखण्ड शिक्षा कार्यालय/जनपद कार्यालय/नगर पंचायत अथवा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के जिला कार्यालय के माध्यम से किया जा सकेगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पंजीयन कराना अनिवार्य है।
ये खेल होंगे आयोजित-
सरगुजा ओलंपिक में विकासखण्ड स्तर पर एथलेटिक्स दौड़, गोला फेंक, भाला फेंक, तवा फेंक, लम्बी कूद, ऊंची कूद, 4x100 रिले रेस, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, कराते, कबड्डी, खो-खो, बालीबाल, बास्केटबाल आयोजित होंगे। हॉकी एवं कुश्ती के खिलाडी सीधे जिले स्तर पर प्रतिभाग करेंगे।