छत्तीसगढ़ / बीजापुर

दूरस्थ अंचलों तक विकास की दस्तक -उसूर ब्लॉक में प्रशासन की सक्रिय पहल

 पहली बार पहुंचे कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत

वरिष्ठ अधिकारियों को अपने बीच पाकर ग्रामीणों में जगी नई उम्मीद

बीजापुर, 22 जनवरी 2026

उसूर ब्लॉक के दूरस्थ ग्राम पंचायत कंचाला एवं पालागुड़ा में नव स्थापित सीआरपीएफ कैंप का कलेक्टर श्री संबित मिश्रा एवं सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे द्वारा पहली बार दौरा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने आश्रित ग्राम गुंडराजगुड़ा, पालागुड़ा एवं बोमेड़ का भी भ्रमण कर आंगनबाड़ी, स्कूल एवं सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्राम गुंडराजगुड़ा, पालागुड़ा एवं बोमेड़ में स्कूली बच्चों से आत्मीय मुलाकात कर शिक्षा, सुविधाओं एवं उनकी आवश्यकताओं को लेकर चर्चा की। अधिकारियों ने बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन भी किया और भोजन की गुणवत्ता व व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासन की इस संवेदनशील पहल से ग्रामीणों में सकारात्मक संदेश गया।

ग्रामीणों द्वारा पेयजल की समस्या की जानकारी दिए जाने पर कलेक्टर श्री मिश्रा ने एक सप्ताह के भीतर सभी ग्रामों में हैंडपंप स्थापित करने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए। साथ ही सभी पात्र हितग्राहियों को तत्काल राशनकार्ड वितरण करने तथा राशनकार्डधारियों को ट्रैक्टर के माध्यम से परिवहन कर गांव में ही खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर एवं सीईओ द्वारा स्वीकृत सभी शाला भवनों एवं आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कर निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त ग्राम गुंडराजगुड़ा में वन अधिकार अधिनियम के अंतर्गत वन भूमि सर्वे अब तक पूर्ण नहीं होने पर उसे शीघ्र पूरा कर ग्राम स्तरीय समिति में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

प्रशासन द्वारा ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से सभी नागरिकों के वोटर आईडी, आधार कार्ड एवं बैंक खाता खोलने हेतु विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश भी जारी किए गए।

दूरस्थ एवं संवेदनशील अंचलों में प्रशासन की यह सक्रिय उपस्थिति विकास कार्यों को गति देने, शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image