’कलेक्टर जनदर्शन में दिव्यांग की समस्या पर त्वरित कार्यवाही,घर के सामने कचरा भरे घुरवा से मिली निजात’
बलौदाबाजार, 17 फ़रवरी 2026
अपने निर्माणाधीन पीएम आवास के सामने अवैध कब्ज़ा कर बनाए घुरवा के बिखरे कचरा और बदबू से परेशान दिव्यांग मालिक राम ध्रुव की समस्या का कलेक्टर जनदर्शन में त्वरित समाधान हो गया। कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर एसडीएम एवं तहसीलदार ने टीम गांव भेजकर अतिक्रमण हटवाया और घुरवा का समतलीकरण कराया गया।
तहसील सुहेला अंतर्गत ग्राम शिकारी केशली निवासी दिब्यांग मालिक राम ध्रुव विगत मंगलवार को कलेक्टर जनदर्शन में अपनी समस्या लेकर पहुंचे थे। उन्होंने कलेक्टर दीपक सोनी को अपनी समस्या बताते हुए आवेदन दिया।मालिक राम ने बताया कि उनकी पत्नी पुनिया बाई ध्रुव के नाम से ग्राम पंचायत शिकारी केशली में प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुआ है जिसे गांव के आबादी भूमि पर आवास निर्माण शुरू किया है। निर्माणाधीन आवास के सामने अन्य व्यक्ति द्वारा घुरवा खोदकर कचरा फेंका जा रहा है जिससे घर के सामने कचरा और दुर्गन्ध फैलने से परेशानी हो रही है।
जनदर्शन में दिये आवेदन पर त्वरित कार्यवाही होने से मालिक राम ने शासन-प्रशासन को धन्यवाद देते हुए कहा है कि अब उनके घर के सामने घुरवा का समतलीकरण हो गया है जिससे अब अच्छा अनुभव हो रहा है। जनदर्शन में त्वरित कार्यवाही होने से लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान हो रहा है।