सट्टा और पेमेंट गेटवे चलाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, रायपुर-गोवा से 7 गिरफ्तार
रायपुर। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और पेमेंट गेट-वे पैनल संचालित करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने रायपुर और गोवा से कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट और थाना न्यू राजेन्द्र नगर थाना की संयुक्त टीम ने की।
पूरे ऑपरेशन की सतत मॉनिटरिंग स्मृतिक राजनाला (पुलिस उपायुक्त, क्राइम एवं साइबर) और संदीप पटेल (पुलिस उपायुक्त, वेस्ट जोन) द्वारा की जा रही थी।
ऐसे चला रहा था गिरोह नेटवर्क
पुलिस के मुताबिक आरोपी ऑनलाइन बैटिंग साइट्स के जरिए मास्टर आईडी बनाकर सट्टा खिलाने के साथ-साथ पेमेंट गेट-वे पैनल भी संचालित कर रहे थे। हार-जीत की रकम डिपॉजिट और विड्रॉल कराने के लिए अलग-अलग व्हाट्सएप ग्रुप संचालित किए जा रहे थे।
जांच में सामने आया कि गिरोह ने करीब 431 म्यूल बैंक खातों का उपयोग किया। सट्टे से अर्जित रकम को क्रिप्टो करेंसी/यूएसडीटी के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय पैनल संचालकों तक पहुंचाया जा रहा था। अब तक की जांच में 46,500 यूएसडीटी (करीब 42 लाख रुपये) ट्रांसफर होने की पुष्टि हुई है।
दुबई कनेक्शन और गोवा में ऑफिस
गिरफ्तार मुख्य आरोपी प्रतीक कुमार वीधवानी और सैन्की देवड़ा हाल ही में दुबई से लौटे थे और रायपुर में गेट-वे ऑपरेशन संभाल रहे थे। पूछताछ के आधार पर पुलिस टीम ने गोवा में रेड कार्रवाई की, जहां किराए के मकान में ऑफिस सेटअप कर गेट-वे पैनल संचालित किया जा रहा था। गोवा से 5 और रायपुर से 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। करोड़ों के ट्रांजैक्शन, भारी सामान भी जब्त हुआ है।
आरोपियों के कब्जे से 5 लैपटॉप, 1 टैब, 58 मोबाइल फोन/आईफोन, 12 एटीएम कार्ड, 3 राउटर, 4 पासबुक, एक कार और नगद ₹24,600 जब्त किए गए हैं। कुल जब्ती लगभग ₹22.14 लाख की आंकी गई है। जांच में करोड़ों रुपये के ट्रांजैक्शन की जानकारी भी मिली है। 53 मोबाइल फोन विभिन्न बैंक खातों से लिंक पाए गए हैं।
पहले भी जेल जा चुका है मुख्य आरोपी
पुलिस के अनुसार प्रतीक कुमार पूर्व में भी क्रिकेट सट्टा संचालन के मामले में जेल जा चुका है। आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 89/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 एवं बीएनएस की धारा 112 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने संकेत दिया है कि आईडी लेकर सट्टा खेलने वाले ग्राहकों की पहचान भी की जा रही है और उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वर्ष 2026 में अब तक एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट ऑनलाइन सट्टे के 5 मामलों में 22 आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग ₹2.14 करोड़ का मशरूका जब्त कर चुकी है।
गिरफ्तार आरोपी
01. प्रतीक कुमार वीधवानी पिता स्व. दयालचंद वीधवानी उम्र 38 साल निवासी बी 102 सांई ट्वीन्स अमलीडीह थाना न्यू राजेन्द्र नगर रायपुर।
02. सैन्की देवड़ा पिता स्व. उत्तम चंद देवड़ा उम्र 39 साल निवासी ब्लॉक ए 103 सांई ट्वीन्स अमलीडीह थाना न्यू राजेन्द्र नगर रायपुर।
03. धनंजय वैष्णव पिता स्व. श्याम सुंदर वैष्णव उम्र 33 साल निवासी ग्राम तुमान सड़कपारा मोहल्ला थाना उरगा जिला कोरबा।
04. साकेत जगवानी पिता राजकुमार जगवानी उम्र 26 साल निवासी जूना बिलासपुर श्याम टॉकीज के पीछे थाना कोतवाली जिला बिलासपुर।
05. प्रमोद कुमार ओरके पिता रामायण सिंह ओरके उम्र 31 साल निवासी ग्राम पंचायत रंजना थाना दीपका जिला कोरबा।
06. प्रकाश चंद्र मिरी पिता छतराम मिरी उम्र 33 साल निवासी ग्राम कुसमूल थाना डबरा जिला जांजगीर-चांपा।
07. शंकर कुमार राम पिता लोचन राम उम्र 37 साल निवासी ग्राम करणपुर थाना लीहापुर जिला मधुबनी (बिहार)।