छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

मुनमुना संकुल में होली मिलन समारोह आयोजित, शिक्षकों ने साझा किया उत्साह और सद्भाव का संदेश

  पंडरिया विकासखंड अंतर्गत मुनमुना संकुल में शनिवार को होली मिलन समारोह का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर संकुल के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे व सद्भाव का संदेश दिया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी कैलाश साहू, खंड स्रोत समन्वयक राम मुरारी यादव, संकुल प्राचार्य हेमलता टंडन तथा संकुल समन्वयक रघुनंदन गुप्ता उपस्थित रहे। इनके अलावा संकुल के समस्त प्रधान पाठक एवं शिक्षकगण भी कार्यक्रम में शामिल हुए। उपस्थित शिक्षकों में गणेश राम ध्रुव, धर्मराज वर्मा, चैतराम धुर्वे, लखनलाल चंद्रवंशी, श्यामा मेश्राम, सिद्धाराम मंडावी, रामभरोस पटेल, अतुल तिवारी, खडानंद कश्यप, प्रणिता बर्मन, राजेंद्र प्रजापति, नरेश कुमार चेचाम सहित अन्य शिक्षक व संस्था के कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का आयोजन संकुल समन्वयक रघुनंदन गुप्ता के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी कैलाश साहू ने अपने संबोधन में कहा कि जिस प्रकार होली में विभिन्न रंगों का समावेश होता है, उसी प्रकार एक शिक्षक का दायित्व है कि वह विद्यार्थियों के कोमल मन और मस्तिष्क में ज्ञान और संस्कार के ऐसे रंग भरे जो जीवनभर उन्हें ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक हों। उन्होंने कहा कि शिक्षक का अध्यापन ही वह रंग है जो बच्चों के जीवन को संवारता है और समाज को नई दिशा देता है।
वहीं खंड स्रोत समन्वयक राम मुरारी यादव ने कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि भारत जैसी महान भूमि में जन्म लिया है, जहां विभिन्न जाति, समाज और पूजा-पद्धतियों के बावजूद सभी लोग मिलजुल कर त्योहार मनाते हैं। यही हमारी संस्कृति और संस्कार हमें एक सूत्र में बांधकर रखते हैं। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों में ऐसे संस्कार विकसित करने की बात कही जिससे वे अपने जीवन के लक्ष्य को प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम के अंत में संकुल प्राचार्य हेमलता टंडन ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए सभी उपस्थित शिक्षकों को होली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सभी शिक्षकों ने एक-दूसरे को गुजिया खिलाकर मुंह मीठा किया और रंगों के इस पावन पर्व की खुशियां साझा कीं।

Leave Your Comment

Click to reload image