बालोद में युवती और गर्भस्थ शिशु की मौत: मकान मालिक 24 घंटे में गिरफ्तार
बालोद। जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र में एक अविवाहित युवती और उसके गर्भस्थ शिशु की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी मकान मालिक को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से युवती को धमकाकर उससे अवैध संबंध बना रहा था और गर्भवती होने के बाद उसे दवाई खिलाकर मामले को छिपाने की कोशिश की गई।
पुलिस के अनुसार पीड़िता अपनी मां, दो बहनों और एक भाई के साथ पिछले लगभग तीन वर्षों से डौंडीलोहारा के रामनगर निवासी सुनील कुमार घरडे के मकान में किराए पर रह रही थी। 10 मार्च को डौंडीलोहारा थाना में युवती की मौत की सूचना मर्ग क्रमांक 17/2026 के तहत दर्ज की गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच और पूछताछ में कई संदिग्ध तथ्य सामने आए। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी सुनील कुमार घरडे युवती को लगातार धमकाकर उसके साथ संबंध बना रहा था। युवती के गर्भवती होने के बाद आरोपी ने उसे दवाई खिलाकर घटना को दबाने का प्रयास किया, जिससे उसकी और गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आगे की जांच कर रही है।