PMGSY फेज-04 के कार्यों का शिलान्यास सम्पन्न, जिले को 56 सड़कों की बड़ी सौगात
एमसीबी /17 अप्रैल 2026
प्रदेश में ग्रामीण विकास को नई गति देने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया, जब प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ( PMGSY-IV) 2025-26 के अंतर्गत सड़कों के निर्माण कार्यों का शिलान्यास एवं भूमि पूजन कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय (SAGES) ऑडिटोरियम, मनेन्द्रगढ़ में किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में विकास कार्यों की औपचारिक शुरुआत हुई। कार्यक्रम में विष्णु देव साय ने वर्चुअल माध्यम से मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की, वहीं जिला पंचायत एमसीबी की अध्यक्ष यशवंती सिंह कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
राज्य में 774 सड़कों को स्वीकृति, 2,225 करोड़ से अधिक का प्रावधान
कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि राज्य में कुल 774 सड़कों को स्वीकृति प्रदान की गई है, जिनकी कुल लंबाई 2,426.875 किलोमीटर है। इन सड़कों के निर्माण हेतु 2,225.44 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस महत्वाकांक्षी योजना से प्रदेश के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और विकास को नई दिशा मिलेगी।
जिले को 56 सड़कों की सौगात
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के लिए यह योजना बड़ी सौगात लेकर आई है। जिले में कुल 56 सड़कों के निर्माण को स्वीकृति दी गई है, जिन पर 23,667.83 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे। इन सड़कों की कुल लंबाई 264.63 किलोमीटर होगी, जिससे दूरस्थ गांवों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
विकासखंडवार विवरण के अनुसार
भरतपुर विकासखंड में 1 सड़क (2.00 किमी) हेतु 180 लाख रुपये स्वीकृत
मनेन्द्रगढ़ विकासखंड में 32 सड़कें (144.57 किमी) के लिए 13,013.88 लाख रुपये
खड़गवां विकासखंड में 23 सड़कें (118.06 किमी) हेतु 10,473.95 लाख रुपये स्वीकृत
ग्रामीण विकास का मजबूत आधार बनेगी सड़क
इस योजना के क्रियान्वयन से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार के अवसरों तक पहुंच में सुधार होगा। साथ ही कृषि उत्पादों के परिवहन में सुविधा मिलने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री का संबोधन: गांवों के विकास की रीढ़ है सड़क
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण करते हुए कहा कि राज्य निर्माण के साथ-साथ गांवों के समग्र विकास के लिए सड़क सबसे आवश्यक आधार है। उन्होंने कहा, “भारत गांवों का देश है और हमारी आत्मा गांवों में बसती है। बिना सड़क के गांव का विकास संभव नहीं है।” उन्होंने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा शुरू की गई प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ने देश के दूरस्थ गांवों को मुख्य सड़कों से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त किया। साथ ही मुख्यमंत्री ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस योजना को नई गति और व्यापकता मिलने की बात कही।
जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री राजेश साहू, मनेंद्रगढ़ नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव, जिला पंचायत सदस्य उजित नारायण सिंह, रामजीत लकड़ा एवं श्रीमती बेला कुवर सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अधिकारी-कर्मचारी भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। स्थानीय नागरिकों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होकर समयबद्ध रूप से पूर्ण होगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की तस्वीर बदलने के साथ विकास को नई गति मिलेगी।