छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

*पेट्रोल डीजल के बढ़ते दामो को लेकर शहर कांग्रेस ने किया विरोध प्रदर्शन*

 कवर्धा-     प्रदेश कांग्रेश कमेटी के निर्देश पर शहर अध्यक्ष अशोक सिंह  के नेतृत्व में  बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस के दामों में लगातार हो रही वृद्धि को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और बढ़ती कीमतों पर नाराजगी जताई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार देश की जनता को गुमराह कर रही है और आम लोगों से किए गए वादों को पूरा करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए अशोक सिंह ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी होने से आम जनता की कमर टूट चुकी है। महंगाई के कारण गरीब, मजदूर, किसान और मध्यम वर्गीय परिवार सबसे ज्यादा परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनता को राहत देने के बजाय लगातार टैक्स बढ़ाकर लोगों पर आर्थिक बोझ डाल रही है। उन्होंने कहा कि देश में हालात ऐसे बनते जा रहे हैं जैसे आपातकाल जैसी स्थिति निर्मित हो रही हो, जहां जनता की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चुनाव के समय केंद्र सरकार ने महंगाई कम करने और लोगों को राहत देने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत है। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से परिवहन खर्च बढ़ गया है, जिसका सीधा असर खाद्य पदार्थों और रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं पर पड़ रहा है। रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतों ने गृहिणियों का बजट बिगाड़ दिया है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मांग की कि पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडर के दाम तत्काल कम किए जाएं ताकि आम जनता को राहत मिल सके। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया तो कांग्रेस पार्टी आने वाले समय में और बड़ा आंदोलन करेगी।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, लेकिन कार्यकर्ताओं में बढ़ती महंगाई को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिला। प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री गोपाल चंद्रवंशी, ब्लाक कांग्रेस कमेटी ग्रामीण मणिकांत, मण्डल अध्यक्ष गणेश योगी, मण्डल अध्यक्ष दीपक ठाकुर, nsui के जिला अध्यक्ष सीतेश चंद्रवंशी, युवक कांग्रेस के शहर अध्यक्ष हेमन्त ठाकुर, अंकित चैबे, बबला, सन्तोष यादव, राजा झारिया, रामायण सिन्हा, पदुम सेन, जाहिर कुरैशी, नेतराम, हरदीप पात्रे, प्रवीण वैष्णव, धनेश पाली, खिराम साहू, योगेंद्र जोशी, प्रदीप भट्ट  सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image