छत्तीसगढ़ / सरगुजा

सरगुजा 30 कोचिंग हेतु चयन परीक्षा 23 मई को, मेधावी विद्यार्थियों से आवेदन में शामिल होने की अपील

 अम्बिकापुर 19 मई 2026

   जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय अम्बिकापुर द्वारा सरगुजा 30 (थर्टी) कोचिंग वर्ष 2026-27 हेतु कक्षा 9वीं, 10वीं एवं 12वीं (जीव विज्ञान एवं गणित संकाय) में अध्ययनरत मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए चयन परीक्षा आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा 23 मई 2026 को प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 02:00 बजे तक शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अम्बिकापुर में आयोजित होगी।

जारी निर्देशानुसार सरगुजा जिले के शासकीय हाई स्कूल एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत वे विद्यार्थी चयन परीक्षा में सम्मिलित हो सकेंगे जिन्होंने पूर्ववर्ती कक्षा में 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हों। कक्षा 9वीं हेतु कक्षा 8वीं, कक्षा 10वीं हेतु कक्षा 9वीं तथा कक्षा 12वीं (जीव विज्ञान एवं गणित संकाय) हेतु कक्षा 11वीं में 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। विद्यार्थियों को संबंधित अंकसूची की छायाप्रति एवं पालक की सहमति पत्र साथ लाना होगा।

चयन परीक्षा केवल हिन्दी माध्यम में आयोजित की जाएगी तथा केवल हिन्दी माध्यम में अध्ययनरत विद्यार्थी ही परीक्षा में सम्मिलित हो सकेंगे। विद्यार्थियों को विद्यालय गणवेश में उपस्थित होना होगा तथा अध्ययनरत विद्यालय से प्राचार्य द्वारा प्रमाणित परिचय पत्र अथवा आई-कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। सभी विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रातः 10:00 बजे तक उपस्थित होना सुनिश्चित करने कहा गया है।

चयन परीक्षा के आधार पर कक्षा 9वीं हेतु 30 विद्यार्थियों, कक्षा 10वीं हेतु 10 विद्यार्थियों एवं कक्षा 12वीं हेतु 10 विद्यार्थियों का चयन मेरिट क्रम में किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को सरगुजा 30 कोचिंग के अंतर्गत पूर्णतः निःशुल्क एवं आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। कोचिंग कक्षाओं का संचालन 01 जून 2026 से शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर स्थित सरगुजा 30 भवन में प्रारंभ किया जाएगा। छात्र-छात्राओं हेतु पृथक छात्रावास एवं भोजन व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

जिला शिक्षा अधिकारी ने जिले के सभी प्राचार्यों को निर्देशित किया है कि वे अपने विद्यालयों में अध्ययनरत पात्र एवं मेधावी विद्यार्थियों को चयन परीक्षा में सम्मिलित कराना सुनिश्चित करें।

Leave Your Comment

Click to reload image