छत्तीसगढ़ / कांकेर

निर्माण कार्यों का समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराएं : कलेक्टर

 उत्तर बस्तर कांकेर । कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने सोमवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में कृषि एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिले में आगामी खरीफ सीजन के लिए खाद-बीज का पर्याप्त भंडारण किया जाकर किसानों को अग्रिम उठाव के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने इस कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी कृषि विभाग के उप संचालक को दिए हैं। समीक्षा के दौरान उप संचालक ने बताया कि जिले के किसानों द्वारा खाद-बीज का उठाव प्रारंभ कर दिया गया है।

कलेक्टर ने जिले में संचालित निर्माण कार्यों को समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश भी दिए। उचित मूल्य दुकानों के लिए भवनों का निर्माण बारिश के पूर्व करने तथा पहुंचविहीन क्षेत्रों में खाद्यान्न का अग्रिम भंडारण करने के लिए निर्देशित किया गया। दूरसंचार टॉवर की स्थापना कार्य की समीक्षा भी उनके द्वारा की गई एवं सभी एसडीएम को प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। आगामी मानसून को दृष्टिगत रखते हुए मौसमी बीमारियों पर सतत निगरानी एवं त्वरित उपचार के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए गए। मनरेगा के अंतर्गत संचालित सभी कार्यों को 30 जून तक अनिवार्य रूप से पूरा करने कहा गया। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे एवं ए.एस. पैकरा, सभी एसडीएम, विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, जनपद सीईओ एवं नगरीय निकायों के अधिकारी मौजूद थे।

Leave Your Comment

Click to reload image