छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

कवर्धा को मिली नई सौगात, उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने किया “मित्र मिलन चौपाटी” का लोकार्पण

 फुटकर व्यापारियों को मिला स्थायी व्यवसाय का ठिकाना


शहरवासियों को अब एक ही जगह मिलेगा स्वाद का आनंद

कवर्धा, 26 मई 2026/ शहरवासियों को बड़ी सौगात देते हुए उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कवर्धा के हृदय स्थल में नवनिर्मित “मित्र मिलन चौपाटी” का भव्य लोकार्पण किया। इस नई चौपाटी के शुरू होने से अब शहरवासियों को विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे। यह स्थल खानपान के साथ-साथ परिवार और मित्रों के साथ समय बिताने के लिए भी आकर्षक केंद्र बनेगा। चौपाटी में रंग-रोगन, सजावट, आकर्षक रंग-बिरंगी लाइट, पार्किंग, पानी और शौचालय जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि मित्र मिलन चौपाटी शहरवासियों और परिवारों के लिए एक बेहतर स्थल बनने जा रहा है, जहां लोग अपने परिवार के साथ आकर स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि जो छोटे व्यवसायी पहले सड़क, चौक-चौराहों पर गुमटी लगाकर व्यवसाय करते थे, उन्हें अब स्थायी स्थान उपलब्ध कराया गया है, जिससे उनका रोजगार भी सुरक्षित होगा। उन्होंने कहा कि कवर्धा शहर तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। शहर में वीर स्तंभ चौक, शिवाजी चौक, भोजली तालाब पाथवे चौड़ीकरण, हनुमंत वाटिका, ठाकुरदेव चौक से बस स्टैंड तक पहुंचने का मार्ग जैसे कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि शिव वाटिका, मेडिकल कॉलेज और नालंदा लाइब्रेरी सहित कई विकास कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने बताया कि भोरमदेव कॉरिडोर का निर्माण कार्य किया जा रहा है, और इसके प्रगति और गुणवत्ता की निगरानी के लिए विशेष टीम बनाई गई है, जो नियमित निरीक्षण कर रही है। मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए भी अलग टीम निगरानी कर रही है।
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि शहर की सुरक्षा, स्वच्छता और बिजली व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नगर पालिका के सामने भी जल्द नई चौपाटी शुरू की जाएगी। इसके अलावा सियान सदन का निर्माण किया जाएगा, जहां बुजुर्गों के लिए आने-जाने और मनोरंजन की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि एसडीएम ऑफिस और शुगर फैक्ट्री परिसर में बलराम सदन और किसान सदन का निर्माण किया गया है। बाईपास को जोड़ने के लिए 10 करोड़ रुपए की लागत से गौरव पथ बनाया जा रहा है। नालंदा लाइब्रेरी, बूढ़ा महादेव परिसर उन्नयन, विशाल डोम निर्माण, मां विंध्यवासिनी मंदिर विस्तार और पुराने अस्पताल परिसर के उन्नयन जैसे कई विकास कार्य शहर में जारी हैं। साथ ही शहर को धूल रहित और स्वच्छ बनाने के लिए भी योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भोरमदेव विद्यापीठ में युवाओं को निःशुल्क पीएससी और व्यापम की तैयारी कराई जा रही है, वहीं जिले के 50 स्कूलों में स्मार्ट क्लास शुरू किए गए हैं। उन्होंने लोगों से मित्र मिलन चौपाटी का प्रचार-प्रसार करने और इसकी लोकेशन सोशल मीडिया पर साझा करने की अपील की।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री चंद्र प्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि कवर्धा वासियों का वर्षों पुराना इंतजार आज पूरा हुआ है। उन्होंने बताया कि चौपाटी में व्यापारियों को स्थायी स्थान दिया गया है, जिससे फुटकर व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है। साथ ही इससे शहर की यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि पानी, शौचालय, लाइट और पार्किंग जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं यहां उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि कवर्धा को स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है और मित्र मिलन चौपाटी इसी विकास यात्रा की एक नई सौगात है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष श्री कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री चन्द्र प्रकाश चंद्रवंशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री विदेशी राम धुर्वे, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्री अनिल ठाकुर, जनपद उपाध्यक्ष श्री गणेश तिवारी, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री पवन जायसवाल सहित पार्षद और बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित थे।

Leave Your Comment

Click to reload image