छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

पंडरिया नगर पालिका में नाली निर्माण को लेकर विवाद, भुगतान रोकने की मांग

 पंडरिया/कवर्धा-

कबीरधाम जिले के पंडरिया नगर पालिका परिषद में नाली निर्माण कार्य को लेकर नया विवाद सामने आया है। वार्ड क्रमांक 18 में आरसीसी नाली निर्माण के नाम पर अधोसंरचना मद से स्वीकृत लगभग 24 लाख रुपये के कार्य में अनियमितता का आरोप लगाते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी को शिकायत पत्र सौंपा गया है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पूर्व वार्ड क्रमांक 15 जहाँ पूर्व में अधोसरंचना मद से नाली निर्माण हेतु 24 लाख रुपये स्वीकृति हुवा था  जो परिसीमन के बाद वर्तमान में वार्ड क्रमांक 18 बना है, वहां स्वीकृत आरसीसी नाली निर्माण कार्य नियमानुसार नहीं कराया गया। आरोप है कि स्वीकृत आरसीसी नाली के स्थान पर साधारण नाली का निर्माण कर दिया गया तथा बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के निर्माण स्थल भी बदल दिया गया, जो नगर पालिका अधिनियम का उल्लंघन बताया गया है।

शिकायतकर्ता शिव गायकवाड ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि नियम विरुद्ध तरीके से बने नाली निर्माण का अधोसंरचना मद से भुगतान रोका जाए तथा पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। आवेदन में यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि बिना जांच किये उक्त निर्माण कार्य का भुगतान किया गया तो उक्त मामले को लेकर न्यायालय की शरण ली जाएगी।

यह आवेदन 26 मई 2026 को नगर पालिका परिषद पंडरिया के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को सौंपा गया। हाल ही में पंडरिया नगर पालिका प्रशासन विभिन्न प्रशासनिक और वित्तीय मामलों को लेकर चर्चा में रहा है।

Leave Your Comment

Click to reload image